दक्षिण अफ्रीका ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में भारत को नौ रन से हरा दिया है। बारिश की वजह से देरी से शुरू हुए मैच को 40-40 ओवर का कर दिया गया था। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान शिखर धवन ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफ्रीकी टीम को शुरुआती झटके देने के बावजूद टीम इंडिया ने उन्हें कम स्कोर पर नहीं रोक सकी।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में चार विकेट गंवाकर 249 रन बनाए। डेविड मिलर 63 गेंदों में 75 रन और हेनरिक क्लासेन 65 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाब में टीम इंडिया 40 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 240 रन ही बना सकी। संजू सैमसन ने 63 गेंदों में सबसे ज्यादा 86 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रन बनाए।
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला वनडे नौ अक्तूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज में नियमित कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों के बिना उतरी है। यह सभी टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया जा चुके हैं। टीम की कमान शिखर धवन के हाथों में है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम अपने फुल स्ट्रेंथ के साथ यह सीरीज खेल रही है।
38वें ओवर में भारतीय टीम को 211 के स्कोर पर लगातार दो झटके लगे। ओवर की तीसरी गेंद पर लुंगी एनगिडी ने शार्दुल ठाकुर को महाराज के हाथों कैच कराया। इसके बाद चौथी गेंद पर कुलदीप यादव को बावुमा के हाथों कैच कराया। शार्दुल 31 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कुलदीप खाता भी नहीं खोल सके। 38 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 213 रन है। जीत के लिए टीम इंडिया को 12 गेंदों में 37 रन की जरूरत है।
36 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 191 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अब 24 गेंदों में 59 रन की जरूरत है। फिलहाल संजू सैमसन 53 गेंदों में 61 रन और शार्दुल ठाकुर 25 गेंदों में 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 57 गेंदों में 73 रन की साझेदारी हो चुकी है।
33 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 42 गेंदों में 86 रन की जरूरत है। फिलहाल शार्दुल ठाकुर 18 गेंदों में 15 रन और संजू सैमसन 42 गेंदों में 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन्हीं दोनों पर जीत का दारोमदार है। इसके बाद भारतीय टीम के पास ज्यादा बल्लेबाजी नहीं बची है।
27वें ओवर में 118 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। श्रेयस अय्यर 37 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में श्रेयस ने आठ चौके लगाए। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। भारत ने 27 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं।
26 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अब भी 84 गेंदों में 132 रन की जरूरत है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 33 गेंदों में 50 रन और संजू सैमसन 21 गेंदों में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 50 गेंदों में 67 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रेयस के वनडे करियर का यह 12वां अर्धशतक रहा।
21 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 29 रन और संजू सैमसन आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 160 रन की जरूरत है। यह मैच 40 ओवर का ही है।
18वें ओवर में 51 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। लगातार दो ओवर में भारतीय टीम ने दो विकेट गंवा दिए हैं। 17वें ओवर में ऋतुराज आउट हुए थे। अब ईशान किशन भी पवेलियन लौट चुके हैं। ईशान 37 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने यानेमन मलान के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में ईशान ने तीन चौके लगाए। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 51 रन है। फिलहाल संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
17वें ओवर में 48 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। तबरेज शम्सी ने ऋतुराज गायकवाड़ को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों स्टंप आउट कराया। ऋतुराज 42 गेंदों में 19 रन बना सके। अपनी पारी में ऋतु ने सिर्फ एक चौका लगाया। उन्होंने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल ईशान का साथ निभाने उपकप्तान श्रेयस अय्यर आए हैं। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन है।
15 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 30 गेंदों में 18 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 37 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बेहद धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं और विकेट बचाने की कोशिश में हैं। शिखर धवन और शुभमन गिल आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 24 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 21 गेंदों में छह रन और ईशान किशन 16 गेंदों में 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शिखर धवन और शुभमन गिल पवेलियन लौट चुके हैं। पहले दस ओवर में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना कोई विकेट के 41 रन था। भारत रन और विकेट दोनों मामले में पीछे है।
छठे ओवर में आठ के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। वेन पार्नेल ने कप्तान शिखर धवन को क्लीन बोल्ड किया। धवन 16 गेंदों में चार रन बना सके। इससे पहले शुभमन गिल भी पवेलियन लौट चुके हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 12 रन है। फिलहाल ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं।
भारत को तीसरे ओवर में आठ के स्कोर पर पहला झटका लगा। कगिसो रबाडा ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। शुभमन तीन रन बना सके। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर आठ रन है। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ और शिखर धवन क्रीज पर हैं।
भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए उतरे हैं। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन है। दक्षिण अफ्रीका ने 250 रन का लक्ष्य दिया है।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 250 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी रही। यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉक ने मिलकर पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने यानेमन मलान को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया।
मलान 42 गेंदों में 22 रन बना सके। इसके बाद कप्तान तेम्बा बावुमा कुछ खास नहीं कर सके और उन्हें शार्दुल ने इन स्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। बावुमा आठ रन बना सके। एडेन मार्करम को कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड किया। मार्करम खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर ने तूफानी बल्लेबाजी की।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 106 गेंदों में 139 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में दोनों ने 55 रन जोड़े। क्लासेन ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। वहीं, मिलर ने 18वां अर्धशतक लगाया। मिलर 63 गेंदों में 75 रन और हेनरिक क्लासेन 65 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। मिलर ने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, क्लासेन ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।
इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने 40 ओवर में चार विकेट गंवाकर 249 रन बनाए। बारिश की वजह से यह मैच देरी से शुरू हुआ था। इस वजह से 10-10 ओवर घटा दिए गए थे। भारत की ओर से शार्दुल ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, कुलदीप और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला।
अफ्रीकी टीम ने चार विकेट गिर जाने के बाद शानदार वापसी की है। हेनरिच क्लासेन और डेविड मिलर ने पांचवें विकेट के लिए 74 रनों साझेदारी कर ली है। क्लासेन 46 और मिलर 41 रन बनाकर नाबाद हैं। दक्षिण अफ्रीका की पारी के अंतिम सात ओवर बाकी है। बारिश के कारण यह मैच 40-40 ओवर का ही है। उसने 33 ओवर में चार विकेट पर 184 रन बना लिए हैं।
26 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन 22 रन और डेविड मिलर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए हैं। वहीं, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला।
23वें ओवर में 110 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने क्विंटन डिकॉक को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। डिकॉक अर्धशतक से चूक गए। वह 54 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में डिकॉक ने पांच चौके लगाए। 23 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 116 रन है। फिलहाल डेविड मिलर पांच रन और हेनरिक क्लासेन 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। यह वनडे में रवि बिश्नोई का पहला विकेट है।
20 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 92 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन 13 रन और क्विंटन डिकॉक 40 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने अब तक दो विकेट झटके हैं। वहीं, एक विकेट कुलदीप यादव को मिला है। यानेमन मलान, तेम्बा बावुमा और एडेन मार्करम पवेलियन लौट चुके हैं।
16वें ओवर में 71 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। एडेन मार्करम चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की फिरकी में फंस गए। कुलदीप ने मार्करम को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। 16 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 71 रन है। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा का खराब फॉर्म जारी है। पहले वनडे में वह 12 गेंदों पर आठ रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। बावुमा इससे पहले टी20 सीरीज में तीन मैचों की तीन पारियों में तीन रन बना सके थे। 15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 70 रन है।
13वें ओवर में 49 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका लगा। शार्दुल ठाकुर ने यानेमन मलान को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। मलान जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। वह 42 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। मलान को नौवें ओवर में जीवनदान मिला था। शुभमन गिल ने मलान का स्लिप में आसान कैच छोड़ था। तब मलान 17 रन पर थे। फिलहाल दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट गंवाकर 49 रन है।
नौवें ओवर में दक्षिण अफ्रीकी ओपनर यानेमन मलान को जीवनदान मिला। मलान तब 17 रन पर थे। स्लिप में शुभमन गिल ने मलान का आसान कैच छोड़ा। नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर मलान के बल्ले से लगकर गेंद स्लिप में पहुंची और गिल के हाथ से छिटक गई। नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन है। फिलहाल मलान 18 रन और क्विंटन डिकॉक 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल यानेमन मलान 10 रन और क्विंटन डिकॉक आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाजों को स्विंग मिल रही है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज संभल कर खेल रहे हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने धीमी लेकिन ठोस शुरुआत की है। पिच से भारतीय तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है और सिराज-आवेश की जोड़ी अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान कर रही है। चार ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 13 रन है, लेकिन कोई विकेट नहीं गिरा है।
भारत के लिए पहला ओवर करने वाले मोहम्मद सिराज मैच की दूसरी गेंद पर विकेट लेने से चूक गए। उनकी गेंद सीधे बल्लेबाज मलान के पैर पर लगी थी, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। भारत ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी, लेकिन गेंद का पूरा हिस्सा स्टंप पर नहीं लग रहा था। इस वजह से मलान आउट नहीं हुए, लेकिन भारत का रिव्यू भी बच गया। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है।
वीवीएस लक्ष्मण ने घंटी बजाकर मैच की शुरुआत की। कई क्रिकेट मैदानों पर घंटी बजाने के साथ मैच शुरू होते हैं और लखनऊ का इकाना स्टेडियम भी इनमें से एक है। इसके अलावा कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान में भी घंटी बजाने के साथ मैच की शुरुआत होती है।
बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हो रहा है। मैच को 40 ओवर का कर दिया गया है। पहला और आखिरी पावरप्ले आठ ओवर का होगा, जबकि दूसरा पावरप्ले 24 ओवर का होगा। एक गेंदबाज अधिकतम आठ ओवर की गेंदबाजी कर सकता है।
पहला पावरप्ले- 1-8 ओवर (सिर्फ दो फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर रहेंगे)
दूसरा पावरप्ले- 9-32 ओवर (अधिकतम चार फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर रहेंगे)
तीसरा पावरप्ले- 33-40 ओवर (अधिकतम पांच फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर रहेंगे)
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। बारिश की वजह से मैच 40 ओवर का हो चुका है। पहला पावरप्ले एक से आठ ओवर के बीच होगा। दूसरा पावरप्ले 24 ओवर तक रहेगा और और तीसरा पावरप्ले आठ ओवर का होगा। भारत के लिए ऋतुराज गायकवाड़ वनडे डेब्यू कर रहे हैं। भारतीय टीम छह बल्लेबाज और पांच गेंदबाजों के साथ खेल रही है। इसमें दो स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज शामिल हैं। टॉस के समय भारतीय कप्तान शिखर धवन ने कहा कि पिच में नमी है और वह इसका फायदा उठाना चाहते हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
दक्षिण अफ्रीका: यानेमन मलान, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, तबरेज शम्सी।
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, आवेश खान।
लखनऊ में बारिश रुक गई है और अब टॉस के लिए नया समय दोपहर 3:30 बजे है। मैच को 40 ओवर का कर दिया गया है और 3:45 बजे शुरू हो सकता है।
इकाना स्टेडियम में फिर से बारिश रुक चुकी है, लेकिन मैदान गीला होने के कारण मैच शुरू होने में देरी हो रही है। फिलहाल मैदान को सुखाने का काम जारी है और जल्द ही टॉस हो सकता है।
बारिश पूरी तरह से रुक चुकी है और अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद 10 मिनट बाद टॉस कराने का फैसला किया है। मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा और दोनों पारियों में पांच ओवर की कटौती की गई है। कुल 10 ओवर के खेल का नुकसान हुआ है। मैच को 45 ओवर का कर दिया गया है। टॉस के समय में फिर से देरी हुई है और अब टॉस के लिए नया समय दोपहर तीन बजे दिया गया है। ऐसे में 45 ओवर का खेल होना भी मुश्किल है।
लखनऊ के मैदान में बारिश रुक चुकी है। मैदानकर्मियों ने कवर्स भी हटा लिए हैं। मैदान को सुखाने का काम जारी है और अंपायर निरीक्षण के बाद जल्द ही टॉस करा सकते हैं। हालांकि, बारिश की संभावना बनी हुई है और कभी भी बारिश शुरू हो सकती है। बारिश के लौटने पर ओवरों की संख्या में कटौती होना तय है।
लखनऊ में सुबह तेज बारिश हुई थी और मैदान गीला होने की वजह से अंपायरों ने पहले ही मैच का समय 30 मिनट आगे बढ़ाकर दो बजे से कर दिया था और टॉस दोपहर 1:30 बजे होना था, लेकिन फिर से बारिश शुरू होने के कारण इस समय पर भी टॉस नहीं हो पाया है। इकाना स्टेडियम में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और पूरे 50 ओवर का मैच होने के आसार कम हैं।
मैच से पहले लखनऊ में तेज बारिश जारी है। मैदान गीला होने की वजह से मैच 30 मिनट देरी से शुरू होगा। पहले टॉस का समय दोपहर एक बजे और मैच शुरू होने का समय डेढ़ बजे था, लेकिन अब टॉस दोपहर डेढ़ बजे होगा और मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय वनडे सीरीज भी अपने नाम करना चाहेगी। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में है। इस सीरीज में भारतीय टीम की कमान शिखर धवन के हाथों में है। टीम के सभी सीनियर खिलाड़ी टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो चुके हैं और अब युवाओं के पास खुद को साबित करने का मौका है।
शुभमन गिल, संजू सैमसन और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों ने आईपीएल में खुद को साबित किया है और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर अपना परचम लहराना चाहेंगे। इनके अलावा मुकेश कुमार जैसे युवा गेंदबाज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम टी20 की हार को भुलाकर वनडे सीरीज में जीत हासिल करना चाहेगी और आत्मविश्वास के साथ टी20 विश्व कप का अभियान शुरू करने की कोशिश करेगी।