फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK Highlights: सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 228 रन से हराया, कुलदीप यादव ने लिए पांच विकेट

Mon, 11 Sep 2023 11:25 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

खास बातें

India vs Pakistan Asia Cup 2023: भारत ने एशिया कप के सुपर-4 में पाकिस्तान को 228 रन से हरा दिया। बारिश से बाधित यह मैच दो दिन में समाप्त हुआ। रविवार (10 सितंबर) को मुकाबला शुरू हुआ, लेकिन बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। भारत ने खेल रोके जाने तक 24.1 ओवर में 147 रन बनाए थे। सोमवार को मैच का रिजर्व डे था। भारतीय टीम ने आगे खेलते हुए 50 ओवर में 356 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन ही बना सकी। नसीम शाह और हारिस रऊफ चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके। इस तरह टीम इंडिया 228 रन से जीत गई। भारतीय टीम मंगलवार (12 सितंबर) को सुपर-4 में अपना दूसरा मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी।

ये भी पढ़ें:
IND vs PAK: अब सचिन तेंदुलकर से सिर्फ दो कदम दूर विराट कोहली, कोलंबो में चौथा शतक लगाकर बनाया खास रिकॉर्ड

KL Rahul: 173 दिन बाद टीम इंडिया में वापसी और जड़ दिया शतक, विश्व कप से पहले राहुल का कमाल, बनाए ये रिकॉर्ड्स

IND vs PAK: विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, वनडे में सबसे कम पारियों में बनाए 13 हजार रन
विज्ञापन
कुलदीप यादव और अन्य भारतीय खिलाड़ी - फोटो : BCCI/X
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:59 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 228 रन से बड़ी जीत हासिल की है। वनडे इतिहास में रनों के हिसाब से भारत की पाकिस्तान पर यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने उसे 2008 एशिया कप के दौरान बांग्लादेश के मीरपुर में 140 रन से हराया था।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली और लोकेश राहुल के शतक की बदौलत दो विकेट खोकर 356 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम आठ विकेट पर 128 रन ही बना पाई और मैच 228 रन से हार गई। पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में 128 रन ही बना सकी। चोटिल हारिस रऊफ और नसीम शाह बल्लेबाजी के लिए नहीं आए।

वनडे में पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों के हिसाब से)

साल जगह जीत का अंतर
2023 कोलंबो 228 रन
2008 मीरपुर 140 रन
2017 बर्मिंघम 124 रन
2019 मैनचेस्टर 89 रन

कुलदीप ने बरपाया कहर
पाकिस्तान के बल्लेबाज कुलदीप यादव की गेंदों को नहीं समझ सके। कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट लिए। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शार्दुल ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।

पाकिस्तान के चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके
भारत के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। फखर जमान ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद और आगा सलमान ने 23-23 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम 10 रन बनाकर आउट हुए। इन चारों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन तक नहीं पहुंच सका। इमाम उल हक नौ, शादाब खान छह, फहीम अशरफ चार और मोहम्मद रिजवान दो रन ही बना सके। शाहीन अफरीदी सात रन बनाकर नाबाद रहे।

10:46 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: कुलदीप ने इफ्तिखार को आउट किया

कुलदीप यादव ने भारत को सातवीं सफलता भी दिलाई। उन्होंने 30वें ओवर की चौथी गेंद पर इफ्तिखार अहमद को आउट कर दिया। इफ्तिखार का कैच उन्होंने खुद ही लिया। पाकिस्तान का यह बल्लेबाज 35 गेंद पर 23 रन बनाकर पवेलियन लौटा। पाकिस्तान ने 30 ओवर में सात विकेट पर 119 रन बनाए हैं। उसे जीत के लिए 20 ओवर में 238 रन बनाने हैं और उसके हाथ में सिर्फ तीन विकेट हैं।

10:37 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान को लगा छठा झटका

पाकिस्तान को छठा भी कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने 28वें ओवर की चौथी गेंद पर शादाब खान को आउट कर दिया। शादाब बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर शार्दुल ठाकुर को कैच थमा बैठे। शादाब ने 10 गेंद पर छह रन बनाए। पाकिस्तान ने 28 ओवर में छह विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। इफ्तिखार अहमद 16 और फहीम अशरफ एक रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
10:25 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: आगा सलमान भी पवेलियन लौटे

पाकिस्तान की आधी टीम 96 रन पर पवेलियन लौट गई। उसे पांचवां झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने आगा सलमान को एलबीडब्ल्यू कर दिया। सलमान 32 गेंद पर 23 रन ही बना सके। पाकिस्तान की आधी पारी भी समाप्त हो गई है। उसने 25 ओवर में पांच विकेट पर 101 रन बनाए हैं। इफ्तिखार अहमद 11 और शादाब खान दो रन बनाकर नाबाद हैं।

10:00 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका

पाकिस्तान को बड़ा झटका कुलदीप यादव ने 20वें ओवर में दिया। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर फखर जमान को क्लीन बोल्ड कर दिया। फखर बड़ा शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन वह कुलदीप की फ्लिपर को पढ़ने में चूक गए। फखर ने 50 गेंद पर 27 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद इफ्तिखार अहमद क्रीज पर आए हैं। पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट पर 79 रन बना लिए हैं। आगा सलमान 20 गेंद पर 13 और इफ्तिखार तीन गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं। पाकिस्तान को जीत के लिए 30 ओवर में अब 278 रन बनाने हैं और उसके पास सिर्फ छह विकेट बचे हैं।

विज्ञापन
09:34 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। आगा सलमान और फखर जमान क्रीज पर हैं। ये दोनों बड़ी साझेदारी कर मैच में अपनी टीम को वापस लाने की कोशिश करेंगे। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 65 रन है।

09:24 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा

47 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा है। मोहम्मद रिजवान पांच गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। अब फखर जमान के साथ आगा सलमान क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 47/3 है।

09:23 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: कोलंबो में खेल शुरू

कोलंबो में बारिश के बाद खेल शुरू हो चुका है। मोहम्मद रिजवान और फकर जमान क्रीज पर हैं। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर 12वां ओवर कर रहे हैं।

09:15 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: रात 9.20 पर शुरू होगा खेल

कोलंबो में बारिश रुक चुकी है और मैदान सुखाने का काम जारी है। रात 9.20 पर खेल फिर से शुरू होगा। ओवरों की संख्या में कोई कटौती नहीं की गई है। अब बारिश नहीं होती है तो पूरा मुकाबला खेला जाएगा।

09:02 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: कोलंबो में फिर बारिश शुरू

कोलंबो में फिर बारिश शुरू हो चुकी है। मैदान को कवर्स से ढंक दिया गया है और खेल शुरू होने में देरी होना तय है।

08:41 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: कोलंबो में बारिश रुकी

कोलंबो में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं। थोड़ी देर में अंपायर मैदान का निरीक्षण करेंगे और खेल शुरू करने का समय तय करेंगे। जल्द ही खेल शुरू होने की उम्मीद है।

08:29 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: 20 ओवर का मैच हुआ तो पाकिस्तान को बनाने होंगे 200 रन

बारिश के कारण मैच रुका हुआ है और अब ओवरों में कटौती हो सकती है। मैच का नतीजा निकालने के लिए पाकिस्तान को कम से कम 20 ओवर बल्लेबाजी करनी होगी। पाकिस्तान की टीम 11 ओवर खेल चुकी है। ऐसे में पाकिस्तान की टीम कम से कम नौ ओवर और खेलेगी तभी मैच का नतीजा आएगा। 

जानिए डकवर्थ लुईस नियम के तहत पाकिस्तान का संभावित लक्ष्य

  • 20 ओवर का मैच हुआ तो 200 रन
  • 22 ओवर का मैच हुआ तो 216 रन
  • 24 ओवर का मैच हुआ तो 230 रन
  • 26 ओवर का मैच हुआ तो 244 रन

08:11 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: बारिश के कारण खेल रुका

बारिश के कारण खेल रुक गया है। पाकिस्तान की टीम ने 257 रन का पीछा करते हुए 11 ओवर में दो विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं। बाबर आजम और इमाम उल हक आउट हो चुके हैं। फखर जमान और मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं। भारत के लिए तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बुमराह और हार्दिक ने एक-एक विकेट लिए हैं।

08:07 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: भारत ने दोनों रिव्यू गंवाए

भारतीय टीम ने गेंदबाजी करते हुए 11 ओवर के अंदर दोनों रिव्यू गंवा दिए हैं। हार्दिक की गेंद पर रिजवान के खिलाफ विकेट के पीछे कैच पकड़े जाने की अपील हुई थी। अंपायर ने नॉट आउट करार दिया तो फिर भारतीय टीम ने रिव्यू मांगा। रीप्ले में दिखा कि गेंद और बल्ले का कोई संपर्क नहीं हुआ था। वहीं, गेंद जहां पैड पर लगी थी तब गेंद स्टंप की लाइन के बाहर थी। ऐसे में भारतीय टीम ने दूसरा रिव्यू भी गंवा दिया।

08:04 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: हार्दिक ने वर्ल्ड नंबर-वन बल्लेबाज बाबर को भेजा पवेलियन

43 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। बाबर आजम 24 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हार्दिक पांड्या ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब फखर जमान के साथ मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं।

08:00 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: पावरप्ले के बाद पाकिस्तान का स्कोर 43/1

पाकिस्तान की टीम ने 257 रन का पीछा करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बना लिए हैं। कप्तान बाबर आजम और फखर जमान क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और अच्छी साझेदारी कर अपनी टीम को मैच में वापस ला रहे हैं। 

07:49 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: भारत ने पहला रिव्यू गंवाया

भारतीय टीम ने पहला रिव्यू गंवा दिया है। सिराज की गेंद पर फखर जमान के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील हुई थी। अंपायर ने आउट नहीं दिया तो भारतीय टीम ने रिव्यू की मांग की। रीप्ले में दिखा कि गेंद लेग स्टंप के बाहर गिरी है। इसके साथ ही भारत ने पहला रिव्यू गंवा दिया। आठ ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 30/1 है।

07:32 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा

357 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही है। 17 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिर चुका है। जसप्रीत बुमराह ने इमाम उल हक को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। इमाम ने 18 गेंद में नौ रन बनाए। अब फखर जमान के साथ बाबर आजम क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 17/1 है।

07:11 PM, 11-Sep-2023

Live IND vs PAK: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

357 रन का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। फकर जमान और इमाम उल हक क्रीज पर हैं। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। दूसरे छोर पर सिराज नई गेंद संभाल रहे हैं। तीन ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 15 रन है।

06:40 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत ने पाकिस्तान के सामने 357 रन का लक्ष्य रखा

भारत ने पाकिस्तान के सामने 357 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में दो विकेट खोकर 356 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा 122 रन विराट कोहली और 111 रन लोकेश राहुल ने बनाए। दोनों बल्लेबाज शतक लगाकर नाबाद रहे। इन दोनों से पहले रोहित शर्मा 56 और शुभमन गिल 58 रन बनाकर आउट हुए थे। पाकिस्तान के लिए शादाब खान और शाहीन अफरीदी ने एक-एक विकेट लिया।

पहली पारी में क्या हुआ?
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित और गिल की जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने खतरनाक शाहीन अफरीदी के शुरुआती तीन ओवरों में 31 रन बटोर लिए और पाकिस्तान को बैकफुट में ढकेल दिया। दूसरे छोर पर नसीम शाह अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन भारतीय जोड़ी ने उन्हें अपना विकेट नहीं दिया। इन दोनों ने पावरप्ले में 61 रन बनाए। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 115 रन हो चुका था। इस बीच गिल को पहली स्लिप पर एक जीवनदान भी मिला था। 

शादाब खान ने रोहित शर्मा को फहीम अशरफ के हाथों कैच करा पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। रोहित ने 49 गेंद में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। जब रोहित आउट हुए तो भारत का स्कोर 121 रन था, लेकिन अगले ही ओवर में शाहीन की धीमी गेंद पर गिल ने आगा सलमान को कैच थमा दिया। गिल 52 गेंद में 10 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। 17.5 ओवर में भारत ने 123 रन पर दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया था। इसके बाद से विराट कोहली और राहुल ने पारी संभाली।

राहुल-विराट के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
दो रन के अंतराल पर टीम इंडिया के दो विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और लोकेश राहुल ने पारी संभाली। दोनों अच्छी साझेदारी कर रहे थे तभी बारिश आ गई। इस समय भारत का स्कोर 24.1 ओवर में 147/2 था। इसके बाद बारिश की वजह से आगे का खेल नहीं हो सका और मैच रिजर्व डे में पहुंच गया। अगले दिन भी इन दोनों ने वहीं से शुरुआत की और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 33 ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचा दिया। पहले राहुल ने अपना अर्धशतक पूरा किया फिर कोहली ने भी अपने 50 रन पूरे किए। 

शतकीय साझेदारी होने के साथ ही दोनों ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। 40 ओवर तक भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका था और 45 ओवर में टीम इंडिया ने 300 का आंकड़ा छू लिया। लोकेश राहुल ने 100 गेंद और विराट कोहली ने 84 गेंद में अपना शतक पूरा किया। भारत ने आखिरी पांच ओवर में 56 रन जोड़े। विराट ने आखिरी तीन गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाकर शानदार अंदाज में मैच खत्म किया और भारत का स्कोर 356 रन तक पहुंचा दिया। विराट कोहली 94 गेंद में नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 122 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने अपना 47वां वनडे शतक लगाया और वनडे में सबसे तेज 13000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने। वहीं, लोकेश राहुल 106 गेंद में 12 चौके और दो छक्के की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने वनडे में अपना छठा शतक लगाया और 2000 रन भी पूरे किए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 233 रन की नाबाद साझेदारी की। यह एशिया कप के इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है और भारत-पाकिस्तान मैच में भी सबसे बड़ी साझेदारी है।

06:27 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: विराट कोहली का शतक

विराट कोहली ने 84 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। वनडे में यह उनका 47वां शतक है। वहीं, कोलंबों के मैदान में लगातार चौथी पारी में उन्होंने शतक लगाया है। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए हैं। राहुल के साथ उन्होंने 200 रन की साझेदारी भी पूरी कर ली है और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया है। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर 330/2 है।

06:25 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: विराट के वनडे में 13000 रन पूरे

विराट कोहली ने वनडे में अपने 13000 रन पूरे कर लिए हैं। वह सबसे कम पारियों में 13000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं।

06:22 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: लोकेश राहुल का शतक

लोकेश राहुल ने 100 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने वापसी करते हुए दमदार पारी खेली है। राहुल ने अपनी पारी में अब तक 10 चौके और दो छक्के लगाए हैं। वनडे में यह उनका छठा शतक है। विराट कोहली भी अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर 319/2 है।

06:13 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत का स्कोर 300 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और विराट कोहली अपने शतक के करीब हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया को 350 रन के करीब पहुंचाना चाहेंगे। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर 307/2 है।

06:01 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: राहुल-विराट के बीच 150 रन की साझेदारी

लोकेश राहुल और विराट कोहली के बीच 150 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और भारत का स्कोर 300 रन के करीब पहुंच चुका है। दोनों बल्लेबाज अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं।

05:48 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और लोकेश राहुल अब तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक पूरे कर चुके हैं और अब तेजी से रन बनाकर अपना शतक करने की कोशिश करेंगे। भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है और ये दोनों इसे 300 रन के पार ले जाना चाहेंगे।

05:43 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: विराट का अर्धशतक

विराट कोहली ने 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक चार चौके लगाए हैं। वनडे में यह उनका 66वां अर्धशतक है। उन्होंने लोकेश राहुल के साथ मिलकर बेहतरीन शतकीय साझेदारी की है और टीम इंडिया को विशाल स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

05:25 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: राहुल-विराट के बीच शतकीय साझेदारी

लोकेश राहुल और विराट कोहली के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। राहुल आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और विराट एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। राहुल का अर्धशतक हो चुका है और विराट भी अर्धशतक के करीब हैं। ये दोनों मिलकर तेजी से रन बना रहे हैं। 36 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 228 रन है।

05:19 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: लोकेश राहुल का अर्धशतक

लोकेश राहुल ने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक पांच चौके और एक छक्के लगाए हैं। विराट के साथ तीसरे विकेट के लिए वह बेहतरीन साझेदारी कर चुके हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 211 रन है।

05:17 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत का स्कोर 200 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और लोकेश राहुल ने शानदार साझेदारी कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। अब ये दोनों तेजी से रन बनाकर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे।

05:03 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: लोकेश राहुल और विराट कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और लोकेश राहुल के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और 71 गेंद में 50 रन जोड़ चुके हैं। अब इन दोनों की कोशिश तेजी से रन बनाने की होगी। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 175/2 है। 

04:59 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत का स्कोर 160 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 160 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी हो चुकी है। कोहली अब अच्छी गति से रन बना रहे हैं और राहुल संभलकर खेल रहे हैं। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 167 रन है।

04:42 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: मैच शुरू

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। 24.1 ओवर के आगे का खेल जारी है। शादाब अपने ओवर को पूरा कर रहे हैं। वहीं, विराट कोहली और केएल राहुल क्रीज पर हैं।

04:28 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: आज गेंदबाजी नहीं करेंगे हारिस रऊफ

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ आज गेंदबाजी नहीं करेंगे। पाकिस्तान की टीम के लिए यह बड़ा झटका है। रऊफ ने इस मैच में पांच ओवर किए हैं और 27 रन खर्चे हैं। अगर वह गेंदबाजी नहीं करते हैं तो उनकी जगह इफ्तिखार अहमद या किसी अन्य ऑलराउंडर को गेंदबाजी करनी होगी और भारतीय बल्लेबाज इसका फायदा उठा सकते हैं। रऊफ पूरी तरह से फिट नहीं हैं और खेलने पर उनकी चोट बढ़ सकती है। विश्व कप से पहले पाकिस्तानी टीम का मैनेजमेंट रऊफ को चोटिल नहीं करना चाहता है। इस वजह से वह आज गेंदबाजी नहीं करेंगे।

04:24 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: 4.40 बजे शुरू होगा मैच, ओवर्स में कटौती नहीं

अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद तय किया है कि दोपहर 4.40 बजे खेल फिर शुरू किया जाएगा। भारतीय टीम अपनी पारी 24.1 ओवर से आगे बढ़ाएगी। ओवरों की संख्या में कोई कटौती नहीं हुई है और दोनों टीमें पूरे 50 ओवर खेलेंगी। भारत का स्कोर 24.1 ओवर में 147/2 है। विराट कोहली 16 गेंद में आठ रन और लोकेश राहुल 28 गेंद में 17 रन बनाकर खेल रहे हैं।

04:19 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण किया, जल्द शुरू होगा खेल

अंपायरों ने दोपहर चार बजकर 20 मिनट पर मैदान का निरीक्षण किया। मैदान काफी सूखा हुआ नजर आ रहा है और जल्द ही खेल शुरू हो सकता है। मैदान में सिर्फ दो हिस्से ऐसे हैं, जहां थोड़ी नमी है। पिच के किनारे और मिड विकेट के क्षेत्र में मैदान गीला है। इन क्षेत्रों को सुखाने की कोशिश जारी है।

03:50 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश रुकी, अंपायर्स पहली बार मैदान में दिखे

एक बार फिर बारिश रुक चुकी है। हालांकि, बादल छाए हुए हैं। मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं। पहली बार आज के दिन मैदान का काफी हिस्सा बिना कवर्स के नजर आया है। आउट फील्ड को सुखाने की कोशिश की जा रही है। मैदानकर्मी इसे सुखाने में लगे हुए हैं। भारतीय कोच राहुल द्रविड़ भी मैदान पर दिखे हैं। 

03:24 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश फिर शुरू

बारिश फिर से शुरू हो चुकी है। कवर्स से पूरे मैदान को ढक दिया गया है। आज के खेल पर खतरा मंडरा रहा है।

02:50 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश रुकी, कवर्स हटाने की कोशिश जारी

ऐसा लग रहा है कि बारिश रुक चुकी है। मैदानकर्मा कवर्स हटाने में जुट गए हैं। कल से आज तक कोलंबो में भारी बारिश हुई है। ऐसे में मैदान को खेलने की स्थिति में लाना आसान नहीं होगा। मैच का देर से शुरू होना तय है। पहले तीन बजे इस मैच की शुरुआत होने वाली थी।

02:34 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: बुमराह के बेटे को मिला ये गिफ्ट

01:48 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: कोलंबो में भारी बारिश जारी

कोलंबो में अभी भी भारी बारिश हो रही है। यह फैंस के लिए बुरी खबर है। आज भी भारत-पाकिस्तान के बीच खेल होने पर संकट मंडरा रहा है। मैच धुलता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेंगे। रिजर्व डे रखने का कोई फायदा भी नहीं होगा। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मैच पर एक बार फिर बेनतीजा रहने का खतरा है। ग्रुप स्टेज में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तब भी वह मैच बारिश से धुल गया था।

12:20 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: विराट हासिल करेंगे खास उपलब्धि

विराट कोहली ने अब तक 278 वनडे की 267 पारियों में 12910 रन बनाए हैं। वह 13 हजार रन के आंकड़े से बस 90 रन दूर हैं। फैंस उम्मीद कर रहे होंगे कि अगर आज मैच हो और विराट को बल्लेबाजी मिले तो वह शतक लगाएं और 13 हजार रन के आंकड़े को छूएं। ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे और विश्व के पांचवें बल्लेबाज होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (भारत), कुमार संगकारा (श्रीलंका), रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया), सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) वनडे में 13 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।

12:00 PM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारतीय टीम लगातार तीन दिन क्रिकेट खेलेगी

भारतीय टीम को सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने के बाद 12 सितंबर यानी मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ भी मैच खेलना है। यह भी एक 50-50 ओवर का मैच होगा। ऐसे में टीम इंडिया लगातार तीन दिन एक्शन में दिखेगी, जो कि विश्व कप से पहले भारतीय खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

11:18 AM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: क्या बनते हैं समीकरण?

अगर यह मैच पाकिस्तान की टीम जीतती है तो उसके चार अंक हो जाएंगे और उसका फाइनल में सीट लगभग पक्का हो जाएगा। वहीं, बारिश से धुलने पर दोनों टीमें एक-एक अंक बांटेंगी और पाकिस्तान के तीन अंक हो जाएंगे। फाइनल के लिए क्वालिफाई करने का उसका दावा मजबूत हो जाएगा। 

वहीं, भारतीय टीम अगर यह मैच जीतती है तो उसे दो अंक मिलेंगे। फाइनल में पहुंचने का उसका दावा मजबूत हो जाएगा। टीम इंडिया को 12 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ और 14 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। बारिश से धुलने पर टीम इंडिया को एक अंक मिलेगा और ऐसे में उसकी राह कठिन हो जाएगी। इस स्थिति में उसे अपने अगले दोनों मैच जीतने ही होंगे, क्योंकि श्रीलंका एक मैच जीत चुका है। हारने पर टीम इंडिया के लिए सुपर फोर के उसके अगले दोनों मैच करो या मरो वाले होंगे। 

10:47 AM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: सुपर-4 का मौजूदा पॉइंट्स टेबल

टीम मैच जीत हार बेनतीजा पॉइंट्स नेट रन रेट
पाकिस्तान 1 1 0 0 2 +1.051
श्रीलंका 1 1 0 0 2 +0.420
भारत 0 0 0 0 0 0.000
बांग्लादेश 2 0 2 0 0 -0.749

10:41 AM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: सुपर फोर में पॉइंट्स टेबल का हाल

सुपर फोर के पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान एक मैच में दो अंक और +1.051 नेट रन रेट के साथ टॉप पर है। श्रीलंका एक मैच में दो अंक और +0.420 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत तीसरे और बांग्लादेश अपने दोनों मैच हारकर चौथे स्थान पर है।

10:13 AM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: वहीं से शुरू होगा मैच

मैच वहीं से शुरू होगा जहां पर कल खत्म हुआ था। भारत ने रविवार को 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाए थे। विराट कोहली और केएल राहुल नाबाद हैं। यही दोनों आज भारतीय पारी का आगाज करेंगे। रोहित ने 56 और शुभमन ने 58 रन बनाए थे। शाहीन और शादाब को एक-एक विकेट मिला है।

10:12 AM, 11-Sep-2023

IND vs PAK Live: दोपहर तीन बजे शुरू होगा मैच

बारिश के कारण रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच पूरा नहीं हो पाया था। ऐसे में आज उस मैच को पूरा करने की कोशिश की जाएगी। रिजर्व डे में प्लेइंग-कंडीशन आम दिनों की तरह होंगे। हालांकि, मैच का नतीजा आने के लिए दोनों पारियों में 20 ओवर होने जरूरी हैं। मैच की शुरुआत दोपहर तीन बजे ही होगी।

08:41 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: रविवार को पूरा नहीं हो सका मैच

कोलंबो में फिर से भारी बारिश शुरू हो चुकी है। ऐसे में मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। अब यह मैच रिजर्व डे में पहुंच चुका है। रविवार को मैच पूरा नहीं हो सका। इस वजह से अब यह मैच सोमवार को रिजर्व डे पर खेला जाएगा। मैच की शुरुआत वहीं से होगी, जहां रविवार को बारिश की वजह से रोका गया था। यानी भारतीय पारी के 24.1 ओवर से मैच की शुरुआत होगी। सोमवार को 50-50 ओवर का ही मैच खेला जाएगा। सोमवार को भी बारिश हुई तो डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पहली बार भारत-पाकिस्तान के बीच वनडे मैच दूसरे दिन में गया
यह पहली बार है जब भारत-पाकिस्तान के बीच कोई वनडे मैच दो दिनों तक चला हो। पाकिस्तान का पिछला मैच जो दूसरे दिन में गया था वह 31 साल पहले हुआ था। अगस्त 1992 में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेला गया वनडे मैच दूसरे दिन में गया था। वहीं, भारत के साथ ऐसा चार साल पहले हुआ था। 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में जुलाई 2019 में भारत-न्यूजीलैंड आमने-सामने थे और यह मैच बारिश की वजह से रिजर्व डे में गया था। न्यूजीलैंड ने वह मैच जीता था।

ये भी पढ़ें-


रविवार को मैच के दौरान बीच में कुछ घंटे के लिए बारिश रुकी थी, लेकिन मैदान गीला होने की वजह से मैदानकर्मियों को उसे ठीक करने में समय लगा। रविवार शाम पांच बजे के आसपास बारिश शुरू हुई थी। कुछ घंटे बाद बारिश रुक गई। हालांकि, आउटफील्ड गीला था। रात साढ़े आठ बजे अंपायर ने निरीक्षण करने का फैसला लिया था। रात नौ बजे खेल शुरू करने पर बात चल रही थी। हालांकि, पौने नौ बजे बारिश ने एकबार फिर खलल डाला और अंपायर्स ने मैच को रिजर्व डे में कराने का फैसला लिया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 24.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 28 गेंदों में 17 रन और विराट कोहली 16 गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 24 रन की साझेदारी हो चुकी है।

IND vs PAK: रोहित शर्मा वनडे में 50 अर्धशतक लगाने वाले आठवें भारतीय, शाहीन अफरीदी के खिलाफ बनाया अनोखा रिकॉर्ड

वहीं, रोहित शर्मा और शुभमन गिल का तूफान देखने को मिला था। शुभमन ने शाहीन के दो ओवरों में तीन-तीन चौके जड़े थे। वहीं, से पाकिस्तानी गेंदबाजों की लय बिगड़ी। रोहित और शुभमन ने पहले विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को शादाब खान ने तोड़ा। उन्होंने कप्तान रोहित को आउट किया।

हिटमैन ने 50वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 49 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। वहीं, शुभमन ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। उन्हें शाहीन अफरीदी ने सलमान के हाथों कैच कराया। शुभमन 52 गेंदों में 10 चौके की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। 

IND vs PAK: सुपर-4 में आज पूरा नहीं हुआ भारत-पाकिस्तान मैच, अब रोहित शर्मा की टीम के लिए क्या हैं समीकरण?

08:20 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: साढ़े आठ बजे होगा निरीक्षण

साढ़े आठ बजे अंपायर्स दोबारा मैदान का निरीक्षण करेंगे। अंपायर्स ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रात नौ बजे से मैच शुरू होगा। अगर नौ बजे शुरू हुआ तो 34-34 ओवर्स का मैच होगा। यानी टीम इंडिया 10 और ओवर खेलेगी।

07:09 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: आठ बजे निरीक्षण करेंगे अंपायर्स

अंपायर्स शाम रात आठ बजे पिच का निरीक्षण करेंगे। मैदान गीला है और ऐसे में अंपायर्स कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। आज 20 ओवर का मैच कराने के लिए कट ऑफ टाइम रात 12 बजे है। इसे साढ़े 10 से बढ़ाकर 12 बजे किया गया है। यानी 90 मिनट बढ़ाया गया है। ऐसे में टीम इंडिया बल्लेबाजी नहीं कर पाएगी और डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल होगा। अंपायर्स ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और फिर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम से भी बातचीत की।

06:36 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: ओवरों में हो सकती है कटौती

बारिश रुक चुकी है। कवर्स हटाए जा रहे हैं। बारिश की वजह से आउटफील्ड गीला है, जिसे सुखाने की कोशिश की जा रही है। ओवर्स कटने के लिए कट ऑफ टाइम शाम छह बजकर 22 मिनट था, यानी अब ओवर्स कटने शुरू होंगे। ऐसे में डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल किया जाएगा। मैच अधिकारी आज ही मैच का रिजल्ट पाने की कोशिश करेंगे। अगर मैच नहीं हो पाता है तो ही कल रिजर्व डे में मैच जाएगा। आज 20 ओवर्स के मैच के लिए कट ऑफ टाइम रात साढ़े 10 बजे था, जिसे 90 मिनट तक बढ़ाकर रात 12 बजे कर दिया गया है। इसके बाद आज मैच नहीं हो पाएगा, फिर कल खेला जाएगा। मैच का नतीजा आने के लिए कम से कम 20 ओवर्स का मैच होना जरूरी है।

पाकिस्तान को यह लक्ष्य मिल सकता है-

  • 20 ओवरों में 181 रन
  • 21 ओवर में 187 रन
  • 22 ओवर में 194 रन
  • 23 ओवर में 200 रन
  • 24 ओवर में 206 रन

06:01 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश रुकी

कोलंबो में बारिश रुक चुकी है। कवर्स हटाने की कोशिश जारी है। बारिश इतनी तेज थी कि मैदान गीला हो गया है। इसे ठीक करने में काफी समय लग सकता है। छह बजकर 22 मिनट से ओवर्स कटने शुरू हो जाएंगे।

05:36 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान को मिल सकता है यह लक्ष्य

मैच ऑफिशियल्स आज मैच को खत्म करने की कोशिश करेंगे। अगर आज मैच बिल्कुल भी नहीं हो पाता है तो कल रिजर्व डे पर यहीं से मैच की शुरुआत होगी। अगर आज डकवर्थ लुईस नियम आता है और भारतीय टीम दोबारा बल्लेबाजी नहीं कर पाती है तो पाकिस्तान को लक्ष्य दिया जाएगा। डकवर्थ लुईस नियम के तहत पाकिस्तान को 20 ओवरों में 181 रन, 21 ओवर में 187 रन, 22 ओवर में 194 रन, 23 ओवर में 200 रन और 24 ओवर में 206 रन का लक्ष्य मिलेगा। 

पाकिस्तान को यह लक्ष्य मिल सकता है-

  • 20 ओवरों में 181 रन
  • 21 ओवर में 187 रन
  • 22 ओवर में 194 रन
  • 23 ओवर में 200 रन
  • 24 ओवर में 206 रन

04:56 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश की वजह से रुका खेल

भारी बारिश की वजह से मैच को रोकना पड़ा है। जब मैच रोका गया तब तक टीम इंडिया ने 24.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 28 गेंदों में 17 रन और विराट कोहली 16 गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 24 रन की साझेदारी हो चुकी है। इस मैच के लिए कल रिजर्व डे रखा गया है। अगर इसके बाद मैच शुरू नहीं हो पाता है तो भारतीय टीम कल 24.1 ओवर से ही बल्लेबाजी शुरू करेगी।

इससे पहले प्रेमदासा स्टेडियम में रोहित शर्मा और शुभमन गिल का तूफान देखने को मिला था। शुभमन ने शाहीन के दो ओवरों में तीन-तीन चौके जड़े थे। वहीं, से पाकिस्तानी गेंदबाजों की लय बिगड़ी। रोहित और शुभमन ने पहले विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को शादाब खान ने तोड़ा। उन्होंने कप्तान रोहित को आउट किया। हिटमैन ने 50वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 49 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। वहीं, शुभमन ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। उन्हें शाहीन अफरीदी ने सलमान के हाथों कैच कराया। शुभमन 52 गेंदों में 10 चौके की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। 

04:47 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live Score: भारत का स्कोर 140 रन के पार

23 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 140 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 24 गेंदों में 13 रन और विराट कोहली 13 गेंदों में छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवाए। 17वें ओवर में शादाब खान ने रोहित शर्मा को फहीम अशरफ के हाथों कैच कराया। वह 49 गेंदों में छह चौके और छह चौके की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 18वें ओवर में शाहीन अफरीदी ने शुभमन गिल को सलमान आगा के हाथों कैच कराया। शुभमन 52 गेंदों में 10 चौके की मदद से 58 रन बनाए थे।

04:38 PM, 10-Sep-2023

IND Vs PAK Live: कोहली और राहुल पर जिम्मेदारी

21 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 14 गेंदों में 10 रन और विराट कोहली 11 गेंदों में छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवाए। 17वें ओवर में शादाब खान ने रोहित शर्मा को फहीम अशरफ के हाथों कैच कराया। वह 49 गेंदों में छह चौके और छह चौके की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 18वें ओवर में शाहीन अफरीदी ने शुभमन गिल को सलमान आगा के हाथों कैच कराया। शुभमन 52 गेंदों में 10 चौके की मदद से 58 रन बनाए थे।

04:25 PM, 10-Sep-2023

IND Vs PAK Live: रोहित के बाद गिल भी आउट

रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल भी आउट हो चुके हैं। शाहीन अफरीदी ने उन्हें आगा सलमान के हाथों कैच कराया। गिल ने 52 गेंद में 10 चौकों की मदद से 58 रन बनाए। अब विराट कोहली के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 124/2 है।

04:20 PM, 10-Sep-2023

IND Vs PAK Live: रोहित शर्मा 56 रन बनाकर आउट

121 रन के स्कोर पर भारतीय टीम का पहला विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 49 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शादाब खान ने उन्हें फहीम अशरफ के हाथों कैच कराया। रोहित ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। अब शुभमन गिल के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 122 रन है।

04:11 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: रोहित शर्मा का भी अर्धशतक

15 ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 115 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे करियर का 50वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने शादाब खान की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले नेपाल के खिलाफ उन्होंने नाबाद 74 रन बनाए थे। फिलहाल रोहित 46 गेंदों में 55 रन और शुभमन गिल 44 गेंदों में 53 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

03:59 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: शुभमन गिल का अर्धशतक

शुभमन गिल ने 37 गेंदों में वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने नेपाल के खिलाफ नाबाद 67 रन की पारी खेली थी। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 96 रन है। शुभमन 37 गेंदों में 50 रन और कप्तान रोहित शर्मा 41 गेंदों में 44 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित ने 13वें ओवर में शादाब की आखिरी तीन गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। शादाब के 13वें ओवर से 19 रन आए। 

03:51 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: शुभमन-रोहित की शानदार बल्लेबाजी

11 ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 69 रन बना लिए हैं। शुभमन ने अर्धशतक के करीब हैं। वह 34 गेंदों में 47 रन और रोहित शर्मा 32 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

03:42 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: शुभमन अर्धशतक के करीब

रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। नौ ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 53 रन बना लिए हैं। शुभमन 30 गेंदों में नौ चौके की मदद से 41 रन बना लिए हैं। वहीं, रोहित 24 गेंदों में 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शाहीन को तीन ओवर गेंदबाजी मिली है और उन्होंने 31 रन लुटाए हैं।

03:33 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: सात ओवर के बाद भारत 38/0

सात ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 38 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 24 गेंदों में 10 रन और शुभमन गिल 18 गेंदों में 26 रन बना चुके हैं। शाहीन तीन ओवर में 31 रन लुटा चुके हैं। शुभमन ने शाहीन के दूसरे ओवर में तीन चौके लगाए थे। इसके बाद उन्होंने शाहीन के पांचवें ओवर में भी तीन चौके लगाए। नसीम ने अच्छी गेंदबाजी की है। उन्होंने तीन ओवर में छह रन लुटाए हैं।

03:18 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: शुभमन ने शाहीन की धुलाई की

शुभमन गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने शाहीन अफरीदी की जमकर धुनाई की है। फिलहाल शुभमन 13 गेंदों में 25 रन और रोहित शर्मा 17 गेंदों में 10 रन बनाकर बैटिंग कर रहे हैं। शाहीन तीन ओवर में 31 रन लुटा चुके हैं। शुभमन ने शाहीन के दूसरे ओवर में तीन चौके लगाए थे। इसके बाद उन्होंने शाहीन के पांचवें ओवर में भी तीन चौके लगाए। वहीं, दूसरे छोर से नसीम शाह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दो ओवर में छह रन दिए हैं।

03:18 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: शुभमन ने शाहीन के ओवर में लगाए तीन चौके

तीन ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। रोहित ने शाहीन के पहले ओवर में एक छक्का लगाया था। इसके बाद तीसरे ओवर में शाहीन फिर गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में शुभमन ने उनकी गेंदों पर तीन चौके लगाए। 

03:01 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारतीय बैटिंग शुरू

भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा के सामने शाहीन अफरीदी की चुनौती है। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित ने बेकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का लगाया।

02:36 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Match Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमान, इमाम उल हक, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फहीम अशरफ, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।

02:27 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Match Live: पाकिस्तान ने जीता टॉस

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। उन्होंने शनिवार को ही प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी थी। उसमें कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह पहले बल्लेबाजी करने का ही फैसला लेने वाले थे। रोहित ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है। वहीं, श्रेयस अय्यर की जगह केएल राहुल को शामिल किया गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि किसका बैटिंग ऑर्डर क्या होता है। क्या राहुल पांचवें नंबर पर खेलेंगे और ईशान को चौथे नंबर पर भेजा जाएगा? या राहुल चौथे नंबर पर आएंगे और ईशान को पांचवें नंबर पर उतारा जाएगा?

01:36 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: कार्तिक और अश्विन का कोलंबो के मौसम पर ट्वीट

भारत के दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन ने फैंस को कोलंबो के मौसम का अपडेट दिया है। अश्विन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- INDvsPAK मुकाबले के लिए यह इससे बेहतरीन सुबह नहीं हो सकती। खेल के लिए बहुत सारे टिकट अभी भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं, कार्तिक ने लिखा- मौसम साफी और सही दिख रहा है। मैं एक मजेदार मैच की उम्मीद कर रहा हूं। 

01:33 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live Score: अभी कोलंबो में निकली है धूप

कोलंबो में फिलहाल धूप खिली हुई है। पाकिस्तान क्रिकेट ने स्टेडियम की तस्वीर शेयर की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि शाम सात बजे से पहले बारिश की कोई संभावना नहीं है।

01:27 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: कोलंबो में दोनों टीमों का रिकॉर्ड

कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने 46 वनडे खेले हैं। इसमें टीम इंडिया ने 23 मैच जीते और 19 मैच हारे हैं। चार मैच बेनतीजा रहा है। वहीं, पाकिस्तान ने इस मैदान पर 24 वनडे खेले हैं। 14 मैचों में उन्होंने जीत हासिल की और आठ में हार मिली। दो मुकाबले बेनतीजा रहे।

01:23 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत-पाकिस्तान मैच के आंकड़े

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 133 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इसमें पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा है। पाकिस्तान ने 73 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम को 55 मैचों में जीत मिली है। पांच मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए हैं। एक मैच रद्द कर दिया गया था, जबकि एक में पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी।

12:50 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान की प्लेइंग-11 घोषित

मैच के लिए पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 का एलान कर दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में खेलने वाली टीम में बाबर आजम ने एक भी बदलाव नहीं किया है। पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में एक ऐसा खिलाड़ी है जो पांच साल बाद भारत के खिलाफ वनडे में खेलेगा। कैंडी में दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में ऑलराउंडर फहीम अशरफ टीम में नहीं थे। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 के मैच में मौका मिला था और वह अब अगले मैच में भी खेलेंगे। वह 2018 के बाद पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ वनडे मैच में खेलेंगे। तब एशिया कप के मैच में उन्होंने 31 रन बनाए थे और एक विकेट लिया था।

भारत के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तान की प्लेइंग-11
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमान, इमाम उल हक, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फहीम अशरफ, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।

12:33 PM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live Score: दोनों टीमें

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।

पाकिस्तान : बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम उल हक, सलमान आगा, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हैरिस, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह आफरीदी, सऊद शकील।

11:40 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: राहुल का प्रदर्शन

राहुल का 2019 के बाद से प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने 2019 में 13 मैचों में 47.67 के औसत से 572 रन बनाए। 2020 में नौ मैचों में 55.38 के औसत से 443 रन, 2021 में तीन मैचों में 88.50 के औसत से 108 रन, 2022 में 10 मैचों में 27.89 के औसत से 251 रन और 2023 में छह मैचों में 56.50 के औसत से 226 रन कूटे हैं।

11:04 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Match Live: भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश की संभावना

आज भारत पाकिस्तान के बीच मैच में बारिश की संभावना है। मैच के दौरान 49 से 69 प्रतिशत बारिश की संभावना है। मैच की शुरुआत दोपहर तीन बजे से होगी। कल रिजर्व-डे रखा गया है। मैच पूरा होने के लिए दोनों पारियों में 20-20 ओवर का खेल जरूरी है।

11:02 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Match Live: भारत ने पिछले मैच में नेपाल को हराया था

भारत ने अपने पिछले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराया था। बारिश से बाधित उस मैच में नेपाल ने पहले बैटिंग करते हुए 230 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से भारत को 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम इंडिया ने 20.1 ओवर में 10 विकेट रहते हासिल कर लिया था।

10:42 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Match Live: गेंदबाजी हुई मजबूत

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी टीम के साथ जुड़ गए हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम की गेंदबाजी भी मजबूत हो गई है। ग्रुप मैच में बुमराह टीम में शामिल थे, लेकिन बारिश के कारण टीम की गेंदबाजी नहीं आई। आज के मैच में बुमराह, सिराज और शार्दुल खेल सकते हैं। शार्दुल ने प्रैक्टिस सेशन में बॉलिंग के साथ-साथ बैटिंग प्रैक्टिस भी की थी।

10:15 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: नंबर पांच के लिए किसका दावा मजबूत?

भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने राहुल और ईशान किशन में से किसी एक को चुनने की दुविधा का हल निकालना अहम रहेगा। ईशान ने पिछले लगभग एक महीने में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। वहीं, नंबर पांच पर राहुल का भी औसत शानदार है। ईशान ने अपने वनडे करियर में सिर्फ एक बार नंबर पांच पर बल्लेबाजी की है और वह भी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में, जहां उन्होंने 82 रन बनाए थे। वहीं, राहुल ने वनडे में नंबर पांच पर 18 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 53 की औसत स 742 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। 

10:14 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Live: पिछले मैच में बारिश ने खलल डाला था

अगर रविवार को बारिश आती है और खेल जहां रुक जाएगा और तो सोमवार को वहीं से शुरू होगा। इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच में भी बारिश ने बाधा पहुंचाई थी। उस मैच में भारतीय टीम ने तो अपनी पारी खेली थी, लेकिन पाकिस्तान अपनी पारी नहीं खेल पाया था।

08:56 AM, 10-Sep-2023

IND vs PAK Highlights: सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 228 रन से हराया, कुलदीप यादव ने लिए पांच विकेट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में सुपर-फोर का मैच खेला जाएगा। इस मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है। हालांकि, इसके लिए कल एक रिजर्व-डे भी रखा गया है। दोनों के बीच ग्रुप स्टेज का मैच बेनतीजा रहा था। अगर बारिश नहीं होती है तो दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें