अफगानिस्तान ने विश्व कप के 13वें संस्करण का पहला उलटफेर कर दिया। उसने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गत विजेता इंग्लैंड को हराकर बड़ी जीत हासिल की। अफगान टीम ने मैच को 69 रन से अपने नाम किया। 2015 विश्व कप के बाद टूर्नामेंट में उसकी यह पहली जीत है। वहीं, इंग्लैंड को भारतीय जमीन पर 12 साल में दूसरी बार उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। 2011 विश्व कप में बंगलूरू में उसे आयरलैंड ने हराकर उलटफेर किया था। अफगानिस्तान ने विश्व कप में पहली बार किसी टेस्ट खेलने वाले देश को हराया है। इससे पहले उसने 2015 में स्कॉटलैंड को हराया था।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान की टीम ने 49.5 ओवर में 284 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड को जीत के लिए 285 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन उसकी पूरी टीम 40.3 ओवर में 215 रन पर ऑलआउट हो गई।
स्पिनर्स के आगे इंग्लिश बल्लेबाज ढेर
अफगानिस्तान के लिए उसके स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अनुभवी राशिद खान और मुजीब उर रहमान ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी ने दो विकेट अपने नाम किए। राशिद, मुजीब और नबी ने मिलकर इंग्लैंड की कमर तोड़ दी। फजहलहक फारूकी और नवीन उल हक ने एक-एक विकेट लिया।
राशिद ने लिया आखिरी विकेट
इंग्लैंड की पारी का 10वां विकेट राशिद खान ने लिया। उन्होंने 41वें ओवर की तीसरी गेंद पर मार्क वुड को क्लीन बोल्ड कर दिया। वुड ने 22 गेंद पर 18 रन बनाए। रीस टॉप्ली 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
हैरी ब्रूक को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चला
इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। उन्हें छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। डेविड मलान ने 32, आदिल रशीद ने 20, मार्क वुड ने 18, रीस टॉप्ली ने नाबाद 15 और जो रूट ने 11 रन बनाए। लियाम लिविंगस्टोन और सैम करन ने 10-10 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर और क्रिस वोक्स ने नौ-नौ रन बनाए। ओपनर जॉनी बेयरस्टो दो रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ हार के कगार पर है। उसके नौ विकेट गिर चुके हैं। इंग्लैंड का स्कोर 40 ओवर में नौ विकेट पर 213 रन है। मार्क वुड और रीस टॉप्ली क्रीज पर हैं। आदिल रशीद को आउट राशिद खान ने आउट कर इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। रशीद ने 13 गेंद पर 20 रन बनाए।
इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका मुजीब उर रहमान ने दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड को हार के करीब पहुंचा दिया है। ब्रूक 61 गेंद पर 66 रन बनाकर आउट हो। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। ब्रूक इंग्लैंड की आखिरी उम्मीद थे। 35 ओवर के बाद स्कोर आठ विकेट पर 173 रन है। मार्क वुड और आदिल रशीद क्रीज पर हैं।
सैम करन इंग्लैंड के लिए आउट होने वाले छठे बल्लेबाज बने। उन्हें मोहम्मद नबी ने 28वें ओवर की पहली गेंद पर रहमत शाह के हाथों कैच कराया। करन ने 23 गेंद पर 10 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद क्रिस वोक्स क्रीज पर आए हैं। इंग्लैंड का स्कोर 29 ओवर में छह विकेट पर 141 रन है।
इंग्लैंड के युवा स्टार हैरी ब्रूक ने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 45 गेंद पर अर्धशतक लगाया। इंग्लैंड ने 27 ओवर में पांच विकेट पर 138 रन बना लिए हैं। हैरी ब्रूक 52 और सैम करन 10 रन बनाकर नाबाद हैं।
इंग्लैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल में फंस गई है। उसके पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। टीम ने 21 ओवर में 119 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए अभी भी 166 रन बनाने हैं। हैरी ब्रूक 42 और सैम करन एक रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड को पांचवां झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने विस्फोटक लियाम लिविंगस्टोन को एलबीडब्ल्यू कर दिया। लिविंगस्टोन ने 14 गेंद पर 10 रन बनाए।
इंग्लैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल में है। उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। कप्तान जोस बटलर को 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर नवीन उल हक ने क्लीन बोल्ड कर दिया। बटलर 18 गेंद पर नौ रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर आए हैं।
इंग्लैंड को बड़ा झटका मोहम्मद नबी ने दिया है। उन्होंने पिछले मैच में शतक लगाने वाले डेविड मलान को आउट कर दिया। मलान 39 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हो गए। नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान ने उनका कैच लिया। इंग्लैंड ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। हैरी ब्रूक 13 और कप्तान जोस बटलर तीन रन बनाकर नाबाद हैं।
मुजीब उर रहमान ने अफगानिस्तान को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को क्लीन बोल्ड कर दिया। रूट 17 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद हैरी ब्रूक क्रीज पर आए हैं। इंग्लैंड ने सात ओवर में दो विकेट पर 33 रन बना लिए हैं। डेविड मलान 19 रन बनाकर नाबाद हैं।
अफगानिस्तान को पहली सफलता फजहलहक फारूकी ने दिलाई। उन्होंने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को एलबीडब्ल्यू कर दिया। बेयरस्टो चार गेंद पर दो रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद जो रूट क्रीज पर आए हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 49.5 ओवर में 284 रन पर सिमट गई है। अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 80 रन रहमनुल्लाह गुरबाज ने बनाए। इकरम ने 58 रन का योगदान दिया। वहीं, मुजीब और इब्राहिम ने 28-28 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने तीन, मार्क वुड ने दो और टॉप्ली, लिविंगस्टोन, रूट ने एक-एक विकेट लिया। दिल्ली की पिच पर इंग्लैंड के लिए 285 रन का लक्ष्य हासिल करना बेहद आसान होगा।
277 रन के स्कोर पर ही अफगानिस्तान का नौवां विकेट गिरा है। मुजीब 16 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्क वुड ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। अब नवीन उल हक और फजलहक फारुकी क्रीज पर हैं।
277 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का आठवां विकेट गिरा है। इकरम 66 गेंद में 58 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रीस टॉप्ली ने उन्हें सैम करन के हाथों कैच कराया।
इकरम ने 61 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने बेहतरीन पारी खेली ही और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले गए हैं। 47 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 263/7 है।
अफगानिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 250 रन के पार जा चुका है। इकरम और मुजीब क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अफगानिस्तान का स्कोर 300 रन के करीब ले जा रहे हैं।
233 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का सातवां विकेट गिरा है। राशिद खान 22 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। आदिल राशिद की गेंद पर जो रूट ने उनका कैच पकड़ा।
अफगानिस्तान का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है। इकरम और राशिद क्रीज पर हैं।
190 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का छठा विकेट गिरा है। मोहम्मद नबी नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्क वुड ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। अब अकरम और राशिद खान क्रीज पर हैं।
174 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। जो रूट ने शहीदी को आउट कर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया। अब इकरम के साथ मोहम्मद नबी क्रीज पर हैं। 33 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 178/5 है।
152 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का चौथा विकेट गिरा है। अजमतुल्लाह ओमपरजई 24 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। लिविंगस्टोन ने क्रिस वोक्स के हाथों उन्हें कैच कराया। अब इकरम के साथ कप्तान हशमतुल्लाह क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 167/4 है।
तीन विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। यह टीम अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ रही है। अफगानिस्तान की टीम इस मैच में 300 रन से ज्यादा का स्कोर बना सकती है।
122 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान के तीन विकेट गिर चुके हैं। रहमत शाह और रहमनुल्लाह गुरबाज इसी स्कोर पर पवेलियन लौटे। रहमत शाह को आदिल राशिद ने स्टंप आउट कराया। शाह ने आठ गेंद में तीन रन बनाए। वहीं, गुरबाज 57 गेंद में 80 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आठ चौके और चार छक्के लगाए।
114 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का पहला विकेट गिरा है। इब्राहिम जादरान 48 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो गए। आदिल राशिद ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। अब गुरबाज के साथ रहमत शाह क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 122 रन है।
अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 रन के पार जा चुका है। गुरबाज और इब्राहिम ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है। 16 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 111 रन है।
रहमनुल्लाह गुरबाज अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। उन्होंने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अफगानिस्तान का स्कोर बिना नुकसान 100 रन के करीब पहुंच चुका है।
अफगानिस्तान की टीम ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 79 रन बना लिए हैं। गुरबाज और इब्राहिम शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। आठ ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 55 रन है।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। गुरबाज और इब्राहिम ने पारी की शुरुआत की है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। पांच ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 35 रन है।
इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), डेविड मलान, जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियम लिविंगस्टोन, सैम करन, क्रिस वोक्स, आदिल राशिद, मार्क वुड, रीस टॉपली।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड की टीम बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतरी है। वहीं, अफगानिस्तान की टीम में एक बदलाव किया गया है।
पहले मैच में शर्मनाक हार के बाद अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने वाला गत चैंपियन इंग्लैंड रविवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले विश्वकप मैच में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर बड़ी जीत दर्ज करके ‘नेट रनरेट’ में सुधार करने की कोशिश करेगा। पहले मैच में बड़ी हार के कारण उसका नेट रनरेट बहुत अच्छा नहीं है।
इंग्लैंड की इस टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी तथा उसे पांच अक्तूबर को अहमदाबाद में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड से 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जोस बटलर की अगुवाई वाली टीम ने हालांकि मंगलवार को धर्मशाला में बांग्लादेश को 137 रन से हराकर अच्छी वापसी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के लिए बल्लेबाजी नहीं बल्कि गेंदबाजी चिंता का विषय रही थी। तब डेवोन कॉन्वे और रचिन रविंद्र के सामने उसके गेंदबाज क्रिस वोक्स, मार्क वुड, सैम करेन, मोइन अली और आदिल राशिद सामान्य नजर आए। कप्तान बटलर के अलावा हैरी ब्रूक और लियाम लिविंगस्टोन भी मध्यक्रम में उपयोगी योगदान देने के लिए बेताब होंगे। इंग्लैंड ने पिछले मैच में मोईन अली की जगह रीस टॉपले को टीम में शामिल किया था। उसका यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में 10 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट लिए थे। वोक्स, वुड, करेन और राशिद सभी फॉर्म में लौट आए हैं। उन्होंने पिछले मैच में न सिर्फ किफायती गेंदबाजी की बल्कि विकेट भी हासिल किए। इंग्लैंड अगले मैच में भी अपने खिलाड़ियों से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।
हार का क्रम तोड़ना चाहेगा अफगानिस्तान
जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो लगातार दो मैच हारने के कारण उसके खिलाड़ियों का मनोबल गिरा है। अफगानिस्तान को पहले मैच में बांग्लादेश से 6 विकेट और फिर दूसरे मैच में मेजबान भारत से 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। उसकी टीम में हालांकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और वह टूर्नामेंट का पहला उलटफेर करने की कोशिश करेंगे। यह काम हालांकि उनके लिए आसान नहीं होगा। अफगानिस्तान के लिए सभी विभाग चिंता का विषय हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उसके बल्लेबाज नहीं चल पाए थे और उसकी टीम 156 रन पर आउट हो गई थी। भारत के खिलाफ उसने 8 विकेट पर 272 रन का चुनौती पूर्ण स्कोर बनाया था लेकिन उसके गेंदबाज इसका बचाव करने में नाकाम रहे थे। अफगानिस्तान के लिए सबसे बड़ी चिंता उसके सलामी बल्लेबाजों का प्रदर्शन है। अब तक खेले गए दो मैचों में दोनों सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ और इब्राहिम जादरान अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे। अफगानिस्तान की गेंदबाजी भी अभी तक सामान्य नजर आई है। उसकी टीम को अगर वापसी करनी है तो फिर फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक और राशिद खान जैसे खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
अफगानिस्तान की टीम अपने शुरुआती दो मैच हार चुकी है। पहले मैच में उसे बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट और दूसरे मैच में भारत के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। यह टीम खिताब जीतने की दावेदार नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उलटफेर करना चाहेगी।
Live Cricket Score Today, ICC ODI World Cup 2023 England vs Afghanistan 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप 2023 में आज इंग्लैंड का सामना आयरलैंड से है। इंग्लैंड की टीम अफगानिस्तान को हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी। वहीं, अंक तालिका में आखिरी स्थान पर मौजूद अफगानिस्तान को पहली जीत की तलाश है।