हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ओपी सिंह नेे पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक पद के लिए अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
परिवार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ये पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। परिवार की हर मांग को पूरा किया जाएगा।
वहीं सूत्रों के हवाले से सामने आ रहा है कि अब सरकार वाई पूरण कुमार के परिवार से कोई बातचीत नहीं करेगी। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा सरकार ने एसपी रोहतक और डीजीपी को हटा दिया है।सरकार ने परिवार को मनाने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं, अब सरकार बातचीत के लिए आगे नहीं बढ़ेगी। इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि सीएम नायब सैनी ने फैमिली को एश्योरेंस दी थी कि एक्शन लेंगे लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है। जो दोषी है उनकी अरेस्ट होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने आरोपी अधिकारियों को तुरंत अरेस्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ये एक परिवार का मामला नहीं है। दलितों को प्रताड़ित करना गलत है। राहुल ने कहा कि मेरी पीएम और हरियाणा सीएम से अपील है कि दोनों बेटियों से किए वादे को पूरा करें। सरकार तमाशा बंद करें।
एडीजीपी के घर के बाहर चंडीगढ़ पुलिस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहस हुई। सेक्टर 11 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयवीर भी समझाने पहुंचे।
राहुल गांधी ने एडीजीपी पूरण कुमार को श्रद्धांजलि दी और परिवार से सांत्वना जताई।
राहुल गांधी आईएएस अमनीत पी कुमार के घर पहुंच गए हैं। उनके साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राव नरेंद्र भी हैं। परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी सीधे एयरपोर्ट जाएंगे।
राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग राहुल गांधी को रिसीव करने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। राहुल एयरपोर्ट से सीधे सेक्टर 24 एडीजीपी निवास के लिए रवाना हुए।
हरियाणा के डीजीपी बदल दिए गए हैं। आईपीएस ओमप्रकाश सिंह को नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है। ओमप्रकाश दिवंगत अदाकार सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। इससे पहले सरकार ने देर रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया था।
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सांसद राहुल गांधी सिर्फ सांत्वना देने ही नहीं बल्कि साफ संदेश देने आ रहे हैं कि कांग्रेस शोकाकुल परिवार के साथ है।
वाई पूरण कुमार के परिवार के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि आज एक प्रतिनिधि मंडल सेक्टर 24 स्थित आवास पर पीड़ित परिवार से मिलेगा। सांत्वना देने के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कोई बड़ा और कड़ा निर्णय भी लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी पदाधिकारियों की राय ली जाएगी।
आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के बाद बढ़ते विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं महापंचायत की तरह से दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम का समय भी पूरा हो रहा है। देर रात मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक शाखा की ओर से यह निर्देश जारी किए गए, जिसमें सभी डीसी, एसपी, आईजीपी और पुलिस आयुक्तों को कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
सरकार के निर्देशों में कहा गया है कि हाल के दिनों में पूर्ण कुमार की मौत से जुड़े घटनाक्रमों को देखते हुए राज्य में सामाजिक तनाव की स्थिति बन सकती है। इसलिए सभी जिलों में स्थानीय संगठनों और सामुदायिक नेताओं से समन्वय बनाए रखते हुए हालात पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
निर्देशों में अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि किसी भी ऐसी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें जो शांति और सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। साथ ही स्थिति की नियमित रिपोर्ट सरकार को भेजने के भी आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार शाम चंडीगढ़ से सोनीपत और फिर दिल्ली जाने वाले थे। सोनीपत में उन्होंने रैली स्थल का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस बीच उनके पास रैली रद्द होने का संदेश आया। इस पर उन्होंने दिल्ली दौरा रद्द कर दिया। मंगलवार को उन्हें नूंह में आयोजित वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में शामिल होना था। उन्होंने वह कार्यक्रम भी रद्द कर दिया।
राहुल गांधी के दाैरे को लेकर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ साथ युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता इस दाैरान मौजूद होंगे। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सेक्टर 24 पहुंचना शुरू हो गए हैं।
सरकार की ओर से सोमवार को भी वाई पूरण कुमार की पत्नी और उनके परिजनों को मनाने का प्रयास जारी रहा। सरकार की ओर से मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी दो बार अमनीत कुमार के आवास पहुंचे और काफी देर तक परिजनों को मनाने का प्रयास करते रहे। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व पूर्व सीएम मनोहर लाल के निर्देश पर उनके करीबी भी दलित वर्ग के नेताओं के साथ अमनीत कुमार के आवास पर पहुंचे और परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मनाने की कोशिश की।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह साढ़े 10 बजे अमनीत पी कुमार के आवास पहुंचेंगे। उनके साथ सोनिया गांधी के भी आने की चर्चा है। वह इस समय प्रियंका गांधी के साथ शिमला में हैं। बताया जा रहा है कि यदि सोनिया का स्वास्थ्य ठीक रहा है तो वह जरूर आएंगी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मंगलवार दोपहर में अमनीत के आवास पर पहुंचेंगे।
वहीं विवाद का पटाक्षेप नहीं होता देख 17 अक्तूबर को सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली स्थगित कर दी गई। भाजपा के संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली की नई तारीख का जल्द एलान किया जाएगा।
एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के आठवें दिन भी पोस्टमार्टम पर संशय बरकरार है। हालांकि देर रात सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है। वहीं परिजन डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारणिया की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं।