भारत ने जिम्बाब्वे को 13 रन से हरा दिया है और तीन मैचों की सीरीज में जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ कर दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शुभमन गिल के शतक और ईशान किशन के अर्धशतक की बदौलत 289 रन बनाए थे। इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने खराब शुरुआत से उबरते हुए शानदार वापसी की। सीन विलियम्स के 45 रन के बाद सिकंदर रजा ने 115 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत के करीब ले गए। उन्होंने आठवें विकेट के लिए इवांस के साथ शतकीय साझेदारी की। इवांस ने 28 रन बनाए। अंत में शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़कर रजा को आउट किया और भारत की जीत पक्की की।
इस जीत के साथ ही भारत ने छठी बार वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे को क्लीन स्वीप किया है। अब टीम इंडिया एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी।
सिकंदर रजा 115 रन बनाकर आउट हो चुके हैं और जिम्बाब्वे के जीतने की उम्मीदें यहीं से खत्म हो चुकी हैं। शार्दुल की गेंद पर शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़कर भारत की मैच में वापसी कराई है। अब आखिरी ओवर में जीत के लिए जिम्बाब्वे को 15 रन की जरूरत है।
273 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे का आठवां विकेट गिरा है। आवेश खान ने ब्रैड इवांस को आउट करके भारत को अहम सफलता दिलाई है। इवांस ने 37 गेंद में 28 रन बनाए। अब जिम्बाब्वे को जीत दिलाने का पूरा दारोमदार सिकंदर रजा पर है। जीत के लिए जिम्बाब्वे को आखिरी दो ओवरों में 17 रन की जरूरत है। रजा के साथ नगरावा क्रीज पर हैं।
सिकंदर रजा और इवांस के बीच आठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में देख रहे हैं और अपनी टीम को मैच में वापस ले आए हैं। अब जिम्बाब्वे को जीत के लिए 13 गेंद में 17 रन की जरूरत है।
सिकंदर रजा ने अपने वनडे करियर का छठा शतक लगा दिया है। उनकी इस पारी की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम मैच में आ चुकी है और मुकाबला रोमांचक हो गया है। उन्होंने पिछले छह मैचों में तीसरी बार शतकीय पारी खेली है। सिकंदर रजा और इवांस के बीच बेहतरीन साझेदारी हो रही है और जिम्बाब्वे का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। अब जिम्बाब्वे को जीत के लिए आखिरी तीन ओवरों में 33 रन की जरूरत है।
सिकंदर रजा और ब्रैड इवांस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। रजा आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं और इवांस उनका साथ दे रहे हैं। 43 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने सात विकेट पर 226 रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। सिकंदर रजा अर्धशतक बनाने के बाद तेजी से रन बना रहे हैं और मैच धीरे-धीरे रोमांचक हो रहा है। हालांकि, अभी भी जिम्बाब्वे के लिए यह मैच जीतना बहुत मुश्किल है, लेकिन सिकंदर राज दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं।
सिकंदर रजा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 61 गेंदों पर अपने 50 रन पूरे किए। हालांकि, रजा ने अपना अर्धशतक पूरा होने से पहले ही बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार कर लिया था। अब उन्होंने अर्धशतक पूरा किया, लेकिन उनके लिए अपनी टीम को जीत दिलाना बहुत मुश्किल होगा।
169 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे का सातवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव ने जॉन्गवे को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। उन्होंने 13 गेंद में 14 रन बनाए। 38 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर सात विकेट पर 177 रन है।
भारत को छठी सफलता दीपक चाहर ने दिलाई है। उन्होंने रयान बर्ल को पवेलियन भेज दिया है। बर्ल 16 गेंद पर आठ रन ही बना सके। शिखर धवन ने उनका कैच लिया।
कुलदीप यादव ने जिम्बाब्वे को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने काइटानो को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट कराया। काइटानो ने 13 रन बनाए। 28 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर पांच विकेट पर 123 रन हो चुका है और अब सिर्फ सिकंदर रजा ही जिम्बाब्वे को जीत दिला सकते हैं।
अक्षर पटेल ने 120 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे को चौथा झटका दिया है। उन्होंने कप्तान रेजिस चकाभवा को 16 रन के स्कोर पर आउट किया। अक्षर ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब चोटिल काइटानो फिर से बल्लेबाजी के लिए आ चुके हैं। 27 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 122 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर जिम्बाब्वे का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। सिकंदर रजा 11 और चकाभवा नौ रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों को लंबी साझेदारी कर जिम्बाब्वे को लक्ष्य के करीब ले जाना होगा। 25 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने तीन विकेट पर 116 रन बना लिए हैं।
जिम्बाब्वे ने दो रन के अंदर दोनों सेट बल्लेबाजों को खो दिया है और अब मुश्किल में दिख रही है। 82 के स्कोर पर सीन विलियम्स आउट हुए थे और 84 रन के स्कोर पर टोनी मुनयोंगा भी आउट हो गए। उन्होंने दो चौकों की मदद से 31 गेंद में 15 रन बनाए। आवेश खान ने उन्हें कप्तान केएल राहुल के हाथों कैच कराया। अब सिकंदर रजा और चकाभवा क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर तीन विकेट पर 93 रन है।
अक्षर पटेल ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है, उन्होंने खतरनाक दिख रहे सीन विलियम्स को 45 रन के स्कोर एलबीडब्लू किया। जिम्बाब्वे ने 82 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया है। अब टोनी मुनयोंगा के साथ सिकंदर रजा क्रीज पर हैं। अगर जिम्बाब्वे को यह मैच जीतना है तो रजा को बड़ी पारी खेलनी होगी। अगर भारत रजा को जल्दी आउट कर लेता है तो टीम इंडिया की जीत लगभग पक्की हो जाएगी।
एक विकेट के नुकसान पर जिम्बाब्वे का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। काया का विकेट गिरने के बाद काइटानो चोटिल होकर वापस लौट चुके हैं, लेकिन सीन विलियम्स शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुनयोंगा उनका साथ निभा रहे हैं। 12 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर एक विकेट पर 56 रन हो चुका है।
काइटानो चोटिल होकर मैदान से बाहर जा चुके हैं। उनके पैर में बार-बार क्रैम्प आ रहे थे। इसके बाद उन्होंने रिटायर होने का फैसला किया। जरूरत पड़ने पर वो कभी भी विकेट गिरने पर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। उन्होंने अब तक 15 गेंद में 12 रन बनाए हैं। आठ ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर एक विकेट पर 42 रन है।
290 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे को पहला झटका लगा है। दीपक चाहर ने इनोसेंट काया को छह रन के स्कोर पर एलबीडब्लू किया। अब काइटानो और सीन विलियम्स क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर एक विकेट पर 17 रन है।
290 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। इनोसेंट काया और कटीनो ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए दीपक चाहर पहला ओवर कर रहे हैं।
भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 290 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने आठ विकेट पर 289 रन बनाए। भारत के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 130 रन बनाए। उनके अलावा ईशान किशन ने 50, धवन ने 40 और कप्तान राहुल ने 30 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। न्याउची और जॉन्गवे को एक-एक विकेट मिला।
शार्दुल ठाकुर के रूप में भारत को आठवां झटका लगा है। ब्रैड इवांस ने उन्हें न्याउची के हाथों कैच कराया। उन्होंने छह गेंद में नौ रन बनाए। इसी के साथ इवांस ने इस मैच मे अपने पांच विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने पहली बार वनडे में पांच विकेट लिए हैं।
शतक लगाने के बाद शुभमन गिल भी आउट हो चुके हैं। 282 के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। गिल ने 97 गेंदों में 130 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल था।
272 रन के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा है। अक्षर पटेल एक रन बनाकर न्याउची का शिकार बने। सिकंदर रजा ने उनका कैच पकड़ा। अब शुभमन गिल के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 275 रन है।
संजू सैमसन के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा है। 15 रन बनाकर संजू जॉन्गवे की गेंद पर काइया को कैच थमा बैठे। उन्होंने 13 गेंद में दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाए। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 256 रन हो चुका है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 के पार जा चुका है। शुभमन गिल 112 और संजू सैमसन नौ रन बनाकर खेल रहे हैं।
शुभमन गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 82 गेंदों में 100 रन पूरे किए। गिल की शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर 250 रन के करीब पहुंच चुका है। अब शुभमन गिल और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। भारत ने 45 ओवर के बाद चार विकेट पर 242 रन बना लिए हैं।
ईशान किशन के बाद दीपक हुड्डा भी पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने तीन गेंदों में एक रन बनाया। ब्रैड इवांस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। भारत का स्कोर चार विकेट पर 227 रन हो चुका है।
अर्धशतक लगाने के ठीक बाद ईशान किशन रन आउट हो चुके हैं। उन्होंने चार चौकों की मदद से 61 गेंदों में 50 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने पहले गिल को एलबीडब्लू की अपील की थी, लेकिन अंपायर ने नकार दिया। इस बीच किशन ने रन भागने की कोशिश की और वो रन आउट हो गए।
शुभमन गिल के बाद ईशान किशन ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 61 गेंदों में 50 रन पूरे किए। भारत का स्कोर 42 ओवर के बाद दो विकेट पर 224 रन है।
भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है। गिल और किशन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। 41 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 218 रन बना लिए हैं।
शुभमन गिल और ईशान किशन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। गिल अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। दोनों ने अब तक 101 गेंदों में 101 रन जोड़े हैं। इसी के साथ भारत का स्कोर भी 200 रन के करीब पहुंच गया है। 38 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 189 रन बना लिए हैं। गिल 73 और किशन 40 रन बनाकर खेल रहे हैं।
शुभमन गिल ने 51 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक अपनी पारी में छह चौके लगाए हैं। वनडे क्रिकेट में यह उनका चौथा अर्धशतक है। इसी के साथ भारत का स्कोर भी दो विकेट के नुकसान पर 150 के पार जा चुका है।
शुभमन गिल और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर नजरें जमाने के बाद आसानी से रन बना रहे हैं। भारत का स्कोर दो विकेट पर 150 के करीब पहुंच चुका है। गिल 44 और किशन 17 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 के पार जा चुका है। ईशान किशन और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद गिल बेहतरीन लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, ईशान किशन ने काफी धीमी शुरुआत की है। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 106 रन हो चुका है। किशन एक और गिल 30 रन बनाकर खेल रहे हैं।
84 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। ब्रैड इवांस ने केएल राहुल के बाद शिखर धवन को भी आउट किया है। सीन विलियम्स ने उनका कैच पकड़ा। 68 गेंद में 40 रन बनाने के बाद धवन आउट हो चुके हैं। अब शुभमन गिल के साथ ईशान किशन क्रीज पर हैं। भारत के दोनों अनुभवी बल्लेबाज आउट हो चुके हैं और अब युवा खिलाड़ियों पर टीम इंडिया को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 89 रन है।
केएल राहुल के रूप में भारत को पहला झटका लगा है। राहुल ने ब्रैड इवांस की गेंद पर कट शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे में लगकर स्टंप पर जा लगी और वो बोल्ड हो गए। राहुल ने 46 गेंद पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। शिखर धवन के साथ शुभमन गिल क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 64 रन है।
कप्तान राहुल और शिखर धवन की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर ली है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और धीरे-धीरे टीम का स्कोर आगे बढ़ा रहे हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 52 रन है।
भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 41 रन बना लिए हैं। लोकेश राहुल और शिखर धवन की जोड़ी संभलकर खेल रही है और इन दोनों की कोशिश लंबी साझेदारी करने की है।
केएल राहुल और शिखर धवन की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की है। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों ने मिलकर सात ओवर में 27 रन बना लिए हैं। इस बीच शिखर धवन को जीवनदान भी मिल चुका है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शिखर धवन के साथ कप्तान केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की है। पहले ओवर में भारत ने बिना किसी नुकसान आठ रन बना लिए हैं।
भारतीय कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान राहुल ने टीम में दो बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह दीपक चाहर और आवेश खान को मौका दिया गया है।
भारतीय टीम: शिखर धवन, केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, आवेश खान।
जिम्बाब्वे की टीमः इनोसेंट काइया, तकुद्जवानाशे काइटानो, टोनी मुनयोंगा, रेजिस चकबवा (कप्तान और विकेटकीपर), सिकंदर रजा, सीन विलियम्स, रेयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्रैड इवांस, विक्टर न्याउची, रिचर्ड नगारवा।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला हरारे के सुपर स्पोर्ट्स क्लब में है। टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। अब भारत की कोशिश तीसरा मैच जीतकर जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ करने की होगी। अगर भारत ऐसा कर पाता है तो यह छठा मौका होगा, जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ करेगी।
इस मैच में कप्तान लोकेश राहुल टीम के बाकी खिलाड़ियों को मौका देना चाहेंगे। राहुल त्रिपाठी और शाहबाज अहमद इस मैच में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेल सकते हैं।