फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL Highlights: भारत ने वनडे में चौथी बार श्रीलंका का किया सफाया, तीसरे वनडे में 317 रन से हराया

Sun, 15 Jan 2023 09:40 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम

खास बातें

India vs Sri Lanka (IND vs SL) 3rd ODI: आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का तीसरा वनडे खेला गया। भारत ने यह मैच 317 रन से अपने नाम किया। साथ ही सीरीज भी 3-0 से अपने नाम की। टीम इंडिया ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था।
विज्ञापन
ट्रॉफी के साथ भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:44 PM, 15-Jan-2023

भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हराया

भारत ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका को 317 रन से हरा दिया। यह वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। उन्होंने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था। वहीं, भारतीय टीम का पिछला रिकॉर्ड 257 रन से जीत का था, जो उन्होंने 2007 में बरमूडा के खिलाफ हासिल की थी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 390 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 116 रन और विराट कोहली ने 166 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में श्रीलंका की टीम ने 22 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 73 रन बनाए। अशेन बंडारा चोटिल होने की वजह से मैदान पर नहीं आ सके। इस तरह टीम इंडिया ने 317 रन से जीत दर्ज की। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके और एक खिलाड़ी को रन आउट किया। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले।

भारत ने श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप भी कर दिया। चौथी बार टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में श्रीलंका का क्लीन स्वीप किया है। भारत ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था। 
 

वनडे इतिहास की टॉप-5 सबसे बड़ी जीत
टीम अंतर (रन) खिलाफ साल
भारत 317 श्रीलंका 2023
न्यूजीलैंड 290 आयरलैंड 2008
ऑस्ट्रेलिया 275 अफगानिस्तान 2015
दक्षिण अफ्रीका 272 जिम्बाब्वे 2010
दक्षिण अफ्रीका 258 श्रीलंका 2012

07:13 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को आठवां झटका

51 के स्कोर पर श्रीलंका को आठवां झटका लगा। शमी ने दुनिथ वेलालगे को सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। फिलहाल कसुन रजिता और लाहिरू कुमारा क्रीज पर हैं।

07:10 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को सातवां झटका

15वें ओवर में श्रीलंका को सातवां झटका लगा। कुलदीप यादव ने श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका को क्लीन बोल्ड किया। वह 26 गेंदों में 11 रन बना सके। फिलहाल दुनिथ वेलालगे और कसुन रजिता क्रीज पर हैं। श्रीलंका को अब भी 35 ओवर में 341 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
06:55 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को छठा झटका

12वें ओवर में 39 के स्कोर पर श्रीलंका को छठा झटका लगा। बेहतरीन गेंदबाजी के बाद सिराज की बेहतरीन फील्डिंग देखने को मिली। उन्होंने चमिका करुणारत्ने को रन आउट किया। सिराज इस मैच में चार विकेट ले चुके हैं। उन्होंने अविष्का, नुवानिडू, मेंडिस और हसरंगा को पवेलियन भेजा है। श्रीलंका टीम मुश्किल में दिख रही है। टीम को 351 रन की जरूरत है। 12 ओवर में श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 40 रन है। फिलहाल कप्तान दासुन शनाका और दुनिथ वेलालगे क्रीज पर हैं।

06:42 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौटी

10वें ओवर में श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मोहम्मद सिराज बेहद घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक चार विकेट ले लिए हैं। अपने चौथे विकेट के रूप में उन्होंने वानिंदु हसरंगा को क्लीन बोल्ड किया। हसरंगा एक रन बना सके। इससे पहले सिराज ने अविष्का फर्नांडो (1), नुवानिडू फर्नांडो (19) और कुसल मेंडिस (4) को आउट किया था। वहीं, शमी को एक विकेट मिला है। शमी ने चरिथ असलंका (1) को आउट किया था। 10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 39 रन है। फिलहाल कप्तान दासुन शनाका और चमिका करुणारत्ने क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
06:30 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को दो और झटके

श्रीलंका की टीम मुश्किल में दिख रही है। 35 रन पर टीम ने चार विकेट गंवा दिए हैं। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट झटके हैं। उन्होंने नुवानिडू फर्नांडो को क्लीन बोल्ड किया। नुवानिडू 27 गेंदों में 19 रन बना सके। इससे पहले सिराज अविष्का फर्नांडो और कुसल मेंडिस को पवेलियन भेज चुके हैं। वहीं, शमी ने चरिथ असलंका को अक्षर के हाथों कैच कराया था। असलंका एक रन बना सके थे।

06:15 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को दूसरा झटका

चौथे ओवर में 22 के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका लगा। सिराज ने कुसल मेंडिस को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। मेंडिस चार रन बना सके। इससे पहले सिराज ने अविष्का फर्नांडो को स्लिप में शुभमन के हाथों कैच कराया था। वह एक रन बना सके थे। पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 22 रन है। शमी ने पारी का पांचवां ओवर मेडन डाला। 

06:04 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंका को पहला झटका

श्रीलंका को दूसरे ओवर में पहला झटका लगा। सात के स्कोर पर मोहम्मद सिराज ने अविष्का फर्नांडो को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। अविष्का एक रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल नुवानिडू पांच रन बनाकर और कुसल मेंडिस क्रीज पर हैं।

06:01 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: श्रीलंकाई पारी शुरू

श्रीलंका के ओपनर्स अविष्का फर्नांडो और नुवानिडू फर्नांडो क्रीज पर हैं। टीम के सामने विशाल लक्ष्य है। इन दोनों बल्लेबाजों को श्रीलंका को अच्छी शुरुआत देनी होगी।

05:28 PM, 15-Jan-2023

भारत ने श्रीलंका के सामने विशाल लक्ष्य रखा

भारत ने श्रीलंका के सामने 391 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शुभमन गिल और विराट कोहली की शतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 390 रन बनाए। यह भारत का वनडे में सातवां सबसे बड़ा टोटल है। शुभमन ने 97 गेंदों में 116 रन की पारी खेली। वहीं, कोहली 110 गेंदों में 166 रन बनाकर नाबाद रहे।
 

भारत के वनडे हाईएस्ट टोटल
स्कोर खिलाफ मैदान साल
418/5 वेस्टइंडीज इंदौर 2011
414/7 श्रीलंका राजकोट 2009
413/5 बरमूडा पोर्ट ऑफ स्पेन 2007
409/8 बांग्लादेश चटगांव 2022
404/5 श्रीलंका ईडन गार्डेंस 2014
401/3 दक्षिण अफ्रीका ग्वालियर 2010
392/4 न्यूजीलैंड क्राइस्टचर्च 2009
392/4 श्रीलंका मोहाली 2017
390/5 श्रीलंका तिरुवनंतपुरम 2023

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 92 गेंदों में 95 रन जोड़े। रोहित अर्धशतक से चूक गए। वह 49 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में कैप्टन ने दो चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद शुभमन ने कोहली के साथ मिलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 110 गेंदों में 131 रन की साझेदारी निभाई। 



शुभमन गिल ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 89 गेंदों पर वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा। यह भारत में उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। इससे पहले शुभमन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ उसके घर में शतक लगाया था। शुभमन-कोहली की साझेदारी को कसुन रजिता ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को क्लीन बोल्ड किया। युवा ओपनर ने 97 गेंदों पर 116 रन की पारी खेली। अपनी पारी में शुभमन ने 14 चौके और दो छक्के लगाए। 

इसके बाद कोहली ने श्रेयस अय्यर के मिलकर टीम इंडिया की पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 गेंदों पर 108 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच कोहली ने 85 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह उनके वनडे करियर का 46वां शतक रहा। वनडे में सबसे ज्यादा शतक के मामले में अब कोहली सचिन तेंदुलकर से सिर्फ तीन शतक पीछे हैं। सचिन के नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने 49 शतक लगाए थे। कोहली का यह 74वां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। इस मामले में भी वह बस सचिन से पीछे हैं। 

सचिन के नाम 100 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं। वहीं, इस सीरीज का दूसरा शतक रहा। सीरीज के पहले वनडे में कोहली ने 113 रन बनाए थे। पिछली चार वनडे पारियों में यह उनका तीसरा शतक रहा। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में भी कोहली ने 113 रन की पारी खेली थी। शतक लगाने के बाद कोहली और आक्रामक हो गए। उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। श्रेयस के रूप में टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। वह 32 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस को लाहिरू ने आउट किया।

image

केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। राहुल छह गेंदों में सात रन और सूर्या चार गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने 106 गेंदों में 150 रन पूरे किए। वह वनडे में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। ईशान ने 103 गेंदों में 150 रन पूरे किए थे। आखिरी ओवर में भारत ने 18 रन जोड़े। कोहली 110 गेंदों में 13 चौके और आठ छक्के की मदद से 166 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, अक्षर पटेल दो रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से रजिता और लाहिरू ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, करुणारत्ने को एक विकेट मिला। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 58 रन बनाए और तीन विकेट गंवाए।

05:16 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: कोहली-सूर्यकुमार क्रीज पर

48वें ओवर में 364 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। केएल राहुल सात रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लाहिरू कुमारा ने वेलालगे के हाथों कैच कराया। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 365 रन है। फिलहाल विराट कोहली 103 गेंदों पर 147 रन और सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

05:02 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: भारत को तीसरा झटका

46वें ओवर में 334 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। लाहिरू कुमारा ने श्रेयस अय्यर को धनंजय डी सिल्वा के हाथों कैच कराया। वह 32 गेंदों में 38 रन बना सके। फिलहाल केएल राहुल और विराट कोहली क्रीज पर हैं। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 336 रन है।

04:58 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: कोहली की आक्रामक बल्लेबाजी

45 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 332 रन बना लिए हैं। फिलहाल कोहली 94 गेंदों 126 रन और श्रेयस अय्यर 30 गेंदों पर 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 68 गेंदों में 106 रन की साझेदारी हो चुकी है। शतक लगाने के बाद कोहली ने चौके छक्कों की बौछार कर दी है। 44वें ओवर में भारत ने 10 और 45वें ओवर में 19 रन जोड़े। 

04:46 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: कोहली का शतक

विराट कोहली ने 85 गेंदों में शतक जड़ दिया है। यह उनके वनडे करियर का 46वां शतक रहा। इस वनडे में कोहली से पहले शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा था। उन्होंने 116 रन की पारी खेली थी। कोहली का यह 74वां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। वहीं, इस सीरीज का दूसरा शतक रहा। सीरीज के पहले वनडे में कोहली ने 113 रन बनाए थे। पिछली चार वनडे पारियों में यह उनका तीसरा शतक रहा। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में भी कोहली ने 113 रन की पारी खेली थी। 43 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 303 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:22 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: भारत का स्कोर 260 रन के पार

39 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 264 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 15 गेंदों में 19 रन और विराट कोहली 73 गेंदों में 76 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 35+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

04:10 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: कोहली और श्रेयस क्रीज पर

36 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 243 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर तीन रन और विराट कोहली 67 गेंदों में 72 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले शुभमन गिल 97 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के की मदद से 116 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रोहित शर्मा 42 रन बनाकर आउट हुए। 

04:00 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: भारत को दूसरा झटका

34वें ओवर में 226 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 97 गेंदों पर 116 रन की बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें कसुन रजिता ने क्लीन बोल्ड किया। अपनी पारी में शुभमन ने 14 चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 110 गेंदों में 131 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल विराट कोहली 59 रन और श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

03:41 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: शुभमन का शतक, कोहली का अर्धशतक

शुभमन गिल ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 89 गेंदों पर वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा। यह भारत में उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक है। इससे पहले शुभमन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ उसके घर में शतक लगाया था। वहीं, कोहली ने भी 48 गेंदों पर वनडे करियर का 65वां अर्धशतक लगाया। दोनों के बीच अब तक 110+ रन की साझेदारी हो चुकी है। 31 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 202 रन है। कप्तान रोहित शर्मा 42 रन बनाकर आउट हुए थे।

03:36 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: शुभमन शतक के करीब

29 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट पर 187 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 42 गेंदों में 41 रन और शुभमन गिल 83 गेंदों में 94 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 92 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

03:21 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: शुभमन-कोहली ने संभाली पारी

25 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 158 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 31 गेंदों में 33 रन और शुभमन गिल 70 गेंदों में 73 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

03:07 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: भारत का स्कोर 145 रन के पार

23 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट पर 149 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 65 गेंदों में 67 रन और विराट कोहली 23 गेंदों में 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 54 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

02:53 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: शुभमन गिल का अर्धशतक

19 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 52 गेंदों में 50 रन और विराट कोहली 13 गेंदों में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शुभमन ने वनडे करियर का छठा अर्धशतक लगाया। वह फिलहाल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। कप्तान रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए और 42 रन बनाकर चमिका करुणारत्ने की गेंद पर कैच आउट हुए।

02:34 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: अर्धशतक से चूके रोहित शर्मा

भारत को 16वें ओवर में 95 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 49 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें चमिका करुणारत्ने ने अविष्का के हाथों कैच कराया। फिलहाल विराट कोहली और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। गिल अर्धशतक के करीब हैं। वह 45 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 100 रन है।

02:14 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Live: रोहित-शुभमन ने संभाली पारी

10 ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 32 गेंदों में 36 रन और शुभमन गिल 28 गेंदों में 35 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पिछले कुछ ओवरों में दोनों ने रन रेट में इजाफा किया है और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

01:59 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: शुभमन की आक्रामक बल्लेबाजी

छह ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 42 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 23 गेंदों में 29 रन और कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों में नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। छठे ओवर में लाहिरू कुमारा गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने इस ओवर में 23 रन लुटाए। ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित ने छक्का जड़ा था, जो इस मैच का पहला छक्का रहा। वहीं, इसके बाद शुभमन शो देखने को मिला। उन्होंने लगातार चार चौके जड़े। 

01:40 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: भारत की धीमी शुरुआत

भारत ने दो ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए चार रन बना लिए हैं। कसुन रजिता का पहला ओवर मेडन रहा था। वहीं, दूसरे ओवर में चार रन आए। रोहित शर्मा और शुभमन गिल संभल कर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

01:30 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: रोहित-शुभमन क्रीज पर

भारतीय टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए उतरे हैं। वहीं, श्रीलंका की ओर से कसुन रजिता पहला ओवर डाल रहे हैं।

01:04 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

श्रीलंका: अविष्का फर्नांडो, नुवानिडु फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), अशेन बंडारा, चरिथ असलंका, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, जेफरी वांडरसे, चामिका करुणारत्ने, कसुन राजिता, लाहिरू कुमारा।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

12:58 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान रोहित ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। हार्दिक पांड्या और उमरान मलिक को आराम दिया गया है। इन दोनों की जगह सूर्यकुमार यादव और वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है। ऐसे में भारत के पास पांच बॉलिंग ऑप्शन होंगे। वहीं, श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने भी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। धनंजय डी सिल्वा की जगह अशेन बंडारा को मौका दिया गया है। वहीं, दुनिथ वेलालगे की जगह वेंडरसे को शामिल किया गया है।

12:47 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: श्रीलंका को चौथी बार क्लीन स्वीप करने उतरेगा भारत

भारत ने श्रीलंका को अब तक वनडे सीरीज  में तीन बार क्लीन स्वीप किया है। 1982/83 में भारतीय टीम ने श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हराया था। इसके बाद 2014/15 में श्रीलंका के भारत दौरे पर पांच मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 5-0 से जीत हासिल की थी। वहीं, 2017 में भी पांच मैचों की वनडे सीरीज को भारत ने 5-0 से अपने नाम किया था। 


ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम

12:43 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: न्यूजीलैंड से भिड़ने से पहले जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अंतिम मुकाबला खेलने के 72 घंटे बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज न्यूजीलैंड से खेलेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले भारतीय टीम चाहेगी कि उसकी जीत की लय बरकरार बनी रहे। पहला मैच आसानी से जीतने के बाद भारत को दूसरे वनडे में कोलकाता में मिली जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा था।

12:42 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL 3rd ODI Live: दोनों टीमों के आंकड़े

भारत और श्रीलंका के बीच यह 20वीं द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली जा रही है। इनमें से भारत 15 और श्रीलंका दो बार जीता है, जबकि तीन सीरीज ड्रॉ रही हैं। वहीं, तीन बार भारत ने श्रीलंका का सफाया किया है। दोनों देशों के बीच 41 वर्ष पहले 1982 में पहली बार द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी। तीन मैचों की यह सीरीज भारत ने 3-0 से जीती थी। वहीं, 2014 और 2017 में पांच-पांच मैचों की सीरीज के सभी मैच भारत ने जीते थे।

12:39 PM, 15-Jan-2023

IND vs SL Highlights: भारत ने वनडे में चौथी बार श्रीलंका का किया सफाया, तीसरे वनडे में 317 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का तीसरा वनडे खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था। आज भारतीय टीम की नजर श्रीलंका को क्लीन स्वीप करने पर होगी। कप्तान रोहित शर्मा प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकते हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें