तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 45 ओवर में तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए थे और इंग्लैंड को पहली पारी में 284 रन पर समेट दिया था और 132 रन की बढ़त हासिल की थी। इस लिहाज से टीम इंडिया की दूसरी पारी में अब तक बढ़त 257 रन की हो चुकी है।
भारत के लिए चेतेश्वर पुजारा ने अच्छी बल्लेबाजी की है और तीसरे दिन के आखिरी ओवर में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 139 गेंदों पर टेस्ट करियर का 33वां अर्धशतक जड़ा और नाबाद पवेलियन लौटे। वहीं, ऋषभ पंत उनका साथ निभा रहे हैं और 46 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 91 गेंदों में 50 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।
दूसरी पारी में शुभमन गिल चार रन, हनुमा विहारी 11 रन और विराट कोहली 20 रन बनाकर आउट हुए। जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला।
भारत ने अपनी दूसरी पारी में 38 ओवर में तीन विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा अपने 33वें अर्धशतक के करीब हैं। वह 123 गेंदों पर 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, ऋषभ पंत 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया की बढ़त भी अब 240 रन की हो चुकी है। विराट कोहली तीसरे विकेट के रूप में 20 रन बनाकर आउट हुए।
टीम इंडिया को दूसरी पारी में 30वें ओवर में 75 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। विराट कोहली 40 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कप्तान बेन स्टोक्स ने जो रूट के हाथों कैच कराया। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 33 रन और ऋषभ पंत एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। कोहली और पुजारा के बीच 32 रन की साझेदारी हुई। भारत की बढ़त अब तक 208 रन की हो चुकी है।
भारत ने अपनी दूसरी पारी में 28 ओवर में दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 33 रन और विराट कोहली 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ही खिलाड़ी चार-चार चौके लगा चुके हैं। वहीं, दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक साझेदारी भी 32 रन की हो चुकी है। भारत की कुल बढ़त अब तक 207 रन की हो चुकी है। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 132 रन की बढ़त मिली थी।
अपनी दूसरी पारी में भारत ने 20 ओवर तक दो विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल पुजारा 62 गेंदों में 27 रन और विराट कोहली 12 गेंदों में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोहली हनुमा विहारी के आउट होने पर मैदान में आए थे और अब तक तीन चौके लगा चुके हैं। भारत की बढ़त भी 190 रन से ज्यादा की हो चुकी है।
दूसरी पारी में भारत को 43 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। स्टुअर्ट ब्रॉड ने हनुमा विहारी को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। विहारी 11 रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद दूसरी पारी में भारत का स्कोर दो विकेट पर 47 रन है। कोहली ने मैदान पर आते ही 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रॉड की गेंद पर शानदार कवर ड्राइव लगाया। टीम इंडिया की बढ़त अब तक 179 रन की हो चुकी है।
चायकाल के बाद खेल शुरू हो चुका है। भारतीय टीम ने 15 ओवर में एक विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 18 रन और हनुमा विहारी 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम की बढ़त 170 से ज्यादा रन की हो चुकी है।
तीसरे दिन चायकाल तक भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 17 रन और हनुमा विहारी 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 33 रन की साझेदारी हो चुकी है। जेम्स एंडरसन ने शुभमन गिल को आउट किया। वह चार रन बना सके। दूसरी पारी में टीम इंडिया की बढ़त अब तक 169 रन की हो चुकी है। भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमट गई।
भारत ने दूसरी पारी में नौ ओवर में एक विकेट गंवाकर 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 15 रन और हनुमा विहारी दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब तक 159 रन की बढ़त मिल चुकी है। इंग्लैंड की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी।
दूसरी पारी में भारत को चार के स्कोर पर पहला झटका लगा। जेम्स एंडरसन ने शुभमन गिल को जैक क्रॉली के हाथों कैच कराया। वे चार रन बना सके। शुभमन दोनों पारियों में फेल रहे। पहली पारी में शुभमन 17 रन बना सके थे। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी क्रीज पर हैं। पहली पारी में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर ऑलआउट हुई। इस आधार पर टीम को 132 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत ने पांच ओवर में एक विकेट पर 19 रन बना लिए हैं।
भारत ने इंग्लैंड को पहली पारी में 284 रन पर समेट दिया है। भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया को दूसरी पारी में 132 रन की बढ़त हासिल है। तीसरे दिन इंग्लैंड ने पांच विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने जॉनी बेयरस्टो के साथ छठे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाई।
स्टोक्स 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बेयरस्टो ने सैम बिलिंग्स के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच बेयरस्टो ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया। यह उनका टेस्ट में लगातार तीसरा शतक रहा। बेयरस्टो को मोहम्मद शमी ने विराट कोहली के हाथों कैच कराया।
बेयरस्टो 106 रन बना सके। इसके बाद सिराज ने बिलिंग्स, स्टुअर्ट ब्रॉड और मैटी पॉट्स को पवेलियन भेज इंग्लैंड की पारी को समेट दिया। एंडरसन छह रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, बुमराह ने तीन और शमी ने दो विकेट झटके। शार्दुल ठाकुर को एक विकेट मिला।
इंग्लैंड की पारी के 60वें ओवर में इंग्लिश टीम को नौवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने सैम बिलिंग्स को क्लीन बोल्ड किया। बिलिंग्स 36 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल जेम्स एंडरसन और मैटी पॉट्स क्रीज पर हैं। इससे पहले जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन पारी खेली थी और 106 रन बनाकर शमी की गेंद पर आउट हुए थे।
56वें ओवर में 248 पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। ब्रॉड एक रन बना सके। फिलहाल मैटी पॉट्स और सैम बिलिंग्स क्रीज पर हैं। इससे पहले जॉनी बेयरस्टो को शमी ने आउट किया। बेयरस्टो 106 रन बनाकर आउट हुए।
जॉनी बेयरस्टो शानदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। 55वें ओवर में 241 के स्कोर पर इंग्लैंड को सातवां झटका लगा। मोहम्मद शमी ने बेयरस्टो को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। इसके बाद कोहली ने बेयरस्टो को फ्लाइंग किस भी दी। दरअसल, दोनों के बीच आज बहस भी हुई थी। बेयरस्टो 140 गेंदों पर 106 रन बनाकर आउट हुए। बेयरस्टो ने सैम बिलिंग्स के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल बिलिंग्स और स्टुअर्ट ब्रॉड मैदान पर हैं।
जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 119 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ टेस्ट में उनका पहला शतक है। वहीं, टेस्ट में लगातार तीसरा शतक है। इससे पहले बेयरस्टो ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले दो टेस्ट में 136 और 162 रन की पारी खेली थी।
वहीं, यह बेयरस्टो का लगातार चौथा 50 प्लस स्कोर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 136 रन बनाए। इसके बाद लीड्स में बेयरस्टो ने पहली पारी में 162 रन और दूसरी पारी में नाबाद 71 रन बनाए थे। अब भारत के खिलाफ उन्होंने शतक जड़ा है।
बारिश की वजह से पहले ही लंच ले लिया गया था। अब उसके बाद फिर से खेल शुरू हो चुका है। इंग्लैंड ने छह विकेट गंवाकर 204 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो अपने 11वें शतक से बस पांच रन दूर हैं। वहीं, सैम बिलिंग्स सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बारिश के कारण खेल रुक चुका है। आज के दिन में पहली बार बारिश के कारण खेल रुका है। जॉनी बेयरस्टो 91 और सैम बिलिंग्स सात रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारत ने आखिरी 10 ओवर में 61 रन खर्चे हैं। इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 200 रन हो चुका है। अंपायरों ने लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण खेल रुकने के कारण निर्धारित समय से पहले लंच का एलान किया है।
जॉनी बेयरस्टो और सैम बिलिंग्स के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, बिलिंग्स ने इस साझेदारी में सिर्फ सात रन का योगदान दिया है, लेकिन बेयरस्टो बहुत ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें एक जीवनदान भी मिल चुका है। शार्दुल ठाकुर की गेंद पर अंपायर अलीम डार ने उन्हें आउट करार दिया था, लेकिन बेयरस्टो ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी और गेंद उनके बल्ले पर लगी थी। इस तरह बेयरस्टो को जीवनदान मिल गया।
जॉनी बेयरस्टो और सैम बिलिंग्ल मिलकर तेजी से इंग्लैड का स्कोर 200 के करीब ले जा रहे हैं। बिलिंग्स एक छोर पर संभलकर खेल रहे हैं और बेयरस्टो तेज से रन बना रहे हैं। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड के लिए रन तेजी से आ रहे हैं।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स 25 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर की गेंद पर कप्तान जसप्रीत बुमराह ने उनका कैच पकड़ा। इससे ठीक पहले बुमराह ने स्टोक्स का आसान कैच छोड़ा था, लेकिन अगली ही गेंद पर उन्होंने शानदार डाइव लगाकर स्टोक्स को पवेलियन भेज दिया। अब जॉनी बेयरस्टो और सैम बिलिंग्स क्रीज पर हैं।
शानदार फॉर्म में चल रहे इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 81 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका 24वां अर्धशतक है।
शार्दुल ठाकुर ने इस मैच में बेन स्टोक्स का अहम कैच छोड़ा है। भारतीय टीम को यह कैच भारी पड़ सकता है। इंग्लैंड के कप्तान को 18 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला है। मोहम्मद शमी की गेंद पर बेन स्टोक्स ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की थी। गेंद और बल्ले का संपर्क अच्छा नहीं था और गेंद हवा में काफी ऊपर गई थी। भारतीय फील्डर के पास गेंद के नीचे आने के लिए भरपूर समय था। शार्दुल ठाकुर गेंद के नीचे पहुंचे और उनके दोनों हाथ भी गेंद पर लगे, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई। यह आसान कैच छोड़ना भारत के लिए बहुत महंगा पड़ सकता है।
मैच के तीसरे दिन विराट कोहली इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो से भिड़ गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ नोक-झोंक हुई और फिर अलग हो गए। हालांकि, बात आगे नहीं बढ़ी। अंपायर ने विराट कोहली और इंग्लैंड के दोनों बल्लेबाजों से बात की। वहीं, ओवर खत्म होने के बाद विराट ने बेन स्टोक्स के साथ बातचीत की और जॉनी बेयरस्टो के साथ चीजें सामान्य करने के लिए दोस्ताना मुक्का (पंच) भी मारा।
आज सुबह से ही अच्छी धूप खिली हुई है और बल्लेबाजों के लिए हालात आसान हो रहे हैं। इंग्लैंड के दोनों बल्लेबाज सहज दिख रहे हैं। खासकर बेन स्टोक्स आसानी से रन बना रहे हैं।
तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम आक्रामक अंदाज में खेलने की कोशिश कर रही है। खासकर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ऋषभ पंत के अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने मोहम्मद शमी के खिलाफ आगे बढ़कर कुछ शॉट खेले हैं और भारतीय गेंदबाजओं की लय बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पांच विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 100 रन हो चुका है।
तीसरे दिन का खेल समय पर शुरू हो चुका है। इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। बेयरस्टो 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, स्टोक्स ने अब तक अपना खाता नहीं खोला है। एजबेस्टन में अब तक मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। हालांकि, शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है।
एजबेस्टन के मैदान पर तीसरे दिन भी मौसम बहुत अच्छा नहीं रहेगा। शुरुआती एक घंटे में बादल छाए रहेंगे। इसके बाद दूसरे घंटे में बारिश होने की संभावना है। दोपहर में धूप खिलेगी और खेल हो सकेगा, लेकिन बादल आते-जाते रहेंगे और भी बारिश की वजह से रुकता रहेगा। ऐसे में बल्लेबाजों को परेशानी होगी, जबकि गेंदबाजों को मदद मिलेगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला जा रहा है। आज मुकाबले का तीसरा दिन है। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 416 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 84 रन बनाए थे। आज मैच का तीसरा दिन है।
इस सीरीज में भारत फिलहाल 2-1 के अंतर से आगे है और यह मैच जीतकर या ड्रॉ कराकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा। हालांकि, पिच को देखते हुए इस मैच के ड्रॉ होने की संभावना बेहद कम दिखती है। अगर भारत यह सीरीज जीत पाता है तो 2007 के बाद यह पहला मौका होगा, जब टीम इंडिया इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट मैच जीतेगी।
पहली पारी में भारत का बड़ा स्कोर
पहली पारी में भारत ने रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत के शतक की बदौलत 416 रन का स्कोर बनाया। एक वक्त भारत ने 98 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल 17 रन, चेतेश्वर पुजारा 13 रन, हनुमा विहारी 20 रन, विराट कोहली 11 रन और श्रेयस अय्यर 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने मिलकर कमाल की पारी खेली और भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी निभाई। पंत ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। वह 111 गेंदों पर 146 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में पंत ने 19 चौके और चार छक्के लगाए। जडेजा 104 रन बनाकर एंडरसन का शिकार बने।
अंत में जसप्रीत बुमराह ने एक ओवर में 35 रन बटोरकर भारत का स्कोर 416 तक पहुंचाया। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन ने पांच विकेट लिए।
इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 84 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही है। जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। इन्हीं दोनों बल्लेबाजों पर इंग्लैंड को मुश्किल हालातों से बाहर निकालने की जिम्मेदारी है।