फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs MI Highlights: चेन्नई ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची

Sat, 06 May 2023 07:11 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

CSK vs MI Indian Premier League 2023 Highlights: चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2023 में छठी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही चेन्नई की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और मुंबई ने चेन्नई के सामने 139 रन बनाए थे। चेन्नई ने चार विकेट खोकर 140 रन बनाए और मैच छह विकेट से अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:06 PM, 06-May-2023

चेन्नई ने छह विकेट से जीता मैच

चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 139 रन बनाए थे। इसके जवाब में चेन्नई ने 17.4 ओवर में 140 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही चेन्नई की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। चेन्नई ने अपने 11 मुकाबलों में छह में जीत हासिल की है और एक मैच ड्रॉ रहा है। वहीं, चार में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 13 अंक के साथ यह टीम सिर्फ गुजरात से पीछे है, जिसके पास 14 अंक हैं। वहीं, मुंबई 10 मैच में पांच जीत और पांच हार के साथ छठे स्थान पर है।

इस मैच में मुंबई के लिए नेहल वधेरा ने 64 रन बनाए। वहीं, चेन्नई के लिए डेवोन कॉन्वे ने 44 और ऋतुराज ने 30 रन बनाए। गेंद के साथ चेन्नई के मथीषा पाथिराना ने कमाल किया और तीन विकेट लिए। वहीं, तुषार देशपांडे और दीपक चाहर को दो-दो विकेट मिले। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट झटके। ट्रिस्टन स्टब्स और आकाश मधवाल ने एक-एक विकेट लिया।

06:55 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का चौथा विकेट गिरा

130 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का चौथा विकेट गिरा है। डेवोन कॉन्वे 42 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। आकाश मधवाल ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब शिवम दुबे के साथ महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 132 रन है।

06:34 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का तीसरा विकेट गिरा

105 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का तीसरा विकेट गिरा है। अंबाती रायुडू 11 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। ट्रिस्टन स्टब्स ने उन्हें राघव गोयल के हाथों कैच कराया। अब डेवोन कॉन्वे के साथ शिवम दुबे क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 119 रन है।

विज्ञापन
06:32 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। डेवोन कॉन्वे के साथ अंबाती रायुडू क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को जीत के करीब ले जा चुके हैं। कॉन्वे धीरे-धीरे अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं।

06:14 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का दूसरा विकेट गिरा

81 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का दूसरा विकेट गिर चुका है। अजिंक्य रहाणे 17 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। पीयूष चावला ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। मुंबई के लिए दोनों विकेट पीयूष चावला ने ही लिए हैं। नौ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 81 रन है। अब डेवोन कॉन्वे के साथ अंबाती रायुडू क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
06:08 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: कॉन्वे और रहाणे के बीच अच्छी साझेदारी

डेवोन कॉन्वे और अजिंक्य रहाणे के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है और चेन्नई की टीम मैच में काफी आगे निकल चुकी है। आठ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है। 

05:59 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: पावरप्ले के बाद चेन्नई का स्कोर 55/1

140 रन का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 55 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अब रहाणे और कॉन्वे क्रीज पर हैं। दोनोंसंभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। सात ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 64 रन है।

05:56 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। डेवोन कॉन्वे के साथ अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर चेन्नई को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 

05:52 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई का पहला विकेट गिरा

46 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का पहला विकेट गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ 16 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। अब डेवोन कॉन्वे के साथ अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं।

05:46 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई की अच्छी शुरुआत

140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार शुरुआत की है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी शानदार अंदाज में खेल रही है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। चार ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 46 रन है।

05:29 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई की बल्लेबाजी शुरू

140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। मुंबई के लिए कैमरून ग्रीन पहला ओवर कर रहे हैं। पहले ओवर का खेल होने के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 10 रन है।

05:13 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई ने आठ विकेट पर 139 रन बनाए

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 140 रन का लक्ष्य रखा है। निर्धारित 20 ओवर में मुंबई की टीम आठ विकेट खोकर 139 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 64 रन नेहल वधेरा ने बनाए। वहीं, सूर्यकुमार ने 26 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 20 रन की पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। वहीं, चेन्नई के लिए मथीषा पाथिराना ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। दीपक चाहर और तुषार देशपांडे को दो-दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया।

05:10 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का आठवां विकेट गिरा

137 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का आठवां विकेट गिरा है। ट्रिस्टन स्टब्स 21 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। रवींद्र जडेजा ने उनका कैच पकड़ा। अब पीयूष चावला और जोफ्रा आर्चर क्रीज पर हैं।

05:08 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का सातवां विकेट गिरा

134 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का सातवां विकेट गिरा है। अर्शद खान दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मथीषा पाथिराना ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। 

05:04 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का छठा विकेट गिरा

127 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस के छह विकेट गिर चुके हैं। तुषार देशपांडे ने टिम डेविड को दो रन के स्कोर पर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। डेविड चार गेंद में दो रन बनाकर आउट हुए। अब ट्रिस्टन स्टब्स और अर्शद खान क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 134 रन है।

05:00 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई की आधी टीम पवेलियन लौटी

123 रन के स्कोर पर मुंबई की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मथीषा पाथिराना ने नेहल वधेरा को आउट कर मुंबई को पांचवां झटका दिया। वधेरा ने 51 गेंद में 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। पाथिराना ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।

04:57 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: नेहल वधेरा का अर्धशतक

नेहल वधेरा ने 46 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है और एक छोर पर विकेट बचाए हुए हैं। इसी वजह से अब मुंबई के पास तेजी से रन बनाने का मौका है। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की है और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले आए हैं।

04:56 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का स्कोर 100 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। नेहल वधेरा और ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई है। अब मुंबई के पास बड़ा स्कोर बनाने का मौका है। 16 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 106 रन है।

04:28 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का चौथा विकेट गिरा

69 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का चौथा विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब नेहल वधेरा के साथ ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 79 रन है।

04:21 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: सूर्यकुमार और नेहल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा के बीच 41 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 64 रन है।

04:11 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का स्कोर 50 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा ने शानदार साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई है। दोनों बल्लेबाज सूझ-बूझ के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं। वधेरा एक छोर संभालकर खेल रहे हैं, जबकि सूर्यकुमार तेजी से रन बना रहे हैं। नौ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 59 रन है।

04:03 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: पावरप्ले के बाद मुंबई का स्कोर 34/3

पावरप्ले खत्म होने के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन है। कप्तान रोहित शर्मा सहित टीम की सलामी जोड़ी ईशान किशन और कैमरून ग्रीन छोटे स्कोर पर आउट हो चुके हैं। हालांकि, इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने नेहल वधेरा के साथ मिलकर मुंबई की पारी संभाली है। इन दोनों को लंबी साझेदारी कर मुंबई को बड़े स्कोर तक ले जाना होगा। हालांकि, चेन्नई की इस पिच पर 150 रन के लक्ष्य का पीछा करना भी आसान नहीं होगा।

03:56 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम मुश्किल में फंस गई है। 14 रन के स्कोर पर टीम के तीन अहम बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। दीपक चाहर ने मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। रोहित ने तीन गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता भी नहीं खोल पाए। धोनी ने बढ़िया रणनीति बनाकर उन्हें फंसाया। अब नेहल वधेरा के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 16 रन है।


03:54 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का दूसरा विकेट गिरा

14 रन के स्कोर पर मुंबई की टीम को दूसरा झटका लगा है। दीपक चाहर ने ईशान किशन को महीष तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। किशन ने नौ गेंद में सात रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। अब मुंबई की सलामी जोड़ी पवेलियन लौट चुकी है। कप्तान रोहित के साथ नेहल वधेरा क्रीज पर हैं।

03:53 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई का पहला विकेट गिरा

13 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का पहला विकेट गिरा है। तुषार देशपांडे ने कैमरून ग्रीन को क्लीन बोल्ड किया। ग्रीन ने चार गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाए। अब ईशान किशन के साथ कप्तान रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।

03:52 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: मुंबई की बल्लेबाजी शुरू

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। इस मैच में रोहित शर्मा ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया है। ईशान किशन के साथ कैमरून ग्रीन ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, चेन्नई के लिए दीपक चाहर ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 10 रन है।

03:07 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉन्वे, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), दीपक चाहर, मथीषा पथिराना, तुषार देशपांडे, महेश थीक्ष्णा।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, ट्रिस्टन स्टब्स, टिम डेविड, नेहाल वधेरा, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, अर्शद खान।

03:02 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: चेन्नई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुुनी

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में चेन्नई की टीम अपने घर में जीत हासिल करना चाहेगी। चेन्नई की टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं, मुंबई की टीम दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। इस मैच में मुंबई के तिलक वर्मा और कुमार कार्तिकेय नहीं खेल रहे हैं। इन दोनों की जगह ट्रिस्टन स्टब्स और राघव गोयल को मौका दिया गया है।
 

02:56 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: लय पकड़ चुकी है मुंबई इंडियंस

मुंबई की टीम शुरुआती मुकाबलों में हार के बाद जीत की पटरी पर लौट चुकी है और अब पूरी लय में है। पिछले दो मुकाबलों में मुंबई ने राजस्थान और पंजाब को हराया है। यह टीम नौ मुकाबलों में पांच जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। मुंबई के पास 10 अंक हैं।

02:53 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Live Score: पिछले तीन मैच नहीं जीत पाई है चेन्नई की टीम

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पिछले तीन मैच नहीं जीत पाई है। राजस्थान और पंजाब के खिलाफ इस टीम को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, लखनऊ के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। 10 मैच में पांच जीत, चार हार और एक मैच ड्रॉ होने के साथ यह टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। 

02:48 PM, 06-May-2023

CSK vs MI Highlights: चेन्नई ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज दो मुकाबले होने हैं। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच है। दोनों टीमें जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थित  बेहतर करना चाहेंगी। चेन्नई यह मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं, मुंबई भी जीत हासिल कर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें