फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Day-2 Highlights: डेब्यू मैच में मानव सुथार ने झटके 3 विकेट, स्टंप्स तक अफगानिस्तान का स्कोर 113/5

Sun, 07 Jun 2026 05:02 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

खास बातें

भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी एकमात्र टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया। भारत ने दूसरे दिन अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 113 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन
मानव सुथार - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:07 PM, 07-Jun-2026

दूसरे दिन का खेल समाप्त

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में दूसरे दिन मेजबान टीम ने पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। पहले भारतीय बल्लेबाजों ने विशाल स्कोर खड़ा किया, फिर गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोरते हुए मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने 39.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। मेहमान टीम अभी भी भारत के स्कोर से 451 रन पीछे है।

भारत की पहली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाल लिया। सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। वहीं राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक रहा।

राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले राहुल के साथ 67 रन और फिर ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 169 रन की बड़ी साझेदारी की। गिल ने 177 गेंदों पर 126 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। ऋषभ पंत ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। अंत में वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि कुलदीप यादव 9 रन पर नाबाद रहे।

भारत ने 2023 के बाद पहली बार घरेलू टेस्ट मैच में 550 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले टीम ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 571 रन बनाए थे। इसके अलावा 564 रन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस सूची में शीर्ष पर जिम्बाब्वे है, जिसने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ 586 रन बनाए थे। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 169 रन की साझेदारी भी भारत की ओर से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सैफी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 27 ओवर में 140 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के तीसरे गेंदबाज बन गए।सैफी अब टेस्ट की एक पारी में अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन गए हैं। उनसे आगे जियाउर रहमान हैं, जिन्होंने 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 97 रन देकर सात विकेट लिए थे।

अफगानिस्तान की पहली पारी
विशाल लक्ष्य के जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 28 रन के स्कोर पर अब्दुल मलिक (16) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज भी 12 रन बनाकर चलते बने। सेदिकुल्लाह अटल ने 17 रन का योगदान दिया, जबकि अफसर जजई सिर्फ तीन रन ही बना सके। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। हालांकि, रहमत शाह ने एक छक्के और छह चौकों की मदद से 43 रन की नाबाद पारी खेलकर संघर्ष जारी रखा। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वह क्रीज पर डटे हुए थे। भारत की ओर से पदार्पण कर रहे स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15.5 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट हासिल किए। भारतीय टीम फिलहाल मैच पर पूरी तरह हावी नजर आ रही है। तीसरे दिन शुरुआती सत्र में अफगानिस्तान को जल्द समेटकर भारत बड़ी बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा, जबकि मेहमान टीम की उम्मीदें रहमत शाह और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर डटी हुई हैं।

04:31 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को लगा चौथा झटका

अफगानिस्तान को चौथा झटका लगा है। प्रसिद्ध कृष्णा ने हशमतुल्लाह शाहिदी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 48 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। अब रहमत शाह का साथ देने अफसर जजई आए हैं।

03:27 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गुरबाज पवेलियन लौटे

मानव सुथार ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया है। गुरबाज 40 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। सुथार का यह दूसरा विकेट है। 

विज्ञापन
02:42 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को दूसरा झटका

प्रसिद्ध कृष्णा ने सेदिकुल्लाह अटल को बोल्ड कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया है। सेदिकुल्लाह 27 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। 

02:13 PM, 07-Jun-2026
भारत बनाम अफगानिस्तान (एकमात्र टेस्ट-दूसरा दिन) - फोटो : अमर उजाला-करुण शर्मा

IND vs AFG Live Score: टी ब्रेक

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन दूसरे सत्र का खेल समाप्त हो गया है। अफगानिस्तान ने टी ब्रेक तक पहली पारी में एक विकेट पर 28 रन बनाए हैं और वह अभी भारत से 536 रन पीछे है। अफगानिस्तान के लिए सेदिकुल्लाह अटल 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अफगानिस्तान को पहला झटका अब्दुल मलिक के रूप में लगा जो 16 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की।

विज्ञापन
02:11 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को पहला झटका

मानव सुथार ने अब्दुल मलिक को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया है। अपना डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार के अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर का यह पहला विकेट है। दिलचस्प बात यह है कि सुथार को पहला टेस्ट विकेट हासिल करने में सिर्फ चार गेंदें लगी। 

01:47 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की पारी शुरू

अफगानिस्तान की पहली पारी शुरू हो गई है और टीम के लिए अब्दुल मलिक के साथ सेदिकुल्लाह अटल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन पर बनाकर घोषित की है। 

01:34 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत ने घोषित की पारी

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन पर घोषित कर दी। भारत के लिए इस मैच में कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शतक जड़े। वहीं, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत और वाशिंगटन सुंदर ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन गिल ने बनाए जो 126 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, केएल राहुल ने 100, पंत ने 81, सुदर्शन ने 81, मानव सुथार ने 28, यशस्वी ने 24, मोहम्मद सिराज ने 22 और ध्रुव जुरेल ने 19 रन बनाए। सुंदर 68 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद रहे। कुलदीप यादव भी नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सैफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके, जबकि जियाउर रहमान शरीफी और हशमातुल्लाह शाहिदी को एक-एक विकेट मिले। 

01:30 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: सुंदर का पचासा

वाशिंगटन सुंदर ने 67 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। वाशिंगटन ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम का पहली पारी में स्कोर 560 रन के पार पहुंच गया है, जबकि अफगानिस्तान को अब तक आठ सफलता मिली है। 

01:00 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: सिराज पवेलियन लौटे

सलीम सैफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद सिराज को आउट किया। भारत ने आठ विकेट गंवा दिए हैं। सिराज 12 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। सलीम का यह छठा विकेट है। 

12:42 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत को सातवां झटका

भारत को मानव सुथार के रूप में सातवां झटका लगा है। मानव अपने डेब्यू मैच की पहली पारी में 41 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। मानव ने वाशिंगटन सुंदर के साथ सातवें विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। मानव को सलीम सैफी ने अपना शिकार बनाया। सलीम ने पहली पारी में पांच विकेट लिए हैं। 

12:22 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत के 500 रन पूरे

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में 500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर के साथ मानव सुथार क्रीज पर मौजूद हैं। 

12:13 PM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के दूसरे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर और मानव सुथार क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:33 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: लंच ब्रेक

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक तक पहली पारी में छह विकेट पर 475 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान को पहले सत्र में तीन सफलता मिली। भारत ने दूसरे दिन पहले सत्र में कप्तान शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत के विकेट गंवाए। फिलहाल क्रीज पर वाशिंगटन सुंदर 14 और डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार नौ रन बनाकर मौजूद हैं। 

11:06 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: पंत शतक से चूके

भारत को ऋषभ पंत के रूप में छठा झटका लगा है। पंत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक के करीब पहुंच गए थे, लेकिन 121 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। 

10:59 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत को ध्रुव जुरेल के रूप में पांचवां झटका लगा है। सलीम सैफ की गेंद पर जुरेल बोल्ड हो गए। दरअसल, जुरेल को लगा कि गेंद बाहर की ओर जाएगी, लेकिन वह सैफ की इनस्विंग को समझ नहीं सके और उन्होंने गेंद छोड़ने का फैसला लिया। गेंद बाहर की ओर ना जाकर सीधे स्टंप्स पर लगी। जुरेल 20 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। 

10:26 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गिल पवेलियन लौटे

सलीम सैफी ने कप्तान शुभमन गिल को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया है। इसके साथ ही गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रनों की साझेदारी का हुआ। पंत ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी की शतक लगाया। वह 177 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 126 रन बनाकर आउट हुए। 

10:16 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: भारत के 400 रन पूरे

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के 400 रन पूरे हो गए हैं। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने दमदार साझेदारी जारी रखी है और दोनों के बीच 150+ रनों की साझेदारी हो गई है।

09:57 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: गिल-पंत की साझेदारी

गिल और पंत की साझेदारी जारी है जिससे भारतीय टीम का स्कोर पहली पारी में 400 रन के करीब पहुंच रहा है। पंत और गिल के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 141 रनों की साझेदारी हो गई है।

09:34 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: दूसरे दिन का खेल शुरू

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने दिन की शुरुआत पहली पारी में तीन विकेट पर 368 रन से की है।

08:58 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: शतक से चूक गए थे सुदर्शन

दूसरी ओर साई सुदर्शन ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए और अपनी पारी में 13 चौके जड़े। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मोहम्मद सलीम ने उन्हें अफसर जजई के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर 180 रन था।

08:42 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: राहुल-सुदर्शन की साझेदारी

जायसवाल के आउट होने के बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया। राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा। हालांकि, शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह जियाउर रहमान की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे।

08:35 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: बल्लेबाजों ने किया प्रभावित

पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हुए अफगानिस्तान के गेंदबाजों को लगभग पूरे दिन दबाव में रखा। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल अच्छी लय में नजर आए और 32 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद सलीम की गेंद पर अफसर जजई ने कैच लपका।

08:22 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Live Score: पहले दिन शानदार रहा प्रदर्शन

भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से शुरू हुए एकमात्र टेस्ट मुकाबले के पहले दिन टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 368 रन बनाए। स्टंप्स तक शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:18 AM, 07-Jun-2026

IND vs AFG Day-2 Highlights: डेब्यू मैच में मानव सुथार ने झटके 3 विकेट, स्टंप्स तक अफगानिस्तान का स्कोर 113/5

Live Cricket Score Today, IND vs AFG 1st Test Day 2: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच का आज दूसरा दिन है। भारत ने पहले दिन केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के शतकों की मदद से मजबूत स्कोर बना लिया था और अब उसकी नजरें पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें