फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Highlights: हांगझोऊ में बारिश के कारण रद्द हुआ फाइनल, भारतीय क्रिकेट टीम को मिला स्वर्ण पदक

Sat, 07 Oct 2023 02:59 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हांगझोऊ

खास बातें

India vs Afghanistan Highlights Asian Games Cricket Final : एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का स्वर्ण पदक भारत को मिल गया है। शनिवार (सात अक्तूबर) को मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। भारत के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बारिश के कारण मैच रोके जाने के समय अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बना लिए थे। इसके बाद मुकाबला नहीं हो सका। 
विज्ञापन
भारत बनाम अफगानिस्तान - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:36 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: बेहतर रैंकिंग होने के कारण मिला स्वर्ण

भारत और अफगानिस्तान के बीच एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया। रैंकिंग में टीम इंडिया पहले स्थान पर है। वहीं, अफगानिस्तान 10वें पायदान पर है।

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार एशियाड में हिस्सा लेने उतरी थी। उसने पहली बार में ही इतिहास रच दिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले 2010 में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान और 2014 में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हराकर स्वर्ण जीता था। अफगानिस्तान की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची और उसे तीसरे रजत पदक से संतोष करना पड़ा है।

भारतीय कप्तान ने जीता था टॉस
मैच में भारत के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बारिश के कारण मैच रोके जाने के समय अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश के कारण मुकाबला नहीं हो सका।

ऐसी रही अफगानिस्तान की पारी
अफगानिस्तान की पारी की बात करें तो शाहिदुल्लाह कमाल ने सबसे ज्यादा नाबाद 49 रन बनाए। कप्तान गुलबदीन नईब 27 रन बनाकर नाबाद रहे। अफसर जजई ने 15 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। जुबैद अकबरी पांच और मोहम्मद शहजाद चार रन बनाकर आउट हुए। नूर अली जादरान और करीम जनात ने एक-एक रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, शाहबाज नदीम और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट लिए।

02:20 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: हांगझोऊ से अच्छी खबर नहीं

हांगझोऊ में बारिश को लेकर अच्छी खबर नहीं है। लगातार बारिश हो रही है और मैच शुरू होने की संभावना नहीं दिख रही है। अंपायर कम से कम पांच ओवर का मैच कराना चाहेंगे।

01:52 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: अभी भी हो रही बारिश

हांगझोऊ में अभी भी बारिश हो रही है। मैदान पर कवर्स बरकरार हैं। अगर बारिश नहीं रुकी और मैच पूरा नहीं हुआ तो बेहतर टी20 में बेहतर आईसीसी रैंकिंग के कारण टीम इंडिया को स्वर्ण पदक मिल जाएगा।

विज्ञापन
01:33 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: बारिश के कारण मैच रुका

हांगझोऊ में भारत और अफगानिस्तान मैच में बारिश ने खलल डाला है। मैच रोके जाने के समय अफगान टीम ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। शाहिदुल्लाह कमाल 49 और गुलबदीन नईब 27 रन बनाकर नाबाद हैं।

12:50 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: शाहबाज ने जनात को किया बोल्ड

भारत को पांचवीं सफलता शाहबाज अहमद ने दिलाई। उन्होंने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर करीम जनात को क्लीन बोल्ड कर दिया। जनात ने पांच गेंद पर एक रन बनाए। अफगानिस्तान ने 13 ओवर में सात विकेट पर 70 रन बना लिए हैं। शाहिदुल्लाह कमाल 36 और गुलबदीन नईब चार रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
12:35 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: भारत को मिली चौथी सफलता

भारत को चौथी सफलता रवि बिश्नोई ने दिलाई। उन्होंने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर अफसर जजई को क्लीन बोल्ड कर दिया। अफसर ने 20 गेंद पर 15 रन बनाए। अफगानिस्तान ने 10 ओवर में चार विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। शाहिदुल्लाह कमाल 22 रन बनाकर नाबाद हैं। करीम जनात को अभी अपना खाता खोलना है।

12:09 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: अफगानिस्तान के तीन विकेट गिरे

अफगानिस्तान को तीसरा झटका नूर अली जादरान के रूप में लगा। नूर अली चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर रनआउट हो गए। उन्होंने चार गेंद पर एक रन बनाए।

12:06 PM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: अफगानिस्तान को लगा दूसरा झटका

अफगानिस्तान को दूसरा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने मोहम्मद शहजाद को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। शहजाद ने छह गेंद पर चार रन बनाए। अफगानिस्तान ने तीन ओवर में दो विकेट पर 10 रन बना लिए हैं। शाहिदुल्लाह कमाल और नूर अली जादरान क्रीज पर हैं।

11:58 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: अफगानिस्तान को लगा पहला झटका

अफगानिस्तान को पहला झटका शिवम दुबे ने दिया। उन्होंने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर जुबैद अकबरी को आउट कर दिया। जुबैद ने आठ गेंद पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने उनका कैच लिया। अफगानिस्तान ने दो ओवर में एक विकेट पर पांच रन बनाए हैं। मोहम्मद शहजाद और नूर अली जादरान क्रीज पर हैं।

11:39 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी

भारत के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।

11:27 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: टॉस में देरी

मैदान गीला होने के कारण भारत और अफगानिस्तान मैच में अब तक टॉस नहीं हो पाया है। यहीं पर बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कांस्य पदक का मैच खेला गया था। उस मुकाबले में बांग्लादेश ने जीत हासिल की थी। मैच के बाद बारिश ने मैदान को गीला कर दिया। हालांकि, अब कवर्स हटा लिए गए हैं और मैदान को सुखाने का काम जारी है। थोड़ी देर में टॉस हो सकता है। यह मैच अब 11:30 की जगह सुबह 11:50 बजे शुरू होगा।

10:48 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: एशियाई खेलों के लिए दोनों टीमें

भारत: यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आर साई किशोर, अर्शदीप सिंह, राहुल त्रिपाठी, आवेश खान, मुकेश कुमार, प्रभसिमरन सिंह, आकाश दीप।

अफगानिस्तान: सेदिकुल्लाह अटल, मोहम्मद शहजाद (विकेटकीपर), नूर अली जादरान, शाहिदुल्लाह कमाल, अफसर जजई, करीम जनात, गुलबदीन नईब (कप्तान), शरफुद्दीन अशरफ, कैस अहमद, फरीद अहमद मलिक, जहीर खान, सैयद शिरजाद, निजात मसूद, जुबैद अकबरी, वफीउल्लाह तारखिल।

10:46 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Final Live: शानदार फॉर्म में टीम इंडिया

एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। उसने क्वार्टर फाइनल में नेपाल को हराया था। उसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल की थी। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम इंडिया की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर है। अगर ऐसा होता है तो भारत स्वर्ण पदक जीत जाएगा।

10:27 AM, 07-Oct-2023

IND vs AFG Highlights: हांगझोऊ में बारिश के कारण रद्द हुआ फाइनल, भारतीय क्रिकेट टीम को मिला स्वर्ण पदक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल मैच में भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा। दोनों टीमों की नजर स्वर्ण पदक पर है। हारने वाली टीम को रजत से संतोष करना होगा। भारत ने सेमीफाइनल बांग्लादेश को और अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें