फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana Floor Test Live: नायब सिंह सैनी सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, मनोहर लाल का करनाल विधानसभा से इस्तीफा

Wed, 13 Mar 2024 03:46 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Haryana Politics live News in Hindi: हरियाणा में मंगलवार को नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई सरकार बनी थी। आज विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में सरकार ने बहुमत साबित कर दिया। विश्वास मत ध्वनिमत से पास हुआ। जानें पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
सदन में बोलते नायब सिंह सैनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:45 PM, 13-Mar-2024

सदन अनिश्तिकाल के लिए स्थगित

हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। 

02:47 PM, 13-Mar-2024

मनोहर लाल ने करनाल विधानसभा से इस्तीफा दिया

मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल ने हरियाणा की करनाल विधानसभा सीट से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसका एलान सदन में किया।

02:18 PM, 13-Mar-2024

नायब सैनी ने हासिल किया विश्वासमत

सदन में नायब सिंह सैनी सरकार ने विश्वासमत हासिल किया। विस में बिना मतदान ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर दिया गया।

विज्ञापन
01:44 PM, 13-Mar-2024

सदन में बोल रहे सीएम

सदन में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी बोल रहे हैं। सैनी ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे बतौर सीएम सदन में आए हैं। सीएम ने कहा कि मैं मनोहर लाल की देखरेख में पला बढ़ा हूं।

01:39 PM, 13-Mar-2024

सदन में दिखा हुड्डा का शायराना अंदाज

पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने शायराना अंदाज में कहा कि मालूम था सबको एक दिन यार बदलेंगे, नाटक वही रहेगा पर किरदार बदलेंगे। हुड्डा ने कहा कि तुम सीएम बदलते रहना हम सरकार बदलेंगे। हुड्डा ने कहा कि ये स्वार्थ का गठबंधन था। 

विज्ञापन
01:21 PM, 13-Mar-2024

रंजीत चौटाला ने कांग्रेस पर कसा तंज

रंजीत चौटाला ने कहा कि अप्रैल में लोकसभा चुनाव आ रहा है, कांग्रेस की टिकट लेने के लिए लोग तैयार नहीं हैं। सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस पर कांग्रेस ने विरोध जताया। विधायक रघुबीर कादियान ने कहा किसी पर कीचड़ उछालना अच्छी बात नही है। रंजीत चौटाला ने कहा कि अप्रैल में मेंडेट आएगा। जिसमें पता लग जाएगा कौन कहां खड़ा है।
 

01:10 PM, 13-Mar-2024

सीक्रेट बैलेट से वोटिंग की मांग

कांग्रेस विधायक राव दान सिंह ने कहा कि मैं इस विश्वास मत का विरोध करता हूं, इसका चुनाव सीक्रेट बैलेट पर करवाया जाए।


 

12:48 PM, 13-Mar-2024

कादियान ने कहा ये सरकार गिरनी चाहिए

कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि पार्टी के फैसलों का जनता पर फर्क पड़ता है, विकास पर फर्क पड़ता है। जब आप 2019 में आए तब भी आप अल्पमत में थे। आपने सरकार बनाई, अब भी आपके पास बहुमत नहीं था अब भी आप सरकार बना रहे हो।  खट्टर साहब से हमें सहानुभूति है। जो भ्रष्टाचार के बीच ईमानदारी को लेकर खड़े रहे। मनोहर लाल जी, आप शरीफ आदमी हो आपको बली चढ़ा दिया। हरियाणा में राष्ट्रपति लागू हो। सरकार का फैसला जनता पर छोड़ना चाहिए। हम विश्वास प्रस्ताव के खिलाफ हैं। यह गिरना चाहिए। आपके पांच लोग ऐसे हैं जो इसके खिलाफ वोट देंगे। आपको जनता के पास जाना होगा।
 

12:45 PM, 13-Mar-2024

जेपी दलाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा

मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि मैं विश्वास मत के समर्थन में हूं। एक गरीब किसान के घर में पैदा हुआ बच्चा इस पद पर पहुंचा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवार की राजनीति करने वाले हैरान हैं। इनके सदस्य कहते है सीक्रेट वोटिंग होनी चाहिए। कांग्रेस के लोग अपने साथियों को इकट्ठा करके दिखाएं तब ये कह सकते है कि विश्वास मत के खिलाफ हैं। हमारी सरकार ने गरीब के हाथ में सत्ता दी है। किसानों के खातों में पैसे डाले है। जेपी दलाल ने कहा मनोहर लाल इससे भी ऊंचे पद पर जाएंगे। कांग्रेस के साथियों का पूर्व मुख्यमंत्री को ईमानदार बताने और नए मुख्यमंत्री को शरीफ बताने पर धन्यवाद करता हूं।

12:42 PM, 13-Mar-2024

रावत के बयान पर भड़के विपक्षी

चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने निर्दलीय विधायकों को बेचारा कहा। इस शब्द पर नयनपाल रावत ने आपत्ति जताई, जिसके बाद शर्मा ने शब्द वापस लिए। वहीं नयनपाल रावत ने कहा ये हुड्डा की सरकार नहीं जहां हजकां के विधायक खरीदकर सरकार बनाई थी। इस पर विपक्ष के विधायक खड़े हो गए और हंगामे का माहौल बन गया। वहीं मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि ये बात पूरा हरियाणा जानता है, इस बात में क्या संदेह है। पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा खडे़ हुए और कहा कि लोग जानते हैं मैं बोलकर पोल खोलूं अभी? इसके बाद स्पीकर ने मामला शांत कराया।

12:24 PM, 13-Mar-2024

राव दान सिंह बोले-सरकार में कुछ कमियां रही होंगी

कांग्रेस विधायक राव दान सिंह ने कहा कि क्या इमरजेंसी थी कि अचानक विश्वास मत हासिल करने की जरूरत पड़ी। 11 मार्च को पीएम पूर्व मुख्यमंत्री की तारीफों के पुल बांधते है और रातों रात पूरा सीन बदल जाता है। मुझे लगता है कि सरकार में कुछ न कुछ कमियां जरूर रही होगी इसलिए यह कदम उठाना पड़ा। अपने बदतर हालात को छिपाने के लिए सरकार ने यह परिवर्तन किया। इधर उधर की बात मत कर यह बता कि यह कारवां क्यों लुटा।

 

12:16 PM, 13-Mar-2024

कादियान बोले-हमें मनोहर लाल से संवेदना है

चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि 11 मार्च को पीएम हरियाणा आते हैं तो वहां पर पूर्व सीएम मनोहर लाल की तारीफों के पुल बांधे जाते हैं। अगले दिन यह घटना घटती है, इसका असर जनता पर भी पड़ता है। जो वोट बैंक किसी राजनीतिक पार्टी का था उसमें एन्टी इंकमबेंसी आ जाती है। मनोहर लाल के साथ हमे संवेदना है, उन्हें बड़े बेआबरू होकर बाहर निकाला गया।इतना बड़ा चीरहरण तो द्रौपदी का भी नहीं हुआ था। 

11:41 AM, 13-Mar-2024

विश्वास मत पर चर्चा शुरू

सदन में रखे गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। स्पीकर ने सदन में 1 घंटा विपक्ष और 1 घंटा सत्तापक्ष को विश्वास मत पर बोलने का समय तय किया।

11:30 AM, 13-Mar-2024

जजपा के पांचों विधायक बाहर निकले

सदन में पहुंचे जजपा के विधायक बाहर चले गए हैं। विश्वास मत की वोटिंग से पहले जजपा विधायक जोगीराम सिहाग, देवेंद्र बबली, रामकुमार गौतम, रामनिवास सूरजाखेड़ा, ईश्वर सिंह भी बाहर गए। निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू की सदन से बाहर निकले।

11:26 AM, 13-Mar-2024

सीएम ने रखा विश्वास प्रस्ताव

सीएम नायब सिंह सैनी ने सदन में विश्वास प्रस्ताव रखा।

11:23 AM, 13-Mar-2024

हुड्डा ने सत्र बुलाने पर उठाया सवाल

विधानसभा सत्र जल्दी बुलाने पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कोई इमरजेंसी नहीं थी। सरकार को बहुमत सिद्ध करना है। आज करे या कुछ दिन बाद करें। इस पर स्पीकर ने कहा कि एक सदस्य के लिए हाउस स्थगित नहीं किया जा सकता।

11:19 AM, 13-Mar-2024

अनिल विज सदन में पहुंचे

अनिल विज सदन में पहुंच गए हैं। 

11:12 AM, 13-Mar-2024

पार्टी व्हिप के बावजूद जजपा के चार विधायक पहुंचे

जजपा विधायक ईश्वर सिंह, रामकुमार गौतम, देवेन्द्र बबली और जोगीराम सदन में पहुंचे। 

11:04 AM, 13-Mar-2024

सीएम ने पढ़ा शोक प्रस्ताव

सीएम नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़ा

11:02 AM, 13-Mar-2024

सदन में पहुंचे सीएम

सीएम नायब सिंह सैनी सदन में पहुंच गए हैं। सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। 

10:47 AM, 13-Mar-2024

जजपा के विधायकों को अनुपस्थित रहने का व्हिप जारी

विश्वासमत के दौरान जननायक जनता पार्टी के विधायक सदन से अनिवार्य रूप से अनुपस्थित रहेंगे। पार्टी ने तीन लाइन का व्हिप जारी कर दिया है।

10:37 AM, 13-Mar-2024

हरियाणा विधानसभा में दलगत स्थिति

दल                      विधायक
भाजपा                    41
कांग्रेस                    30
जजपा                    10
हलोपा                    01
इनेलो                     01
निर्दलीय                 07
कुल संख्या             90

10:37 AM, 13-Mar-2024

विज बोले-मैं भाजपा के लिए काम करता रहूंगा

कल विधायक दल की बैठक से नाराज होकर निकले पूर्व गृह मंत्री अनिल विज सीधे विधानसभा पहुंचेंगे। अंबाला से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन मैंने हर स्थिति में बीजेपी के लिए काम किया है।  

10:29 AM, 13-Mar-2024

भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत

जजपा के 10 विधायकों के अलग होने के बावजूद भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। भाजपा के पास अपने कुल 41 विधायक हैं और छह निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। राज्य में 90 विधानसभा सीटें हैं। इस हिसाब से उन्हें विश्वास मत हासिल करने के लिए 46 विधायकों का समर्थन चाहिए। वहीं, सत्र में कांग्रेस विधायक भी पहुंचेंगे। ऐसे में बहुमत परीक्षण के दौरान हंगामा होने के भी आसार हैं।

10:29 AM, 13-Mar-2024

11 बजे से होगा सत्र

बुधवार सुबह 11 बजे विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है।

10:25 AM, 13-Mar-2024

Haryana Floor Test Live: नायब सिंह सैनी सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, मनोहर लाल का करनाल विधानसभा से इस्तीफा

हरियाणा की नायब सिंह सैनी की सरकार का आज बहुमत परीक्षण है। मंगलवार को सीएम पद संभालने के बाद सैनी ने पांच मंत्रियों व अफसरों के साथ पहली कैबिनेट बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने बुधवार को एक दिन का विधानसभा सत्र बुलाया है। सत्र के दौरान सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि उनके पास 48 विधायकों का समर्थन पत्र है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें