फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs NZ: लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा न्यूजीलैंड, इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया

Wed, 10 Nov 2021 11:27 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अबू धाबी

खास बातें

ENG vs NZ WC T20 Semifinal:  न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को पांच विकेट से हरा दिया। तीन ओवर में न्यूजीलैंड ने यह मैच पलटा। डेरिल मिचेल और जेम्स नीशम ने कीवी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मिचेल को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। न्यूजीलैंड की टीम लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है।


 
विज्ञापन
मिचेल और नीशम मैच के दौरान - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:05 PM, 10-Nov-2021

तीन ओवर में न्यूजीलैंड ने पलटा मैच

न्यूजीलैंड की टीम टी-20 विश्व कप 2021 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। सेमीफाइनल में उन्होंने इंग्लैंड को पांच विकेट से हराया। न्यूजीलैंड की जीत अद्भुत रही, क्योंकि एक समय उन्हें चार ओवर में 57 रन चाहिए थे। इसके बाद जेम्स नीशम ने 17वें ओवर में 23 रन बटोरे।

फिर 18वें ओवर में 14 रन बने और कीवी टीम मैच में वापस आ गई। आखिरी दो ओवर में 20 रन चाहिए थे। डेरिल मिचेल एक छोर पर जमे हुए थे। उन्होंने 19वें ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई फाइनल में पहुंचा दिया। फाइनल में उनका सामना पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। विश्व कप का फाइनल 14 नवंबर को दुबई में खेला जाएगा।

मिचेल को मिला प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड
न्यूजीलैंड की इस जीत का श्रेय नीशम को जाता है। उन्होंने ही 17वें ओवर में 23 रन बनाए। नीशम 11 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। इसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल हैं। इसके अलावा डेरिल मिचेल 47 गेंदों पर 72 रन बनाकर नाबाद रहे। इसमें चार चौके और चार छक्के शामिल हैं। मिचेल के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पहला अर्धशतक रहा। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 166 रन बनाए
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 166 रन बनाए थे। टीम के लिए मोईन अली ने सबसे ज्यादा 37 गेंदों पर नाबाद 51 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए।

इसके अलावा डेविड मलान ने 30 गेंदों पर 41 रन बनाए। वहीं, जोस बटलर ने 24 गेंदों पर 29 रन, बेयरस्टो ने 13 रन, लियाम लिविंगस्टोन ने 10 गेंदों पर 17 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान इयोन मॉर्गन दो गेंदों पर चार बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड ने 19वें ओवर में जीता मैच
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मिचेल और नीशम के अलावा डेवोन कॉन्वे ने 38 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली। वहीं, गुप्टिल (4), कप्तान विलियमसन (5) और ग्लेन फिलिप्स (2) कुछ खास नहीं कर सके। इंग्लैंड की ओर से वोक्स और लिविंगस्टोन ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा आदिल रशीद को एक विकेट मिला।

न्यूजीलैंड लगातार तीसरे फाइनल में
न्यूजीलैंड की टीम लगातार तीसरी बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 2019 वनडे विश्व कप और इस साल हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी। न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ ही इंग्लैंड से 2019 वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार का भी बदला ले लिया। कीवी टीम पहली बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। 




 

11:00 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: नीशम हुए आउट

18वें ओवर में भी 14 रन बने, लेकिन आदिल रशीद इस ओवर में नीशम का विकेट निकालने में कामयाब रहे। नीशम ने ओवर की दूसरी गेंद पर और मिचेल ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया। ओवर की आखिरी गेंद पर रशीद ने नीशम को आउट किया। वे 11 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। मैच यहीं पलट गया था। 18 ओवर के बाद स्कोर 147/5 है।

10:56 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: 17वें ओवर में पलटा मैच

17वें ओवर में क्रिस जॉर्डन गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने इस ओवर में 23 रन दिए। सामने नीशम बल्लेबाजी कर रहे थे। नीशम ने सभी 23 रन खुद बनाए। इस दौरान उन्होंने दो छक्के और एक चौका लगाया। 17 ओवर के बाद कीवी टीम का स्कोर 133/4 है। तीन ओवर में 34 रन की जरूरत है।

 

विज्ञापन
10:39 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: 107 पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका

107 रन पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा। लियाम लिविंगस्टोन ने ग्लेन फिलिप्स को सैम बिलिंग्स के हाथों कैच कराया। वे 2 रन बना सके। लिविंगस्टोन का यह इस मैच में दूसरा विकेट था। 16 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने चार विकेट गंवाकर 110 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स नीशम और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। टीम को 24 गेंदों पर 57 रन की दरकार है।

10:28 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को तीसरा झटका

न्यूजीलैंड की टीम को 14वें ओवर में बड़ा झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहे डेवोन कॉन्वे 38 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लिविंगस्टोन ने बटलर के हाथों स्टंप कराया। कॉन्वे ने डेरिल मिचेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों पर 81 रन की साझेदारी की। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 97 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
10:16 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: 11 ओवर के बाद स्कोर 73/2

न्यूजीलैंड की टीम ने 11 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए हैं। डेरिल मिचेल और डेवोन कॉन्वे ने पारी संभाली और अब तक तीसरे विकेट के लिए 50* रन की साझेदारी कर चुके हैं। मिचेल 28 रन और कॉन्वे 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

10:07 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: 10 ओवर के बाद स्कोर 58/2

न्यूजीलैंड की टीम ने 10 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। 13 पर दो विकेट गिरने के बाद डेरिल मिचेल और डेवोन कॉन्वे ने पारी संभाली और अब तक तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी कर चुके हैं। मिचेल 22 रन और कॉन्वे 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड की ओर से वोक्स ने दोनों विकेट झटके। 

09:51 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: छह ओवर के बाद स्कोर 36/2

न्यूजीलैंड ने छह ओवर में दो विकेट गंवाकर 36 रन बना लिए हैं। इस विश्व कप में पावरप्ले यानी पहले छह  ओवर में यह न्यूजीलैंड का सबसे कम स्कोर है। वोक्स ने गुप्टिल और विलियमसन को पवेलियन भेज दिया है। इसके बाद डेरिल मिचेल और डेवोन कॉन्वे कीवी टीम की पारी संभालने की कोशिश कर रहे हैं। मिचेल 12 रन और कॉन्वे 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

09:38 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को दूसरा झटका

तीन ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 13 रन बना लिए हैं। क्रिस वोक्स ने कीवी कप्तान केन विलियमसन को पवेलियन भेजा। वे पांच रन बनाकर आउट हुए। बड़े शॉट के चक्कर में विलियमसन रशीद को कैच थमा बैठे। फिलहाल डेवोन कॉन्वे और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं।

09:25 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को पहला झटका

न्यूजीलैंड की टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा। टीम के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। क्रिस वोक्स ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर उन्हें मोईन के हाथों कैच कराया। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर आठ रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केन विलियमसन और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं।

09:12 PM, 10-Nov-2021

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 166 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 166 रन बनाए। टीम के लिए मोईन अली ने सबसे ज्यादा 37 गेंदों पर नाबाद 51 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा डेविड मलान ने 30 गेंदों पर 41 रन बनाए। 

इसके अलावा जोस बटलर ने 24 गेंदों पर 29 रन, बेयरस्टो ने 13 रन, लियाम लिविंगस्टोन ने 10 गेंदों पर 17 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान इयोन मॉर्गन दो गेंदों पर चार बनाकर नाबाद रहे। एक वक्त इंग्लैंड 53 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मलान और मोईन ने 43 गेंदों पर 63 रन जोड़े और टीम की वापसी कराई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी, एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी और जेम्स नीशम को एक-एक विकेट मिला।

08:48 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: इंग्लैंड को तीसरा झटका

टिम साउदी ने इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने डेविड मलान को आउट किया। मलान ने 30 गेंदों में 42 रन बनाए। विकेटकीपर कॉन्वे ने उनका कैच पकड़ा। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 130 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं।

08:35 PM, 10-Nov-2021

13 ओवर के बाद स्कोर 94/2

13 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 67/2 है। फिलहाल मोईन अली 15 गेंदों पर 15 रन और डेविड मलान 22 गेंदों पर 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:22 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: 10 ओवर के बाद स्कोर 67/2

10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 67/2 है। टीम ने बटलर और बेयरस्टो के विकेट गंवा दिए हैं। बेयरस्टो को मिल्ने और बटलर को सोढ़ी ने आउट किया। फिलहाल मोईन अली 4 रन और डेविड मलान 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
 

08:12 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: इंग्लैंड को दूसरा झटका

53 रन पर इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा। नौवें ओवर में लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने जोस बटलर को एलबीडब्लू किया। वे 24 गेंदों पर 29 रन बना सके। नौ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 60 रन है। डेविड मलान दो रन और मोईन अली 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:11 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: इंग्लैंड का स्कोर 53/1

आठ ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए हैं। डेविड मलान पांच रन और जोस बटलर 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

07:59 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा

37 रन पर इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा। जॉनी बेयरस्टो 17 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एडम मिल्ने ने कप्तान विलियमसन के हाथों कैच कराया। विलियमसन ने मिड ऑफ पर शानदार कैच पकड़ा। फिलहाल डेविड मलान और जोस बटलर क्रीज पर हैं।

07:57 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: पांच ओवर के बाद स्कोर 37/0

दो ओवर के बाद इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने टीम की रनगति बढ़ाई। पांच ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 37/0 है। बेयरस्टो 13 रन और बटलर 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:37 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: इंग्लैंड की सधी हुई शुरुआत

दो ओवर के बाद इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं। जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। बोल्ट के ओवर में बटलर को दो जीवनदान मिले। 

07:09 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: दोनों टीमें

इंग्लैंड: जोस बटलर (विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, मोईन अली, इयोन मॉर्गन (कप्तान), सैम बिलिंग्स, लियाम लिविंगस्टोन, क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन, आदिल रशीद, मार्क वुड

न्यूजीलैंड: मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिशेल, केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, एडम मिल्ने, टिम साउथी, ईश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट

06:53 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड की पहले गेंदबाजी

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कीवी टीम ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टीम में एक बदलाव किया है। चोटिल जेसन रॉय की जगह सैम बिलिंग्स को मौका दिया गया है। 

06:41 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड की गेंदबाजी सबसे मजबूत

यह ठीक है कि 2019 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम हार गई लेकिन टीम ने आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। केन विलियमसन की अगुवाई में टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने में सफल रही। विश्व क्रिकेट में 'जेंटलमैन' की छवि को मजबूत करने वाले इस टूर्नामेंट में भी खिताब जीतने की मजबूत दावेदारी रखते हैं। उनकी गिनती टूर्नामेंट की श्रेष्ठ गेंदबाजी वाली टीम के रूप में होती है।

संभावित एकादश: मार्टिन गुप्टिल, डैरिल मिचेल, केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर, एडम मिल्ने, टिम साउदी, इश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट।

06:41 PM, 10-Nov-2021

इंग्लैंड विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार

टूर्नामेंट की शुरुआत से ही इंग्लैंड को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इयोन मॉर्गन की अगुवाई वाली टीम के ओपनर जोस बटलर शानदार लय में हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट का अब तक लगा एकमात्र शतक लगाया है। जेसन रॉय की अनुपस्थिति टीम के लिए झटका है, लेकिन इंग्लैंड के पास उनकी भरपाई के लिए कई ऑप्शन मौजूद हैं। आज सैम बिलिंग्स को मौका मिल सकता है। स्पिनर मोईन अली और आदिल रशीद की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उनकी निगाह पावरप्ले और मिडिल ओवरों में विकेट लेने पर होगी।

संभावित एकादश: सैम बिलिंग्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, इयोन मॉर्गन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन, आदिल राशिद, मार्क वुड।
 

06:34 PM, 10-Nov-2021

टी-20 में ENG vs NZ मैच के आंकड़े

कुल मैच : 21
इंग्लैंड जीता : 13
न्यूजीलैंड जीता : 07 
बेनतीजा : 01

दोनों टीमों के बीच टी-20 में कुल 21 मैच खेले गए हैं। इसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी है। उसने 13 मुकाबलों में जीत हासिल की। वहीं, न्यूजीलैंड को सिर्फ सात में जीत मिली। एक मैच बेनतीजा रहा है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम पेपर पर मजबूत नजर आ रही है। हालांकि, न्यूजीलैंड इन रिकॉर्ड्स पर ध्यान न देकर मैच में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश करेगा।

06:28 PM, 10-Nov-2021

पावरप्ले में इंग्लैंड vs न्यूजीलैंड (टी-20 में)

इंग्लैंड (पावरप्ले में) न्यूजीलैंड 
8.33   रनरेट 7.53
31.2 बल्लेबाजी औसत 37.66
11.35 गेंदबाजी औसत 24.37
5.30 इकोनॉमी रेट 5.73

06:27 PM, 10-Nov-2021

पिच और मौसम की जानकारी

अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों की मददगार रहती है। अन्य पिचों की तुलना में यहां अच्छे रन बनते हैं। पहले खेलते हुए 170 रन का स्कोर बनाने वाली टीम चुनौती दे सकती है। शाम के समय ओस का प्रभाव होने की वजह से लक्ष्य का पीछा करना आसान रहेगा। इंग्लैंड अबू धाबी में पहली बार नाइट मैच खेलेगी। पावरप्ले में तेज गेंदबाजों को इस पिच से मदद भी मिलती है।

06:24 PM, 10-Nov-2021

तीसरी बार विश्व कप के अहम मुकाबले में भिड़ंत

दोनों टीमें तीसरी बार विश्व कप के एक अहम मैच में आमने-सामने है। दोनों के बीच पिछले दो विश्व कप में हुई भिड़ंत में न्यूजीलैंड जीतने में असफल रहा था। 2016 टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड सात विकेट से जीता। वहीं, 2019 वनडे विश्व कप के फाइनल में दोनों के बीच मैच और सुपरओवर टाई रहे थे। इसके बाद फैसला बाउंड्री की गणना के आधार पर हुआ था, जिसमें इंग्लैंड जीता था।

06:20 PM, 10-Nov-2021

दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम इस महामुकाबले के लिए स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। दोनों टीमों में एक से एक धुरंधर खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाज और न्यूजीलैंड के गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं। इस मैच में जोस बटलर और ट्रेंट बोल्ट के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल सकती है।
 

 

06:09 PM, 10-Nov-2021

ENG vs NZ: लगातार तीसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा न्यूजीलैंड, इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईसीसी टी-20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में आज पूर्व चैंपियन इंग्लैंड का सामना न्यूजीलैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम ने सुपर-12 राउंड में पांच में से चार मुकाबले जीते थे। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में उन्हें दक्षिण अफ्रीका ने हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला हारने के बाद टूर्नामेंट में जबरदस्त वापसी की थी। उसने अपने अगले चार मैचों में भारत और अफगानिस्तान जैसी टीमों को शिकस्त दी थी। टीम ने पांच में से चार मैच अपने नाम किए। ऐसे में दोनों के बीच सेमीफाइनल में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।






 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें