भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने एशिया कप 2023 के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 213 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 41.3 ओवर में 172 रन पर सिमट गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 53 रन कप्तान रोहित शर्मा ने बनाए। राहुल ने 39 और किशन ने 33 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालगे ने पांच और चरिथ असालंका ने चार विकेट लिए। श्रीलंकाई पारी में दुनिथ वेलालगे ने सर्वाधिक 42* रन बनाए। धनंजय डे सिल्वा ने 41 रन का योगदान दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए।
फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के विजेता से होने की संभावना है। हालांकि, बारिश की वजह से मैच रद्द होने पर समीकरण बदल सकते हैं, लेकिन बांग्लादेश की टीम फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है और भारतीय टीम की जगह फाइनल में पक्की हो चुकी है।
172 रन के स्कोर पर ही श्रीलंका का नौवां विकेट गिरा है। दुष्मंता चमीरा दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब टीम इंडिया जीत से एक विकेट दूर है।
171 रन के स्कोर पर श्रीलंका का आठवां विकेट गिरा है। महीष तीक्ष्णा 14 गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हार्दिक पांड्या ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अब दुनिथ वेलालगे और कसून रजिता क्रीज पर हैं। 41 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 172/8 है।
162 रन के स्कोर पर श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा है। धनंजय डे सिल्वा 66 गेंद में पांच चौकों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। अब टीम इंडिया इस मैच में वापसी कर सकती है। श्रीलंका के लिए कोई भी प्रमुख बल्लेबाज क्रीज पर नहीं है। पुछल्ले बल्लेबाजों के लिए 50 रन बना पाना आसान नहीं होगा।
छह विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। दुनिथ वेलालगे और धनंजय डे सिल्वा के बीच सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और श्रीलंकाई टीम मैच में वापस आ गई है। अभ भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ रहा है। टीम इंडिया को जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी।
99 रन के स्कोर पर श्रीलंका का छठा विकेट गिरा है। दूसन शनाका 13 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। अब धनंजय डे सिल्वा के साथ दुनिथ वेलालगे क्रीज पर हैं। 26 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 101 रन है।
73 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। चरिथ असालंका के रूप में श्रीलंका को पांचवां झटका लगा। उन्होंने 35 गेंद में 22 रन बनाए। कुलदीप यादव ने उन्हें लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब धनंजय डे सिल्वा के साथ दसून शनाका क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 79 रन है।
68 रन के स्कोर पर श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा है। सदीरा समरविक्रमा 31 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें लोकेश राहुल के हाथों स्टंप आउट कराया। अब चरिथ असालंका के साथ धनंजय डे सिल्वा क्रीज पर हैं।
श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 50 रन के पार जा चुका है। सदीरा समरविक्रमा और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। ये दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से निकालना चाहेंगे।
श्रीलंकाई टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 39 रन बनाए हैं। सदीरा समरविक्रमा और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। पाथुम निंसाका, कुसल मेंडिस और दिमुथ करुणारत्ने आउट हो चुके हैं।
25 रन के स्कोर पर श्रीलंका का तीसरा विकेट गिर चुका है। दिमुथ करुणारत्ने को मोहम्मद सिराज ने शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। उन्होंने 18 गेंद में दो रन बनाए। अब सदीरा समरविक्रमा और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन है।
25 रन के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका लगा है। कुसल मेंडिस 16 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। इस पिच पर श्रीलंका के लिए स्पिन गेंदबाजों ने कमाल किया था, लेकिन भारत के तेज गेंदबाज बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
सात रन के स्कोर पर श्रीलंका का पहला विकेट गिरा है। पाथुम निसांका सात गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब करुणारत्ने और कुसल मेंडिस क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 15 रन है।
214 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। दिमुथ करुणारत्ने और पाथुम निसांका क्रीज पर हैं। भारत के लिए बुमराह ने पहला ओवर किया और चौथी गेंद करने के बाद उनका पैर मुड़ गया। हालांकि, उन्होंने अगली दो गेंदें की और अच्छी बात यह थी कि वह फिट हैं। दो ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना किसी स्कोर के सात रन है।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए हैं। टीम इंडिया एशिया कप 2023 में दूसरी बार पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी और 49.1 ओवर में 213 रन पर पूरी टीम आउट हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 53 रन कप्तान रोहित शर्मा ने बनाए। वहीं, लोकेश राहुल ने 39, ईशान किशन ने 33 और अक्षर पटेल ने 26 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालगे ने पांच विकेट झटके। वहीं, चरिथ असालंका को चार विकेट मिले। आखिरी विकेट महीष तीक्ष्णा के नाम रहा। भारत के सभी 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए।
भारत की पारी में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पिच को देखते हुए टीम इंडिया ने शार्दुल ठाकुर की जगह अक्षर पटेल को मौका दिया। रोहित और गिल की जोड़ी ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में 65 रन जोड़ दिए। पहले विकेट के लिए रोहित-गिल के बीच 11.1 ओवर में 80 रन की साझेदारी हुई।
दुनिथ वेलालगे ने गिल को क्लीन बोल्ड कर यह साझेदारी तोड़ी। अगले ओवर में उन्होंने विराट कोहली को भी तीन रन के स्कोर पर आउट कर दिया और अपने तीसरे ओवर में वेलालगे ने रोहित को भी बोल्ड कर दिया और टीम इंडिया मुश्किल में आ गई। आउट होने से पहले रोहित ने 48 गेंद में सात चौके और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। एशिया कप में उन्होंने लगातार तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया और वनडे में अपने 10,000 रन भी पूरे किए। वनडे में यह उनका 51वां अर्धशतक था।
91 रन पर भारत के तीन विकेट गिरने के बाद ईशान किशन और लोकेश राहुल ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई और टीम इंडिया का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया। वेलालगे ने लोकेश राहुल को 39 रन के स्कोर पर आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। कुछ समय बाद ईशान किशन भी 61 गेंद में 33 रन की जुझारू पारी खेलने के बाद चरिथ असलांका का शिकार बने। अगला ओवर वेलालगे के स्पेल का आखिरी ओवर था और उन्होंने आखिरी गेंद में हार्दिक पांड्या को पांच रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। वेलालगे ने पहली बार वनडे में पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
रवींद्र जडेजा भी 19 गेंद में चार रन बनाकर असालंका का शिकार बने। इसके बाद असालंका ने बुमराह को पांच रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। अगली गेंद पर कुलदीप भी खाता खोले बिना आउट हो गए। 186 रन पर भारत के नौ विकेट गिर गए थे। ऐसे में सिराज और अक्षर ने आखिरी विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 213 रन तक पहुंचाया। हालांकि, टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में दूसरी बार पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और 49.1 ओवर में 213 रन पर सिमट गई। श्रीलंका के लिए वेलालगे के पांच विकेट के अलावा चरिथ असालंका ने चार विकेट लिए। महीष तीक्ष्णा को एक विकेट मिला। इस पारी में सभी विकेट स्पिन गेंदबाजों ने ही लिए।
भारत का स्कोर नौ विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल और सिराज क्रीज पर हैं। इन दोनों की कोशिश अंत में ज्यादा से ज्यादा रन बनााने की होगी। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर 208/9 है।
कोलंबो में शाम 7.15 बजे खेल शुरू होगा। ओवरों की संख्या में कोई कटौती नहीं हुई है। भारतीय टीम 197/9 के स्कोर से आगे खेलना शुरू करेगी। आखिरी तीन ओवर में अक्षर और सिराज मिलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार ले जाना चाहेंगे।
कोलंबो में बारिश बंद हो चुकी है और कवर्स हटा दिए गए हैं, जल्द ही खेल शुरू हो सकता है। अंपायर पांच मिनट बाद मैदान का निरीक्षण करेंगे।
बारिश के कारण खेल रुक गया है। टीम इंडिया का स्कोर 47 ओवर के बाद 197/9 है। अक्षर पटेल 29 गेंद में 15 और मोहम्मद सिराज 13 गेंद में दो रन बनाकर खेल रहे हैं। इस मैच में श्रीलंकाई स्पिनर्स के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। 52 रन बनाने वाले रोहित टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर हैं। श्रीलंका के दुनिथ वेलालगे ने पांच और चरिथ असालंका ने चार विकेट लिए। बारिश रुकने पर टीम इंडिया अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर भारत का स्कोर 200 रन के पार ले जाना चाहेगी।
186 रन के स्कोर पर ही भारत का नौवां विकेट गिर चुका है। कुलदीप यादव पहली ही गेंद पर आउट हो गए। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। असालंका ने उन्हें स्लिप में धनंजय डे सिल्वा के हाथों कैच कराया। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर 186/9 है।
186 रन पर भारत के आठ विकेट गिर चुके हैं। जसप्रीत बुमराह 12 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। चरिथ असालंका ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब अक्षर के साथ कुलदीप क्रीज पर हैं।
178 रन के स्कोर पर भारतीय टीम का सातवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। चरिथ असालंका ने उन्हें विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। अब अक्षर पटेल के साथ जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर 180/7 है।
172 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। हार्दिक पांड्या 18 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दुनिश वेलालगे ने उन्हें विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। इस मैच में यह उनकी आखिरी गेंद थी और इस गेंद में विकेट लेकर मैच में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। वनडे में पहली बार उन्होंने पांच विकेट लिए हैं और टीम इंडिया को मुश्किल में डाल दिया है। अब रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर 174/6 है।
170 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ईशान किशन के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। उन्होंने 61 गेंद में 33 रन बनाए। चरिथ असालंका की गेंद पर दुनिथ वेलालगे ने उनका कैच पकड़ा। अब हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 171/5 है।
154 रन के स्कोर पर भारतीय टीम का चौथा विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 44 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वेलालगे ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। इस मैच में अब तक सभी चार विकेट वेलालगे ने ही लिए हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और लोकेश राहुल अच्छी साझेदारी कर भारत को मुश्किल से निकाल लाए हैं।
ईशान किशन और लोकेश राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस जोड़ी ने भारतीय टीम को मुश्किल से निकाला है। वेलालगे ने अपने लगातार तीन ओवरों में विकेट लेकर भारत को मुश्किल में डाल दिया था। हालांकि, इसके बाद इन दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की है और अब टीम इंडिया तेजी से रन बनाकर अच्छे स्कोर तक पहुंच सकती है। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर 145/3 है।
भारत के तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद ईशान किशन और लोकेश राहुल ने भारतीय पारी को संभाला है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर मैच में टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करे रहे हैं। 26 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 131 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और ईशान किशन क्रीज पर हैं। दुनिथ वेलालगे ने तीन विकेट लेकर भारतीय टीम को मुश्किल में डाल दिया है। अब इस जोड़ी पर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है। बाएं हाथ के किशन वेलालगे के खिलाफ बड़े शॉट खेलकर उनकी लय बिगाड़ना चाहेंगे। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 109 रन है।
91 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। रोहित शर्मा अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। दुनिथ वेलालगे ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। रोहित ने 48 गेंद में सात चौके और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। दुनिथ वेलालगे ने अपने दम पर इस मुकाबले में टीम इंडिया को बैकफुट में ढकेल दिया है। उन्होंने भारत के तीन सबसे अहम बल्लेबाजों को अपने लगातार तीन ओवरों में आउट किया। अब ईशान किशन और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 93/3 है।
90 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। विराट कोहली 12 गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दुनिथ वेलालगे की गेंद पर दसून शनाका ने उनका कैच पकड़ा। भारतीय टीम की अच्छी शुरुआत के बाद वेलालगे ने मैच में श्रीलंकाई टीम की वापसी कराई है। रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं।
रोहित शर्मा ने 44 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे क्रिकेट में उनका 51वां अर्धशतक है। उन्होंने इस पारी में अपने 10 हजार वनडे रन भी पूरे किए। उनकी पारी के चलते टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट पर 100 रन के करीब पहुंच गया है।
80 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। शुभमन गिल 25 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दुनिथ वेलालगे ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं।
भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। रोहित और गिल अच्छी लय में दिख रहे हैं और अच्छी गति से रन बना रहे हैं। पावरप्ले में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट खोए 65 रन बना लिए हैं। रोहित अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने कसून रजिता की गेंद पर छक्का लगाकर वनडे क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे किए। इस पारी में भी वह अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 43 रन है।
भारतीय टीम ने छह ओवर में बिना कोई विकेट खोए 31 रन बना लिए हैं। रोहित और गिल क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित वनडे में अपने 10 हजार रन पूरे करने के करीब हैं।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 17 रन है।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असालंका, धनंजय डी सिल्वा, दसून शनाका (कप्तान), डुनिथ वेलालगे, महीश तीक्ष्णा, कासुन राजिता, मथीशा पथिराना।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम एक बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। शार्दुल ठाकुर की जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया गया है। रोहित ने बताया कि यह पिच कल की तुलना में ज्यादा सूखी हुई दिख रही है। इसी वजह से भारतीय टीम में तीन स्पिन गेंदबाजों को शामिल किया गया है कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के साथ अक्षर पटेल भी यह मैच खेल रहे हैं। श्रीलंकाई टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भारत के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर श्रीलंका के खिलाफ मैच से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने अपडेट जारी कर इस बारे में जानकारी दी है। वह हाल ही में सर्जरी कराने के बाद फिट होकर टीम में लौटे थे। मार्च में उनकी कमर में चोट लगी थी। हालांकि, अब एक बार फिर उनकी यह समस्या सामने आ रही है। बीसीसीआई ने हेल्थ अपडेट जारी करते हुए लिखा- श्रेयस अय्यर बेहतर महसूस कर रहे हैं, लेकिन अभी तक वह पीठ की ऐंठन से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और वह आज श्रीलंका के खिलाफ भारत के सुपर-4 मैच के लिए टीम के साथ स्टेडियम नहीं गए हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो क्या वह 17 सितंबर को होने वाले खिताबी मुकाबले तक फिट हो पाएंगे? विश्व कप से पहले टीम इंडिया को झटका भी लग सकता है। श्रेयस को नेपाल के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते वक्त डाइव लगाने के दौरान चोट लगी थी।
विराट कोहली ने इस मैच में 122 रन की शानदार पारी खेली थी और लोकेश राहुल के साथ मिलकर 233 रन की साझेदारी की थी। इस साझेदारी में अधिकतर रन भागकर बनाए गए थे। कोहली ने मैच के बाद थकान का जिक्र भी किया और यह भी बताया कि नवंबर में वह 35 साल के होने जा रहे हैं। ऐसे में रिकवरी उनके लिए आसान नहीं होगी, लेकिन वह टेस्ट खेलते हैं और अगले दिन खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में टीम इंडिया में विराट को आराम देकर श्रेयस अय्यर को तीसरे नंबर पर मौका दिया जा सकता है।
भारतीय टीम आज लगातार तीसरे दिन मैदान पर होगी। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का मुकाबला रविवार को दोपहर में शुरू हुआ था, जो सोमवार रात खत्म हुआ। इसके बाद टीम इंडिया को आज (मंगलवार) को श्रीलंका के साथ मैच खेलना है। श्रीलंका की गर्मी और उमस भरे हालातों में लगातार क्रिकेट खेलना मुश्किल होता है। भारतीय तेज गेंदबाजों ने सोमवार को रात में 19 ओवर की गेंदबाजी की थी और अब आज फिर उन्हें कम से कम 30 ओवर की गेंदबाजी करनी होगी। यह भारतीय खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
भारतीय टीम ने सुपर चार में अपने पहले मैच में पाकिस्तान को धूल चटाई। टीम इंडिया ने वनडे में पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत (228 रन) हासिल करते हुए। फाइनल की राह आसान कर ली है। अब भारत को श्रीलंका या बांग्लादेश के खिलाफ एक मैच जीतना है और टीम इंडिया फाइनल में पहुंच जाएगी।
श्रीलंका ने सुपर चार में अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 21 रन से हराया था। इस रोमांचक मैच में श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका ने शानदार गेंदबाजी की थी और अंत के ओवरों में श्रीलंकाई टीम ने जीत हासिल की। अब श्रीलंका की कोशिश भारत के खिलाफ जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगी।
Live Cricket Score Today, Asia Cup India vs Sri Lanka 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप के सुपर-4 राउंड में भारतीय टीम का दूसरा मैच श्रीलंका के साथ है। टीम इंडिया यह मैच जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। वहीं, श्रीलंका की कोशिश भी यह मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर होगी।