फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: मैक्सवेल के शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया जीता, आखिरी ओवर में 21 रन नहीं बचा सकी टीम इंडिया

Tue, 28 Nov 2023 11:02 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

खास बातें

India vs Australia 3rd T20 2023  Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैथ्यू वेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 222 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर स्कोर चेज कर लिया। 
ये भी पढ़ें
IND vs AUS 2nd T20 Highlights: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 44 रन से हराया, पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई
IND vs AUS Live Streaming: ऑस्ट्रेलिया से गुवाहाटी में बदला लेने उतरेगा भारत, जानें फ्री में कहां देखें मैच
विज्ञापन
मैक्सवेल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:46 PM, 28-Nov-2023

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में भारत को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए थे। ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंद में 123 रन की पारी खेली थी। जवाब में आखिरी ओवर में भारतीय टीम को 21 रन बचाने थे। प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन टीम इंडिया यह रन नहीं बचा सकी। मैक्सवेल और वेड ने इतने रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। वेड ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया। फिर दूसरी गेंद पर एक रन आया। इसके बाद तो मैक्सवेल ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। फिर चौथी गेंद पर चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर मैक्सवेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में चौथा शतक पूरा किया। उन्होंने 47 गेंद में शतक लगाया। आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को दो रन की दरकार थी और मैक्सवेल ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। मैक्सवेल 48 गेंद पर 104 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, मैथ्यू वेड 16 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। मैक्सवेल अब रोहित शर्मा के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में वापसी की है। भारत अब भी सीरीज में 2-1 से आगे है। सीरीज का चौथा मैच एक दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा। 

10:10 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: मैक्सवेल का अर्धशतक

ग्लेन मैक्सवेल ने 28 गेंद पर टी20 करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अर्शदीप सिंह की गेंद पर रिवर्स लैप से छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी पांच ओवर में 78 रन की जरूरत है।

10:02 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका

ऑस्ट्रेलिया को 14वें ओवर में रवि बिश्नोई ने झटका दिया। उन्होंने टिम डेविड को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। डेविड खाता भी नहीं खोल सके। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 136 रन है। फिलहाल मैथ्य वेड और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को 36 गेंद में 87 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
09:55 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका

ऑस्ट्रेलिया को 13वें ओवर में 128 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। अक्षर पटेल ने मार्कस स्टोइनिस को सूर्या के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंद में 17 रन बना सके। स्टोइनिस ने मैक्सवेल के साथ 41 गेंद में 60 रन की साझेदारी निभाई। अब ऑस्ट्रेलिया को 42 गेंद में 95 रन की जरूरत है। फिलहाल मैक्सवेल और टिम डेविड क्रीज पर हैं।

09:27 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को सातवें ओवर में 68 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने छह गेंद में 10 रन बनाने वाले जोश इंग्लिस को क्लीन बोल्ड किया। सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 73 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल चार रन और मार्कस स्टोइनिस दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:22 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को छठे ओवर में 66 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। आवेश खान ने ट्रेविस हेड को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। हेड ने 18 गेंद में आठ चौके की मदद से 35 रन की पारी खेली। छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 67 रन है। जोश इंग्लिस और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं।

09:15 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

पांचवें ओवर में 47 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने एरॉन हार्डी को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 12 गेंद में 16 रन बना सके। पांच ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 56 रन है। फिलहाल ट्रेविस हेड 31 रन और जोश इंग्लिस पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:03 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया की तेज शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया ने तेज शुरुआत की है। दो ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 25 रन बना लिए हैं। भारत के खिलाफ विश्व कप फाइनल में शतक लगाने वाले ट्रेविस हेड तूफानी पारी खेल रहे हैं। वह 12 गेंद में 25 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:42 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 223 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 223 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंद में 123 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा तिलक वर्मा 24 गेंद में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 59 गेंद में 141 रन की नाबाद साझेदारी हुई। ऑस्ट्रेलिया ने 20वें ओवर में ग्लेन मैक्सवेल को गेंदबाजी दी। 20वां ओवर मैच में मैक्सवेल का पहला ओवर रहा और इस ओवर में ऋतुराज ने तीन छक्के और एक चौका लगाया। 20वें ओवर में भाृरत ने 30 रन बटोरे। आखिरी पांच ओवर में टीम इंडिया ने 79 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में वापसी करने के लिए 223 रन बनाने होंगे। 

ऋतुराज टी20 में भारत के लिए शतक लगाने वाले आठवें भारतीय बने। उनसे पहले रोहित शर्मा, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, विराट कोहली, दीपक हुड्डा और सुरेश रैना ऐसा कर चुके हैं। वहीं, ऋतुराज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने। ऋतुराज ने अपनी पारी में 13 चौके और सात छक्के लगाए। वहीं, तिलक ने अपनी पारी में चार चौके लगाए। उससे पहले यशस्वी जायसवाल छह रन बनाकर और ईशान किशन खाता खोले बिना आउट हुए थे। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऋतुराज के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी निभाई थी। सूर्या 29 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केन रिचर्डसन, एरॉन हार्डी और जेसन बेहरेनडॉर्फ को एक-एक विकेट मिला।

08:11 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऋतुराज का अर्धशतक

ऋतुराज गायकवाड़ ने तीसरे टी20 में 32 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह टी20 करियर का उनका चौथा अर्धशतक रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो मैचों में दो अर्धशतक लगाए हैं। पहले टी20 में रन आउट होने के बाद दूसरे टी20 में ऋतुराज ने 43 गेंद में 58 रन की पारी खेली थी। अब उन्होंने एक बार फिर अर्धशतक लगाया है। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 132 रन है। फिलहाल ऋतुराज 33 गेंद में 52 रन और तिलक वर्मा 11 गेंद में 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:55 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 11वें ओवर में 81 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। एरॉन हार्डी ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। सूर्या 29 गेंद में 39 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 28 रन और तिलक वर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। सूर्या ने ऋतुराज के साथ तीसरे विकेट के साथ 47 गेंद में 57 रन की साझेदारी निभाई। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 88 रन है।

07:45 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: सूर्यकुमार-ऋतुराज ने संभाली पारी

नौ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 19 गेंद में 20 रन और सूर्यकुमार यादव 24 गेंद में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

07:16 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को तीसरे ओवर में 24 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। केन रिचर्डसन ने ईशान किशन को स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। पांच गेंद खेलने वाले ईशान खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 25 रन है।

07:10 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: भारत को पहला झटका

भारत को पारी के दूसरे ही ओवर में 14 के स्कोर पर झटका लगा। बड़े शॉट के चक्कर में यशस्वी जायसवाल अपना गंवाकर पवेलियन चलते बने। जेसन बेहरेनडॉर्फ की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर मैथ्यू वेड के पास पहुंची और उन्होंने कोई गलती नहीं की। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 18 रन है।

06:46 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: गुवाहाटी में स्टैट्स

गुवाहाटी में टी20 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम नौ मैच जीती है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को चार मैचों में जीत मिली है। भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से भारत ने आठ और ऑस्ट्रेलिया ने चार मैच जीते हैं। गुवाहाटी में टी20 में पहली पारी में औसतन स्कोर 160 रन का है।

06:35 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारतः ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जयसवाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा।

ऑस्ट्रेलियाः ट्रेविस हेड, एरॉन हार्डी, जोश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर/कप्तान), केन रिचर्डसन, नाथन एलिस, तनवीर सांघा, जेसन बेहरेनडॉर्फ।

06:33 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता

तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू वेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऑस्ट्रेलिया ने प्लेइंग-11 में चार बदलाव किए हैं। मैथ्यू शॉर्ट की जगह ट्रेविस हेड की टीम में वापसी हुई है। वहीं, शॉन एबॉट की जगह जेसन बेहरेनडॉर्फ और एडम जाम्पा की जगह केन रिचर्डसन खेल रहे हैं। स्टीव स्मिथ भी यह मैच नहीं खेल रहे, उनकी जगह एरॉन हार्डी को मौका मिली है। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की जगह आवेश खान खेल रहे हैं।

06:07 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों पर थकान हावी

वनडे विश्वकप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा अपनी क्षमताओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बीते नौ सप्ताह से ये क्रिकेटर भारत में हैं और उन पर थकान हावी दिखाई दे रही है। विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया के पास हेजलवुड, स्टार्क, कमिंस जैसे तेज गेंदबाज थे, लेकिन यहां सीन एबोट और एलिस वैसी धार नहीं दिखा पाए हैं।

06:07 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: गेंदबाजों ने दूसरे मैच में किया पलटवार

पहले मैच में 208 रन खर्च करने के बाद दूसरे मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। खासतौर पर प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट लेकर अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाया। पहले मैच में जोश इंग्लिस और स्टीव स्मिथ उन पर भारी पड़े थे, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने अपनी तेजी से अच्छी वापसी की। बिश्नोई तिरुवनंतपुरम में गेंदबाजी में बड़ा अंतर साबित हुए। उन्होंने शुरुआती विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की लय बिगाड़ी।

06:06 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: शीर्ष क्रम ने खूब बनाए हैं रन

भारतीय शीर्ष क्रम ने पिछले दो मैचों में जमकर रन बरसाए हैं। यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ और सूर्यकुमार यादव एक-एक अर्धशतक लगा चुके हैं। वहीं वनडे विश्वकप में ज्यादा मौके नहीं पाने वाले ईशान किशन ने दो अर्धशतक लगाए हैं। रिंकू सिंह ने दोनों मैचों में जिस तरह की बल्लेबाजी की है। उससे यह लगने लगा है कि इस प्रारूप में वह भारतीय टीम के नंबर छह के नियमित दावेदार बन जाएंगे। रिंकू ने तिरुवनंतपुरम में सिर्फ नौ गेंद में नाबाद 31 रन की पारी खेली। तिलक नंबर पांच पर खेलते हैं। यह देखने वाली बात होगी कि सूर्यकुमार यादव यहां उन्हें अपने से ऊपर के क्रम में खेलने का मौका देते हैं या नहीं।

06:03 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: फिर बरसेंगे रन

बरसापारा स्टेडियम की पिच हमेशा बल्लेबाजों की सहायक रही है। इस बार भी यही उम्मीद है कि यहां पिछले दो मैचों की तरह रन बरसेंगे। मुकाबले के दौरान 40 हजार दर्शकों से स्टेडियम भरा रहने की उम्मीद है। भारत ने दो मैचों में 36 बाउंड्री और 24 छक्के लगाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों के सामने यहां इनकी संख्या बढ़ाने का अच्छा मौका होगा।

06:03 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: तिलक के लिए अहम होगा मैच

लगातार 12वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे तिलक वर्मा के लिए यह मुकाबला अहम रहेगा। पिछले दो मैचों में उन्हें बल्लेबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला। उन्होंने दो पारियों में सिर्फ 12 गेंदें ही खेली हैं। वनडे विश्वकप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम के सदस्य श्रेयस अय्यर की रायपुर और बंगलूरू में होने वाले चौथे और पांचवें मैच के लिए टीम में वापसी हो रही है। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि श्रेयस अंतिम एकादश में तिलक के स्थान पर वापसी करेंगे। वह अंतिम दो मैचों में ऋतुराज गायकवाड़ के स्थान पर टीम की उपकप्तानी भी करेंगे। यही कारण है कि तिलक से इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

06:02 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Live: अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगी टीम इंडिया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मंगलवार को भारतीय टीम पहली बार ऑस्ट्रेलिया से लगातार तीसरी टी-20 सीरीज जीतने के लिए उतरेगी। पांच मैचों की सीरीज में भारत पहले दो मैच जीतकर 2-0 की बढ़त पर है। तीसरा मैच जीतने पर भारतीय टीम सीरीज में अजेय 3-0 की बढ़त ले लेगी। बीते तीन वर्षों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया से तीन मैचों की दो टी-20 सीरीज 2-1 के अंतर से जीती हैं।

05:23 PM, 28-Nov-2023

IND vs AUS Highlights: मैक्सवेल के शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया जीता, आखिरी ओवर में 21 रन नहीं बचा सकी टीम इंडिया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया फिलहाल सीरीज में 2-0 से आगे है। यह मैच जीतते ही भारतीय टीम अजेय बढ़त हासिल कर लेगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्क्वॉड में कई बदलाव भी किए हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि आज के मैच में किसे मौका मिलता है। वहीं, भारतीय टीम इस मैच में भी बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतर सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें