भारत ने सुपर-12 के अपने चौथे मैच में स्कॉटलैंड को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-2 में अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब सभी भारतीय फैंस की नजरें अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सात नवंबर को होने वाले मैच पर टिकी होंगी। इसके बाद भारत को अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला नामीबिया के खिलाफ आठ नवंबर को खेलना है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को बर्थडे के दिन जीत का तोहफा मिला है। शुक्रवार को वह 33 साल के हो गए।
आज भारत के लिए सबकुछ अच्छा हुआ। बर्थडे के दिन विराट का साथ सिक्के ने भी दिया। उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी शानदार रही। रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने मिलकर स्कॉटलैंड को 85 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो और रविचंद्रन अश्विन को 1 विकेट मिला।
भारत को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के नेट रन रेट से ऊपर जाने के लिए 43 गेंदों पर मैच जीतने की जरूरत थी, लेकिन रोहित और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले 4.6 ओवर में 70 रन जोड़े। इसके बाद विराट सूर्यकुमार ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी भारत ने 81 गेंद रहते दो विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीता। केएल राहुल ने 18 गेंदों पर पचास लगाया। यह इस टी-20 विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक है। वहीं, ओवरऑल टी-20 विश्व कप का चौथा सबसे तेज अर्धशतक है।
राहुल ने इस विश्व कप की सबसे तेज फिफ्टी लगाई
रोहित शर्मा के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका लगा। वे 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें व्हील ने एलबीडब्लू किया। इसके बाद राहुल ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए और 19 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। राहुल को वाट ने मैकलॉयड के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट 2 रन और सूर्यकुमार यादव 6 रन बनाकर नाबाद रहे।
मैच में बने रिकॉर्ड्स
भारत ने दो विकेट गंवाए
70 रन पर भारत को पहला झटका लगा। टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाने के बाद रोहित शर्मा 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें ब्रैडली व्हील ने आउट किया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 70/1 है। राहुल 14 गेंदों पर 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली उनका साथ निभाने मैदान पर पहुंचे हैं। राहुल छठे ओवर में आउट हो गए। उन्होंने 19 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। विराट और सूर्यकुमार क्रीज पर हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 39 रन बना लिए हैं। रोहित 12 रन और राहुल 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। दो ओवर में टीम ने बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। रोहित 7 रन और राहुल 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय टीम को अपना नेट रन रेट सुधारने के लिए पहले तो यह मैच जीतना होगा। अगर टीम इंडिया 11.2 ओवर में यह लक्ष्य हासिल करती है, तो नेट रन रेट +1.000 हो जाएगा। अगर टीम इंडिया 8.5 (53 गेंद) ओवर में यह मैच जीतती है तो न्यूजीलैंड के नेट रन रेट (+1.277) को पीछे छोड़ देगा। वहीं, अगर भारत 7.1 (43 गेंद) ओवर में लक्ष्य हासिल करता है तो न्यूजीलैंड के साथ-साथ अफगानिस्तान (+1.481) के नेट रन रेट को भी पीछे छोड़ देगा।
स्कॉटलैंड की टीम 17.4 ओवर में 85 रन पर ऑलआउट हो गई। पहली ही गेंद से स्कॉटलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने जूझती हुई दिखी थी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन लेंथ पर गेंदबाजी की और स्कॉटलैंड को रन नहीं बनाने दिया। स्कॉटलैंड के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो और रविचंद्रन अश्विन को 1 विकेट मिला।
बुमराह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ा। चहल के नाम 63 विकेट हैं, जबकि बुमराह के नाम 64 विकेट हैं।
शमी के 17वें ओवर में स्कॉटलैंड के तीन विकेट गिरे। इस ओवर की पहली गेंद पर मैकलॉयड को क्लीन बोल्ड किया। वे 28 गेंदों पर 16 रन बना सके। इसके बाद दूसरी गेंद पर साफियान शरीफ (0) रन आउट हो गए। तीसरी गेंद पर शमी ने इवांस (0) को एक बार फिर क्लीन बोल्ड किया। वे हैट्रिक से चूक गए, क्योंकि दूसरी गेंद पर शमी ने एलबीडब्लू की भी अपील की थी, लेकिन अंपायर ने नकार दिया। शमी और जडेजा ने तीन-तीन विकेट झटके हैं।
14वें ओवर में स्कॉटलैंड को छठा झटका लगा। 63 के कुल स्कोर पर क्रिस ग्रीव्स आउट हो गए। वे 1 रन बना सके। अश्विन ने ग्रीव्स को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। 14 ओवर के बाद स्कॉटलैंड ने 6 विकेट गंवाकर 64 रन बना लिए हैं। मार्क वाट और कैलम मैकलॉयड क्रीज पर हैं।
स्कॉटलैंड ने 58 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। 12वें ओवर में जडेजा ने माइकल लीस्क को एलबीडब्लू किया। वे 12 गेंदों पर 21 रन बना सके। यह जडेजा का इस मैच में तीसरा विकेट रहा। 12 ओवर के बाद स्कॉटलैंड ने पांच विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैलम मैकलॉयड और क्रिस ग्रीव्स क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद स्कॉटलैंड ने चार विकेट गंवाकर 44 रन बना लिए हैं। कैलम मैकलॉयड छह रन और माइकल लीस्क 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के लिए अब तक जडेजा ने दो और बुमराह-शमी ने एक-एक विकेट लिया है।
जडेजा ने सातवें ओवर में स्कॉटलैंड की टीम को दो झटके दिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर रिची बेरिंग्टन को बोल्ड किया। बेरिंग्टन शून्य पर पवेलियन लौटे। इसके बाद छठे गेंद पर जडेजा ने मैथ्यू क्रॉस को एलबीडब्लू किया। वे 2 रन बना सके। आठ ओवर के बाद स्कॉटलैंड का स्कोर 32/4 है। कैलम मैकलॉयड और माइकल लीस्क क्रीज पर हैं।
27 रन पर स्कॉटलैंड को दूसरा झटका लगा है। छठे ओवर में शमी की गेंद पर जॉर्ज मुन्से ने बड़े शॉट की तरफ रुख किया, लेकिन इसमें नाकाम रहे। शमी ने मुन्से को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वे 19 गेंदों पर 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। छह ओवर के बाद स्कॉटलैंड का स्कोर दो विकेट पर 27 रन है। मैथ्यूू क्रॉस और रिची बैरिंग्टन क्रीज पर हैं।
चार ओवर के बाद स्कॉटलैंड ने एक विकेट गंवाकर 25 रन बना लिए हैं। रविचंद्रन अश्विन के चौथे ओवर में स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने 12 रन बनाए। जॉर्ज मुन्से 14 गेंदों पर 23 रन और मैथ्यू क्रॉस शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर बुमराह ने स्कॉटलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने काइल कोएत्जर (1) को क्लीन बोल्ड किया। इसके साथ ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट के मामले में बुमराह ने युजवेंद्र चहल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दोनों 63 विकेट के साथ भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। एक विकेट लेते ही वह यह रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
अगर स्कॉटलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 160 रन भी बनाती है, तो भारत को यह लक्ष्य 11.3 ओवर में हासिल करना होगा। इस स्थिति में भारत का नेट रन रेट +1.000 हो जाएगा। अगर टीम इंडिया यह मैच 7.4 ओवर में जीत जाती है तो टीम का नेट रन रेट अफगानिस्तान के ऊपर चला जाएगा।
स्कॉटलैंड के ओपनर्स काइल कोएत्जर और जॉर्ज मुन्से मैदान पर हैं। भारत के लिए पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने फेंका। पहले ओवर में आठ रन बने और कोई विकेट नहीं गिरा।
भारतीय टीम ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के लिए एक बदलाव किया है। कप्तान विराट ने शार्दुल ठाकुर की जगह वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया है।
दोनों टीमें
स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुन्से, काइल कोएत्जर (कप्तान), मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), रिची बेरिंगटन, कैलम मैकलॉयड, माइकल लीस्क, क्रिस ग्रीव्स, मार्क वाट, साफ्यान शरीफ, अलास्डेयर इवांस, ब्रैडली व्हील
भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। बर्थडे के दिन सिक्के ने विराट का साथ दिया। इस मैच से पहले कोहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार छह मैचों में टॉस हार चुके थे। वहीं, इस वर्ल्ड कप में लगातार तीन बार टॉस हार चुके हैं। इस साल नौ टी-20 में विराट ने कप्तानी की है और सिर्फ दो में टॉस जीत पाए हैं।
टी-20 में विराट का टॉस के साथ रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है। विराट ने 48 टी-20 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है और 30 में उन्होंने टॉस गंवाए हैं। ओवरऑल तीनों फॉर्मेट को मिलाकर विराट ने 209 मैचों में कप्तानी की है और इसमें से 122 मैचों में वे टॉस हार चुके हैं।
बीसीसीआई ने पिच की तस्वीर शेयर की है।
आज के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने नामीबिया को 52 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसके चार मैचों के बाद छह अंक हैं। उसका नेट रन रेट +1.277 है। वहीं, पाकिस्तान चार मैचों में आठ अंक के साथ पहल स्थान पर है और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अफगानिस्तान चार अंक और +1.481 के नेट रन रेट के साथ तीसरे नंबर पर है।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह स्कॉटलैंड के खिलाफ अगर दो विकेट लेते हैं, तो वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। वह इस मामले में स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ देंगे। चहल के नाम 63 विकेट हैं, जबकि बुमराह के नाम 62 विकेट हैं।
रोहित शर्मा और केएल राहुल का फॉर्म पिछले मैच में शानदार रहा था। ये दोनों बल्लेबाज इस मैच में भी अच्छी बल्लेबाजी करना चाहेंगे। हार्दिक पांड्या ने भी पिछले मैच में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इसके अलावा ऋषभ पंत से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
संभावित एकादश
भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।
पहली जीत के बाद भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। भारत ने अपने तीसरे मैच में अफगानिस्तान को 66 रनों से हराया। अब भारत को अपने बाकी दोनों मैच बड़े अंतराल से जीतने हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान की जीत की दुआ करनी है।
टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को बहुत बड़े अंतर से नहीं हराया है। ऐसे में न्यूजीलैंड का रन रेट बहुत ज्यादा नहीं है। वहीं भारत से हारने के बाद अफगानिस्तान का रन रेट भी काफी कम हुआ है। मौजूदा समय में भारत का नेट रन रेट +0.073, न्यूजीलैंड का रन रेट +0.816 और अफगानिस्तान का रन रेट +1.481 का है।
आज भारतीय कप्तान विराट कोहली का 33वां जन्मदिन है। टीम इंडिया में उनके साथ खिलाड़ी स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच जीतकर विराट को जीत का तोहफा देना चाहेंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और स्कॉटलैंड की टीम आमने-सामने है। यह मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच जीतने के बाद यह मैच भी भारत के लिए ये मैच करो या मरो मुकाबले जैसा है। अंक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर है।