दक्षिण अफ्रीका ने पार्ल मे खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत को 31 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में चार विकेट गंवाकर 296 रन बनाए थे। कप्तान तेम्बा बावुमा ने 110 रन और रसी वान डर डुसेन ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन ही बना सकी। भारत की ओर से शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली 51 रन बना सके। इसके अलावा शार्दुल ठाकुर 43 गेंदों पर 50 रन बनाकर नाबाद रहे। यह वनडे में उनकी पहली फिफ्टी रही।
भारतीय टीम की यह पार्ल के बोलैंड पार्क मैदान पर 25 साल में पहली हार है। टीम इंडिया ने यहां चार मैच खेले हैं। 1997 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला गया पहला मुकाबला टाई रहा था। इसके बाद 2001 में भारत ने केन्या को 186 रन से हराया था। वहीं, 2003 में भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स को 68 रन से हराया था। बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
भारत ने 48 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 254 रन बना लिए हैं। फिलहाल शार्दुल ठाकुर 44 रन और जसप्रीत बुमराह 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 12 गेंदों पर 43 रन की जरूरत है।
भारत ने 214 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। भुवनेश्व कुमार चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शम्सी ने बावुमा के हाथों कैच कराया। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एनगिडी, शम्सी और फेहलुकवायो ने दो-दो विकेट लिए हैं। मार्करम और केशव महाराज को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। टीम ने 36 ओवर में 188 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं। वेंकटेश अय्यर के रूप में टीम को छठा झटका लगा। वेंकटेश अपने डेब्यू वनडे में सात गेंदों पर दो रन बना सके। उन्हें लुंगी एनगिडी ने वान डर डुसेन के हाथों कैच कराया। भारत ने तीन ओवर के अंदर श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर के रूप में तीन बड़े विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं।
35वें ओवर में 182 रन के कुल स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। ऋषभ पंत 22 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। फेहलुकवायो की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने उन्हें स्टंप आउट किया। तीन गेंदों के अंदर भारत को लगा यह दूसरा झटका है। इससे पहले 34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर श्रेयस अय्यर 17 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 35वें ओवर की पहली गेंद पर पंत पवेलियन लौटे।
35वें ओवर में 182 रन के कुल स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। ऋषभ पंत 22 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। फेहलुकवायो की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने उन्हें स्टंप आउट किया। तीन गेंदों के अंदर भारत को लगा यह दूसरा झटका है। इससे पहले 34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर श्रेयस अय्यर 17 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 35वें ओवर की पहली गेंद पर पंत पवेलियन लौटे। फिलहाल वेंकटेश अय्यर और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं।
भारत को 181 रन के कुल स्कोर पर चौथा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 17 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। फिलहाल ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं।
विराट कोहली ने वनडे करियर की 63वीं फिफ्टी लगाई। हालांकि, वह इसके बाद ज्यादा देर तक बल्लेबाजी नहीं कर सके और सिर्फ एक रन जोड़कर आउट हो गए। तबरेज शम्सी ने कोहली को 51 रन के निजी स्कोर पर तेम्बा बावुमा के हाथों कैच कराया। अपनी 63 गेंदों की पारी में कोहली ने तीन चौके लगाए। भारत ने तीन विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
138 रन के कुल स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। केशव महाराज ने शिखर धवन को क्लीन बोल्ड किया। वे 84 गेंदों पर 79 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने विराट कोहली के साथ 102 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी की। अपनी पारी में धवन ने 10 चौके लगाए। भारत ने 26 ओवर के बाद दो विकेट पर 140 रन बना लिए हैं।
भारत ने 19 ओवर में एक विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। जीत के लिए अब भी टीम को 195 रन की जरूरत है। विराट कोहली 32 गेंदों पर 24 रन और शिखर धवन 65 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद हैं। धवन के वनडे करियर की यह 34वीं फिफ्टी रही। धवन और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 से ज्यादा रन की साझेदारी भी हो चुकी है।
शिखर धवन ने वनडे करियर का 34वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने 51 गेंदों पर पचास रन पूरे किए। भारत का स्कोर 14 ओवर के बाद एक विकेट पर 74 रन है। फिलहाल धवन 50 रन और विराट कोहली 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत को 46 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। एडेन मार्करम ने कप्तान केएल राहुल को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच करा कर पवेलियन भेजा। बतौर कप्तान अपने पहले वनडे में राहुल सिर्फ 12 रन ही बना सके। इसके लिए उन्होंने 17 गेंद खेली। भारत ने नौ ओवर खत्म होने के बाद एक विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली चार रन और शिखर धवन 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत ने धीमी शुरुआत की है। 297 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने पावरप्ले खत्म होने तक यानी पहले छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिखर धवन 26 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। राहुल पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स कप्तान केएल राहुल और शिखर धवन क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला ओवर पार्टटाइम स्पिनर एडेन मार्करम ने किया। एक ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 296 रन बनाए हैं। भारत को यह मैच जीतने के लिए 297 रन की जरूरत है। इस मैच में अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी और 19 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया था। वहीं 20 ओवर के अंदर 68 रन पर तीन विकेट गंवा कर टीम संघर्ष कर रही थी, लेकिन चौथे विकेट लिए कप्तान बावुमा और डुसेन के बीच हुई 204 रन की साझेदारी ने अफ्रीकी पारी को संभाला। यह भारत के खिलाफ अफ्रीका के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी।
इस पारी में युजवेन्द्र चहल और अश्विन की जोड़ी बीच के ओवरों में विकेट लेने में नाकाम रही। दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट 18वें ओवर में गिरा था। इसके बाद चौथा विकेट 49वें ओवर में गिरा। इस बीच अफ्रीकी टीम ने 200 से ज्यादा रन बनाए। अब भारत के लिए 297 रन के लक्ष्य का पीछा करना बहुत मुश्किल होगा और भारतीय बल्लेबाजों को यह मैच जीतने के लिए बहुत ही बेहतरीन बल्लेबाजी करनी होगी। खासकर धवन और राहुल की जोड़ी को शानदार शुरुआत करनी होगी। इसके बाद विराट को उसी लय में बल्लेबाजी करनी होगी, जैसे वो 2016 में वनडे कप्तान बनने से पहले करते थे।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा शतक लगाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने 143 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 110 रन बनाए। इस मैच में जब बावुमा बल्लेबाजी करने के लिए आए थे, तब टीम का स्कोर 19 रन था। वहीं जब वो आउट होकर गए तब अफ्रीका का स्कोर 272 रन हो चुका था। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर बावुमा ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए और सीधे कप्तान राहुल को लॉग ऑन में कैच थमा बैठे।
कप्तान टेम्बा बावुमा और डुसेन के बीच 200 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 2013 में एबी डिविलियर्स और डिकॉक ने 171 रन की साझेदारी की थी।
रासी वन डर डुसेन ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने कप्तान बावुमा के साथ मिलकर बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम का स्कोर 250 के पार ले गए। ये दोनों चौथे विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर चुके हैं। डुसेन 83 गेंदों में आठ चौके और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 250 के पार जा चुका है। बावुमा और डुसेन ने दक्षिण अफ्रीका के लिए चौथे विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी कर अपनी टीम को बहुत अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है। बावुमा के साथ डुसेन भी शतक के करीब पहुंच चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा अपना शतक पूरा कर चुके हैं। उन्होंने 133 गेंद में 100 रन बनाए हैं। यह उनके कैरियर का दूसरा शतक है। डुसेन के साथ मिलकर बावुमा 172 रन की साझेदारी कर चुके हैं। चौथे विकेट के लिए यह दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले डिकॉ़क और डिविलियर्स ने 2013 में 171 रन जोड़े थे। अफ्रीका का स्कोर 250 के करीब जा चुका है। अभी भी पांच ओवर बचे हैं और ये दोनों टीम का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे।
टेम्बा बावुमा और डुसेन के बीच 150 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों के सामने भारतीय गेंदबाज बेअसर रहे हैं। दोनों ही बल्लेबाज शतक की ओर बढ़ रहे हैं और अफ्रीका का स्कोर 300 के पार ले जाने की कोशिश करेंगे। अभी डेविड मिलर का क्रीज में आना बाकी है। ऐसे में अफ्रीकी टीम आखिरी के ओवरों में तेजी से रन बनाकर 300 के करीब स्कोर बना सकती है। इस मैदान में 250 रन से ज्यादा के स्कोर का पीछा करना भारत के लिए आसान नहीं होगा।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है। कप्तान टेम्बा बावुमा और रासी वन डर डुसेन अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर चुके हैं। इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। कप्तान बावुमा अपने शतक के करीब पहुंच चुके हैं। ये जोड़ी अफ्रीकी टीम का स्कोर 300 के करीब ले जा सकती है। भारत को जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी।
कप्तान बावुमा के बाद डुसेन ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 49 गेंद में 54 रन बनाए हैं। डुसेन जब क्रीज पर आए थे तब अफ्रीका का स्कोर 68 रन था, लेकिन इसके बाद उन्होंने कप्तान बावुमा के साथ मिलकर बेहतरीन साझेदारी की है।
टेम्बा बावुमा और डुसेन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस दोनों ने वनडे में दूसरी बार शतकीय साझेदारी की है। इससे पहले इन दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय साझेदारी की थी और अपनी टीम को मैच जिताया था। इस मैच में जब बावुमा बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, तब अफ्रीका का स्कोर 19 रन था। इसके बाद से बावुमा ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के करीब पहुंचा दिया है।
दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट के नुकसान पर 150 रन पूरे कर लिए हैं। कप्तान टेम्बा बावुमा और डुसेन के बीच 83 रन की साझेदारी हो चुके है। ये दोनों तेजी से दक्षिण अफ्रीका को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने यह साझेदारी तोड़ने के लिए बुमराह और भुवनेश्वर से भी गेंदबाजी कराई, लेकिन अब तक टीम इंडिया को सफलता नहीं मिली है।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने अपने करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 76 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने डुसेन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की है। ये दोनों चौथे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी कर चुके हैं और अब तेजी से रन बना रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तानी टेम्बा बावुमा और डुसेन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और दक्षिण अफ्रीका की पारी आगे बढ़ा रहे हैं। इन दोनों ने 46 गेंद में 50 रन जोड़े हैं। इन दोनों ने चहल के खिलाफ अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। भारतीय टीम जल्द से जल्द यह साझेदारी तोड़ना चाहेगी।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 100 के पार जा चुका है। डुसेन कप्तान बावुमा के साथ मिलकर तेजी से रन बना रहे हैं और इन दोनों के बीच 32 रन की साझेदारी हो चुकी है। एक बार फिर अफ्रीका के लिए अच्छी साझेदारी हो रही है। इस बार कप्तान बावुमा और डुसेन मिलकर तेजी से रन बना रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिर चुका है। भारतीय गेंदबाज काफी कसी हुई गेंदबाजी कर रहे थे और रन नहीं दे रहे थे। इस वजह से अफ्रीका के बल्लेबाजों पर दबाव था और एडेन मार्रकरम ने ऐसा रन लेने की कोशिश की जो था ही नहीं। वेंकटेश ने मिड ऑफ में गेंद पकड़ी और सीधे स्टंप्स पर निशाना लगाया। मार्रकरम काफी पीछे रह गए। अय्यर के सटीक थ्रो की बदौलत भारत को तीसरा विकेट मिला है। 20 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट के नुकसान पर 80 रन बना लिए हैं। डुसेन और बावुमा क्रीज पर मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। अश्विन ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को क्लीन बोल्ड करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। वो लगभग चार साल बाद भारत के लिए कोई वनडे मैच खेल रहे हैं। डिकॉक ने 41 गेंद में 27 रन बनाए। अब कप्तान बावुमा के साथ एडेन मार्रकरम क्रीज पर मौजूद हैं। अफ्रीका ने दो विकेट के नुकसान पर 66 रन बना लिए हैं।
अश्विन की गेंद पर डिकॉक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी और गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे पर लगकर प्वाइंट में खड़े श्रेयस के पास गई थी। श्रेयस ने अपने बाईं तरफ डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश की। गेंद उनके हाथों में लगी पर छिटक गई। डिकॉक को 20 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के 50 रन भी पूरे हो चुके हैं। बावुमा और डिकॉक के बीच 33 रन की साझेदारी हो चुकी है और भारत जल्द ही इसे तोड़ने की कोशिश करेगा।
पावरप्ले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने एक विकेट खोकर 39 रन बनाए हैं। शुरुआती 10 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने काफी बेहतरीन गेंदबाजी की है और रन नहीं खर्चे हैं। वहीं एक विकेट भी लिया है। अब अफ्रीकी टीम बीच के ओवरों में बड़ी साझेदारी करना चाहेगी। वहीं टीम इंडिया जल्द ही इस साझेदारी को तोड़ना चाहेगी।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बवुमा को चार रन के स्कोर पर पहला जीवनदान मिला है। भुवनेश्वर की गेंद पर बावुमा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा, लेकिन गेंद पंत तक नहीं पहुंची और विकेटकीपर पंत कैच नहीं पकड़ सके। पंत ने अपने दाईं तरफ डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश की थी। अगर वो आगे की तरफ डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश करते तो भारत को दूसरा विकेट मिल सकता था।
फिलहाल भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को बांधकर रखा है और जानेमन मलान को आउट भी कर चुके हैं। डिकॉक और बावुमा संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं भुवनेश्वर और बुमराह अच्छी लय में नजर आ रहे हैं।
जसप्रीत बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया है। उन्होंने अफ्रीकी ओपनर जानेमन मलान को छह रन के स्कोर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। बुमराह की बाहर जाती गेंद पर मलान ने खड़े-खड़े शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पंत के हाथों में समा गई। बुमराह ने 2019 वर्ल्डकप के बाद पहली बार पावरप्ले में विकेट चटकाया है।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है और जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए पहला ओवर किया। अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक और जानेमन मलान ने पारी की शुरुआत की है। हालांकि भुवनेश्वर कुमार ने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक को खामोश रखा। शुरुआती चार ओवरों में अफ्रीकी बल्लेबाजों ने बहुत तेजी से रन नहीं बनाए हैं, लेकिन विकेट बचाकर बल्लेबाजी की है। चार ओवर के बाद अफ्रीकी टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 19 रन बना लिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस सीरीज में भारत लोकेश राहुल की कप्तानी में खेल रहा है। रोहित की गैर मौजूदगी में धवन और कप्तान राहुल भारत के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं श्रेयस अय्यर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। वेंकटेश अय्यर अपना डेब्यू मैच खेल रहे हैं। वहीं अश्विन और चहल दोनों को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
अफ्रीकी टीम में क्विंटन डिकॉक पर भी की निगाहें रहेंगी, जिन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है। वहीं रबाडा की गैर मौजूदगी में एनगिडी के ऊपर भारत को शुरुआती झटके देने की जिम्मेदारी होगी। वहीं अपना पहला मैच खेल रहे मार्को जेन्सन पर भी सभी की निगाहें होंगी। जेन्सन से टेस्ट सीरीज में कमाल की गेंदबाजी की थी।
भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, शार्दुल ठाकुर, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
दक्षिण अफ्रीकी टीम: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), जानेमन मलान, एडेन मार्करम, रसी वान डर डुसन, तेम्बा बावुमा (कप्तान), डेविड मिलर, एंडिले फेहलुकवायो, मार्को जेन्सन, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, लुंगी एनगिडी।
Live Score, India vs South Africa (IND vs SA) 1st ODI: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच पार्ल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट सीरीज 1-2 से हारने के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज में जीत से शुरुआत करना चाहेगी। इस सीरीज में लोकेश पही बार पूरी सीरीज में भारत की कप्तानी करेंगे। वहीं विराट कोहली कप्तानी छोड़ने के बाद पहली बार किसी दूसरे खिलाड़ी की कप्तानी में मैच खेलने उतरेंगे।
भारत के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान लोकेश राहुल की जोड़ी इस मैच में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। वहीं कप्तानी छोड़ने के बाद विराट बल्ले के साथ योगदान देने की कोशिश करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के पिछले दौरे में भारत ने विराट की कप्तानी में वनडे सीरीज जीती थी। ऐसे में द्रविड़ और राहुल की जोड़ी एक बार फिर इतिहास दोहराना चाहेगी।
विराट से बड़ी पारी की उम्मीद
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए टी-20 की कप्तानी छोड़ी थी। इसी वजह से उन्हें बाद में वनडे और टेस्ट की कप्तानी भी गंवानी पड़ी है। ऐसे में विराट बल्ले के साथ बड़ी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे। विराट पिछले दो सालों से कोई शतक नहीं लगा पाए हैं और उनके फैंस को उम्मीद है कि कप्तानी छोड़ने के बाद कोहली के लिए शतकों का सूखा खत्म होगा।