नागपुर टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारतीय टीम ने सात विकेट खोकर 321 रन बना लिए हैं। अक्षर पटेल 52 और रवींद्र जडेजा 66 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहली पारी के आधार पर भारत को 144 रन की बढ़त मिल चुकी है। टीम इंडिया के अभी भी तीन विकेट बचे हुए हैं। ऐसे में भारत मैच के तीसरे दिन बड़ा स्कोर बनाना चाहेगा, ताकि उसे मैच की चौथी पारी में बल्लेबाजी न करनी पड़े।
मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए। 49 रन बनाने वाले मार्नस लाबुशेन टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। स्टीव स्मिथ ने 37 और एलेक्स कैरी ने 36 रन बनाए। भारत के लिए जडेजा ने पांच और अश्विन ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने सात विकेट खोकर 321 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 120 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉड मर्फी पांच विकेट ले चुके हैं, लेकिन भारत के पास 144 रन की बढ़त हो चुकी है। अगर मैच के तीसरे दिन भारत 50 रन और बना लेता है तो टीम इंडिया आसानी से मैच अपने नाम कर सकती है।
रवींद्र जडेजा के बाद अक्षर पटेल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 94 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। अक्षर अब तक अपनी पारी में आठ चौके लगा चुके हैं। उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर बेहतरीन साझेदारी की है और टीम इंडिया को बेहतरीन स्थिति में पहुंचा दिया है।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। जडेजा अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। वहीं, अक्षर पटेल भी अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। भारत की बढ़त भी 120 रन से ज्यादा की हो गई है और धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच से बाहर होती जा रही है।
अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को मैच से बाहर करते जा रहे हैं। भारत की बढ़त भी 100 रन से ज्यादा की हो चुकी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए इस बढ़त को खत्म करने के बाद टीम इंडिया के सामने लक्ष्य रखना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 280 रन के पार जा चुका है। इसके साथ ही भारत की बढ़त भी 100 रन से ज्यादा की हो गई है। रवींद्र जडेजा अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और अक्षर पटेल उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और टीम इंडिया अच्छी बढ़त की तरफ बढ़ रही है।
रवींद्र जडेजा ने भी इस मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 114 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। अपनी पारी में वह अब तक सात चौके लगा चुके हैं। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने तलवारबाजी भी की। जडेजा ने पांच महीने बाद भारत के लिए कोई मैच खेला है और बेहतरीन वापसी की है। गेंद के साथ उन्होंने पांच विकेट लिए और अब बल्ले के साथ भी बेहतरीन अर्धशतक लगाया है।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को बहतर स्थिति में ले जा रहे हैं।
240 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। केएस भरत आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अपने डेब्यू मैच में वह कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन उनका विकेट लेने वाले टोड मर्फी ने अपना डेब्यू मैच खास बना लिया। इस पारी में यह मर्फी की पांचवीं सफलता थी। अब रवींद्र जडेजा के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। दोनों ऑलराउंडर भारतीय टीम को 300 रन के करीब ले जानें की कोशिश करेंगे। 84 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 242 रन है।
229 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 120 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इससे ठीक पहले की गेंद पर स्टीव स्मिथ ने उनका कैच छोड़ा था, लेकिन कमिंस ने अगली ही गेंद पर उन्हें आउट कर दिया और स्मिथ की गलती ऑस्ट्रेलिया पर ज्यादा भारी नहीं पड़ी। अब रवींद्र जडेजा के साथ केएस भरत क्रीज पर हैं।
भारत की बढ़त 50 रन से ज्यादा हो चुकी है। रोहित और जडेजा की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों तेजी के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और टीम इंडिया बेहतर स्थिति में पहुंच गई है।
नागपुर में दूसरे दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और जडेजा अपनी पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। दोनों अब भारत की बढ़त 100 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगे।
चायकाल तक भारत का स्कोर पांच विकेट पर 226 रन है। कप्तान रोहित शर्मा 118 और रवींद्र जडेजा 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 58 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत के पास 49 रन की बढ़त है। अब टीम इंडिया तीसरे सत्र में बड़ा स्कोर खड़ा कर अपनी बढ़त 100 रन के पार ले जाने की कोशिश करेगी।
रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इसके साथ ही भारत का स्कोर भी 220 रन के पार जा चुका है। अब मैच में टीम इंडिया की पकड़ मजबूत हो रही है। भारत की बढ़त भी 40 रन से ज्यादा की हो गई है।
पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। रोहित शतक लगाकर खेल रहे हैं और जडेजा भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। भारत की बढ़त भी 20 रन के पार जा चुकी है। धीरे-धीरे इस मैच में भारत की पकड़ मजबूत होती जा रही है। टीम इंडिया दूसरे दिन बल्लेबाजी करने में सफल रहती है तो भारत के पास अच्छी बढ़त होगी, जो मैच में निर्णायक साबित हो सकती है।
रोहित शर्मा के शानदार शतक के चलते भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर बढ़त मिल चुकी है। 65 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 187 रन है। भारतीय टीम के पास 10 रन की बढ़त है। अब टीम इंडिया की कोशिश बड़ी बढ़त हासिल करने की होगी। रोहित के साथ जडेजा भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और गेंद के साथ कमाल करने के बाद बल्ले से भी योगदान दे रहे हैं।
रोहित शर्मा ने दो साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया है। उन्होंने इस मैच में 171 गेंद में अपने 100 रन पूरे किए। नागपुर की मुश्किल पिच पर रोहित ने एक छोर पर जमकर बल्लेबाजी की है और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाया है। दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे हैं, लेकिन रोहित की एकाग्रता बनी हुई है।
168 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। नाथन लियोन ने भारत को पांचवां झटका दिया। सूर्यकुमार यादव आठ रन बनाकर लियोन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 20 गेंद की पारी में उन्होंने एक चौका लगाया। अब कप्तान रोहित शर्मा के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।
151 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। विराट कोहली 26 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉड मर्फी की गेंद पर विकेटकीपर कैरी ने उनका कैच पकड़ा। मर्फी की गेंद लेग स्टंप के बाहर थी और विराट आसानी से चौका लगा सकते थे, लेकिन वह चूक गए और कैरी ने बेहतरीन कैच पकड़ा। अब रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
नागपुर में दूसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। लंच तक भारत का स्कोर 151/3 है। कप्तान रोहित शर्मा 85 और विराट कोहली 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 16 रन की साझेदारी हुई है। इस सत्र में भारत ने 74 रन बनाए और दो विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक तीनों विकेट टॉड मर्फी ने लिए हैं। उन्होंने आज सुबह रविचंद्रन अश्विन को 23 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा को सात रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक छोर पर जमे हुए हैं और अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, विराट कोहली दूसरे छोर पर बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे।
भारत का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और अच्छे से रन बना रहे हैं।
135 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। टॉड मर्फी ने चेतेश्वर पुजारा को स्कॉट बोलैंड के हाथों कैच कराया। पुजारा ने 14 गेंद में सात रन बनाए। आमतौर पर संभलकर बल्लेबाजी करने वाले पुजारा इस मुकाबले में आक्रामक शॉट खेलते हुए आउट हुए। मर्फी की गेंद लेग स्टंप के बाहर थी और पुजारा ने इसे स्वीप कर चार रन बटोरने की कोशिश की। हालांकि, वह 30 गज के दायरे में खड़े फील्डर को पार नहीं करा सके और बोलैंड के कैच थमाकर आउट हो गए। अब कप्तान रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 142 रन है।
118 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। रविचंद्रन अश्विन 62 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दौ चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद वह टॉड मर्फी की गेंद पर विकेटों के सामने पकड़े गए। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक दोनों विकेट टॉड मर्फी ने ही लिए हैं। भारत के लिए कप्तान रोहित के साथ चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। पुजारा ने क्रीज पर आते ही रन बनाने शुरू कर दिए हैं। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 124 रन है।
एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के बीच बेहतरीन साझेदारी हो रही है। दोनों बल्लेबाज सूझबूझ के साथ रन बना रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को लय पकड़ने का मौका नहीं दे रहे हैं। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 110 रन है।
दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज अच्छी साझेदारी कर टीम इंडिया को अच्छी बढ़त दिलाना चाहेंगे। भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 90 रन के पार जा चुका है और ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 100 रन से कम हो चुकी है। भारतीय टीम दिन के दूसरे सत्र तक ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त हासिल करना चाहेगी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर टीम के दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने 82 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला, लेकिन जडेजा ने एक ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट में ढकेल दिया। इसके बाद उन्होंने स्मिथ को भी आउट कर दिया। पीटर हैंड्सकॉम्ब और एलेक्स कैरी ने भी अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन अश्विन ने इस जोड़ी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया की पारी 177 रन पर खत्म कर दी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 49 रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए। उनके अलावा स्टीव स्मिथ 37, एलेक्स कैरी 36 और पीटर हैंड्सकॉम्ब 31 ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए जडेजा ने पांच विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में 11वीं बार ओवर में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। वहीं, अश्विन ने तीन विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में अपने 450 विकेट भी पूरे किए। शमी और सिराज को एक-एक विकेट मिला। सिर्फ अक्षर पटेल कोई विकेट नहीं ले सके।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का दूसरा दिन है। पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 177 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम एक विकेट पर 77 रन बना चुकी है।
दूसरे दिन कप्तान रोहित और रविचंद्रन अश्विन अपनी पारी आगे बढ़ाना चाहेंगे। रोहित अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और लंबी पारी खेलकर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाना चाहेंगे। वहीं, अश्विन भी अच्छी बल्लेबाजी कर बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने की कोशिश करेंगे।