फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs SA W Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट से जीता मुकाबला, वोलवार्ड्ट-क्लार्क की अर्धशतकीय पारियां

Thu, 09 Oct 2025 11:30 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

खास बातें

महिला विश्व कप का रोमांचक मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया जिसमें भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋचा घोष की 94 रनों की पारी की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 251 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 48.5 ओवर में सात विकेट खोकर 252 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 09-Oct-2025

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट हराया

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट हरा दिया। गुरुवार को महिला विश्व कप का रोमांचक मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया जिसमें भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋचा घोष की 94 रनों की पारी की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 251 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 48.5 ओवर में सात विकेट खोकर 252 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लि कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट ने 70 और नादिन डी क्लार्क ने नाबाद 84 रन बनाए। भारत के लिए क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए जबकि अमनजोत कौर, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट झटके।

10:54 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: क्लो ट्रायन-नादिन डी क्लार्क की अर्धशतकीय साझेदारी

क्लो ट्रायन और नादिन डी क्लार्क के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 44 ओवर के बाद स्कोर छह विकेट पर 192 रन है।

09:45 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live Score: वोलवार्ड्ट का पचासा

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट ने 81 गेंदों में अपने वनडे करियर का 36वां अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। फिलहाल उनका साथ देने के लिए क्लो ट्रायन मौजूद हैं। 

विज्ञापन
09:27 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live Score: 81 पर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका

दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका श्री चरणी ने दिया। उन्होंने सिनालो जाफ्ता को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 14 रन बनाकर आउट हुईं।

09:12 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: 58 पर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका

दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका 58 के स्कोर पर लगा। दीप्ति शर्मा ने एनेके बॉश को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सकीं। अब लाउरा वोलवार्ड्ट का साथ देने सिनालो जाफ्ता आई हैं।

विज्ञापन
08:53 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live Score: तीसरा विकेट गिरा

दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका स्नेह राणा ने दिया। उन्होंने मारिजन कैप को बोल्ड किया। वह 25 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। अब कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट का साथ देने एनेके बॉश आई हैं।

08:42 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live Score: वोलवार्ड्ट-मारिजन के बीच पनप रही साझेदारी

कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट और मारिजन कैप के बीच 26 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 11 ओवर के बाद स्कोर 44/2 है।

08:20 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत को मिली दूसरी सफलता

भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरी सफलता मिली है। अमनजोत कौर ने सुने लुस को आउट कर दिया है जो नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुईं।

08:04 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: दक्षिण अफ्रीका को लगा पहला झटका

क्रांति गौड़ ने तजमिन ब्रिट्स को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दे दिया है। क्रांति ने अपनी ही गेंद पर ब्रिट्स का कैच पकड़ा और उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। ब्रिट्स खाता खोले बिना आउट हुईं।

07:57 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो गई है। भारत ने महिला विश्व कप के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए लौरा वोलवार्ट के साथ तजमिन ब्रिट्स पारी की शुरुआत करने उतरी हैं।

07:25 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत की पारी समाप्त

भारतीय महिला टीम ने ऋचा घोष की दमदार पारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की पारी 49.5 ओवर में 251 रन पर ऑलआउट हुई। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। भारत को स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में टीम ने कोई विकेट नहीं गंवाया। हालांकि, मंधाना के आउट होते ही भारत की पारी लड़खड़ा गई। 

भारतीय टीम का पहला विकेट 55 के स्कोर पर गिरा था, जबकि उसने छह विकेट 102 रन के स्कोर पर गंवा दिए। भारतीय टीम मुश्किल स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन अमनजोत और ऋचा ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला। हालांकि, अमनजोत आउट हो गईं, लेकिन ऋचा घोष टिकी रहीं और उन्होंने स्नेह राणा के साथ आठवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की जिससे भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा। ऋचा हालांकि, आखिरी ओवर में अपना विकेट गंवा बैठीं और शतक लगाने से चूक गईं।

ऋचा 77 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा के अलावा प्रतिका रावल ने 37, स्नेह राणा ने 33, मंधाना ने 23, हरलीन देओल ने 13, अमनजोत कौर ने 13, हरमनप्रीत कौर ने 9 और दीप्ति शर्मा ने 4 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्लोए ट्रियोन ने तीन विकेट लिए, जबकि मरिजाने कैप, नादिने डि कर्क और नोनकुलुलेको मलाबा को दो-दो विकेट मिले। वहीं, तुमी सेखुखुने को एक विकेट मिला। 

07:23 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: ऋचा शतक लगाने से चूकीं

भारतीय बल्लेबाज ऋचा घोष शतक लगाने से चूक गई हैं। ऋचा 77 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर आउट हुईं। 

07:16 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत को लगा आठवां झटका

भारतीय टीम को स्नेह राणा के रूप में आठवां झटका लगा है। स्नेह और ऋचा घोष के बीच आठवें विकेट के लिए 88 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई जिससे भारत का स्कोर 240 के पार पहुंचने में सफल रहा। स्नेह ने ऋचा का साथ बखूबी निभाया, लेकिन वह 24 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुईं।

07:07 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: ऋचा की धुआंधार बल्लेबाजी

ऋचा घोष ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और धुआंधार बल्लेबाजी की। ऋचा ने अर्धशतक लगाने के बाद गियर बदला है और तेजी से खेलना शुरू किया जिससे भारत का स्कोर 220 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने 47 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट पर 222 रन बनाए हैं। 

06:55 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: ऋचा का पचासा

ऋचा घोष ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 53 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। ऋचा ने एक छोर से पारी को संभाले रखा है जिससे भारत का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है। ऋचा ने इसके साथ ही वनडे में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। 

06:39 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत को सातवां झटका

भारतीय टीम को अमनजोत कौर के रूप में सातवां झटका लगा है। अमनजोत और ऋचा घोष के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी जिसे ट्रियोन ने तोड़ा। अमनजोत और ऋचा ने सातवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े जिससे भारत का स्कोर 150 के पार पहुंचा। अमनजोत 44 गेंदों पर एक चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुईं।

06:22 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: ऋचा-अमनजोत के बीच साझेदारी

भारत की पारी लड़खड़ाने के बाद ऋचा घोष और अमनजोत कौर ने टीम को संभालने की कोशिश की है। ऋचा और अमनजोत के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे भारत ने 34 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 128 रन बना लिए हैं।

05:52 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत को लगा छठा झटका

भारतीय टीम की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 102 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। भारत को दीप्ति शर्मा के रूप में छठा झटका लगा जो 14 गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुईं।

05:45 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 100 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी सस्ते में आउट हो गईं। हरमनप्रीत ने नौ रन बनाए।

05:30 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत की पारी लड़खड़ाई

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी शुरुआत के बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई है। मंधाना और हरलीन के बाद प्रतिका रावल और जेमिमा भी अपना विकेट गंवा चुकी हैं। प्रतिका जहां सेखुखुने की गेंद पर आउट हुईं, वहीं जेमिमा को क्लोए ट्रियोन ने अपना शिकार बनाया। जेमिमा खाता भी नहीं खोल सकीं, जबकि प्रतिका 37 रन बनाकर आउट हुईं।

05:11 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: हरलीन पवेलियन लौटीं

मलाबा ने भारत को दूसरा झटका देते हुए हरलीन देओल को आउट कर दिया है। हरलीन 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुईं। मलाबा को इस मैच की दूसरी सफलता मिली है।

04:45 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: मंधाना आउट हुईं

भारत को स्मृति मंधाना के रूप में पहला झटका लगा है। मंधाना और प्रतिका के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी, लेकिन मलाबा ने पावरप्ले समाप्त होने के बाद मंधाना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना 32 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुईं। 

04:43 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: प्रतिका-मंधाना की साझेदारी

प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है। इन दोनों ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गंवाया है।

04:23 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत की अच्छी शुरुआत

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की है। प्रतिका और मंधाना ने पहले पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका को सफलता हासिल करने का कोई मौका नहीं दिया है। भारत ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 32 रन बनाए हैं। 

04:04 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारत की पारी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मुकाबले के लिए टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत की ओर से प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की है।

03:36 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरनी।
दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोलवार्ट (कप्तान), तजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, मारिजाने कैप, एनेके बोश, सिनालो जाफ्ता (विकेटीकपर), क्लोए ट्रियोन, नदिने डि क्लेर्क, अयाबोंगा खाका, तुमी सेखुखुने, नोनकुलुलेको मलाबा।

03:33 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। रेणुका सिंह की जगह अमनजोत कौर की टीम में वापसी हुई है जो बीमार होने के कारण पिछला मैच नहीं खेल सकी थीं।

03:23 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: साढ़े तीन बजे होगा टॉस

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच के लिए टॉस साढ़े तीन बजे होगा जबकि मैच शाम चार बजे से शुरू होगा। राहत की बात यह है कि ओवरों में कटौती नहीं की गई है। 

03:18 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: दोनों कप्तानों ने की मैच रेफरी से चर्चा

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला अब तक शुरू नहीं हो सका है। मैदान गीला होने की वजह से अब तक टॉस नहीं हो पाया है। इस बीच, दोनों टीमों के कप्तानों के साथ मैच रेफरी ट्रुडी एंडरसन ने चर्चा की है।

03:06 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: 3:15 बजे होगा टॉस

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच पर बारिश का साया पड़ा जिससे टॉस में देरी हुई। टॉस अब दोपहर 3:15 बजे होगा और मैच 3:45 बजे शुरू होगा। राहत की बात यह है कि ओवरों में कटौती नहीं की गई है।

02:30 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: टॉस में देरी

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच महिला विश्व कप के मुकाबले में बारिश का साया पड़ गया है। बारिश के कारण मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी हो रही है। विशाखापत्तनम में हालांकि, बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं। 

02:18 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: अमनजोत करेंगी वापसी?

बीमारी के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रही तेज गेंदबाज हरफनमौला अमनजोत कौर की फिटनेस पर भी नजरें होंगी। फिट होने पर वह टीम में रेणुका सिंह ठाकुर की जगह लेंगी।

02:10 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: बल्लेबाजों की फॉर्म चिंता का विषय

भारत ने भले ही पिछले दोनों मैच जीते हों लेकिन स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रौड्रिग्स के बल्लों से रन नहीं निकलना चिंता का विषय है। तीनों श्रीलंका के खिलाफ नाकाम रहीं थी जिसके बाद हरलीन देओल, अमनजोत कौर , ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने टीम को संकट से निकाला। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालांकि इस तरह की गलती नहीं की जा सकती और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना ही होगा।

02:03 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Live: भारत ने जीते पहले दो मैच

भारत ने महिला विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका पर जीत के साथ की थी और फिर अगले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया था। अब उसका सामना विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका से है। 

01:59 PM, 09-Oct-2025

IND W vs SA W Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट से जीता मुकाबला, वोलवार्ड्ट-क्लार्क की अर्धशतकीय पारियां

Live Cricket Score Today, IND W vs SA W ODI World Cup 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय महिला टीम विश्व कप के में जीत की हैट्रिक लगाने से उतरी है। भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ने अपने पहले दो मैच जीते हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें