फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sidhu Moose Wala News Live: पांच डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम, गांव मूसा में कल होगा अंतिम संस्कार

Mon, 30 May 2022 09:08 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

Singer Sidhu Moose Wala Shot Dead Live Updates: पंजाब के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं इस मामले में सियासत भी गरमा गई है। पंजाब कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि वारदात के लिए आप सरकार जिम्मेदार है। वहीं गायक की सुरक्षा घटाने पर आप सरकार बैकफुट पर आ गई है।  
विज्ञापन
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के विरोध में चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की रविवार को सरेआम हत्या कर दी गई। मूसेवाला की हत्या के बाद सूबे में आक्रोश की आशंका के चलते मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस हमले को जिसने भी अंजाम दिया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। नौजवान गायक की हत्या का उन्हें दुख है। 

विज्ञापन

परिजनों से मिले कांग्रेस पंजाब अध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वारिंग ने पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की कल मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मूसेवाला के घर के बाहर पुलिस तैनात
मानसा के गांव मूसा में गायक सिद्धू मूसेवाला के घर के बाहर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। रविवार शाम को गायक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस बीच भारतीय क्रिकेट जगत में सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर शोक जताया है।

वड़िंग का सवाल-सुरक्षा कम क्यों की गई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वारिंग का कहना है कि सिद्धू की सुरक्षा क्यों कम की गई? 2 महीने में एक कबड्डी खिलाड़ी समेत 40-45 लोगों की जान चली गई। हम केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल से मिलेंगे और हाईकोर्ट में भी अपील करेंगे। इस बीच कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने भी सिद्धू मूसेवाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मानसा में धरने पर बैठे मूसेवाला के समर्थक। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़े परिजन
वहीं मूसेवाला की मौत के बाद परिजन उनका पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़ गए हैं। परिजनों ने गायक के समर्थकों के साथ जाम लगा दिया है। 

दो संदिग्ध हिरासत में 
वहीं सूत्रों के अनुसार, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मूसेवाला की हत्या के मामले में दो संदिग्धों को पकड़ा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं पंजाब पुलिस की तरफ से छह लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। 

लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ कर सकती है पंजाब पुलिस
सूत्रों के अनुसार, मूूसेवाला की मौत के मामले में पंजाब पुलिस तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से भी पूछताछ कर सकती है।

मूसेवाला के पिता ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच करवाने की मांग की
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर साहिब ने अपने बेटे की हत्या की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाने की मांग की है।  

राज्यपाल से मिलेगा शिअद प्रतिनिधिमंडल
सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में शिअद का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर दोपहर 12.30 बजे पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात करेगा। वरिष्ठ नेता एस बी एस भुंदर, प्रोफेसर प्रेम एस चंदूमाजरा और डॉ दलजीत सिंह चीमा शामिल होंगे।

भाजपा का शिष्टमंडल भी गवर्नर से मिलेगा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा शिष्टमंडल पंजाब की बदतर कानून-व्यवस्था और रोजाना हो रही हत्याओं को लेकर 30 मई सोमवार सुबह 11:30 बजे राज्यपाल से उनके घर में मुलाकात करेंगे।

तिहाड़ जेल में बंद है बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई तिहाड़ जेल नंबर 8 में बंद है। हालांकि पूछताछ को लेकर अभी तिहाड़ प्रशासन पुष्टि नहीं कर रहा है।

पंजाब कांग्रेस के तेवर तल्ख
सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर पंजाब कांग्रेस के तेवर तल्ख हो गए हैं। सीबीआई और एनआईए से जांच के कराए जाने की मांग होने लगी है। पंजाब में राष्ट्रपति शासन के लिए आज कांग्रेसी भी राज्यपाल से मिलेंगे।

बठिंडा पुलिस को मिली सफलता 
गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने के लिए आरोपियों ने जिस टोयोटा कोरोला गाड़ी का इस्तेमाल किया था, उसके मालिक तक बठिंडा पुलिस पहुंच गई है। रविवार देर रात को पुलिस ने टोयोटा कोरोला गाड़ी के मालिक को बठिंडा के गांव भागी वादर से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

हत्या की जांच करेंगे हाईकोर्ट के सिटिंग जज
सीएम भगवंत मान ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाने का एलान किया है।

सुरक्षा घटाने के फैसले की जांच के आदेश
मूसेवाला हत्याकांड पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मान ने कहा कि पंजाब सरकार जांच में पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने डीजीपी के बयान पर भी स्पष्टीकरण मांगा है। सुरक्षा घटाने के फैसले पर भी मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। 

मूसेवाला की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन
गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के खिलाफ सोमवार को चंडीगढ़ में युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष दीपक लुबना के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के सेक्टर 39 स्थित कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने युवा कांग्रेस के नेताओं को रोक लिया और पकड़कर सेक्टर 39 के थाने ले आई। करीब 15 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। दीपक लुबाना ने आरोप लगाया कि आप सरकार लोगों की रक्षा करने में नाकाम है। 

हिमाचल के सीएम ने हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
सिद्धू मूसेवाला की मौत को हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। ठाकुर ने कहा कि पंजाब में घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। एक दिन पहले सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा वापस ले ली गई थी। एक तंत्र विकसित किया गया है और एक समिति व्यक्तियों के लिए सुरक्षा खतरे की समीक्षा करती है। उसी के आधार पर सुरक्षा दी जाती है। यह राजनीतिक फैसला नहीं होना चाहिए। 

बैकफुट पर आए डीजीपी
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डीजीपी वीके भावरा ने अपने बयान पर स्पष्टीकरण दिया है। डीजीपी ने कहा कि मैं  मूसेवाला के कत्ल की सख्त शब्दों में निंदा करता हूं। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करके परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। मैंने कभी मूसेवाला को गैंगस्टर नहीं कहा। सोशल मीडिया पर कल से लगातार इस तरह के दावे किए जा रहे हैं।  लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस कत्ल की जिम्मेदारी ली है। जांच में कत्ल के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मीडिया के एक हिस्से ने उनका गलत हवाला दिया। मेरे दिल में सिद्धू मूसेवाला के लिए बहुत सम्मान है।

तिहाड़ जेल से जुड़े मूसेवाला की हत्या के तार
सूत्रों के अनुसार सिद्धू मूसेवाला की मौत की साजिश का संबंध दिल्ली की तिहाड़ जेल से हो सकता है। इस सिलसिले में जेल से एक फोन नंबर मिला है। कुछ दिन पहले शाहरुख नाम के एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह गैंगस्टर गोल्डी बरार के साथ संवाद करने के लिए एक मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल कर रहा था। लॉरेंस बिश्नोई, उसके सहयोगियों, काला जठेड़ी और काला राणा से दिल्ली पुलिस विशेष प्रकोष्ठ द्वारा मूसेवाला की हत्या के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

राज्यपाल से मिलने पहुंचे पंजाब भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा। - फोटो : ANI
पंजाब भाजपा प्रमुख राज्यपाल से मिले
पंजाब भाजपा प्रमुख अश्विनी कुमार शर्मा ने सोमवार को राज्यपाल से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि जब से यह सरकार सत्ता में आई है, तब से अराजकता है। सीएम मान सरकार नहीं चला रहे हैं। यह अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा की कठपुतली है जो न तो पंजाब को जानते हैं और न ही इसकी संवेदनशीलता। हम मांग करते हैं कि इस सरकार को बर्खास्त किया जाए।

सरकार के गलत फैसले से गई मूसेवाला की जान: सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि अगर पंजाब सरकार ने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा वापस लेने का गलत फैसला नहीं लिया होता, तो वह बच जाते। अकाली दल ने इस मामले में केंद्रीय स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की।

मानसा के होटल में दिखे संदिग्ध नौजवान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
मानसा के होटल में दिखे संदिग्ध नौजवान
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पुलिस को एक लीड मिली है। मानसा के एक होटल में कुछ संदिग्ध नौजवान देखे गए हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।

पंजाब कांग्रेस निकालेगी शांति मार्च
मानसा में अपने नेता की हत्या के बाद से पंजाब कांग्रेस में आक्रोश है। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बताया कि मूसेवाला को श्रद्धांजलि देने के लिए मानसा अस्पताल से गुरुद्वारा साहिब तक शाम 6 बजे शांति मार्च निकाला जाएगा।  

दिल्ली में केजरीवाल आवास के पास प्रदर्शन
दिल्ली कांग्रेस ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया और आम आदमी पार्टी पर पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार सहित प्रदर्शनकारियों ने सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर से केजरीवाल के आवास की ओर मार्च किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने प्रधान सचिव को लिखा पत्र
सिद्धू मूसेवाला की मौत की जांच के मामले में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने प्रधान सचिव को लिखा कि उन्हें उच्च न्यायालय के एक मौजूदा न्यायाधीश की अध्यक्षता में मामले की जांच कराने के लिए पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पंजाब के मुख्यमंत्री के अनुरोध से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप इस मामले को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के एक मौजूदा न्यायाधीश द्वारा जांच के लिए मुख्य न्यायाधीश के सामने रखें।

मीनाक्षी लेखी ने आप सरकार पर साधा निशाना 
सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह पहली हत्या नहीं है, यह पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद 90वीं हत्या है। 30 राउंड के साथ सिद्धू मूसेवाला की हत्या कुशासन का प्रतीक है जो राज्य में चल रहा है।

न्यायिक आयोग गठित
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शुभदीप सिंह सिद्धू की हत्या की जांच के लिए पंजाब और हरियाणा एचसी के मौजूदा जज के तहत न्यायिक आयोग गठित करने की घोषणा कर दी है।  

देहरादून से एक युवक को हिरासत में लिया
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने देहरादून में दबिश दी। मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। शिमला बायपास रोड स्थित नया गांव में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ भी इस कार्रवाई में शामिल रहे। युवक को हत्यारों का मददगार बताया जा रहा है।

कुछ ही देर में होगा मूसेवाला का पोस्टमार्टम
मानसा अस्पताल में थोड़ी देर में सिद्धू मूसेवाला का पोस्टमार्टम किया जाएगा। उनका परिवार इसके लिए तैयार हो गया।

कई लोगों को किया गया राउंडअप
मानसा के आईजी पीके यादव ने बताया कि नियमों के अनुसार फोरेंसिक टीम, उनके परिवार के लोग और पूरी मेडिकल टीम मौके पर मौजूद है। आज पोस्टमार्टम होगा उसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। मामले में कई अहम बातें सामने आई हैं, कई लोगों को राउंडअप किया है। जितने भी सबूत मिले हैं उनकी जांच की जा रही है।

जालंधर में कांग्रेसियों ने धरना लगाया 
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने जालंधर में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसी नेताओं ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना भी दिया व पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

हाई अलर्ट पर पंजाब, लुधियाना से लेकर मानसा तक नाकाबंदी 
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में हाई अलर्ट कर दिया गया है। लुधियाना से लेकर मानसा तक हर जगह पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। पुलिस ने शहर के प्रमुख चौकों के साथ साथ देहाती इलाकों में भी नाकाबंदी कर दी है। हर आने-जाने वाले वाहन की चेकिंग की जा रही है। फिरोजपुर रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वहीं मुल्लांपुर, सुधार, रायकोट आदि जगहों पर पुलिस ने हाई अलर्ट के तहत नाकाबंदी की हुई है। 

हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को जारी किया नोटिस
भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्य पाल जैन ने कहा कि कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर उन लोगों की संख्या के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है जिनकी सुरक्षा छीनी गई थी और जिन कारणों से उनकी सुरक्षा में कटौती की गई थी। दो जून को पंजाब सरकार को जवाब दाखिल करना है। सुरक्षा बढ़ाना या घटाना राज्य का विशेषाधिकार है लेकिन यह एक संवेदनशील मामला है। जब आप सुरक्षा कम करते हैं तो इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहिए।

मोगा से ऑल्टो कार बरामद
गायक मूसेवाला की हत्या कर आरोपी ने एक ऑल्टो कार लूटी थी। अब वह कार मोगा जिले के धर्मकोट इलाके से बरामद हुई है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। 

जांच के लिए हाईकोर्ट को लिखा पत्र
सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मौजूदा जज से कराने के राज्य सरकार के फैसले के बाद सोमवार को इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पंजाब सरकार के गृह विभाग ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को पत्र भेजा है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से आग्रह किया गया है कि इस पत्र को तुरंत चीफ जस्टिस के ध्यान में लाते हुए उपरोक्त मामले की जांच मौजूदा जज को सौंपी जाए।

हत्या में इस्तेमाल बोलेरो मिली
सिद्धू मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी पुलिस ने बरामद कर ली है। इसमें कई गाड़ियों की नंबर प्लेट मिली हैं। एक नंबर प्लेट फिरोजपुर की है, जिसका यहां के आरटीओ दफ्तर में रजिस्ट्रेशन है। पुलिस आरटीओ दफ्तर फिरोजपुर में उक्त नंबर से संबंधित रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। उल्लेखनीय है कि सिद्धू मूसेवाला की रविवार को बदमाशों ने गोलियां दागकर हत्या कर दी थी।
विज्ञापन

मंगलवार को होगा गांव मूसा में अंतिम संस्कार 
पंजाबी गायक सिद्धू मूस्सेवाला का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा। पहले परिवार अपनी मांगों को लेकर पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़ा था लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मामले की जांच मौजूदा जज से करवाने के आश्वासश्न के बाद मूसेवाला का परिवार सहमत हुआ। सोमवार को देर शाम पांच डॉक्टरों के पैनल ने सिद्धू मूसेवाला का पोस्टमार्टम किया लेकिन अभी तक इस में किसी तरह का कोई खुलासा नहीं किया गया। मूसेवाला का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव मूसा में किया जाएगा और उनके घर, सिविल अस्पताल अन्य जगह पर भारी पुलिस बल तैनात है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें