फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs DC Highlights: बेंगलुरु पर दिल्ली की छह विकेट से जीत, केएल और स्टब्स के बीच 100+ रन की नाबाद साझेदारी

Thu, 10 Apr 2025 11:10 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू

खास बातें

गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में चार विकेट खोकर 169 रन बनाए और छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
बेंगलुरु बनाम दिल्ली - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:04 PM, 10-Apr-2025

दिल्ली छह विकेट से जीती

केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स की 100 से ज्यादा रनों की नाबाद साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को उनके घर में छह विकेट से पटखनी दे दी। गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में चार विकेट खोकर 169 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्षर पटेल के नेतृत्व वाली टीम की यह लगातार चौथी जीत है जबकि आरसीबी को पांच मैचों में दूसरी बार मुंह की खानी पड़ी है। 

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब हुई। उन्होंने महज 58 के स्कोर पर चार विकेट खो दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने पांचवें विकेट के लिए 111 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई। इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज केएल ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 93 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से सात चौके और छह छक्के निकले। वहीं, स्टब्स ने चार चौके और एक छक्के की सहायता से 38* रन बनाए। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट लिए जबकि यश दयाल और सुयश शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

10:35 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: 37 गेंदों में केएल राहुल ने जड़ा पचासा

केएल राहुल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 14 ओवर के बाद स्कोर 99/4 है।

10:15 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली को चौथा झटका

सुयश शर्मा ने दिल्ली को चौथा झटका दिया। उन्होंने अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 15 रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए ट्रिस्टन स्टब्स आए हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर 60/4 है।

विज्ञापन
09:52 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा

अभिषेक पोरेल सात रन बनाकर आउट हो गए। भुवनेश्वर कुमार को दूसरी सफलता मिली। अब कप्तान अक्षर पटेल पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर 31/3 है।

09:36 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: डुप्लेसिस के बाद मैकगर्क आउट हुए

भुवनेश्वर कुमार ने मैकगर्क को अपना शिकार बनाकर दिल्ली को दूसरा झटका दिया है। वह सिर्फ सात रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल आए हैं।

विज्ञापन
09:34 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली को पहला झटका

दिल्ली को पहला झटका यश दयाल ने दिया। उन्होंने फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना सके। अब क्रीज पर अभिषेक पोरेल आए हैं।

09:23 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली की पारी शुरू

दिल्ली की पारी शुरू हो चुकी है। फाफ डुप्लेसिस और जेक फ्रेजर मैकगर्क क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी के लिए पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंक रहे हैं।

09:11 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु ने दिल्ली के सामने रखा 164 रन का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने दिल्ली के खिलाफ 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए हैं। उनके लिए फिल सॉल्ट और टिम डेविड ने दमदार बल्लेबाजी की। वहीं, दिल्ली के लिए विप्रज निगम और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए जबकि मुकेश कुमार और मोहित शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

दिल्ली के खिलाफ फिल सॉल्ट ने बेंगलुरु को तेज शुरुआत दिलाई थी। उन्होंने महज तीन ओवर में ही टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया था। हालांकि, वह एक गलती की वजह से बड़ी पारी खेलने से चूक गए। विप्रज निगम की गेंद पर उन्होंने शॉट लगाया और एक रन के लिए दौड़ गए, लेकिन विराट कोहली ने मना किया और सॉल्ट लौटने की कोशिश करने लगे तभी वह गिर गए। इस मौके का विकेटकीपर केएल राहुल ने फायदा उठाया और उन्हें रनआउट कर दिया। सलामी बल्लेबाज 17 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। 

इस मैच में विराट कोहली बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वह 14 गेंदों में सिर्फ 22 रन बना सके। विप्रज ने स्टार खिलाड़ी को स्टार्क के हाथों कैच कराया। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने एक, रजत पाटीदार ने 25, लियाम लिविंगस्टोन ने चार, जितेश शर्मा ने तीन और क्रुणाल पांड्या ने 18 रन बनाए। वहीं, टिम डेविड ने अंतिम ओवरों में कुछ रन चुराए और आरसीबी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वह 20 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और चार छक्के निकले। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार एक रन बनाकर नाबाद रहे।

08:59 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु को सातवां झटका

क्रुणाला पांड्या 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विप्रज निगम ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर टिम डेविड का साथ देने के भुवनेश्वर कुमार आए हैं।

08:45 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: रजत पाटीदार 25 रन बनाकर आउट

कप्तान रजत पाटीदार 23 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें कुलदीप यादव ने अपने शिकार बनाया। अब क्रीज पर टिम डेविड आए हैं।

08:33 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु की आधी टीम लौटी पवेलियन

बेंगलुरु को पांचवां झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने जितेश शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। अब क्रीज पर क्रुणाल पांड्या और रजत पाटीदार हैं। 13 ओवर के बाद स्कोर 105/5 है।

08:16 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु को चौथा झटका

बेंगलुरु को चौथा झटका मोहित शर्मा ने दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को आशुतोष शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब क्रीज पर जितेश शर्मा आए हैं।

08:04 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: 74 पर बेंगलुरु को तीसरा झटका

आरसीबी को तीसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। विप्रज निगम ने मिचेल स्टार्क के हाथों उन्हें कैच आउट कराया। वह 14 गेंदों में 22 रन बना सके। अब क्रीज पर लियाम लिविंगस्टोन आए हैं।

07:57 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Match Score: बेंगलुरु का दूसरा विकेट गिरा

बेंगलुरु को दूसरा झटका मुकेश चौधरी ने दिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब विराट कोहली का साथ देने के लिए कप्तान रजत पाटीदार आए हैं।

07:48 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु को पहला झटका

बेंगलुरु को पहला झटका फिल सॉल्ट के रूप में लगा। वह 37 रन बनाकर रनआउट हो गए। अब बल्लेबाजी के लिए देवदत्त पडिक्कल आए हैं। चार ओवर के बाद स्कोर 62/1 है।

07:45 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Match Score: बेंगलुरु की तेज शुरुआत

फिल सॉल्ट और विराट कोहली के बीच 53 रन की साझेदारी हो चुकी है। पारी के तीसरे ओवर में मिचेल स्टार्क ने 30 रन खर्च कर दिए। 

07:31 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: बेंगलुरु की पारी शुरू

बेंगलुरु की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली के लिए पहला ओवर मिचेल स्टार्क फेंक रहे हैं।

07:05 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: सुयश शर्मा, रसिख सलाम, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह।

दिल्ली कैपिटल्स: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, फाफ डुप्लेसिस, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, अक्षर पटेल (कप्तान), विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: अभिषेक पोरेल, दर्शन नलकंडे, करुण नायर, समीर रिजवी, डोनोवन फरेरा।

07:01 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि फाफ डुप्लेसिस की वापसी हुई है जबकि समीर रिजवी को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उन्होंने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:47 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: राहुल और डुप्लेसिस पर रहेगी नजरें

आरसीबी के लिए नई गेंद संभालने वाले जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार पावरप्ले में प्रभावी रहे हैं। उन्हें दिल्ली के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल पर लगाम लगानी होगी जो यहां के हालात से बखूबी वाकिफ हैं। राहुल अब देर तक टिकने की बजाय बेहद आक्रामक खेलने के इरादे से उतर रहे हैं जिससे काफी खतरनाक भी साबित हो रहे हैं। दिल्ली की नजरें फाफ डुप्लेसिस की फिटनेस पर भी लगी होंगी जो चेन्नई के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। यहां के हालात से वाकिफ डुप्लेसिस अगर फिट होते हैं तो आरसीबी के नयी गेंद के गेंदबाजों को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

06:46 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: अक्षर से होगा पाटीदार का सामना

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी फॉर्म में हैं और वह स्पिनरों को खेलने में माहिर हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल से अधिक प्रभावी भूमिका की उम्मीद होगी। कप्तान अक्षर ने अब तक तीन मैचों में आठ ओवर डाले हैं लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके हैं।

06:46 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: कुलदीप के खिलाफ विराट का कैसा होगा रुख?

इसके बाद कुलदीप से सामना होगा जो छह की इकॉनॉमी रेट से छह विकेट ले चुके हैं। वैसे टी20 क्रिकेट में स्पिनरों के खिलाफ ऊंचे और स्वीप शॉट खेलने की अपनी कमजोरी से पार पा चुके कोहली काफी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे उन्हें धीमे बल्लेबाजों के खिलाफ खुलकर खेलने में मदद मिल रही है। कुलदीप की तरकश में हालांकि कई तीर हैं और वह किसी भी बल्लेबाज को परेशान कर सकते हैं।

06:45 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: विराट और स्टार्क के बीच होगी टक्कर

विराट को हालांकि आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव से पार पाना होगा। कोहली ने स्टार्क के खिलाफ टी20 क्रिकेट में 31 गेंद में 72 रन बनाए हैं। इस सत्र में स्टार्क तीन मैचों में 11 की औसत से नौ विकेट ले चुके हैं। पावरप्ले में स्टार्क और कोहली की भिड़ंत पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। 

06:45 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Live Score: दिल्ली को रहना होगा सावधान

आरसीबी ने कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में जीत दर्ज की और एकमात्र पराजय उसे चिन्नास्वामी स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस के हाथों झेलनी पड़ी। हार की वजह हालांकि टीम की कोई कमी नहीं रही बल्कि चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच ने उसे हैरान कर दिया। वहीं, विशाखापत्तनम और चेन्नई जैसी अलग अलग पिचों पर जीत दर्ज करके आई दिल्ली के खिलाफ आरसीबी को सावधान रहना होगा। वैसे विराट के फॉर्म में आने से मेजबान टीम के हौसले बुलंद है।  

06:40 PM, 10-Apr-2025

RCB vs DC Highlights: बेंगलुरु पर दिल्ली की छह विकेट से जीत, केएल और स्टब्स के बीच 100+ रन की नाबाद साझेदारी

IPL Live Cricket Score, RCB vs DC Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 के 24वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से हो रहा है। दिल्ली ने अब तक खेले सभी तीनों मुकाबले जीते हैं जबकि आरसीबी ने चार में तीन मैचों में जीत का स्वाद चखा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें