भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बेनतीजा रहा। बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी और अंतत: मैच को रद्द करना पड़ा। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत ने अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 189 रन बनाए। भारत की पारी जब खत्म होने वाली थी तभी बारिश शुरू हो गई थी। इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले बारिश तेज हो गई जिससे मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका।
इंग्लैंड की पारी अब तक शुरू नहीं हो सकी है। डरहम में बारिश अभी रुकी नहीं है। भारत ने इंग्लैंड को 190 रनों का लक्ष्य दिया है, लेकिन अब यह तय है कि ओवरों में कटौती की जाएगी। भारतीय समयानुसार, पांच ओवर का मैच कराने के लिए कटऑफ टाइम रात 1:25 है। अगर तब तक मैच नहीं शुरू हो सका तो इसे रद्द कर दिया जाएगा।
डरहम में बारिश अभी भी जारी है और इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो पा रही है। यहां से ओवरों में कटौती भी शुरू हो गई है। हालांकि, पांच ओवर का खेल कराने के लिए अभी काफी समय है।
भारत ने पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 190 रनों का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 189 रन बनाए। भारत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़े। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने छह रन के अंदर संजू सैमसन और ईशान किशन के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अभिषेक और श्रेयस ने पारी को संभाला।
भारत के लिए श्रेयस ने 47 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 24 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा शिवम दुबे 21 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। तिलक वर्मा 13 और अक्षर पटेल तीन रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके, जबकि आदिल राशिद और सैम करन को एक-एक विकेट मिला।
भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में पांचवां झटका लगा है। श्रेयस शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन साकिब महमूद ने उन्हें अपना शिकार बनाया। श्रेयस 47 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 38 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। श्रेयस का साथ देने के लिए शिवम दुबे क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को तिलक वर्मा के रूप में चौथा झटका लगा है। तिलक साकिब महमूद की गेंद पर लियाम डॉवसन को कैच थमा बैठे। तिलक 13 गेंदों पर एक चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत के लिए श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
अभिषेक शर्मा तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन सैम करन ने उन्हें अपना शिकार बनाया। अभिषेक 24 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई।
अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 20 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया है। अभिषेक और श्रेयस अय्यर के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों बल्लेबाजों के बीच 60+ रनों की साझेदारी हो गई है।
शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और धुआंधार बल्लेबाजी की जिससे भारत ने पावरप्ले में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। पावरप्ले खत्म होने में अभी एक ओवर शेष है। अभिषेक ने इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं।
भारत को छह रन के अंदर दूसरा झटका लगा है। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे ईशान किशन रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। ईशान खाता भी नहीं खोल सके।
भारत को संजू सैमसन के रूप में पहला झटका लगा है। सैमसन सात गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। साकिब महमूद ने सैमसन को टॉम बेंटन के हाथों कैच कराया।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैमसन करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, ल्यूक वुड।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। श्रेयस ने बताया कि वह आज तीन स्पिनरों के साथ खेलने उतर रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में भी खेलने का मौका नहीं मिला है।
भारतीय टीम मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वापसी से मजबूत हुई है। वरुण को प्लेइंग इलेवन में जगह देने के लिए टीम प्रबंधन को अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव में से किसी एक को बाहर बैठाने का कड़ा फैसला लेना होगा। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पकड़ बनाने के बाद बीच के ओवरों में विरोधी बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने दिए।
तेज गेंदबाजों की अनुकूल बेलफास्ट की पिच पर कोई भी भारतीय बल्लेबाज सहज नहीं दिख रहा था। जब हालात और आयरलैंड के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने आक्रामक बल्लेबाजी के रास्ते बंद कर दिए तो भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई। दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय तिलक वर्मा ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतक जड़ा लेकिन उनका भी सब्र जवाब दे गया। आयरलैंड के हासिल किए जा सकने वाले 183 और 155 के लक्ष्यों के खिलाफ भारत के अन्य बल्लेबाजों में भी बेसब्री साफ नजर आई। इसके लिए आईपीएल की सपाट पिचों पर बल्लेबाजी करने के तरीके से अलग सोच की जरूरत थी लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला। भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग ऐसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाड़ियों से सामना होगा।
टी20 प्रारूप में इन दोनों टीमों के बीच पिछले दो मुकाबलों की बात करें, तो भारत ने इंग्लैंड को दो विश्व कप सेमीफाइनल में मात दी है। इसके अलावा भारत ने अपनी सरजमीं पर इंग्लैंड को 4-1 से सीरीज हराई थी। भले ही भारत को हाल ही में आयरलैंड से सीरीज गंवानी पड़ी हो, लेकिन वे अब भी टी20 की एक बेहद खतरनाक टीम हैं। टीम में फिलहाल जसप्रीत बुमराह मौजूद नहीं हैं, जिन्होंने मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में 253 रन के स्कोर का बचाव करने में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। दोनों ही टीमों में ऐसे धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं जो सपाट पिचों पर रनों का अंबार लगा सकते हैं। लेकिन अगर पिचें वैसी नहीं रहीं, तो दोनों पक्षों के बड़े हिटर्स के धैर्य और परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की क्षमता की कड़ी परीक्षा होगी।
आयरलैंड के खिलाफ 0-2 की शिकस्त के साथ उनके टी20 सीरीज के अजेय रथ पर ब्रेक लग गया है। अब भारत और इंग्लैंड की टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज में एक दूसरे के सामने होंगी।
Today Cricket Live Score IND vs ENG 1st T20i 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई थी, लेकिन अब वह वापसी करना चाहेगी।