फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 3rd ODI: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को चार रन से हराया, वनडे सीरीज में किया क्लीन स्वीप

Sun, 23 Jan 2022 10:31 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, केपटाउन

खास बातें

India vs South Africa (IND vs SA) 3rd ODI Highlights: तीन मैचों की वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इससे पहले अफ्रीकी टीम ने टेस्ट सीरीज भी 2-1 से जीती थी।
विज्ञापन
जीत के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:23 PM, 23-Jan-2022

दक्षिण अफ्रीका ने किया क्लीन स्वीप

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को केपटाउन में खेले गए आखिरी वनडे में चार रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 287 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया 49.2 ओवर में 283 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने इसी के साथ भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। 

एक वक्त टीम इंडिया ने 223 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद दीपक चाहर ने 34 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली और भारतीय टीम को मैच में वापस लाए। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ 55 रन की साझेदारी निभाई। 278 रन पर उनका विकेट गिरा और टीम इंडिया की उम्मीद भी खत्म हो गई। भारत की ओर से दीपक के अलावा शिखर धवन ने 61 रन और विराट कोहली ने 65 रन की पारी खेली।

इस सीरीज को मिलाकर दोनों टीमों के बीच कुल 14 वनडे सीरीज खेली गई हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका ने छह सीरीज जीती हैं। वहीं, आठ सीरीज पर भारत का कब्जा रहा है।

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के मैदान पर इस सीरीज को मिलाकर छह वनडे सीरीज खेली हैं। इसमें से चार सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि भारत का एक सीरीज पर कब्जा रहा। टीम इंडिया ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराया था।

केएल राहुल की कप्तानी टीम इंडिया की यह लगातार चौथी हार है। इन तीन वनडे से पहले राहुल ने जोहानिसबर्ग में हुए दूसरे टेस्ट में भी कप्तानी की थी और उसमें भी हार का सामना करना पड़ा था। दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर यह भारतीय टीम की यह छह मैचों में लगातार पांचवीं हार है। पहले टेस्ट में जीतने के बाद टीम इंडिया को अगले पांचों में हार ही मिली है।

10:18 PM, 23-Jan-2022

बुमराह भी आउट

भारत ने 281 रन पर नौवां विकेट गंवा दिया है। जसप्रीत बुमराह 12 रन बनाकर आउट हुए। भारत को अभी भी सात रन की जरूरत है। वहीं, क्रीज पर युजवेंद्र चहल और प्रसिद्ध कृष्णा मौजूद हैं। भारत ने 49 ओवर के बाद 9 विकेट पर 282 रन बना लिए हैं। टीम को छह गेंदों पर छह रन की जरूरत है।

10:13 PM, 23-Jan-2022

दीपक चाहर 54 रन बनाकर आउट

दीपक चाहर 34 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने बेहतरीन पारी खेल मैच पलट दिया और भारत की तरफ मोड़ दिया। अपनी पारी में दीपक ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। जिस वक्त दीपक मैदान पर उतरे थे, उस वक्त टीम इंडिया ने 223 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद उन्होंने बुमराह के साथ 55 रन की साझेदारी निभाई। भारत ने 48 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 280 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
10:05 PM, 23-Jan-2022

दीपक चाहर का अर्धशतक

गेंदबाज दीपक चाहर ने 31 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने लगातार दूसरे वनडे में फिफ्टी लगाई। इससे पहले उन्होंने अपने पिछले वनडे में श्रीलंका के खिलाफ 20 जुलाई 2021 को 69 रनों की पारी खेली थी। तब उन्होंने टीम इंडिया को हारे हुए मैच में जीत दिलाई थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी दीपक वही रोल निभा रहे हैं। भारत ने 47 ओवर में सात विकेट गंवाकर 278 रन बना लिए हैं।

09:51 PM, 23-Jan-2022

भारत को 30 गेंदों में 35 रन की दरकार 

भारत के लिहाज से एक और शानदार ओवर। उन्होंने 45वें ओवर में एक चौके के साथ कुल छह रन बटोरे। भारत को अब 30 गेंदों में 35 रन की दरकार है।

विज्ञापन
09:50 PM, 23-Jan-2022

चाहर ने जड़े लगातार दो छक्के 

दीपक चाहर ने ड्वेन प्रेटोरियस के ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मैच को रोमांचक बना दिया है। 44 वें ओवर में भारत की झोली में 16 महत्वपूर्ण रन आए। भारत को आखिरी 36 गेंदों में 41 रन की दरकार।  
 

09:42 PM, 23-Jan-2022

एनगिडी ने किया जयंत यादव का शिकार 

लुंगी एनगिडी ने अपने आठवें ओवर में भारत को सातवां झटका दिया। उन्होंने इस बार जयंत यादव के रूप में दूसरी सफलता हासिल की। जयंत छह गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 231/7, जसप्रीत बुमराह (5*), दीपक चाहर (18*) 
 

09:30 PM, 23-Jan-2022

भारत को लगा छठा झटका

210 के कुल स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव 32 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ड्वेन प्रिटोरियस ने बावुमा के हाथों कैच कराया। भारतीय टीम मुश्किल में पड़ती दिख रही है क्योंकि अब टीम के सभी मुख्य बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। फिलहाल जयंत यादव और दीपक चाहर क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 210 रन बना लिए हैं। 

09:18 PM, 23-Jan-2022

श्रेयस अय्यर भी पवेलियन लौटे

195 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। श्रेयस अय्यर 34 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मगाला ने फेहलुकवायो के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने सूर्यकुमार के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 गेंदों पर 39 रन जोड़े। फिलहाल सूर्यकुमार और दीपक चाहर क्रीज पर हैं। भारत ने 38 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन बना लिए हैं। जीत के लिए टीम को अब भी 72 गेंदों पर 85 रन की जरूरत है।

09:09 PM, 23-Jan-2022

36 ओवर के बाद भारत 186/4

36 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 186 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 23 रन और श्रेयस अय्यर 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अभी भी 102 रन चाहिए। विराट कोहली 65 रन बनाकर आउट हुए। यह मैच देखने विराट की पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका भी पहुंची हैं।

08:48 PM, 23-Jan-2022

कोहली 65 रन बनाकर आउट

भारत ने 156 रन पर चौथा विकेट गंवा दिया है। विराट कोहली 84 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने बावुमा के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में कोहली ने पांच चौके लगाए। 32 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 157 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

08:26 PM, 23-Jan-2022

विराट कोहली की 64वीं फिफ्टी

विराट कोहली ने वनडे करियर की 64वीं फिफ्टी लगाई। उन्होंने 63 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी लगाते ही कोहली ने स्टेडियम की ओर देखा और अर्धशतक बेटी वामिका को समर्पित किया। उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी यह मैच देखने पहुंची हैं। अनुष्का के साथ बेटी वामिका भी नजर आईं। भारत ने 25 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 127 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट 50 रन और श्रेयस 2 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे। इससे पहले ऋषभ पंत शून्य पर आउट हुए।

08:21 PM, 23-Jan-2022

पंत शून्य पर पवेलियन लौटे

23वें ओवर में भारत ने पांच गेंदों पर दो विकेट गंवा दिए। इस ओवर में आंदिले फेहलुकवायो गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की दूसरी गेंद पर फेहलुकवायो ने धवन को कैच आउट कराया। वे 61 रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हुए। वे शून्य पर पवेलियन लौटे। उन्हें फेहलुकवायो ने मगाला के हाथों कैच कराया। 23 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 43 रन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

08:11 PM, 23-Jan-2022

शिखर धवन पवेलियन लौटे

23वें ओवर में 116 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। शिखर धवन 73 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कोहली के साथ मिलकर 110 गेंदों पर 98 रन की साझेदारी निभाई। अपनी पारी में धवन ने पांच चौके और एक छक्का लगाया। धवन को फेहलुकवायो ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। फिलहाल कोहली 42 रन और ऋषभ पंत शून्य पर क्रीज पर हैं।

07:56 PM, 23-Jan-2022

धवन ने अर्धशतक लगाया

शिखर धवन ने 58 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 35वां अर्धशतक रहा। वहीं, दक्षिण अफ्रीका खिलाफ यह उनका छठा अर्धशतक रहा। इस सीरीज में धवन अब तक दो फिफ्टी लगा चुके हैं। पहले वनडे में धवन ने 79 रन की पारी खेली थी। 18 ओवर में भारत ने एक विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल धवन 50 रन और कोहली 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:38 PM, 23-Jan-2022

कोहली-धवन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और शिखर धवन के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। 15 ओवर में भारत ने एक विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल धवन 42 रन और कोहली 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:20 PM, 23-Jan-2022

10 ओवर के बाद भारत 50/1

भारतीय टीम ने 10 ओवर में एक विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। कप्तान केएल राहुल नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल शिखर धवन 28 रन और विराट कोहली 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र विकेट लुंगी एनगिडी को मिला।

07:04 PM, 23-Jan-2022

केएल राहुल का दक्षिण अफ्रीका दौरा नहीं रहा खास

केएल राहुल बतौर कप्तान अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में बल्ले से फेल रहे। दूसरे वनडे में जरूर उन्होंने अर्धशतक लगाया था, लेकिन दो वनडे में वह कुछ खास नहीं कर सके। पहले वनडे में राहुल ने 12 रन, दूसरे में 55 रन और तीसरे वनडे में नौ रन बनाए। 

इस दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर राहुल ने तीन टेस्ट और तीन वनडे मिलाकर कुल नौ पारियों में 33.55 की औसत से 302 रन बनाए। पहले टेस्ट में राहुल ने 123 और 23 रन की पारी, दूसरे टेस्ट में 50 और 8 रन की पारी और तीसरे टेस्ट में 9 और 10 रन की पारी खेली थी।

06:55 PM, 23-Jan-2022

कप्तान केएल राहुल पवेलियन लौटे

18 रन पर भारत को पहला झटका लगा। कप्तान केएल राहुल नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें लुंगी एनगिडी ने यानेमन मलान के हाथों कैच कराया। फिलहाल विराट कोहली और शिखर धवन क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं।

06:38 PM, 23-Jan-2022

भारतीय ओपनर्स मैदान पर

भारतीय ओपनर्स कप्तान केएल राहुल और शिखर धवन मैदान पर हैं। सीरीज के पहले वनडे में धवन ने अर्धशतक लगाया था, जबकि दूसरे वनडे में राहुल ने अर्धशतक लगाया था। इस मैच में दोनों टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे। दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला ओवर लुंगी एनगिडी ने डाला। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए आठ रन है।

06:04 PM, 23-Jan-2022

भारत के सामने 288 रन का लक्ष्य

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ्रीकी टीम की पहली पारी एक गेंद रहते 287 रनों पर सिमट गई। इस सीरीज में पहली बार दक्षिण अफ्रीकी ऑल आउट हुई। दक्षिण अफ्रीका के लिए इस मैच में क्विंटन डिकॉक ने 124 रन बनाए। उनके अलावा डुसेन ने 52 और मिलर ने 39 रन की पारी खेली। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो और युजवेन्द्र चहल ने एक विकेट लिया। 

इस मैच में भारत ने अच्छी शुरुआत की थी और 70 रन तक अफ्रीका के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया था, लेकिन डिकॉक और डुसेन ने शतकीय साझेदारी कर अफ्रीका को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। हालांकि 35वें ओवर में डिकॉक के आउट होते ही डुसेन भी चलते बने और दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई। मिलर ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन वो खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर सके। प्रिटोरियस के साथ मिलकर उन्होंने अफ्रीका का स्कोर 300 के करीब पहुंचाया। 

भारत ने दूसरे वनडे में अफ्रीका के सामने 288 रन का ही लक्ष्य रखा था और अफ्रीकी टीम ने तीन विकेट खोकर इस लक्ष्य का पीछा कर लिया था। 

05:59 PM, 23-Jan-2022

केशव महाराज और डेविड मिलर आउट

जसप्रीत बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया है। उन्होंने केशव महाराज को विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। महाराज ने पांच गेंदों में छह रन बनाए। उनके बाद मिलर भी 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कृष्णा ने मिलर को विराट के हाथों कैच कराया। विराट ने बाउंड्री के पास एक बार फिर बेहतरीन कैच पकड़ा। 

05:49 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का सातवां विकेट गिरा

प्रसिद्ध कृष्णा ने दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका दिया है। उन्होंने ड्वेन प्रिटोरियस को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया। प्रिटोरियस ने 25 गेंदों में 20 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 280 रन हो चुका है। 

05:31 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का स्कोर 250 के पार

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर छह विकेट पर 250 रन के पार जा चुका है। डेविड मिलर और ड्वेन प्रिटोरियस क्रीज पर मौजूद हैं। ये दोनों 28 रन की साझेदारी कर चुके हैं और अफ्रीका का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 

05:16 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का छठां विकेट गिरा

दक्षिण अफ्रीका के छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। फेहलुकवायो को विकेटकीपर ऋषभ पंत ने रन आउट किया। उन्होंने 11 गेदों में चार रन बनाए। अब इस मैच में भारतीय टीम वापस आ चुकी है। मिलर ने चहल की गेंद को मिडविकेट की ओर ढकेल कर रन लेने की कोशिश की, लेकिन श्रेयस अय्यर ने तेजी से पंत के पास थ्रो किया। फेहलुकवायो समय पर क्रीज के अंदर नहीं पहुंच पाए और भारत को छठां विकेट मिल गया। 

04:53 PM, 23-Jan-2022

क्विंटन डिकॉक और डुसेन आउट

जसप्रीत बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया है। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को धवन के हाथों कैच कराया। डिकॉक 130 गेंद में 124 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और दो छक्के लगाए। अब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 217 रन हो चुका है। डिकॉक के बाद डुसेन भी चहल का शिकार बन चुके हैं। उन्होंने 59 गेंद में 52 रन की पारी खेली। अब भारतीय टीम के पास इस मैच में वापसी करने का बेहतरीन मौका है। फिलहाल मिलर और फेहलुकवायो दो नए बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद हैं। 

04:40 PM, 23-Jan-2022

डुसेन के 50 रन पूरे, अफ्रीका का स्कोर 200 के पार

डुसेन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर बेहतरीन साझेदारी की है और अपनी टीम को बहुत बेहतर स्थिति में ले गए हैं। उन्होंने 53 गेदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 200 के पार जा चुका है। 

चाहर ने एक ओवर में 15 रन लुटाए
दीपक चाहर ने एक ओवर में 15 रन लुटा दिए हैं। पहले स्पेल में सात ओवर में दो विकेट लेने वाले चाहर ने दूसरे स्पेल के पहले ओवर में 15 रन लुटाए। उन्होंने दो गेंदों में एक रन दिए। दो चौके खाए, दो वाइड गेंदें की, एक नो बॉल और एक गेंद में दो रन दिए। 

04:26 PM, 23-Jan-2022

डिकॉक ने वनडे कैरियर का 17वां शतक लगाया

क्विंटन डिकॉक ने अपने वनडे कैरियर का 17वां शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 108 गेंदों में 101 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ यह डिकॉक का छठां वनडे शतक है। डिकॉक भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। 

वनडे में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक
7 सनत जयसूर्या (85 पारी)
6 क्विंटन डिकॉक (16 पारी) *
6 एबी डिविलियर्स (32 पारी)
6 रिकी पॉन्टिंग (59 पारी)
6 कुमार संगकारा (71 पारी)

क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ वनडे में एक हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। इस मैच में भारत के लिए लगातार मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं और दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 

04:15 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का स्कोर 150 के पार, डिकॉक और डुसेन के बीच शतकीय साझेदारी

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 150 के पार जा चुका है। क्विंटन डिकॉक अपने शतक के बेहद करीब जा चुके हैं। वहीं डिकॉक और डुसेन के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। इन दोनों ने 107 गेंदों में 100 रन जोड़े हैं। 30 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 170 रन है। डुसेन भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। 

03:43 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 100 के पार

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 100 के पार जा चुका है। क्विंटन डिकॉक और डुसेन बेहतरीन साझेदारी कर रहे हैं। इस बीच भारत ने विकेट लेने के कई मौके भी गंवाए हैं। डिकॉक अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। वो एक बार फिर अफ्रीका के लिए अहम पारी खेल रहे हैं। 

डिकॉक और डुसेन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
क्विंटन डिकॉक और रासी वन डर डुसेन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों बहुत ही समझदारी के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और आसानी से रन बना रहे हैं। 25 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 139 रन बना लिए हैं। डिकॉक अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं। 

03:07 PM, 23-Jan-2022

मार्करम 15 रन बनाकर आउट

दीपक चाहर ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने एडेन मार्करम को सब्स्टीट्यूट फील्डर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। मार्करम ने 15 रन बनाए। चाहर की शॉर्ट बॉल पर मार्करम ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगी और सीधे ऋतुराज के पास पहुंच गई। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 74 रन बना लिए हैं।

पंत ने डुसेन का कैच छोड़ा
ऋषभ पंत ने इस मैच में भी एक कैच छोड़ दिया है। जयंत यादव की गेंद पर डुसेन के बल्ले का बाहरी किनारा लगा था, लेकिन पंत कैच नहीं पकड़ पाए। पिछले मैच में भी उन्होंने अश्विन की गेंद पर डिकॉक को स्टंपिंग करने का मौका गंवा दिया था। इसके बाद डिकॉक ने मैच जिताऊ पारी खेली थी। 

02:55 PM, 23-Jan-2022

10 ओवर के बाद अफ्रीका का स्कोर 53-2

दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 10 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक और एडेन मार्करम अच्छी लय में दिख रहे हैं। ये दोनों बल्लेबाज अच्छी साझेदारी कर रहे हैं। वहीं भारत के गेंदबाजों ने इस मैच में अनुशासन दिखाया है, लेकिन पिच से उन्हें ज्यादा मदद नहीं मिली है। 

02:33 PM, 23-Jan-2022

अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बुवमा आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। लॉग ऑफ में मुश्किल रन लेने के चक्कर में उन्होंने अपना विकेट गंवाया। भारत ने डिकॉक और बावुमा की जोड़ी को तोड़ दिया है। अब इस मैच में टीम इंडिया पकड़ मजबूत कर सकती है। चाहर की बाहर निकलती गेंद पर बावुमा ने ऑफ साइड में शॉट खेला और तेजी से एक रन लेने के लिए निकल पड़े। मिड ऑफ में खड़े कप्तान राहुल ने तेजी से गेंद को पकड़ा और स्टंप पर सटीक थ्रो मारा। बावुमा थोड़ा पीछे रह गए और भारत को दूसरी सफलता मिल गई। 

02:02 PM, 23-Jan-2022

दीपक चाहर ने की गेंदबाजी की शुरुआत, मलान का विकेट लिया

भारत के दीपक चाहर ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। वहीं दक्षिण अफ्रीका के लिए नियमित ओपनर यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की है। दीपक चाहर ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने यानेमन मलान को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। अपने पहले ओवर में भी उन्होंने मलान के छकाया और गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे पर भी लगी थी, लेकिन स्लिप में धवन तक नहीं पहुंची थी। इस मैच में भारत को अच्छी शुरुआत मिल चुकी है। 

इस मैच में भी क्विंटन डिकॉक बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। वो आसानी से भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ रन बना रहे हैं। उनके साथ बावुमा भी अच्छा खेल दिखा रहे हैं। भारत को यह मैच जीतने के लिए इस जोड़ी को जल्द ही तोड़ना होगा। ये दोनों सात गेंद में 16 रन की साझेदारी कर चुके हैं। पांच ओवर के बाद अफ्रीकी टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 31 रन बना लिए हैं। 

01:29 PM, 23-Jan-2022

भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम इस मैच में चार बदलावों के साथ उतरी है। सूर्यकुमार यादव, जयंद यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और दीपक चाहर को इस मैच में मौका दिया गया है। वहीं रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार को टीम से बाहर किया गया है। दक्षिण अफ्रीका की टीम में भी एक बदलाव किया गया है। स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी की जगह ड्वेन प्रिटोरियस को अफ्रीकी टीम में शामिल किया गया है। 

भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने इस मैच में चार बदलाव किए हैं, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल नहीं किया गया है। ऋतुराज घरेलू मैचों में शानदार फॉर्म में थे और लगातार रन बना रहे थे, इसके बावजूद उन्हें वनडे सीरीज में कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। 

दोनों टीमें
भारतीय टीम:

लोकेश राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान) शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, दीपक चाहर, जयंत यादव, प्रसिद्ध कृष्णा,युजवेंद्र चहल।

दक्षिण अफ्रीका की टीम: 
तेम्बा बावुमा (कप्तान), यानेमन मलान, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, रासी वैन डेर डूसन, एंडिले फेहलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, क्विंटन डी कॉक, केशव महाराज, सिसांडा मगला, लुंगी एनगिडी।

01:08 PM, 23-Jan-2022

IND vs SA 3rd ODI: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को चार रन से हराया, वनडे सीरीज में किया क्लीन स्वीप

Live Score, India vs South Africa (IND vs SA) 3rd ODI: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। दक्षिण अफ्रीका दौरे में भारतीय टीम टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी हार चुकी है। तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैच हारने के बाद तीसरा मैच जीतकर भारतीय टीम अपनी साख बचाना चाहेगी। इस मैच में भारतीय टीम अपने कई युवा खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। वहीं दक्षिण अफ्रीका भी लुंगी एनगिडी जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दे सकता है।

इस सीरीज में भारत के कप्तान लोकेश राहुल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उनके नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों में ऊर्जा की कमी दिखी है। कप्तान के रूप में राहुल के फैसले भी कुछ खास नहीं रहे हैं। उन्होंने अपने गेंदबाजों को भी सही तरीके से नहीं चलाया है। इसी वजह से चहल और भुवनेश्वर जैसे खिलाड़ी बिलकुल भी प्रभावी नहीं दिखे हैं। 

दीपक चाहर और ऋतुराज को मिल सकता है मौका
इस मैच में टीम इंडिया अपने युवा खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ी लगातार मैच खेल रहे हैं और इन्हें इस मैच में आराम दिया जा सकता है। इनकी जगह दीपक चाहर और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिल सकता है। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ भी अच्छी फॉर्म में हैं, उन्होंने भी इस सीरीज में मौका नहीं मिला है। ऋतुराज भी यह मैच खेल सकते हैं।  

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें