दिल्ली के डिप्टी सीएम के साथ लंच
बजट पेश किए जाने के बाद सीएम भगवंत मान ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के साथ लंच किया।
महिलाओं को एक हजार रुपये के वादे का जिक्र नहीं
महिलाओं को एक हजार रुपये देने के वादे को पूरा न करने पर हरपाल चीमा ने कहा कि आर्थिक हालात ठीक होते ही इस वादे को पूरा किया जाएगा।
पंजाब सरकार का बजट पेश
वित्तमंत्री ने बजट भाषण खत्म कर दिया है।
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा
परिवहन माफी को समाप्त कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जाएगा। पंजाब में 45 नए बस स्टैंड का निर्माण और पनबस और पीआरटीसी के 61 बस स्टैंडों का नवीनीकरण किया जाएगा।
मोहाली में बनेगा डॉ. बीआर अंबेडकर भवन
मोहाली में डॉ. बीआर अंबेडकर भवन की स्थापना की जाएगी, जहां अनुसूचित जाति से संबंधित कल्याणकारी योजनाएं प्रदान करने वाले सभी कार्यालय एक छत के नीचे होंगे। मोहाली में 10 करोड़ रुपये की लागत से जल भवन का निर्माण होगा।
कोई नया टैक्स नहीं
पंजाब बजट में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है
राजस्थान फीडर की लाइनिंग के लिए 780 करोड़ का प्रावधान
राजस्थान फीडर और सरहिंद फीडर नहर की लाइनिंग के लिए बजट में 780 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कंडी क्षेत्र को बड़ी राहत
कंडी क्षेत्र को सरकार ने बड़ी राहत दी है। यहां रहने बाले लोगों के यातायात को सुगम बनाने के लिए बठिंडा से पठानकोट तक एक नया हाईवे बनाया जाएगा। साथ ही सड़कों और सरकारी इमारतों के रख रखाव के लिए बजट में 2102 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।
बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 23 हजार करोड़ का बजट
प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 23468 करोड़ का बजट रखा गया है। राज्य की कुल बिजली सब्सिडी 15,845.89 करोड़ रुपये होगी। वहीं ग्रामीण विकास के लिए 3003 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है।
स्कूली शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला
प्रदेश के 100 मौजूदा स्कूलों को प्रतिष्ठित स्कूलों के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। ये स्कूल प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक संयुक्त स्कूल होंगे और डिजिटल क्लासरूम, पूरी तरह से सुसज्जित लैब, व्यावसायिक प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रशिक्षित फैकल्टी जैसे उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे से लैस होंगे।
शहीदों के परिजनों को मिलेगा एक करोड़
शहीदों के परिजनों को 50 लाख के बजाय एक करोड़ देने के लिए 130 करोड़ का बजट रखा गया है। बीते साल के मुकाबले बजट में 11 फीसदी इजाफा किया गया है।
पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए 108 करोड़ का बजट
पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए 108 करोड़ रखे गए हैं। सभी जिलों में साइबर क्राइम सेल बनाने को 30 करोड़ का बजट रखा गया है।
डोर स्टेप सर्विसेज शुरू होंगी
सरकार दिल्ली की तर्ज पर डोर स्टेप सर्विसेज शुरू करेगी।
हर जिले में खुलेगा सीएम ऑफिस
जन जन तक मुख्यमंत्री की पहुंच हो सके, इसके लिए राज्य के प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री आफिस खोले जाएंगे।
पनसप के एनपीए खातों के निपटान के लिए 350 करोड़ का पैकेज
पनसप के एनपीए खातों के निपटान के लिए 350 करोड़ का बेलआउट पैकेज जारी किया गया है।
जन सेवा केंद्रों में सेवाओं की संख्या बढ़ेगी
जन सेवा केंद्रों में अभी 100 सेवाएं दी जा रही हैं। सरकार इन सेवाओं की संख्या बढ़ा कर 450 करेगी। इसके साथ ही व्यापारियों के लिए राज्य सरकार व्यापारी कमीशन का गठन करेगी। इसके सदस्य व्यापारी ही होंगे।
सहकारी बैंकों की देनदारियां होंगी खत्म
पंजाब सरकार सहकारी बैंकों की देनदारियां खत्म करेगी। इसके लिए बजट में 688 करोड़ का प्रावधान किया गया है
जंगली जानवरों के लिए शुरू होगी शहीद भगत सिंह योजना
जंगली जानवरों के लिए सरकार शहीद भगत सिंह के नाम से योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। बजट में इस योजना के तहत 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
26 हजार मुलाजिमों की भर्ती के लिए 714 करोड़ का बजट
26454 मुलाजिमों की भर्ती के ऐलान को पूरा करने के लिए 714 करोड़ का प्रावधान बजट में रखा गया है। 36000 ठेका मुलाजिमों को पक्का करने के लिए बजट में 540 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
पीयू पटियाला को 200 करोड़ का बजट
पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को वित्तीय संकट से उभारने के लिए 200 करोड़ का बजट रखा गया है।
स्वास्थ्य के लिए 4731 करोड़ का बजट
स्वास्थ्य के लिए 4731 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसमें 24 फीसदी इजाफा किया गया है। वहीं खेती के लिए 11560 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।
किसानों को बिजली सब्सिडी जारी रहेगी
किसानों के लिए दी जाने वाली बिजली सब्सिडी सरकार जारी रखेगी। बजट में सरकार ने मुफ्त बिजली के लिए 6947 करोड़ का प्रावधान किया है
पराली प्रबंधन के लिए 200 करोड़
पराली प्रबंधन के लिए 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इस फंड से किसान पराली न जला, इसके लिए काम किए जाएंगे।
सीधी बिजाई के लिए 450 करोड़ का प्रावधान
बजट में सीधी बिजाई के 450 करोड़ का प्रावधान किया गया है
16 नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे
अगले पांच साल में 16 नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे।
स्कूलों में तैनात होंगे स्टेट मैनेजर
स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर दुरुस्त करने के लिए स्टेट मैनेजर की तैनाती होगी। स्कूल अध्यापक और प्रिंसिपल अब सिर्फ बच्चों को पढ़ाएंगे। इसके लिए 123 करोड़ का बजट रखा गया है।
स्कूली बजट में 16 फीसदी का इजाफा
पंजाब में स्कूली व उच्च शिक्षा के बजट में 16 फीसदी का इजाफा किया गया है। तकनीकी शिक्षा बजट में 47 फीसदी और मेडिकल शिक्षा बजट में 57 फीसदी इजाफा किया गया है। पंजाब में स्कूलों के रखरखाव के लिए एस्टेट मैनेजर रखे जाएंगे।
चीमा ने पेश किया बजट अनुमान
पंजाब सरकार ने वित्तीय साल के लिए 1.55860 करोड़ का बजट अनुमान पेश किया है। पिछले साल के मुकाबले यह 14 प्रतिशत ज्यादा है। 60 हजार 440 करोड़ रुपये कर्मचारियों की तनख्वाह और पेंशन के लिए रखे गए हैं।
टैक्स चोरी रोकने के लिए इंटेलिजेंस यूनिट बनाएगी सरकार
पहली बार सरकार टैक्स चोरी रोकने के लिये इंटेलिजेंस यूनिट बनाने जा रही है। टैक्स की चोरी को लेकर पिछली सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किए।
ये हैं बजट के आधार
बजट का आधार बिगड़ते वित्तीय हालात को संभालना, राजस्व बढ़ाकर कर्ज घटाना और सार्वजनिक फंडों का प्रभावशाली इस्तेमाल है। बजट में पहली बार वित्तीय जोखिम का जिक्र किया गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस
सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस किया है। पंजाब पर 2.63 लाख का कर्जा है।
जनता का बजट
चीमा ने कहा कि लोगों की राय से पहली बार पंजाब का बजट तैयार किया गया है। यह जनता का बजट है। 20384 सुझाव लोगों ने दिए हैं। 27.3 प्रतिशत सुझाव राज्य की महिलाओं ने दिए।
पेपरलेस बजट से 21 लाख रुपये बचेंगे
वन विधायक वन पेंशन से 19 करोड़ हर साल बचेंगे। पेपरलेस बजट से 21 लाख रुपये बचेंगे।
एक जुलाई से पूरा होगा मुफ्त बिजली का वादा
वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि मुफ्त बिजली का वादा एक जुलाई से पूरा होगा। बजट का एक एक पैसा लोगों पर खर्च होगा।
पेपरलेस बजट पर सवाल
कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने पेपरलेस बजट पर सवाल उठाए। उन्होंने बजट एप डाउनलोड करने के लिए वाई-फाई नहीं होने पर आपत्ति जताई।
सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे दिल्ली के डिप्टी सीएम
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद विक्रम साहनी सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे हैं।
वित्तमंत्री का भाषण शुरू
वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने बजट भाषण शुरू कर दिया है।
प्रश्नकाल समाप्त
प्रश्नकाल समाप्त हो गया है। अब वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे।
प्रश्नकाल शुरू
बजट सत्र में प्रश्नकाल शुरू हो गया है। इसके बाद बजट पेश किया जाएगा।
पेपरलेस होगा बजट
भगवंत मान सरकार आज पेपरलेस बजट पेश करेगी।
नया कर लगाने के पक्ष में नहीं मान
बजट में मुख्यमंत्री भगवंत मान लोगों पर कोई नया कर लगाने के पक्ष में नहीं हैं। यही कारण है कि पूरी संभावना है कि सरकार बजट में लोगों पर कोई नया कर नहीं लगाएगी। हालांकि इस वित्तीय वर्ष में पिछले वर्ष के मुकाबले में राज्य को जीएसटी मुआवजे में 9000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
मुफ्त बिजली और हर महिला को 1000 रुपये के वादे पर नजर
आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये देने का एलान किया था। इन वादों के लिए भी बजट में प्रावधान रखा जाएगा।
पार्टी की कई गारंटियों के लिए भी होगा आवंटन
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किए जाने वाले बजट प्रस्तावों में आप की गारंटियों को पूरा करने के लिए आवंटन भी होगा।
आम आदमी पार्टी नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आज अपना पहला बजट पेश करेगी। सरकार ने बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर पिछली सरकारों के मुकाबले 15 से 20 प्रतिशत अधिक बजट आवंटन का फैसला किया है। राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ावा देने के लिए सरकार हर जिले में स्टेडियम बनाएगी।