विश्व कप 2023 में भारत का विजयी अभियान जारी है। अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्ता ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 80 रन और अजमतुल्लाह उमरजई ने 62 रन की पारी खेली थी।
Rohit Sharma Records: सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने रोहित, गेल को पीछे छोड़ा, कपिल का रिकॉर्ड तोड़ा
जवाब में भारत ने 35 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 84 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के की मदद से 131 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली 56 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। यह विराट के वनडे करियर का 68वां अर्धशतक रहा। वहीं, यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में विराट ने 85 रन बनाए थे। भारत का अगला मैच अब 14 अक्तूबर को अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ है। मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
भारत ने 32 ओवर में दो विकेट गंवाकर 244 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 11 रन और विराट कोहली 40 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 29 रन की जरूरत है।
भारत को 205 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 84 गेंदों में 131 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 16 चौके और पांच छक्के लगाए। इस विश्व कप में यह भारत के लिए पहला शतक रहा। रोहित ने ईशान के साथ 156 रन की साझेदारी निभाई थी। 26 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 207 रन है। रोहित को राशिद खान ने आउट किया। राशिद को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने ईशान को भी आउट किया था। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
23 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 194 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली नौ रन और रोहित शर्मा 129 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। 23वें ओवर में राशिद की गेंद पर रोहित ने दो चौके और एक छक्का लगाया। भारत को अब 79 रन की जरूरत है।
भारत को 156 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ईशान किशन 47 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राशिद खान ने इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराया। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 158 रन है। फिलहाल रोहित 66 गेंदों में 103 रन और कोहली एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
रोहित ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड
रोहित ने 63 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। वह वनडे विश्व कप में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में रोहित ने महान कप्तान कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कपिल देव ने 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 गेंद पर ही शतक ठोक दिया था।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 63 गेंद में शतक लगाया। वह वनडे विश्व कप में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में रोहित ने महान कप्तान कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कपिल देव ने 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 गेंद पर ही शतक ठोक दिया था। रोहित के वनडे करियर का 31वां शतक रहा। साथ ही वह विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम इस टूर्नामेंट में सात शतक हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर (छह शतक) को पीछे छोड़ा। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 154 रन है। रोहित 64 गेंदों में 101 रन और ईशान किशन 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 119 रन की जरूरत है।
भारत ने 16 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 58 गेंदों में 93 रन और ईशान किशन 38 गेंदों में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
13 ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 111 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 48 गेंदों में 79 रन और ईशान किशन 30 गेंदों में 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित ने 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। साथ ही विश्व कप में हजार रन भी पूरे कर लिए।
रोहित शर्मा गजब के फॉर्म में दिख रहे हैं। उन्होंने 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 53वां अर्धशतक रहा। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 87 रन हैं। फिलहाल रोहित 38 गेंदों में 71 रन और ईशान 16 गेंदों में 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 186 रन की जरूरत है।
पांच ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 20 गेंदों में 31 रन और ईशान किशन पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित ने विश्व कप में हजार रन भी पूरे कर लिए। अभी तक रोहित चार चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 12 रन और ईशान बिना खाता खोले क्रीज पर हैं।
भारतीय पारी शुरू हो चुकी है। एक ओवर के बाद टीम इंडिया ने बिना विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारूकी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 272 रन बनाए। अफगानिस्तान का भारत के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर है। सबसे ज्यादा 80 रन का योगदान कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने दिया। वहीं, अजमतुल्लाह ओमरजई ने 62 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कई अन्य अफगानी बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका। 22 रन बनाने वाले इब्राहिम जादरान टीम के तीसरे सबसे बड़े स्कोरर रहे। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। हार्दिक पांड्या को दो, शार्दुल और कुलदीप को एक-एक विकेट मिला। सिराज इस मैच में बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने नौ ओवर में कोई विकेट लिए बिना 76 रन बनाए।
261 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का आठवां विकेट गिरा है। जसप्रीत बुमराह ने राशिद खान को कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया। उन्होंने 12 गेंद में 16 रन बनाए। इस मैच में यह उनकी चौथी सफलता है। अब मुजीब उर रहमान के साथ नवीन उल हक क्रीज पर हैं। 49 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 264/8 है।
सात विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। राशिद खान और मुजीब उर रहमान क्रीज पर हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं।
235 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का सातवां विकेट गिरा है। मोहम्मद नबी 27 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब राशिद खान के साथ मुजीब उर रहमान क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 247 रन है।
229 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का छठा विकेट गिरा है। नजीबुल्लाह जादरान आठ गेंदों में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। अब मोहम्मद नबी के साथ राशिद खान क्रीज पर हैं।
225 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कुलदीप यादव ने हशमतुल्लाह शहीदी को विकेटों के सामने फंसाया और अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया। शहीदी ने 88 गेंद में 80 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल था। अब मोहम्मद नबी के साथ नजीबुल्लाह जादरान क्रीज पर हैं। 44 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 229 रन है।
अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। हशमतुल्लाह शहीदी के साथ मोहम्मद नबी क्रीज पर हैं। दोनों अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर अफगानिस्तान का स्कोर 300 रन के करीब ले जाना चाहेंगे। 38 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 203/4 है।
184 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का चौथा विकेट गिरा है। अजमतुल्लाह ओमरजई 69 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हार्दिक पांड्या ने उन्हें धीमी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए। अब हशमतुल्लाह शहीदी के साथ मोहम्मद नबी क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 189/4 है।
हशमतुल्लाह शहीदी ने 58 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए हैं और अजमतुल्लाह के साथ शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाया है। 34 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 180/3 है।
अजमतुल्लाह ओमरजई और कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी के बीच 118 गेंद में शतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।
अजमतुल्लाह ओमरजई ने 62 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनके वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया है। उनकी शानदार पारी के चलते अफगानिस्तान की टीम अच्छी स्थिति में बनी हुई है।
तीन विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अजमतुल्लाह ओमरजई और हशमतुल्लाह शहीदी के बीच 90 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। 31 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 153/3 है।
29 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने तीन विकेट पर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल अजमतुल्लाह उमरजई 41 रन और हशमतुल्लाह शाहिदी 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 70 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाजों को विकेट लेने की जरूरत है।
कुलदीप यादव के 25वें ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई ने दो छक्के लगाए। इस ओवर में अफगानी खिलाड़ियों ने कुल 14 रन बटोरे। 25 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 114 रन है। फिलहाल उमरजई 25 रन और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
20 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 14 रन और अजमतुल्लाह उमरजई छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिल्ली के ही इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ 428 रन बनाए थे, लेकिन इस मैच में अफगानिस्तान के बल्लेबाज बहुत धीमी रन गति से रन बना रहे हैं।
63 पर अफगानिस्तान को दूसरा झटका लगा था। अब 63 के स्कोर पर ही अफगानिस्तान को तीसरा झटका लगा है। शार्दुल ठाकुर ने रहमनुल्लाह गुरबाज का बेहतरीन कैच लेने के बाद रहमत शाह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। रहमत ने 22 गेंदों में 16 रन की पारी खेली। फिलहाल कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और अजमतुल्लाह उमरजई क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 66 रन है।
63 पर अफगानिस्तान को दूसरा झटका लगा। 13वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने रहमनुल्लाह गुरबाज को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। शार्दुल ने बाउंड्री लाइन पर स्किल दिखाते हुए बेहतरीन कैच लपका। बैलेंस बिगड़ने पर शार्दुल गेंद को हवा में उड़ाकर बाउंड्री के उस पार चले गए। फिर वापस आकर उस कैच को लपका। गुरबाज ने 28 गेंदों में 21 रन की पारी खेली। 13 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 63 रन है। फिलहाल कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और रहमत शाह क्रीज पर हैं।
32 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का पहला विकेट गिरा है। जसप्रीत बुमराह ने इब्राहिम जादरान को विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। जादरान ने 28 गेंद में चार चौकों की मदद से 22 रन बनाए। अब रहमनुल्लाह गुरबाज के साथ रहमत शाह क्रीज पर हैं।
भारत ने चौथे ओवर में ही पहला रिव्यू गंवा दिया है और बाकी की पारी के लिए टीम इंडिया के पास सिर्फ एक रिव्यू बचा है। सिराज की गेंद पर इब्राहिम जादरान के खिलाफ एलबीडबल्यू की जोरदार अपील हुई थी। अंपायर ने नॉट आउट का फैसला सुनाया और रोहित ने रिव्यू ले लिया। रीप्ले में दिखा कि गेंद स्टंप से बाहर जा रही थी और भारत को अपना रिव्यू गंवाना पड़ा। पांच ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 19/0 है।
भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहम जादरान ने पारी की शुरुआत की है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पहला ओवर किया। तीन ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के नौ रन है।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
अफगानिस्तानः रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, अजमतुल्ला उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली की पिच बल्लेबाजों के मुफीद है और इस मैच में बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है। हालांकि, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। भारतीय टीम में अश्विन की जगह शार्दुल ठाकुर को मौका दिया गया है।
भारतीय टीम के उपकप्तान हार्दिक पांड्या का आज जन्मदिन है। ऐसे में टीम इंडिया यह मैच जीतकर अपने उपकप्तान को खास तोहफा देना चाहेगी। टीम इंडिया के लिए यह मैच जीतना बहुत मुश्किल नहीं होगा, लेकिन विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में किसी भी टीम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। भारतीय टीम इससे बचना चाहेगी।
अफगानिस्तान को पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम 156 रन पर सिमट गई थी और बांग्लादेश ने छह विकेट से मैच अपने नाम किया था। अब अफगानिस्तान की कोशिश भारत के खिलाफ उलटफेर कर वनडे विश्व कप 2023 में पहली जीत हासिल करने की होगी।
वनडे विश्व कप 2023 में भारत ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया था। 200 रन का पीछा करते हुए भारत ने तीन विकेट दो रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद विराट कोहली और लोकेश राहुल ने मिलकर भारतीय पारी को संभाला था और जीत की दहलीज पर ले गए थे। अंत में राहुल ने हार्दिक के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाई थी। अब भारत की कोशिश लगातार दूसरा मैच जीतने की होगी।
Live Cricket Score Today, ICC ODI World Cup 2023 India vs Afghanistan 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का दूसरा मैच अफगानिस्तान के साथ है। टीम इंडिया जीत की लय बरकरार रखते हुए यह मैच भी अपने नाम करना चाहेगी और अंक तालिका में अपनी स्थिति और बेहतर करने की कोशिश करेगी। वहीं, अफगानिस्तान की कोशिश उलटफेर कर जीत हासिल करने की होगी।