भारत-इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। पहले दिन भारत ने सात विकेट गंवाकर 338 रन बनाए। एक वक्त भारत ने 98 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल 17 रन, चेतेश्वर पुजारा 13 रन, हनुमा विहारी 20 रन, विराट कोहली 11 रन और श्रेयस अय्यर 15 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने मिलकर कमाल की पारी खेली और भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी निभाई। पंत ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया। वह 111 गेंदों पर 146 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में पंत ने 19 चौके और चार छक्के लगाए। उन्हें जो रूट ने आउट किया।
वहीं, जडेजा ने टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक लगाया। शार्दुल ठाकुर एक रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल जडेजा 83 रन बनाकर और मोहम्मद शमी शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन ने अब तक तीन विकेट और मैटी पॉट्स ने दो विकेट लिए हैं। रूट और स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला।
323 के स्कोर पर भारत को सातवां झटका लगा। बेन स्टोक्स ने शार्दुल ठाकुर को शॉर्ट पिच बॉल पर आउट किया। गेंद शार्दुल के ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर सैम बिलिंग्स के पास पहुंची। शार्दुल एक रन बना सके। फिलहाल रवींद्र जडेजा 68 रन और मोहम्मद शमी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
ऋषभ पंत की साहसी पारी समाप्त हुई। 67वें ओवर में 320 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। पंत 111 गेंदों पर 146 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जो रूट ने स्लिप में क्रॉली के हाथों कैच कराया। पंत ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी निभाई। यह टेस्ट में विदेशी जमीन पर छठे विकेट के लिए संयुक्त रूप से सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले सचिन तेंदुलकर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1997 में केप टाउन में छठे विकेट के लिए 222 रन की ही साझेदारी की थी।
वहीं, यह पांचवें या इससे नीचे के विकेट के लिए इंग्लैंड में टीम इंडिया की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल और ऋषभ पंत के नाम था। इन दोनों ने 2018 में केनिंग्टन ओवल में छठे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी निभाई थी। 67 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 321 रन है। फिलहाल रवींद्र जडेजा 68 रन और शार्दुल ठाकुर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
98 पर भारत का पांचवां विकेट गिरा था। इसके बाद पंत और जडेजा मिलकर भारत को 320 रन तक लेकर आए। दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
65 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 310 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 138 रन और रवींद्र जडेजा 67 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक छठे विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह पांचवें या इससे नीचे के विकेट के लिए इंग्लैंड में टीम इंडिया की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल और ऋषभ पंत के नाम था। इन दोनों ने 2018 में केनिंग्टन ओवल में छठे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी निभाई थी।
62 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 289 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 129 रन और रवींद्र जडेजा 55 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 191 रन की साझेदारी हो चुकी है।
ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में गजब की पारी खेलते हुए 89 गेंदों पर शतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का पांचवां शतक रहा। जिसमें से तीन शतक उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लगाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में यह पंत का दूसरा शतक है।
वह इंग्लैंड में दो शतक लगाने वाले पहले विपक्षी टीम के विकेटकीपर बन गए हैं। पंत ने अपने 31 टेस्ट में से सिर्फ आठ टेस्ट भारत में खेले हैं। बाकी टेस्ट उन्होंने विदेशी जमीन पर ही खेले हैं। अपने पांच टेस्ट शतकों में से पंत ने चार शतक विदेशी जमीन पर ही लगाए हैं।
पंत ने 89 गेंदों पर शतक लगाया। यह एजबेस्टन के मैदान पर सबसे तेज शतक है। एजबेस्टन में 1902 से क्रिकेट खेला जा रहा है और वहां किसी भी बल्लेबाज ने 100 से कम बॉल में सेंचुरी नहीं लगाई है। पंत जब 80 रन पर थे, तो उन्होंने टेस्ट में अपने 2000 रन भी पूरे किए थे। वे ऐसा करने वाले भारत के चौथे विकेटकीपर बल्लेबाज बने।
जडेजा का अर्धशतक
इसी के साथ जडेजा ने भी अर्धशतक पूरा किया। 58 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट पर 251 रन बना लिए हैं। फिलहाल जडेजा 51 रन और पंत 102 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 150 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 98 पर पांचवां विकेट गिरा था, तब से लेकर अब तक दोनों बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पंत शतक लगाने के बाद
भारत ने 56 ओवर के बाद पांच विकेट पर 230 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 88 रन और रवींद्र जडेजा 44 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंत अपने पांचवें टेस्ट शतक से बस 12 रन दूर हैं। पंत और जडेजा के बीच 130 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत ने 52 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 217 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 86 रन और रवींद्र जडेजा 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 80 रन बनाने के साथ ही पंत ने टेस्ट में दो हजार रन भी पूरे कर लिए। पंत ने 31 टेस्ट की 52वीं पारी में 2000 रन पूरे किए। पंत और जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 110 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
49वें ओवर में ऋषभ पंत ने मैटी पॉट्स की लगातार दो गेंदों पर दो चौके लगाए। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 202 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत 71 गेंदों पर 76 रन और रवींद्र जडेजा 76 गेंदों पर 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 100 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
चायकाल के बाद मैच शुरू हो चुका है। भारत ने 45 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 61 रन और रवींद्र जडेजा 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
ऋषभ पंत का टेस्ट में शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। 43वें ओवर में पंत ने जैक लीच की गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने इसी सीरीज के चौथे टेस्ट में केनिंग्टन ओवल की दूसरी पारी में 50 रन बनाए थे।
वहीं, पंत की यह टेस्ट में लगातार दूसरी फिफ्टी भी है। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एम चिन्नास्वामी में खेले गए टेस्ट में 50 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ यह पंत का चौथा अर्धशतक रहा।
टी ब्रेक तक 44 ओवर में भारत ने पांच विकेट पर 174 रन बना लिए हैं। पंत 52 गेंदों पर 53 रन और रवींद्र जडेजा 65 गेंदों पर 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक छठे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी हो चुकी है।
28वें ओवर में 98 पर भारत का पांचवां विकेट गिरा था। इसके बाद से पंत और जडेजा ने मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और 16 ओवर से एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन ने अब तक तीन और मैटी पॉट्स ने दो विकेट लिए हैं।
37वें ओवर में इंग्लैंड के कप्तान ने बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच को गेंदबाजी पर लगाया। इस ओवर में ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दो चौके और एक छक्का जड़ा और 14 रन बटोरे। 38 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 150 रन है। पिछले पांच ओवर में भारत ने 40 रन बनाए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 40 गेंदों पर 26 रन और ऋषभ पंत 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 52 रन की साझेदारी हो चुकी है। 98 पर भारत का पांचवां विकेट गिरा था, तब से लेकर अब तक जडेजा और पंत ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है।
36 ओवर के बाद भारतीय टीम ने पांच विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 25 रन और रवींद्र जडेजा 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों के बाद भारत की ज्यादा बल्लेबाजी नहीं बची है। इसके बाद शार्दुल ठाकुर बल्लेबाजी के लिए आएंगे। वहीं, उनके बाद पुछल्ले बल्लेबाजों का आना शुरू हो जाएगा। ऐसे में पंत और जडेजा पर टीम इंडिया को अच्छे स्कोर तक ले जाने की जिम्मेदारी होगी।
32 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा छह रन और ऋषभ पंत 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 32वें ओवर की आखिरी गेंद पर जडेजा ने कवर में शॉट लगाया, जिसे इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने डाइव मारकर रोक लिया। हालांकि, वे अपनी कमर में चोट लगा बैठे। भारत की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही है। शुभमन गिल 17 रन, चेतेश्वर पुजारा 13 रन, हनुमा विहारी 20 रन, विराट कोहली 11 रन और श्रेयस अय्यर 15 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन ने तीन विकेट और मैटी पॉट्स ने दो विकेट लिए हैं।
98 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। 28वें ओवर में जेम्स एंडरसन ने श्रेयस अय्यर को विकेटकीपर सैम बिलिंग्स के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदों पर तीन चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। 28 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 98 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। जेम्स एंडरसन तीन और मैटी पॉट्स दो विकेट ले चुके हैं
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली का खराब फॉर्म जारी है। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में विराट 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैटी पॉट्स ने बोल्ड किया। पॉट्स की गेंद विराट के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी। ऐसे में विराट के शतकों का सूखा जारी है। नवंबर 2019 के बाद से विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन फॉर्मेट में से किसी में शतक नहीं लगा पाए हैं। 25 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। श्रेयस ने मैदान पर आते ही पॉट्स की गेंद पर दो बेहतरीन चौके लगाए। बारिश के बाद मैच शुरू होने के बाद से भारत ने दो विकेट गंवा दिए हैं। हनुमा विहारी और विराट कोहली पवेलियन लौट चुके हैं। दोनों को पॉट्स ने आउट किया। पॉट्स के अलावा एंडरसन भी दो विकेट ले चुके हैं।
23वें ओवर में 64 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। मैटी पॉट्स ने हनुमा विहारी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। विहारी 53 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। विहारी को छह रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था। वह इसका फायदा नहीं उठा सके। 23 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत एक रन और विराट कोहली 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बारिश से करीब दो घंटे का खेल बाधित रहने के बाद मैच फिर से शुरू हो चुका है। दूसरे सत्र का खेल जारी है। 21 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली पांच रन और हनुमा विहारी 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बारिश रुक चुकी है और कवर्स भी हटा लिए गए हैं। शाम छह बजकर 45 मिनट पर मैच दोबारा शुरू होगा। आज कुल मिलाकर 90 ओवर की जगह लगभग 84 ओवर का खेल होना है, जिसमें से 20 ओवर का खेल हो चुका है। दूसरा सत्र शाम 6.45 से लेकर 8.45 तक चलेगा। इसके बाद चायकाल लिया जाएगा। फिर रात नौ बजे से रात 11 बजे तक तीसरे सत्र का खेल होगा। कल यानी दूसरे दिन 97 ओवर का खेला होगा।
फिलहाल भारत ने 20.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और हनुमा विहारी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, शुभमन गिल 17 रन और चेतेश्वर पुजारा 13 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। दोनों को जेम्स एंडरसन ने पवेलियन भेजा।
जब लग रहा था कि मैच शुरू हो सकता है, बारिश ने फिर खलल डाला। दोबारा से बारिश शुरू हो चुकी है। कवर्स से पिच को ढक दिया गया है। आज बारिश की वजह से दिन का खेल बाधित रह सकता है। मैच के दौरान 55 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई थी। फिलहाल भारत ने 20.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और हनुमा विहारी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, शुभमन गिल 17 रन और चेतेश्वर पुजारा 13 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। दोनों को जेम्स एंडरसन ने पवेलियन भेजा।

बारिश रुक चुकी है। पिछले 20 मिनट से एजबेस्टन में कोई बारिश नहीं हुई और आसमान भी साफ दिख रहा है। शाम छह बजकर 15 मिनट पर अंपायर फील्ड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मैच शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। सुपरसोपर्स अपने काम में जुट गए हैं।
20.1 ओवर का खेल हो पाया था कि बारिश ने मैच में खलल डाला। तेज बारिश की वजह से अंपायर ने खेल रोकने का फैसला लिया। पिच को कवर्स से ढक दिया गया है। मैच रुकने तक 20.1 ओवर में भारत ने दो विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए थे। फिलहाल विराट कोहली सात गेंदों पर एक रन और हनुमा विहारी 46 गेंदों पर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
एंडरसन ने शुभमन गिल और पुजारा को पवेलियन भेज दिया है। शुभमन 17 रन और पुजारा 13 रन बनाकर आउट हुए। दोनों को एंडरसन ने स्लिप में क्रॉली के हाथों कैच कराया। अंपायर ने बारिश की वजह से समय से पहले लंच लेने का फैसला लिया। मैच जब शुरू होगा तो विराट कोहली और जेम्स एंडरसन आमने-सामने होंगे।

विराट कोहली
पुजारा के आउट होने के बाद कोहली मैदान पर आए हैं। उनके सामने तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की चुनौती है। एंडरसन ने कोहली को टेस्ट में सात बार आउट किया है। ऐसे में दोनों के बीच टक्कर देखने लायक होगी।
Virat vs Anderson: एजबेस्टन में एंडरसन और कोहली आमने-सामने, जानें दो दिग्गजों की जंग में कौन भारी
46 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर एंडरसन ने पुजारा को स्लिप में खड़े क्रॉली के हाथों कैच कराया। पुजारा 46 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 46 रन है। फिलहाल विराट कोहली और हनुमा विहारी क्रीज पर हैं।
15 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 38 गेंदों पर 13 रन और हनुमा विहारी 29 गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 14वें ओवर में पुजारा पाकिस्तान के अंपायर अलीम डार पर भड़क गए। दरअसल, स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद जाकर पुजारा के बैटिंग पैड पर लगी। फील्ड अंपायर अलीम डार ने पुजारा को आउट दिया। इसके बाद पुजारा गुस्से में अंपायर की ओर बढ़े और डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) का इस्तेमाल किया। रिप्ले में गेंद स्टंप के ऊपर से निकल रही थी। ऐसे में थर्ड अंपायर ने पाक अंपायर डार से अपना फैसला बदलने को कहा। इस तरह पुजारा नॉटआउट रहे।
10 ओवर के बाद टीम इंडिया ने एक विकेट पर 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 25 गेंदों पर सात रन और हनुमा विहारी 12 गेंदों पर दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों पर भारतीय टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। शुभमन गिल 17 रन बनाकर आउट हुए।
IND vs ENG: टेस्ट शुरू होने से पहले दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज जो रूट को किया गया सम्मानित, जानें वजह
27 पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा। जेम्स एंडरसन ने शुभमन गिल को स्लिप में जैक क्रॉली के हाथों कैच कराया। शुभमन 24 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 29 रन है। फिलहाल हनुमा विहारी और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने पहले ओवर में पांच रन बनाए। शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने पारी की शुरुआत की है और दोनों क्रीज पर बने हुए हैं।
भारत: शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह (कप्तान)।
इंग्लैंड: एलेक्स लीस, जैक क्रॉली, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), मैथ्यू पॉट्स, स्टुअर्ट ब्रॉड, जैक लीच, जेम्स एंडरसन।
भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा गुरुवार को ही कर दी थी। वहीं, भारतीय कप्तान बुमराह ने प्लेइंग-11 की घोषणा आज की।
टॉस के वक्त कप्तान जसप्रीत बुमराह ने कहा- यह एक अच्छा अहसास है (कप्तान बनना)। इससे बेहतर नहीं हो सकता। मैं इसके लिए उत्साहित हूं और चुनौती के लिए तैयार हूं। टीम की तैयारी शानदार है। हम टी-20 के बाद यहां इंग्लैंड की परिस्थितियों को समझने के लिए ज्यादा से ज्यादा समय चाहिए था, जो हमने बिताया। तैयारी से खुश हूं, अब मानसिक पक्ष की जिम्मेदारी है। ऑलराउंडर के रूप में जड्डू खेल रहे और उसके साथ चार गेंदबाज- मैं, सिराज, शार्दुल और शमी।
टॉस के वक्त इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा- हमने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है और यह भी देखना है कि विकेट कैसा व्यवहार करता है। नई सीरीज में इतनी जल्दी आना जाहिर तौर पर अच्छा है। यह हमें मोमेंटम बनाए रखने में मदद करेगा।। हम वही रवैया जारी रखेंगे।
एजबेस्टन में भारतीय टीम 1967 से लेकर 2018 के बीच कुल सात टेस्ट मैच खेल चुकी है। इनमें से छह मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 1986 में एक मैच ड्रॉ हुआ था। छह में से तीन बार तो भारत को पारी से हार का सामना करना पड़ा है, जबकि बाकी तीन हार 132 रन, आठ विकेट और 31 रन के अंतर से हुई हैं। 2018 में मिली हार ही एकमात्र ऐसी हार थी, जहां भारत के पास जीत का मौका था। इसके अलावा बाकी मैचों में इंग्लैंड पूरी तरह भारत पर हावी रहा है।
टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम भारत पर हावी रही है। दोनों टीमों के बीच 130 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इनमें से 49 मैच इंग्लैंड और 31 मैच भारत के नाम रहे हैं। 50 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए। वहीं, इंग्लैंड के धरती में दोनों टीमों ने 65 मैच खेले हैं। भारत इनमें से सिर्फ नौ मैच जीत पाया है, जबकि इंग्लैंड ने 34 मैच अपने नाम किए हैं। 22 मैच ड्रॉ रहे हैं।
टीम इंडिया पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। आखिरी मैच जीतने या ड्रॉ कराने पर भारत यह सीरीज अपने नाम करेगा। वहीं, इंग्लैंड की टीम आखिरी मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करना चाहेगी। हालांकि, एजबेस्टन में भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब है और यह सीरीज जीतने के लिए टीम इंडिया को इतिहास बदलना होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच अधूरी टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच एजबेस्टन के मैदान में खेला जा रहा है। पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-1 के अंतर से आगे है। अब जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में टीम इंडिया यह मैच जीतने या ड्रॉ कराने की कोशिश करेगी। ऐसा होने पर भारत 15 साल बाद इंग्लैंड की जमीन पर टेस्ट सीरीज जीत लेगा। वहीं, इंग्लैंड यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 के साथ ड्रॉ पर खत्म करना चाहेगा।
इससे पहले भारत ने 2007 में इंग्लैंड की धरती पर कोई टेस्ट सीरीज जीती थी। उस समय द्रविड़ की कप्तानी में टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-0 के अंतर से अपने नाम की थी।