फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND-W vs THAI-W T20: भारत ने थाईलैंड को 74 रन से हराया, लगातार आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई

Thu, 13 Oct 2022 11:33 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिलहट

खास बातें

India vs Thailand (IND-W vs THAI-W) Semi Final T20 Asia Cup 2022: महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मैच भारत में भारत ने थाईलैंड को 74 रन से हरा दिया है। थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने थाईलैंड के सामने 149 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में थाईलैंड की टीम सिर्फ 74 रन बना पाई और मैच हार गई। भारत ने लगातार आठवीं बार महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई है।
विज्ञापन
भारत बनाम थाईलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:26 AM, 13-Oct-2022

भारत ने थाईलैंड को 74 रन से हराया

भारत ने थाईलैंड को 74 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार आठवीं बार महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत एकमात्र टीम है, जो हर बार एशिया कप के फाइनल में पहुंची है और सिर्फ एक बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। 2018 में बांग्लादेश ने भारत को हराकर खिताब जीता था। 

इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 148 रन बनाए थे। शेफाली वर्मा ने 42 और कप्तान हरमनप्रीत ने 36 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 74 रन ही बना पाई और 74 रन के अंतर से यह मैच हार गई। थाईलैंड के लिए सबसे ज्यादा 21 रन चाईवाई और बूचथम ने बनाए। भारत की दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट झटके।

11:21 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का नौवां विकेट गिरा

73 रन के स्कोर पर थाईलैंड का नौवां विकेट गिरा है। दीप्ति शर्मा ने शानदार थ्रो कर कामचोमफू को रन आउट किया। उन्होंने चार गेंदों में दो रन बनाए। 

11:17 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: राजेश्वरी ने एक ओवर में दो विकेट झटके

राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक ओवर में दो विकेट झटके हैं। उन्होंने दो लगातार गेंदों पर विकेट लिए, लेकिन हैट्रिक का मौका गंवा दिया। उन्होंने पहले चाईवाई को एलबीडब्ल्यू आउट किया। चाईवाई ने 41 गेंद में 21 रन बनाए। अगली ही गेंद पर उन्होंने फनिता माया को क्लीन बोल्ड कर दिया। हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर वह विकेट नहीं ले पाईं और हैट्रिक का मौका गंवा दिया।

विज्ञापन
11:15 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का छठा विकेट गिरा

71 रन के स्कोर पर थाईलैंड की टीम को छठा झटका लगा है। शेफाली वर्मा की गेंद पर ऋचा घोष ने रोसेन को स्टंपिंग आउट कर दिया। उन्होंने चार गेंदों में पांच रन बनाए।

11:11 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का पांचवां विकेट गिरा

63 रन के स्कोर पर थाईलैंड का पांचवां विकेट गिरा है। स्नेह राणा ने बूचथम को एलबीडब्ल्यू आउट किया। बूचथम ने 29 गेंदों में 21 रन बनाए। 17 ओवर के बाद थाईलैंड का स्कोर 63 रन पर पांच विकेट है। अब भारत की जीत लगभग तय हो चुकी है। 

विज्ञापन
11:02 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का स्कोर 50 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। हालांकि, मैच में बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है और बारिश की वजह से बाकी के ओवर नहीं होने पर भारत की जीत तय है। थाईलैंड के लिए बूचथम और चाईवाई 30 रन की साझेदारी कर चुकी हैं, लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने की कोशिश नहीं कर रही हैं। 16 ओवर के बाद थाईलैंड का स्कोर चार विकेट पर 56 रन है। बाकी चार ओवर में टीम को जीत के लिए 93 रनों की जरूरत है।

10:44 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड ने 10 ओवर में 33 रन बनाए

149 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए थाईलैंड की टीम 10 ओवर में चार विकेट खोकर 33 रन ही बना पाई है। अब थाईलैंड को जीत के लिए बाकी 10 ओवर में 116 रनों की जरूरत है। 

10:35 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का चौथा विकेट गिरा

21 रन के स्कोर पर थाईलैंड को चौथा झटका लगा है। रेणुका सिंह ने सुथिरुआंग को क्लीन बोल्ड किया। सुथिरुआंग ने सात गेंदों का सामना किया और एक रन बनाए। एक बार फिर थाईलैंड की टीम छोटे स्कोर पर सिमट सकती है।

10:30 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का तीसरा विकेट गिरा

दीप्ति शर्मा ने ही थाईलैंड को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने टिपॉच को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। टिपॉच ने 10 गेंदों का सामना किया और पांच रन बनाए। दीप्ति ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने अपने चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी किया।

10:20 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का दूसरा विकेट गिरा

दीप्ति शर्मा ने ही थाईलैंड को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने नथकन चैंथम को पूजा वस्त्राकर के हाथों कैच कराया। चैंथम ने 14 गेंदों का सामना किया और चार रन बनाए। पांच ओवर के बाद थाईलैंड का स्कोर दो विकेट पर 16 रन है।

10:15 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड का पहला विकेट गिरा

149 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए थाईलैंड को पहला झटका सात रन के स्कोर पर लगा है। दीप्ति शर्मा ने नन्नापत कोंचरोएनकाई को शेफाली वर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने 10 गेंदों में पांच रन बनाए। शेफाली ने इससे पहले आसान कैच छोड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं की और कोंचरोएनकाई की पारी समाप्त कर दी। चार ओवर के बाद थाईलैंड का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है।

10:00 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत ने 148 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने छह विकेट खोकर 148 रन बनाए हैं और थाईलैंड के सामने 149 रन का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत की थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। इसके बाद मंधाना 13 रन के स्कोर पर आउट हो गईं। शेफाली ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ 29 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 67 रन तक पहुंचाया। उनके आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत और जेमिमा ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। 14वें ओवर में जेमिमा 27 रन बनाकर आउट हो गईं और भारतीय पारी पटरी से उतर गई। एक ओवर बाद ऋचा घोष दो रन बनाकर आउट हो गईं और 18वें ओवर में कप्तान हरमनप्रीत भी 36 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 

अंत में पूजा वस्त्राकर ने 13 गेंदों में 17 रन बनाकर भारत का स्कोर 148 रन तक पहुंचाया। हालांकि, पिछले मैच में 37 रन के स्कोर पर आउट होने वाली थाईलैंड की टीम के लिए यह स्कोर हासिल करना बहुत मुश्किल होगा।

थाईलैंड के लिए टिपॉच ने इस मैच में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन अहम विकेट लिए। उनके अलावा बूचंथम, फनिता माया और पुथावॉन्ग को एक-एक विकेट मिला।

09:58 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

132 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर 30 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हो गई हैं। टिपॉच ने उन्हें चंथम के हाथों कैच कराया। अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय बल्लेबाजी अब लड़खड़ा रही है और बड़े स्कोर का मौका गंवा सकती है।

09:52 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत का चौथा विकेट गिरा

120 रन के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा है। ऋचा घोष पांच गेंदों में दो रन बनाने के बाद आउट हो चुकी हैं। टिपॉच ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया।

09:46 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

109 रन के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा है। जेमिमा रोड्रिग्ज 26 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। पुथावॉन्ग की गेंद पर रोसानेन ने उनका कैच पकड़ा। अब हरमनप्रीत कौर के साथ ऋचा घोष क्रीज पर हैं।

09:39 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा शानदार बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रही हैं और दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है।

09:27 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: 67 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा

67 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शेफाली वर्मा 28 गेंदो में 42 रन बनाने के बाद आउट हो चुकी हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। टिपॉच की गेंद पर कप्तान चाईवाई ने उनका कैच पकड़ा। अब जेमिमा रोड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं।

09:20 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: पावरप्ले में भारत ने 47 रन बनाए

शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्ज की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 47 रन बनाए हैं। शेफाली 28 और जेमिमा दो रन बनाकर खेल रही हैं। 

09:15 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत का पहला विकेट गिरा

स्मृति मंधाना के रूप में भारत को पहला झटका लगा है। वह 14 गेंदों में 13 रन बनाकर फनिता माया की गेंद पर कमचोम्फू को कैच थमा बैठीं। भारत का स्कोर एक विकेट पर 38 रन है।

09:02 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: भारत की शानदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है। चार ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 34 रन बनाए लिए हैं। स्मृति मंधाना नौ और शेफाली वर्मा 22 रन बनाकर खेल रही हैं। 

08:02 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: थाईलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

थाईलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर की वापसी हुई है। वह पिछले दो मैचों में नहीं खेली थीं। उनकी जगह स्मृति मंधाना ने टीम की कप्तानी की थी। 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, रेणुका सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़।

थाईलैंड: नन्नापत कोंचरोएनकाई (विकेटकीपर), नथकन चैंथम, नारुमोल चाईवाई (कप्तान), चनिदा सुथिरुआंग, सोर्नारिन टिप्पोच, फन्निता माया, रोसेन कानोह, नट्टया बूचथम, ओनिचा कामचोमफू, थिपाचा पुथावोंग, नंथिता बूनसुखम।

07:40 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: इस टूर्नामेंट में कैसा रहा भारत का सफर

  • पहला मैच: श्रीलंका को 41 रन से हराया।
  • दूसरा मैच: मलेशिया को 30 रन से हराया (डकवर्थ लुईस नियम)।
  • तीसरा मैच: यूएई को 104 रन से शिकस्त दी।
  • चौथा मैच: पाकिस्तान से 13 रन से हारे।
  • पांचवां मैच: बांग्लादेश को 59 रन से हराया।
  • छठा मैच: थाईलैंड को नौ विकेट से हराया।

07:39 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: पिछले मैच में 37 रन पर सिमट गई थी टीम

भारत ने राउंड रॉबिन फॉर्मेट का आखिरी मुकाबला थाईलैंड के खिलाफ ही खेला था और नौ विकेट से जीत हासिल की थी। टीम इंडिया ने इस मैच में थाईलैंड को 37 रन पर ही समेट दिया था। ऐसे में सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम इसी प्रदर्शन को दोहराने उतरेगी।

07:38 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: फाइनल में भिड़ सकते हैं भारत पाकिस्तान

दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। ऐसे में अगर भारत और पाकिस्तान की टीम अपने-अपने मैच जीतने में कामयाब होती है तो 15 अक्तूबर को होने वाले खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें एकबार फिर आमने-सामने हो सकती हैं। राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेले गए इस टूर्नामेंट में पहली भिड़ंत में पाकिस्तान ने भारत 13 रन से हराया था। भारतीय टीम उस हार का बदला भी लेना चाहेगी।

07:34 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20 Live: टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार

महिला एशिया कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन की बात करें तो टीम ने अब तक छह मैच खेले हैं और पांच में जीत हासिल की है। भारत ने श्रीलंका, मलेशिया, यूएई, बांग्लादेश और थाईलैंड को हराया है। भारत ने राउंड रॉबिन फॉर्मेट का आखिरी मुकाबला थाईलैंड के खिलाफ ही खेला था और नौ विकेट से जीत हासिल की थी।

07:27 AM, 13-Oct-2022

IND-W vs THAI-W T20: भारत ने थाईलैंड को 74 रन से हराया, लगातार आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला एशिया कप का पहला सेमीफाइनल मैच भारत और थाईलैंड के बीच है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर एक बार फिर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी। वहीं, पहली बार सेमीफाइनल खेल रही थाईलैंड की टीम उलटफेर कर पहली बार इस टूर्नामेंट का फाइनल खेलना चाहेगी। इस टूर्नामेंट में भारत सिर्फ एक मैच ही हारा है। टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पिछले मैच में भी भारत ने थाईलैंड को आसानी से हराया था। ऐसे में भारत के लिए इस मैच में भी जीत हासिल करना आसान होगा। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें