गर्मी ने कम किया उत्साह, 65 फीसदी मतदान, 2019 की तुलना में 5.34 फीसदी कम रहा मतदान
भीषण गर्मी व लू ने हरियाणा के मतदाताओं के उत्साह पर पानी फेर दिया है। राज्य की दस लोकसभा सीटों पर कुल 65 फीसदी मतदान हुआ। यह आंकड़ा रात आठ बजे तक का है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 70.34 फीसदी मतदान हुआ था। पिछली बार की तुलना में इस बार करीब 5.34 फीसदी कम मतदान हुआ। वहीं, करनाल विधानसभा उपचुनाव में 57.8 फीसदी मतदान हुआ। मतदान कम होने से राजनीतिक दल असमंजस में हैं। देर रात तक सभी गुणा-भाग करने में जुटे रहे।
हरियाणा की दस लोकसभा सीटों व करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान की प्रक्रिया पूरी होने साथ ही 223 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। छिटपुट झड़पों को छोड़कर पूरे प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान कम होने के पीछे भीषण गर्मी और मतदाताओं की उदासीनता को माना जा रहा है। शनिवार को सभी जिलों में 41 से 46.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कड़ी धूप होने से दोपहर में लोग घरों से नहीं निकले।
पिछले चार चुनावों को देखें तो इस बार सबसे कम मतदान देखा गया है। 2004 में 66.72 फीसदी, 2009 में 67.49, 2014 में 71.45 फीसदी, 2019 में 70.34 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था। राज्य में सबसे ज्यादा मतदान सिरसा लोकसभा सीट में 69 फीसदी हुआ। पिछले चुनाव में इस सीट पर 75.99 फीसदी मतदान हुआ था। सबसे कम मतदान फरीदाबाद लोकसभा सीट पर 59.7 फीसदी रिकॉर्ड हुआ। इस लोकसभा सीट पर पिछले साल 64.1 फीसदी मतदान हुआ था।
जहां किसान आंदोलन का असर, वहां ज्यादा मतदान
मतदान के आंकड़े बता रहे हैं कि जिन इलाकों में किसान आंदोलन का असर था, वहां ज्यादा मतदान हुआ है। पिछले दिनों हुए किसान आंदोलन का सबसे ज्यादा असर सिरसा, अंबाला, कुरुक्षेत्र में देखा गया। इन जगहों पर मतदान अच्छा हुआ है। माना जा रहा है कि किसानों ने यहां पर बंपर वोटिंग की है।
चौंका सकते हैं नतीजे : विशेषज्ञ
दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट आफ सोशल साइसेंज और रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के एकेडमिक अफेयर्स के पूर्व डीन प्रो. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मतदान कम होने के पीछे दो वजह हैं, एक तो 2019 की तरह लोगों में उत्साह नहीं था। पिछले चुनाव में राष्ट्रवाद व सर्जिकल स्ट्राइक जैसे मुद्दे छाए थे, जिसकी वजह से लोग मतदान केंद्रों में गए थे। दूसरा बड़ा कारण इस बार गर्मी ज्यादा थी। खासकर बीमार व बुजुर्गों ने वोट डालने से परहेज किया है। उन्होंने बताया कि पुराने ट्रेंड व शोध बताते हैं कि मतदान कम या ज्यादा होने का परिणाम मिश्रित रहा है। किसी को भी फायदा या नुकसान हो सकता है। इतना तय है कि चार जून को नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं। जिस तरह से सत्ता पक्ष के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर थी, उससे ऐसा लगता है कि भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सबसे अधिक मतदान वाले तीन जिले
यमुनानगर 71.4
फतेहाबाद 69.9
सिरसा 69.6
सबसे कम मतदान वाले तीन जिले
फरीदाबाद 57.0
गुरुग्राम 57.9
सोनीपत 60.5
लोकसभा क्षेत्रवार मतदान की स्थिति
लोकसभा क्षेत्र मतदान % 2019 मतदान % 2024
अंबाला 71.11 66.9
कुरुक्षेत्र 74.29 66.2
सिरसा 75.99 69.0
हिसार 72.33 64.6
करनाल 68.35 63.2
सोनीपत 71.02 62.2
रोहतक 70.52 64.5
भिवानी-महेंद्रगढ़ 70.48 65.2
गुड़गांव 67.33 60.6
फरीदाबाद 64.1 59.7
कुल 70.34 65
सोनीपत लोकसभा में जींद की 3 विधानसभाओं का पोलिंग रिजल्ट परसेंटेज
जींद में 62.8%
जुलाना में 68.2%
सफीदों में 66.8%
जींद की जुलाना विधानसभा ( सोनीपत लोकसभा ) में हुआ सबसे ज्यादा मतदान।
हिसार लोकसभा सीट पर जींद की उचाना विधानसभा का पोलिंग रिजल्ट
उचाना में 63%
सिरसा लोकसभा सीट पर जींद की विधानसभा नरवाना का पोलिंग रिजल्ट
नरवाना में 64.8%
हरियाणा में मतदान का समय खत्म हो चुका है। यमुनानगर में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।
1.गुहला-61.7%
2.कैथल-64.9%
3.कलायत-59.8%
4.लाडवा-66.8%
5.पिहोवा-57.1%
6.पूंडरी- 56.7%
7.रादौर-66.3%
8.शाहाबाद-64.5%
9.थानेसर-59.0%
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने अपनी पत्नी निरूपा धनखड़ के साथ अपने पैतृक गांव ढाकला में बूथ नंबर 143 पर मतदान किया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली प्रभारी धनखड़ के पिता 87 वर्षीय वैद्य मोहबत सिंह और 85 वर्षीय माता छोटो देवी ने भी ढाकला में मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। धनखड़ के कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की मतदान प्रक्रिया में भागीदार बनना गौरव और गर्व की बात हैं। खुशी की बात है कि गर्मी के बावजूद मतदाता पूरे जोश और उत्साह के साथ लाइनों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ।वर्ष 2024 में एक बार फिर मतदाता देश में स्थाई, मजबूत और राष्ट्रवादी सरकार बनाने के लिए मतदान कर रहे हैं।
हरियाणा में दो बजे बजे तक 40.7 फीसदी मतदान हुआ है।
हरियाणा में दोपहर एक बजे तक 31.9 फीसदी मतदान हुुआ ।
भिवानी में विश्व महिला मुक्केबाजी में विश्व चैंपियन रह चुकी गांव धनाना की बेटी नीतू घनघस और तीन बार की विश्व चैंपियन बनी साक्षी ढांडा ने गांव के बूथ पर पहुंचकर अपना पहला मतदान किया। नीतू और साक्षी ने अपने परिजनों के साथ मतदान डालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि ये लोकतंत्र का उत्सव है, इसमें हम सबकी भागेदान बहुत जरूरी है। हमें अपना प्रत्याशी चुनने के लिए अवश्य वोट डालना चाहिए। इस मौके पर नीतू घनघस के ताऊ रणबीर प्रधान ने भी युवाओं से मतदान की अपील की।
हिसार के बरवाला क्षेत्र के खेदड़ बूथ नंबर 124 में दो गुटों के बीच कहासुनी हुई थी। सूचना मिलते ही हिसार के एसपी मोहित हांडा मौके पर पहुंचे।
हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। 11.30 बजे तक 24 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। लोकसभा के साथ ही करनाल विधानसभा के उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। प्रदेश में कुछ जगहों पर मॉक पोल के दौरान ईवीएम में खराबी आने से मशीनें बदली गई। कुल 62 ईवीएम मशीनें बदली गई हैं।
सीएम नायब सैनी, पूर्व गृहमंत्री अनिल विज, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, परिवहन मंत्री असीम गोयल ने मतदान किया। मुख्यमंत्री सैनी ने परिवार संग अपने गांव मिर्जापुर के बूथ नम्बर 122 पर मतदान किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने परिवार सहित पैतृक गांव सांघी में वोट डाला। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में हवा है। वहीं, रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह देश की प्रगति व संविधान बचाने की लड़ाई है। दावा किया कि प्रदेश में इंडिया गठबंधन सभी 10 सीट जीतेगा। परिवहन राज्यमंत्री असीम गोयल ने अपने गांव नन्यौला में मतदान के बाद पार्टी का एजेंट काउंटर भी संभाला।
रोहतक लोककसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविन्द शर्मा ने किलोई में लोगों के साथ जबरदस्ती वोट डलवाने के आरोप लगाए हैं। वह शनिवार को झज्जर के बूथ नंबर -71 पर परिवार सहित वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि किलोई के एससी बूथों पर कुछ लोग जबरदस्ती मतदाता के साथ जाकर खुद वोट डलवा रहे हैं, जबकि लोग विरोध कर रहे हैं और खुद वोट करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाता पर अपने दबाव के प्रयास कर रहा है, लेकिन कामयाब नहीं हो रहा। प्रशासन और चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हुए हैं। लोग बढ़-चढ़ कर मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी 10 सीट भाजपा के खाते में आएंगी।
हरियाणा में सुबह 11 बजे तक 17.1 फीसदी मतदान हुआ है। सिरसा में सबसे ज्यादा 20.8% और कुरुक्षेत्र में 20.6% वोटिंग हुई।
सोनीपत में चुनावी ड्यूटी पर तैनात शिक्षा विभाग के कर्मचारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मृतक बिरेंद्र सोनीपत के गांव पुगथला में सरकारी स्कूल में बतौर लिपिक कार्यरत थे। वह सोनीपत के गांव गंगाना का रहने वाले थे। गांव सेरसा जाटी में उनकी चुनाव में ड्यूटी लगी थी। शुक्रवार देर शाम मतदान केंद्र में जाते समय बस में हुई उनकी सेहत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें सोनीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के लिए बिरेंद्र का शव सोनीपत के सिविल अस्पताल में लाया गया है।
करनाल के गांव मर्दनहेड़ी में किसी पार्टी का झंडा न लगाकर सभी गांववासी एक ही टेंट के नीचे बैठे। साथ में ही चावल का लंगर चलाया गया और मीठे पानी की छबील लगाई गई।
अंबाला लोकसभा में साहा के महमूदपुर में भाजपा समर्थक बूथ के बाहर लोगों से बात कर रहे थे, गांव के सरपंच ने आपत्ति जताई। दोनों में झगड़ा हो गया पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं करनाल में जब पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल वोट डालकर बाहर निकले तो भीड़ के कारण मीडिया कर्मी और उनके एक सुरक्षा अधिकारी में झड़प हो गई।
झज्जर के बूथ नंबर 71 के बाहर मतदाता पर्ची वितरण को लेकर विवाद हो गया। दरअसल, कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें भाजपा के प्रचार वाले पंफलेट के साथ पर्ची बांटी गई। इसका कुछ मतदाताओं ने विरोध किया और प्रचार पंफलेट बाहर फेंक दिए। हंगामे की सूचना पर एसीपी शमशेर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बूथ नंबर 72 पर एजेंट की खुद जांच की। एसीपी शमशेर सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। पंफलेट पर पर्ची देना गलत है। इसके लिए सेक्टर सुपरवाइजर को बोल दिया गया है। दूसरी तरफ प्रचार के लिए मतदान पर्ची के साथ पंफलेट दिए जाने पर विधायक गीता भुक्कल ने ऐतराज जताया। उन्होंने कहा किमतदाताओं को पार्टी के पंफलेट पर पर्ची देना गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए।
फरीदाबाद लोकसभा सीट में सुबह नौ तक कुल 2.5 प्रतिशत वोटिंग हुई है। फरीदाबाद विधानसभा में सबसे अधिक 4.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। पलवल और हथीन में सबसे कम 1.5 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
महेंद्रगढ़ के कनीना के बूथ नंबर 62 के सामने कस्बा वासियों ने मतदाताओं के लिए मीठे पानी की छबील लगाई। इस दौरान मतदान करने वाले लोगों को मीठा शरबत पिलाया गया। वोट डालने पहुंचे मतदाताओं ने कहा कि 45 डिग्री तापमान में मतदाताओं को राहत देने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है।
हरियाणा में सुबह नौ बजे तक 8.31 फीसदी मतदान हुआ।
रोहतक लोकसभा सीट पर हो रहे मतदान के बीच बोहर गांव के बूथ नंबर 114 में मतदाताओं को लेकर प्रत्याशियों के समर्थक आपस में उलझ गए। हंगामे की सूचना पर 10 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान करीब 30 मिनट तक बूथ पर मतदान बंद रहा। पुलिस ने मामले का निपटारा कराया। शक था कि जो व्यक्ति वोट डालने आया है, वह बाहर का है। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हो गया।
पंचकूला सेक्टर 17 हाई स्कूल में मशीन खराब होने के चलते एक घंटा मतदान रुका रहा।
फरीदाबाद सैनिक कॉलोनी स्थित डीएवी स्कूल में मतदान करने के लिए एक ही लाइन में लगे महिला व पुरुष। महिलाओं के लिए अलग लाइन का इंतजाम नहीं किया गया।
अंबाला के उपायुक्त डॉक्टर शालीन ने अंबाला सिटी पुलिस लाइन के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बने पोलिंग बूथ में लाइन में लगकर मतदान किया। कैंट के प्राचीन हाथी खाना मंदिर के बूथ नंबर 123 पर महंत मनमोहन दास ने भी सबसे पहले मतदान किया और इसी बूथ पर दो किडनी फेल मतदाता सोमनाथ ने भी मतदान किया। जबकि अंबाला कैंट में 83 नंबर बूथ को पिंक बूथ मतदाताओं में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। यह बूथ पूरी तरह से गुलाबी थीम पर सजा हुआ है और यहां पर पोलिंग पार्टी में महिला कर्मचारी शामिल है।
यमुनानगर के बिलासपुर में बूथ नंबर 128 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई जिस कारण मतदान 25 मिनट देरी से शुरू हुआ। वहीं रोहतक के राजकीय महिला महाविद्यालय बूथ नंबर 62 में सुबह आठ मिनट देरी से मतदान शुरू हो सका। मतदान देरी से शुरू होने का कारण डॉक्यूमेंट सील करने के लिए धागा उपलब्ध नहीं होना बताया गया। इसी तरह सिरसा लोकसभा सीट के लिए जींद जिले के फरेनकलां गांव में बूथ नंबर 184 पर 15 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। देरी होने का करण मशीन सेटअप नहीं होना बताया गया। वहीं फतेहाबाद के मार्केट कमेटी स्थित बूथ नंबर 49 में ईवीएम में खराबी की सूचना है। मतदान के लिए लंबी लाइन लगी है।
कुरुक्षेत्र के मोहन नगर की कोमल अपनी मां सरोज के साथ पहली बार मतदान करने पहुंची। वह 4 साल से मतदान करने का इंतजार कर रही थी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट विभाग की फाइनल ईयर की छात्रा कोमल का कहना है कि 4 साल पहले उनका वोटर कार्ड बना था और आज मतदान करने का मौका मिला है इसके लिए वह है बेहद उत्साहित थी। उन्हें गर्व है कि आज अपने देश की सरकार चुनने का मौका मिला है
पूर्व सीएम मनोहर लाल ने करनाल के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रेम नगर में बने बूथ पर मतदान किया।
मतदान के दिन स्कूली बच्चे भी चुनाव का पर्व-देश का गर्व में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें, इसके लिए भी अनूठी पहल की गई है। इसके तहत मतदान के बाद स्कूली बच्चों को अपने परिवार के सदस्यों की नीली स्याही दिखाते हुए सेल्फी अपलोड करनी होगी। जिला स्तर पर ड्रॉ के माध्यम से प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेताओं को क्रमशः 10 हजार रुपये, 5 हजार रुपये और 2.5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। जिस स्कूल के विद्यार्थी सबसे अधिक सेल्फी अपलोड करेंगे, उस स्कूल को भी 25 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। सेल्फी अपलोड करने के लिए https://www.ceoharyana.gov.in/ पोर्टल पर एक लिंक विकसित किया गया है, जो शनिवार सुबह सात बजे से खोल दिया जाएगा। इस लिंक पर रात आठ बजे तक सेल्फी अपलोड की जा सकेगी।
25 मई को मतदान के दौरान भीषण गर्मी होने व लू चलने का अंदेशा है। राज्य के सभी जिलों में शनिवार को 41 से 46 डिग्री के बीच तापमान होने की संभावना है। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में रेड अलर्ट जारी किया है। इस जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी व तेज लू चलने की संभावना है। वहीं, चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत के लिए ऑरेज अलर्ट जारी किया है।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए आयोग की ओर से सारे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसमें 112 कंपनियां अर्द्धसैनिक बल, 35 हजार पुलिसकर्मी और 24 हजार होमगार्ड तैनात किए गए हैं। 25 मई को जिन दिग्गजों का भाग्य मतपेटियों में बंद होगा, उनमें सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम मनोहर लाल, नवीन जिंदल, अभय चौटाला, कुमारी सैलजा, दीपेंद्र हुड्डा, राव इंद्रजीत, नैना चौटाला, राजबब्बर, कृष्णपाल गुर्जर शामिल हैं।
कुल मतदाताओं में 1 करोड़ 6 लाख 52 हजार 345 पुरुष, 94 लाख 23 हजार 956 महिला और 467 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 762 ओवरसीज मतदाता हैं। प्रदेश में कुल 2 लाख 63 हजार 887 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। वहीं, 1 लाख 50 हजार 277 दिव्यांग मतदाता हैं। इसके अलावा, 1 लाख 11 हजार 143 सर्विस वोटर्स हैं। रिटर्निंग अधिकारियों के अलावा लगभग 96 हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारी (सुरक्षा बलों को छोड़कर) मतदान केंद्रों में डयूटी पर रहेंगे। इसके अलावा उड़न दस्ते, ऑब्जर्वर के साथ माईक्रो पर्यवेक्षक अलग अलग मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगें।
पिछले लोकसभा चुनाव में 70.34 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार निर्वाचन कार्यालय ने मतदान के लिए 75 फीसदी का लक्ष्य किया है। नया रिकॉर्ड बनाने के लिए हरियाणावासियों को गर्मी व लू को पीछे छोड़ मतदान का संकल्प लेना होगा।
हरियाणा की दस लोकसभा और करनाल उपचुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। इसमें दो करोड़ 76 हजार 768 मतदाता 223 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। गर्मी की भीषण तपिश के बीच कुल 20,031 मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक वोट डाले गए।