फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ T20: भारत ने न्यूजीलैंड को 65 रन से हराया, तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई, सूर्यकुमार का शतक

Sun, 20 Nov 2022 04:26 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, माउंट माउनगनुई

खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 2nd T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ने 65 रन से जीत लिया है। सीरीज का पहला मैच बारिश से धुल गया था। उस मैच में टॉस भी नहीं हो सका। ऐसे में भारत ने इस मैच को जीतकर सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार के शतक के चलते न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने हैट्रिक ली। इसके जवाब में कीवी टीम 18.5 ओवर में 126 रन ही बना पाई और मुकाबला 65 रन से हार गई।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:03 PM, 20-Nov-2022

भारत ने न्यूजीलैंड को 65 रन से हराया

भारत ने सीरीज के दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 65 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, लेकिन दूसरा मैच जीतकर भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है। अब आखिरी मैच जीतकर भारत 2-0 से सीरीज जीत सकता है। वहीं, कीवी टीम के पास आखिरी मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करने का मौका है।

इस मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 191 रन बनाए। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 111 रन बनाए। ईशान किशन ने 36 रन बनाए और हार्दिक-श्रेयस ने 13-13 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और लोकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए। 

192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहला विकेट पारी की दूसरी गेंद पर ही गिर गया। फिन एलेन खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद कॉन्वे और विलियम्सन ने 56 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन सुंदर ने कॉन्वे को आउट कर कीवी टीम को दबाव में ला दिया। अगले ही ओवर में चहल ने ग्लेन फिलिप्स को आउट कर दिया और मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो गई। इसके बाद कीवी टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और अंत में 18.5 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। कप्तान विलियम्सन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए और कॉन्वे ने 25 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा ग्लेन फिलिप्स (12 रन) और डेरिल मिशेल (10 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। 

भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट दीपक हुड्डा ने लिए। मोहम्मद सिराज और युजवेन्द्र चहल को दो-दो विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और सुंदर को एक-एक विकेट मिला। अर्शदीप एकमात्र भारतीय गेंदबाज रहे, जिसे विकेट नहीं मिला।

इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने शतक लगाया। टी20 क्रिकेट में भारत के लिए यह उनका दूसरा शतक था। पहला शतक भी उन्होंने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था। वह रोहित शर्मा के बाद दूसरे भारतीय हैं, जिन्होंने एक साल के अंदर दो शतक लगाए हैं। वहीं, इस मैच में हैट्रिक लेने वाले टिम साउदी दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने, जिन्होंने टी20 में दो हैट्रिक ली हैं। उन्होंने इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली थी। लसिथ मलिंगा पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने टी20 में दो हैट्रिक ली हैं।

03:59 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का नौवां विकेट गिरा

दीपक हुड्डा ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई है। इस मैच में वह तीन विकेट ले चुके हैं। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में ईश सोढ़ी और टिम साउदी को अपना शिकार बनाया। इसके बाद मिल्ने को आउट कर उन्होंने भारत को 65 रन से जीत दिला दी। इस मैच में उन्होंने चार विकेट लिए।

03:52 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: केन विलियमसन का अर्धशतक

केन विलियमसन ने अपने करियर का 17वां अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 18वें ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने भारत के खिलाफ तीसरा अर्धशतक लगाया है।

विज्ञापन
03:43 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का छठा विकेट गिरा

न्यूजीलैंड को पांचवां झटका 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। मोहम्मद सिराज ने मिशेल सेंटनर को पवेलियन भेज दिया। सेंटनर का कैच खुद सिराज ने ही लिया। सेंटनर ने सात गेंद पर दो रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 16 ओवर में छह विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 44 गेंद पर 44 रन बनाकर नाबाद हैं। एडम मिल्ने खाता खोले बगैर नाबाद हैं।

03:31 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का पांचवां विकेट गिरा

89 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। युजवेन्द्र चहल ने जेम्स नीशम को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। इस मैच में यह उनकी दूसरी सफलता है। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 91 रन है।

विज्ञापन
03:27 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा

88 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा है। दीपक हुड्डा ने डेरिल मिशेल को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। मिशेल ने 11 गेंद में 10 रन बनाए। अब इस मैच में भारतीय टीम की पकड़ मजबूत होती जा रही है। 13 ओवर के बाद कीवी टीम का स्कोर चार विकेट पर 88 रन है और बाकी सात ओवर में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 104 रन की जरूरत है।

03:22 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 80 रन के पार

न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट के नुकसान 80 रन के पार जा चुका है। केन विलियम्सन और डेरिल मिशेल क्रीज पर हैं। 12 ओवर में कीवी टीम ने तीन विकेट पर 85 रन बनाए हैं।

03:10 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा

69 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। युजवेन्द्र चहल ने ग्लेन फिलिप्स को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। फिलिप्स ने छह गेंद में 12 रन बनाए। चहल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कीवी टीम मुश्किल में दिख रही है। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 71 रन है।

03:03 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिरा

56 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिरा है। वाशिंगटन सुंदर ने डेवोन कॉन्वे को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। कॉन्वे ने 22 गेंद में 25 रन बनाए। नौ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 63 रन है।

02:58 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20 Live: केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अब स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बना रहे हैं और कीवी टीम मैच में बनी हुई है। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 56 रन है।

02:55 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 50 रन के पार

न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है।

02:53 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 32 रन बनाए

कीवी टीम ने शुरुआती छह ओवर में एक विकेट खोकर 32 रन बनाए हैं। केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। दोनों सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और कीवी टीम को मैच में बनाए हुए हैं। 

02:33 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड का स्कोर 13/1

चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 16 रन है। कप्तान केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, 192 रन का पीछा करने के लिए कीवी टीम को इससे बेहतर शुरुआत की जरूरत थी। 

02:23 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा

192 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने बेहद खराब शुरुआत की है। विस्फोटक फिन एलेन खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार ने मैच की दूसरी गेंद पर उन्हें अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। अब केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर एक रन है।

02:10 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य

भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। 36 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा, जब ऋषभ पंत 13 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने तेजी से रन बनाकर भारत का स्कोर 50 के पार पहुंचाया, लेकिन वह भी 31 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच में बारिश की वजह से 27 मिनट के खेल का नुकसान हुआ, लेकिन ओवरों की संख्या में कोई कटौती नहीं की गई है।

एक छोर पर सूर्यकुमार यादव ने पारी संभाली और तेजी से रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। श्रेयस अय्यर नौ गेंद में 13 रन बनाकर हिट विकेट हुए। वहीं, कप्तान हार्दिक ने 13 गेंद में 13 रन बनाए। दीपक हुड्डा और वाशिंगटन सुंदर अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अंत में सूर्यकुमार यादव 51 गेंद में 111 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और सात छक्के लगाए। उनके शतक के चलते भारत ने छह विकेट खोकर 191 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा।

न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और लोकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए। ईश सोढ़ी को एक विकेट मिला।

02:09 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: टिम साउदी की हैट्रिक

टिम साउदी ने इस मैच में हैट्रिक पूरी कर ली है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में दूसरी बार हैट्रिक ली है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ यह कारनामा किया था। इस मैच में साउदी ने पहले कप्तान हार्दिक पांड्या फिर दीपक हुड्डा और वाशिंगटन सुंदर को आउट किया। तीनों बल्लेबाज कैच आउट हुए।

02:03 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत ने दो गेंद में दो विकेट गंवाए

190 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। कप्तान हार्दिक पांड्या 13 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इसके तुरंत बाद दीपक हुड्डा भी अगली ही गेंद पर आउट हो गए। विश्व कप में भी वह एकमात्र मैच में अपना खाता नहीं खोल पाए थे। इस मैच में भी वह पहली ही गेंद पर कैच आउट हो गए। भारत का स्कोर पांच विकेट पर 190 रन है।

01:59 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: सूर्यकुमार यादव का शतक पूरा

सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार बल्लेबाजी के चलते भारत का स्कोर तीन विकेट पर 175 रन के पार जा चुका है। भारतीय टीम ने 19 ओवर में 186 रन बना लिए हैं। भारतीय पारी के 19वें ओवर में सूर्यकुमार ने 22 रन बटोरे।

01:51 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत का स्कोर 150 रन के पार

भारत का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। सूर्यकुमार यादव तेजी से रन बना रहे हैं और अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 164 रन है।

01:45 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: सूर्यकुमार का अर्धशतक पूरा

सूर्यकुमार यादव ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी इस बेहतरीन पारी के चलते भारत का स्कोर 125 रन के पार जा चुका है। टी20 क्रिकेट में यह उनका 13वां अर्धशतक है। इस पारी के साथ टी20 के नंबर एक बल्लेबाज के रूप में सूर्यकुमार ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 146 रन है।

01:32 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

108 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह हिट विकेट आउट हो गए। उन्होंने नौ गेंद में 13 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 116 रन है। 

01:26 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर तेजी से रन बना रहे हैं।

01:20 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत का स्कोर 75/2

भारतीय टीम ने 10 ओवर में दो विकेट खोकर 75 रन बना लिए हैं। भारत के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन और ऋषभ पंत आउट हो चुके हैं। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर ने पारी संभाली है।

01:16 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: ईशान किशन 36 रन बनाकर आउट

ईशान किशन 31 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। ईश सोढ़ी की गेंद पर टिम साउदी ने उनका कैच पकड़ा। सोढ़ी भारत के खिलाफ टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अब तक 21 विकेट भारत के खिलाफ लिए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन की बराबरी की है, जिन्होंने 21 विकेट लिए हैं।

01:11 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत ने आठ ओवर में 59 रन बनाए

आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 59 रन है। सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन क्रीज पर हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं। किशन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। 

01:07 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: रिव्यू ने ईशान को बचाया

बारिश के बाद केन विलियम्सन ने ईश सोढ़ी को गेंदबाजी के लिए बुलाया और उन्होंने पहली ही गेंद पर ईशान किशन को फंसाया। एलबीडब्ल्यू की अपील पर अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। हालांकि, रिव्यू लेने पर पता चला की गेंद ऑफ स्टंप के बाहर जा रही थी और किशन क्रीज पर बने रहे।

01:04 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: बे ओवल में मैच शुरू

बे ओवल में बारिश रुकने के बाद मैच शुरू हो चुका है। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 51 रन है। इस मैच में बारिश की वजह से 27 मिनट के खेल का नुकसान हुआ है, लेकिन ओवरों की संख्या में कोई कटौती नहीं की गई है। 

12:55 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: बे ओवल में बारिश रुकी

बे ओवल के मैदान पर बारिश रुच चुकी है। हालांकि, अभी भी हल्की-हल्दी फुहार जारी है, लेकिन ग्राउंट स्टाफ मैदान को सुखाने में लगे हुए हैं और जल्द ही मैच शुरू हो सकता है। 

12:37 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: बारिश के कारण खेल रुका

बारिश के कारण खेल रुक चुका है। भारत का स्कोर 6.4 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 50 रन है। ईशान किशन 22 गेंद में 28 और सूर्यकुमार पांच गेंद में छह रन बनाकर खेल रहे हैं। ईशान ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया है। वहीं, सूर्यकुमार भी एक चौका लगा चुके हैं। बारिश बहुत तेज नहीं है और जल्द ही मैच फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच केबल टीवी में नहीं देखा जा सकता है, आप अपने फोन या टीवी पर यह मैच कैसे देख सकते हैं, जानने के लिए यहां क्लिक करें।

12:32 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 42 रन बनाए

पावरप्ले में भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 42 रन बनाए हैं। ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। सूर्यकुमार ने पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेला, लेकिन गेंद उनके बल्ले की बजाय ग्लव्स पर लगी। हालांकि, उन्हें किस्मत का साथ मिला और चार रन मिल गए। किशन 20 और सूर्यकुमार छह रन बनाकर खेल रहे हैं।

12:29 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत का पहला विकेट गिरा

36 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ऋषभ पंत 13 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इस मैच में वह अच्छी लय में नहीं दिख रहे थे। इस छोटी सी पारी के दौरान वह लगातार टाइमिंग के लिए संघर्ष कर रहे थे। 

12:26 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 36 रन

भारतीय टीम ने पांच ओवर का खेल खत्म होने के बाद बिना विकेट खोए 36 रन बना लिए हैं। टी20 विश्व कप 2022 में भारत के लिए सबसे बड़ी सलामी साझेदारी 27 रन की थी। इस लिहाज ने इन दोनों ने 36 रन जोड़कर बेहतर काम किया है।

12:21 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: ईशान किशन को मिला जीवनदान

इस मैच में ईशान किशन को अहम जीवनदान मिला है। चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर ईशान ने ऑफ साइड पर शॉट खेलकर रन भागने की कोशिश की, लेकिन पंत ने मना कर दिया। हालांकि, तब तक किशन काफी आगे निकल चुके थे, लेकिन न्यूजीलैंड के फील्डर स्टंप पर निशाना नहीं लगा सके और किशन को अहम जीवनदान मिल गया। इस समय वह 13 रन बनाकर खेल रहे थे।

12:18 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत ने तीन ओवर में 21 रन बनाए

तीन ओवर का खेल पूरा होने के बाद भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं। पंत इस मैच में अच्छी लय में नहीं दिख रहे हैं, लेकिन किशन बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं।

12:14 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत की अच्छी शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की है। भारत के लिए ऋषभ पंत और ईशान किशन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज इस मैच में अच्छी लय में नहीं हैं। दो ओवर के खेल में कीवी टीम आठ अतिरिक्त रन दे चुकी है।

12:04 PM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: ईशान-पंत ने की पारी की शुरुआत

इस मैच में भारत के लिए ईशान किशन और ऋषभ पंत ने पारी की शुरुआत की है। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने पहला ओवर किया है। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है। 

11:41 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: उमरान मलिक और संजू सैमसन को नहीं मिला मौका

इस मैच में भारत के तेज गेंदबाज उमरान मलिक को खेलने का मौका नहीं मिला है। 150 किमी प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने वाले उमरान मलिक को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार मौका देने की बात हो रही है और फैंस इस मैच में उन्हें देखने के लिए उत्सुक थे, लेकिन उमरान को टीम में शामिल नहीं किया गया है।

विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को भी इस मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है। आईपीएल के जरिए संजू सैमसन ने अपनी अलग पहचान बनाई है और उनके फैंस यह मैच देखने के लिए मैदान में भी पहुंचे हैं, लेकिन संजू को टीम में जगह नहीं मिलने से उन्हें निराशा होगी।

11:39 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: ईशान किशन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।

न्यूजीलैंड: फिन एलन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), केन विलियम्सन (कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन।

11:35 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। कीवी टीम में एडम मिल्ने को मौका मिला है। इसके अलावा विश्व कप में खेलने वाले खिलाड़ियों को ही मौका दिया गया है। भारत के लिए इस मैच में ऋषभ पंत पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

10:39 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: बड़ा है बे ओवल का मैदान

यह मैदान जिस जगह स्थित है, उसे ‘बे ऑफ प्लेंटी’ कहा जाता है और जहां तक टी-20 प्रारूप में रवैये का संबंध है तो भारतीय क्रिकेट में इस समय सोच विचारने के लिए काफी कुछ है। ‘बे ओवल’ मैदान की बाउंड्री काफी बड़ी हैं और यह एक खुला मैदान है जो वेलिंग्टन में नहीं था।

ये भी पढ़ें: IND vs NZ Live Streaming: भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 आज, हॉटस्टार नहीं, इस एप पर देखें लाइव स्ट्रीमिंग

ये भी पढ़ें: IND vs NZ Playing 11: सीरीज में अजेय बढ़त लेने के लिए भारत-न्यूजीलैंड में होगी टक्कर, जानें संभावित प्लेइंग-11

10:39 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: सपाट पिच पर फेल भुवनेश्वर

33 वर्षीय भुवनेश्वर को लेकर टीम प्रबंधन को कड़े फैसले लेने होंगे क्योंकि वह सपाट पिच और अच्छी बल्लेबाजी के आगे फेल हो जाते हैं। हाल ही में समाप्त हुए टी-20 विश्वकप में भी उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। जब टीम प्रबंधन 2024 टी-20 विश्वकप के लिए तैयारी कर रहा है तो क्या ऐसे में भुवनेश्वर को उन्होंने अपनी योजनाओं में शामिल किया है या नहीं, यह देखना होगा, क्योंकि उनकी गेंदबाजी की रफ्तार में लगातार गिरावट भी आ रही है।

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20 Weather: दूसरा टी20 मैच भी बारिश के कारण होगा रद्द? जानें न्यूजीलैंड के मौसम का हाल

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: दूसरे टी20 के लिए माउंट माउनगनुई पहुंची टीम इंडिया, पारंपरिक नृत्य से हुआ स्वागत, देखें तस्वीरें

10:38 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: भारत के युवा खिलाड़ियों को आईपीएल का अनुभव

न्यूजीलैंड के पास अनुभवी केन विलियम्सन हैं। इसके अलावा ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे। हालांकि, न्यूजीलैंड के लिए आसान मुकाबला बिल्कुल नहीं रहने वाला है क्योंकि भारत के युवा खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने का काफी अनुभव है। फैन्स दूसरे टी20 में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद कर सकते हैं।

10:38 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: बदलाव के दौर में टीम इंडिया

दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मुकाबला हारी थीं। ऐसे में उस टूर्नामेंट की यादों को भुलाकर टीमें एक नई शुरुआत करना चाहेंगी। भारतीय टीम का दारोमदार कप्तान हार्दिक पांड्या पर होगा। उन्हें मिशन 2024 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अहम माना जा रहा है। भारतीय टीम फिलहाल बदलाव के दौर में हैं। ऐसे में वह टी20 में कप्तानी के लिए दावा पेश करना चाहेंगे। इसके अलावा युवा खिलाड़ी भी टीम में जगह पक्की करने के लिए जोर लगाएंगे।

10:37 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ Live: 22 नवंबर को तीसरा टी20

टी20 सीरीज में अब दो मैच ही बचे हैं। ऐसे में रविवार को जीतने वाली टीम को 22 नवंबर को नेपियर में होने वाले तीसरे टी20 में मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलेगी। 

10:31 AM, 20-Nov-2022

IND vs NZ T20: भारत ने न्यूजीलैंड को 65 रन से हराया, तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई, सूर्यकुमार का शतक

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज माउंट माउनगनुई में खेला जा रहा है। सीरीज का पहला मैच बारिश से धुल गया था। उस मैच में टॉस भी नहीं हो सका। ऐसे में दोनों टीमें इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करना चाहेंगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें