कूपर कोनोली के दम पर पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट हराकर जीत से शुरुआत की। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में डेब्यू मैच खेलने वाले कोनोली ने शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली जिससे पंजाब किंग्स ने 19.1 ओवर में सात विकेट पर 165 रन बनाकर मैच जीता। पंजाब किंग्स की स्थिति एक समय नाजुक हो गई थी, लेकिन कोनोली ने एक छोर से मोर्चा संभाला और टीम को जीत दिलाई। कोनोली 44 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 37 रन की पारी खेली। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट झटके, जबकि रबादा, अशोक, राशिद और वाशिंगटन को एक-एक विकेट मिला।
अशोक शर्मा ने मार्को यानसेन को आउट कर पंजाब किंग्स को सातवां झटका दिया। यह अशोक का आईपीएल में पहला विकेट है। अशोक ने इस मैच से ही आईपीएल में डेब्यू किया है। यानसेन 10 गेंदों पर एक छक्के की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए।
कूपर कोनोली ने 34 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। कोनोली ने आईपीएल डेब्यू में पचासा लगाया है। कोनोली एक छोर से टिके हुए हैं और पंजाब की पारी को संभाले रखा है। कोनोली 25वें बल्लेबाज हैं जिन्होंने आईपीएल डेब्यू में 50+ स्कोर बनाया है।
प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में पंजाब किंग्स को दो झटके दिए हैं। प्रसिद्ध ने पहले शशांक को आउट किया और फिर मार्कस स्टोइनिस को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। गुजरात ने मैच में वापसी कर ली है और पंजाब को लगातार झटके दिए हैं। पंजाब ने आखिरी 20 गेंदों पर चार विकेट बनाए हैं, जबकि इस दौरान 12 रन ही बना सकी है।
गुजरात ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से मैच में वापसी कर ली है। पंजाब किंग्स ने 118 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने शशांक सिंह को आउट किया जो चार रन बनाकर आउट हुए। कूपर कोनोली हालांकि क्रीज पर टिके हुए हैं।
पंजाब किंग्स की पारी लड़खड़ा गई है और उसे चौथा झटका लगा है। वाशिंगटन सुंदर ने नेहाल वढेरा को अपना शिकार बनाया जो छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को अपना शिकार बनाया। पंजाब को 110 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। श्रेयस 11 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस को मैच के दौरान हाथ में चोट लगी थी। कोनोली ने शॉट लगाया और गेंद सीधे उनके हाथों में लगी। इसके कुछ देर बाद ही श्रेयस अपना विकेट गंवा बैठे।
गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब तेजी से बल्लेबाजी कर रहा है। कूपर कोनोली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी है जिससे पंजाब का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है।
राशिद खान ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दिया है। प्रभसिमरन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 24 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। प्रभसिमरन और कोनोली के बीच दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी हुई।
पंजाब किंग्स ने पावरप्ले की समाप्ति तक छह ओवर में एक विकेट पर 55 रन बनाए हैं। पंजाब के लिए कूपर कोनोली और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
कगिसो रबादा ने प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया है। प्रियांश को चहल की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा गया था, लेकिन वह आठ गेंदों पर एक छक्के की मदद से सात रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 163 रनों का लक्ष्य दिया है। गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान शुभमन गिल ने बनाए। उन्होंने 39 रनों की पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने 38 रन बनाए। गुजरात ने शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन टीम इस लय को बरकरार नहीं रख सकी। आखिरी ओवर करने आए अर्शदीप सिंह ने 11 गेंदें की क्योंकि चार वाइड और एक नो बॉल फेंकी। पंजाब की ओर से विजयकुमार विशाक ने तीन विकेट, युजवेंद्र चहल ने दो विकेट और मार्को यानसेन ने एक विकेट झटके।
विशाक ने शाहरुख खान को आउट कर गुजरात को छठा झटका दिया है। शाहरुख छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।
विशाक ने वाशिंगटन सुंदर को आउट कर गुजरात को पांचवां झटका दिया। वाशिंगटन 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए।
चहल ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात को चौथा झटका दिया है। चहल की गेंद पर बटलर ने ऊंचा शॉट खेला, लेकिन बाउंड्री पर बार्टलेट ने शानदार कैच पकड़ा। बटलर 33 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात को ग्लेन फिलिप्स के रूप में तीसरा झटका लगा है। विजयकुमार विशाक ने फिलिप्स को अपना शिकार बनाया जो 17 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए।
जोस बटलर के शानदार प्रदर्शन की मदद से गुजरात का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। गुजरात ने 13 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 111 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर बटलर के साथ ग्लेन फिलिप्स मौजूद हैं।
युजवेंद्र चहल ने शुभमन गिल को आउट कर गुजरात को दूसरा झटका दिया है। गिल 27 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। गिल और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई।
गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में 50 रनों का आंकड़ा पार किया। गुजरात ने छह ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 54 रन बनाए। इस दौरान टीम ने साई सुदर्शन का विकेट गंवाया। फिलहाल क्रीज पर गिल और बटलर मौजूद हैं।
मार्को यानसेन ने साई सुदर्शन को आउट कर गुजरात को पहला झटका दिया है। सुदर्शन ने गिल के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन यानसेन ने इस साझेदारी को तोड़ा। सुदर्शन 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब के खिलाफ गुजरात ने अच्छी शुरुआत की है। गिल और सुदर्शन ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के 35 रन है।
पंजाब के खिलाफ गुजरात की पारी शुरू हो गई है। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन पारी का आगाज करने उतरे हैं।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, एम शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबादा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट सब: प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर, जयंत यादव, मानव सुथार, कुमार कुसाग्र
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: प्रियांश आर्या, हरप्रीत बरार, प्रवीण दुबे, विष्णु विनोद, सूर्यांश शेडगे।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब के लिए इस मैच में विदेशी खिलाड़यों में कूपर, स्टोइनिस, बार्टलेट और यानसेन खेलेंगे। वहीं, गुजरात के लिए ग्लेन और आशिक शर्मा ने डेब्यू कर रहे हैं। गुजरात की प्लेइंग-11 में ग्लेन, बटलर, राशिद और रबादा शामिल हैं।
यह आईपीएल सीजन गिल के लिए बेहद अहम होगा। उनके पास भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह फिर से बनाने का मौका होगा। गिल भारत की वनडे और टी20 टीम के कप्तान हैं। एक समय टी20 टीम के उपकप्तान बनाए जाने के बावजूद फॉर्म में गिरावट के कारण गिल टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बना पाए थे। 2023 सीजन के बाद हार्दिक पांड्या के टीम छोड़ने से गिल की कप्तानी पर भी ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। 2022 में अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतने के बाद से गुजरात टाइटंस ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम के तौर पर अपनी एक खास पहचान बनाई है और वे नियमित रूप से प्लेऑफ तक पहुंचते रहे हैं। वे इस नए सीजन में एक मजबूत और स्थिर टीम के साथ उतर रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों को रिटेन किया है। एक बार फिर वे अपने मजबूत शीर्ष क्रम पर ही काफी हद तक निर्भर रहेंगे।
पंजाब और गुजरात के बीच ये मुकाबला मुल्लांपुर के महाराज यदवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर शानदार तरीके से अपने नए अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी। इस मुकाबले में भारत के दो मुख्य खिलाड़ी शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर मुख्य आकर्षण होंगे। एक ओर गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल के हाथ में है, तो दूसरी तरफ श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे।
भारतीय टीम से बाहर चल रहे टी20 बल्लेबाज शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब आईपीएल 2026 के मैच में क्रमश: गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की अगुआई करेंगे तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह संजू सैमसन को चुना गया था जिनका भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान रहा।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs GT 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 का आज चौथा मुकाबला गुजरात टाइंटस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है। ये मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में हो रहा है। दोनों ही टीमों का इस सीजन का यह पहला मैच है।