फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: भारत की विश्व कप में पाकिस्तान पर लगातार आठवीं जीत, सात विकेट से हराया; रोहित-अय्यर का अर्धशतक

Sat, 14 Oct 2023 08:50 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

India Vs Pakistan Highlightsभारत ने विश्व कप के 12वें मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। भारत ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की है। उसने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ अब अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को भी हरा दिया। उसके तीन मैचों में अब छह अंक हो गए हैं। टीम इंडिया का अगला मुकाबला 19 अक्तूबर को बांग्लादेश से पुणे में होगा। वहीं, पाकिस्तान की टीम 20 तारीख को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बंगलूरू में खेलेगी।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:07 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup: भारत की धमाकेदार जीत

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 42.5 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 30.3 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपने जीत का क्रम जारी रखा। उसकी यह आठवीं जीत है। अब तब भारत उसके खिलाफ इस टूर्नामेंट में नहीं हारा है। कप्तान रोहित शर्मा ने 86 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने सात ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाकिस्तान के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
इससे पहले पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। पिछले मैच में शतक लगाने वाले मोहम्मद रिजवान इस बार अर्धशतक से चूक गए। वह 49 रन पर पवेलियन लौट गए। इमाम उल हक ने 36, अब्दुल्ला शफीक ने 20 और हसन अली ने 12 रन बनाए। इनके अलावा छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। सऊद शकील छह, मोहम्मद नवाज चार, इफ्तिखार अहमद चार, शादाख खान दो और हारिस रऊफ दो रन बनाकर आउट हो गए।

टीम इंडिया के लिए पांच गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। गेंदबाजी करने वालों में सिर्फ शार्दुल ठाकुर ही ऐसे रहे जिन्हें एक भी सफलता नहीं मिली। बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

07:54 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत जीत के करीब

भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ जीत के करीब पहुंच गई है। टीम इंडिया ने 28 ओवर में तीन विकेट पर 176 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 16 रन की आवश्यकता है। श्रेयस अय्यर 47 और केएल राहुल नौ रन बनाकर नाबाद हैं।

07:30 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत को लगा बड़ा झटका

भारत को तीसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। वह लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने से चूक गए। रोहित 86 रन बनाकर आउट हो गए। शाहीन अफरीदी की गेंद पर इफ्तिखार अहमद ने उनका कैच लिया। रोहित ने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए।

विज्ञापन
07:26 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: 21 ओवर में भारत का स्कोर 154/2

भारतीय टीम ने 21 ओवर में दो विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 85 और श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी कर ली है। टीम इंडिया को जीत के लिए 38 रन चाहिए।

07:03 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: रोहित शर्मा का अर्धशतक

रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। भारत ने 15 ओवर में दो विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। रोहित 61 और श्रेयस अय्यर 16 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को जीत के लिए 35 ओवर में 81 रन बनाने हैं।

विज्ञापन
06:40 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: कोहली को हसन अली ने किया आउट

भारत को दूसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह 16 रन बनाकर आउट हो गए। 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हसन अली ने मोहम्मद नवाज के हाथों उन्हें कैच आउट कराया। कोहली ने 18 गेंदों का सामना किया। इस दौरान तीन चौके लगाए।

06:33 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: रोहित शर्मा ने हासिल की खास उपलब्धि

रोहित शर्मा ने वनडे में अपने 300 छक्के पूरे कर लिए हैं। वह वनडे में 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के 351 और वेस्टइंडीज के पूर्व ओपनर क्रिस गेल के 331 छक्के हैं।

06:21 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत का स्कोर 40 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 40 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और आकर्षक शॉट खेल रहे हैं। 

06:08 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान को मिली पहली सफलता

पाकिस्तान को पहली सफलता शाहीन अफरीदी ने दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर शुभमन गिल को आउट कर दिया। गिल 11 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चार चौके लगाए। गिल का कैच शादाब खान ने लिया। भारत ने तीन ओवर में एक विकेट पर 23 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं।

05:56 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: रोहित-शुभमन गिल क्रीज पर उतरे

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की पारी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल क्रीज पर आए हैं। रोहित ने शाहीन अफरीदी के पहले ओवर में आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका लगाया। उसके बाद एक रन लेकर शुभमन गिल को स्ट्राइक दी। शुभमन ने भी शाहीन को चौका मार दिया। भारत ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा पांच और शुभमन गिल चार रन बनाकर नाबाद हैं।

05:24 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान की टीम ऑलआउट हुई

पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ 191 रन पर सिमट गई है। रवींद्र जडेजा ने 43वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हारिस रऊफ को एलबीडब्ल्यू कर दिया। जडेजा की गेंद पर सीधे हारिस के पैड पर लगी। एक बार फिर से अंपायर मॉरेस इरासमस ने आउट करार नहीं दिया। कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। रिव्यू भारत के पक्ष में आया और हारिस आउट हो गए। वह छह गेंद पर दो रन ही बना सके। शाहीन अफरीदी 10 गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद रहे।

टीम इंडिया के लिए पांच गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। गेंदबाजी करने वालों में सिर्फ शार्दुल ठाकुर ही ऐसे रहे जिन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।

पाकिस्तान के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। पिछले मैच में शतक लगाने वाले मोहम्मद रिजवान इस बार अर्धशतक से चूक गए। वह 49 रन पर पवेलियन लौट गए। इमाम उल हक ने 36, अब्दुल्ला शफीक ने 20 और हसन अली ने 12 रन बनाए। इनके अलावा छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। सऊद शकील छह, मोहम्मद नवाज चार, इफ्तिखार अहमद चार, शादाख खान दो और हारिस रऊफ दो रन बनाकर आउट हो गए।

05:10 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान के दो ओवर में दो विकेट गिरे

हार्दिक पांड्या ने भारत को आठवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद नवाज को आउट किया। नवाज 14 गेंद पर चार रन बनाकर जसप्रीत बुमराह को कैच थमा बैठे। उनके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर रवींद्र जडेजा ने हसन अली को आउट कर दिया। हसन ने 19 गेंद पर 12 रन बनाए। शुभमन गिल ने उनका कैच लिया। पाकिस्तान ने 41 ओवर में नौ विकेट पर 189 रन बनाए हैं। शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ क्रीज पर हैं।

04:50 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान के सात विकेट गिरे

पाकिस्तान के सात बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। जसप्रीत बुमराह ने 36वें ओवर की दूसरी गेंद पर शादाब खान को क्लीन बोल्ड कर दिया। शादाब पांच गेंद पर दो रन ही बना सके। मोहम्मद नवाज के साथ अब हसन अली क्रीज पर हैं।

04:43 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत को मिली छठी सफलता

भारत को मैच में छठी सफलता जसप्रीत बुमराह ने दिलाई। कुलदीप द्वारा 33वें ओवर में दो विकेट लेने के बाद अगले ही ओवर में बुमराह ने टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 34वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड कर दिया। रिजवान अर्धशतक लगाने से चूक गए। वह 69 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान के 34 ओवर में छह विकेट पर 168 रन हैं।

04:39 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: कुलदीप को मिली दूसरी सफलता

कुलदीप यादव ने सऊद शकील को आउट करने के बाद इफ्तिखार अहमद को भी पवेलियन भेज दिया। इफ्तिखार चार गेंद पर चार रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। कुलदीप को मैच में दूसरी सफलता मिली।

04:33 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: कुलदीप को मिली पहली सफलता

कुलदीप यादव को इस मैच में पहली सफलता मिली। उन्होंने 33वें ओवर की दूसरी गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज सऊद शकील को एलबीडब्ल्यू कर दिया। कुलदीप की गेंद शकील के पैड पर लगी। भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने नॉटआउट करार दिया। कप्तान रोहित शर्मा ने कुलदीप और विकेटकीपर केएल राहुल से सलाह लेकर रिव्यू ले लिया। रिव्यू में साफ दिखा कि कुलदीप की गेंद स्टंप के लाइन में है। सऊद शकील आउट हो गए। वह 10 गेंद पर छह रन ही बना सके।

04:16 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान को लगा सबसे बड़ा झटका

पाकिस्तान को सबसे बड़ा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने 30 ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 58 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। बाबर ने रिजवान के साथ चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। पाकिस्तान के 30 ओवर में तीन विकेट पर 156 रन हैं। मोहम्मद रिजवान 47 और सऊद शकील एक रन बनाकर नाबाद हैं।

04:12 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: बाबर आजम का अर्धशतक

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। बाबर ने भारत के खिलाफ वनडे में अपना पहला अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान ने अपने 150 रन भी पूरे कर लिए हैं। उसके 29 ओवर में दो विकेट पर 150 रन हैं। बाबर 50 और मोहम्मद रिजवान 43 रन बनाकर नाबाद हैं। 

03:56 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: बाल-बाल बचे बाबर

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 25वें ओवर में आउट होने से बाल-बाल बच गए। कुलदीप की तीसरी गेंद पर उनके पैड पर लगी। भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट घोषित नहीं किया। रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। कुलदीप की गेंद पर विकेट से हल्की लग रही थी, लेकिन उसका ज्यादातर स्टंप के बाहर जा रहा था। ऐसे में अंपायर्स कॉल के कारण के रिव्यू का फायदा भारत को नहीं मिला। बाबर बाल-बाल बच गए। उन्होंने मोहम्मद रिजवान के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। पाकिस्तान का स्कोर 26 ओवर में दो विकेट पर 129 रन है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान 36-36 रन बनाकर नाबाद हैं।

03:44 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत को विकेट की तलाश

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और उपकप्तान मोहम्मद रिजवान ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी कर ली है। दोनों ने पाकिस्तानी पारी को संभाल लिया। भारत को तीसरे विकेट की तलाश है। पाकिस्तान ने 22 ओवर में दो विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। बाबर 32 और रिजवान 25 रन बनाकर नाबाद हैं।

03:31 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान का 18 ओवर के बाद स्कोर 96/2

पाकिस्तान का स्कोर 18 ओवर में 96 रन पर दो विकेट है। बाबर आजम 25 और मोहम्मद रिजवान 14 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी कर ली है।

03:14 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: बाल-बाल बचे रिजवान

मोहम्मद रिजवान 14वें ओवर में आउट होने से बाल-बाल बच गए। रवींद्र जडेजा की दूसरी गेंद पर सीधे उनके पैड से जाकर लगी। अंपायर ने रिजवान को आउट करार दिया। इस पर उन्होंने कप्तान बाबर आजम की सलाह पर रिव्यू ले लिया। रिव्यू में जडेजा की गेंद पर लेग स्टंप से बाहर जाती हुई नजर आई। रिजवान बाल-बाल बच गए। पाकिस्तान के 14 ओवर में दो विकेट पर 75 रन हैं। बाबर आजम 16 और मोहम्मद रिजवान दो रन बनाकर नाबाद हैं।

03:05 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: भारत को मिली बड़ी सफलता

भारत को मैच में दूसरी सफलता हार्दिक पांड्या ने दिलाई। उन्होंने 13वें ओवर तीसरी गेंद पर पाकिस्तानी ओपनर इमाम हक को आउट कर दिया। इमाम 38 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक की बाहर जाती गेंद पर वह पवेलियन लौट गए। विकेटकीपर केएल राहुल ने उनका कैच लिया। पाकिस्तान का स्कोर 13 ओवर में दो विकेट पर 74 रन है। बाबर आजम 16 और मोहम्मद रिजवान एक रन बनाकर नाबाद हैं।

03:02 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: बाबर और इमाम टिके

बाबर आजम और इमाम उल हक ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी कर ली है। बाबर ने 11वें ओवर में हार्दिक की गेंद पर दो चौके लगाए। पाकिस्तान ने 12 ओवर में एक विकेट पर 68 रन बना लिए हैं। इमाम 32 और बाबर 15 रन बनाकर नाबाद हैं। बाबर का इस विश्व कप में यह उनका यह सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ पांच और श्रीलंका के खिलाफ 10 रन बनाए थे।

02:52 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान की पारी के 10 ओवर पूरे

पाकिस्तान की पारी के 10 ओवर पूरे हो गए हैं। उसने एक विकेट पर 49 रन बना लिए हैं। अब्दुल्ला शफीक के आउट होने के बाद इमाम उल हक का साथ कप्तान बाबर आजम दे रहे हैं। इमाम 23 और बाबर पांच रन बनाकर नाबाद हैं।

02:40 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: सिराज ने शफीक को किया आउट

भारत को पहली सफलता मोहम्मद सिराज ने दिलाई। उन्होंने अब्दुल्ला शफीक को पारी के आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। शफीक उनकी गेंद को लेग साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन चूक गए। गेंद सीधे उनके पैड पर जाकर लगी। शफीक का पैर स्टंप के सामने था। सिराज की अपील पर अंपायर ने शफीक को आउट करार दिया। वह 24 गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुए। शफीक ने इमाम उल हक के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। शफीक के आउट होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम क्रीज पर आए हैं। पाकिस्तान का स्कोर आठ ओवर में एक विकेट पर 41 रन है।

02:28 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK World Cup Live: पाकिस्तान का स्कोर 6 ओवर के बाद 28/0

पाकिस्तान की टीम ने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 28 रन बना लिए हैं। इमाम उल हक 14 और अब्दुल्ला शफीक 13 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत ने पिछले दो ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की है। उसने इस दौरान सिर्फ पांच रन दिए हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज लय में लौटते हुए दिख रहे हैं। टीम इंडिया को पहले विकेट की तलाश है।

02:19 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Match Live: पाकिस्तान का चार ओवर में 23/0

पाकिस्तान के ओपनर इमाम उल हक और अब्दुल्ला शफीक ने भारत के खिलाफ सधी शुरुआत की है। दोनों आराम से भारतीय गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। पाकिस्तान ने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 23 रन बना लिए हैं। इमाम उल हक 13 और अब्दुल्ला शफीक 10 रन बनाकर नाबाद हैं।

02:09 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Match Live: पाकिस्तान की मजबूत शुरुआत

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मजबूत शुरुआत की है। उसने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 16 रन बनाए हैं। सभी रन चौके से आए हैं। इमाम उल हक 12 और अब्दुल्ला शफीक चार रन बनाकर खेल रहे हैं। इमाम ने मोहम्मद सिराज के ओवर में तीन चौके लगाए।

01:58 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Match Live: इमाम और अब्दुल्ला क्रीज पर उतरे

भारतीय खिलाड़ी गेंदबाजी के लिए मैदान में उतर गए हैं। पाकिस्तान के ओपनर इमाम उल हक और अब्दुल्ला शफीक बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आ गए हैं।

01:35 PM, 14-Oct-2023

PAK vs IND World Cup Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: शुभमन गिल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।

पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान (उपकप्तान), मोहम्मद नवाज, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।

01:33 PM, 14-Oct-2023

PAK vs IND World Cup Live : रोहित शर्मा ने जीता टॉस

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत लिया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित शर्मा ने बताया कि शुभमन गिल इस मैच में वापस आ गए हैं। ईशान किशन को बाहर बैठना पड़ा है। बाबर ने कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे।

01:19 PM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Match Live : टॉस जीतने वाली टीमों का रिकॉर्ड

अहमदाबाद में पिछले पांच वनडे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने दो और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम तीन मैच जीती है। इस विश्व कप में यहां एक मैच खेला गया है, जिसमें न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ चेज करते हुए मैच को जीता था।

01:07 PM, 14-Oct-2023

PAK vs IND World Cup Live : थोड़ी देर में होगा टॉस

महामुकाबले के लिए भारत और पाकिस्तान की टीमें तैयार हैं। दोनों टीमें स्टेडियम पहुंच चुकी हैं और अभ्यास भी किया। थोड़ी देर में टॉस होगा। अब देखना है कि टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला करती है।

12:33 PM, 14-Oct-2023

PAK vs IND World Cup Live : स्टेडियम पहुंचीं टीमें

महामुकाबले के लिए भारत और पाकिस्तान की टीमें स्टेडियम पहुंच गई हैं। थोड़ी देर में रंगारंग कार्यक्रम शुरू होगा। संगीतकार शंकर महादेवन, गायक सुखविंदर सिंह और अरिजीत सिंह परफॉर्म करेंगे। हालांकि, यह टीवी पर नहीं दिखाया जाएगा। आधिकारिक ब्रॉडकास्टर ने बताया कि यह सिर्फ स्टेडियम में मैच देखने वाले दर्शकों के लिए है।

11:43 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live: भारत की जीत के लिए हो रहे हवन

देशभर में भारत की जीत के लिए हवन-पूजन हो रहे हैं। पटना और कानपुर जैसे शहरों में लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर हवन कर रहे हैं और भगवान से उनके अच्छे प्रदर्शन का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
 

11:09 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: अहमदाबाद में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था

अहमदाबाद में आज भारत बनाम पाकिस्तान आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मैच से पहले नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 11 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मुस्तैद हैं।
 

10:51 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: एक लाख से ज्यादा दर्शक देखेंगे मैच

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज एक लाख से ज्यादा दर्शक मैच देखेंगे। स्टेडियम के बाहर दर्शकों की भारी भीड़ है। 
 

 

10:28 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: स्टेडियम के बाहर दर्शकों की भीड़

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर दर्शकों की भीड़ बढ़ने लगी है। फैंस तिरंगा लेकर टीम इंडिया के पक्ष में नारे लगा रहे हैं।
 

09:34 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: शानदार फॉर्म में दोनों टीमें

वनडे विश्व कप के मौजूदा संस्करण में दोनों टीमों का फॉर्म शानदार रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की है। वहीं, पाकिस्तान ने नीदरलैंड और श्रीलंका को हराया था। अब रोहित शर्मा और बाबर आजम की नजरें जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी।

08:17 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: विश्व कप में पाकिस्तान से नहीं हारा भारत

भारतीय टीम वनडे विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ एक भी मैच में नहीं हारी है। टीम इंडिया ने 1992, 1996, 1999, 2003, 2011, 2015 और 2019 में पाकिस्तान को हराया है। भारतीय टीम जीत के इस क्रम को जारी रखना चाहेगी। टीम इंडिया विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी बार अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी। 1996 (बंगलूरू) और 2011 (मोहाली) में भारत को जीत मिली थी।

07:39 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK Live Score: अहमदाबाद में 18 साल बाद वनडे में दोनों टीमें आमने-सामने

भारतीय टीम 18 साल बाद अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ कोई वनडे मैच खेलेगी। पिछली बार 2005 में जब दोनों टीमें यहां आमने-सामने हुई थीं तब पाकिस्तान को तीन विकेट से जीत मिली थी। भारतीय टीम उस हार का बदला लेना भी चाहेगी। इस बार अहमदाबाद में एक लाख से ज्यादा दर्शक मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंचेंगे।

07:33 AM, 14-Oct-2023

IND vs PAK: भारत की विश्व कप में पाकिस्तान पर लगातार आठवीं जीत, सात विकेट से हराया; रोहित-अय्यर का अर्धशतक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप के 12वें मुकाबले में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की नजर लगातार तीसरी जीत पर है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान को हराया है। वहीं, पाकिस्तान ने नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ जीत हासिल की है। विश्व कप इतिहास में दोनों टीमों के बीच यह आठवां मुकाबला होगा। टीम इंडिया का रिकॉर्ड 7-0 है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें