फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Reliance AGM Live: रिलायंस के 46वें एजीएम में बड़े एलान, मुकेश अंबानी बोले- भारत को रोका नहीं जा सकता

Mon, 28 Aug 2023 04:28 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Reliance AGM 2023 LIVE Updates: मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 46वीं एजीएम शुरू हो गई है। एजीएम के दौरान बोलते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया ने कहा कि नया भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इसे रोका नहीं जा सकता है।
विज्ञापन
Reliance AGM - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:06 PM, 28-Aug-2023

रिलायंस एजीएम के दौरान बिल गेट्स बोले- भारत जलवायु परिवर्तन के मामले में बहुत प्रगति कर रहा

जलवायु परिवर्तन के मामले में भारत बहुत प्रगति कर रहा है। बिल गेट्स ने आरआईएल एजीएम में कहा, "मुझे उम्मीद है कि ब्रेकथ्रू एनर्जी और आरआईएल के बीच साझेदारी नवाचार को बढ़ावा देने और भारत व दुनिया के लिए काम करने वाले स्केलेबल समाधान लाने में मदद करेगी।

03:57 PM, 28-Aug-2023

मुकेश अंबानी 5 साल और रहेंगे चेयरमैन, आरआईएल की 46वीं एजीएम के दौरान किया गया एलान

आरआईएल की 46वीं एजीएम के दौरान किया गया एलान किया गया है कि मुकेश अंबानी और पांच साल कंपनी के चेयरमैन बने रहेंगे।

03:47 PM, 28-Aug-2023

नीता अंबानी बोलीं- दस वर्षों में 50 हजार छात्रों की मदद करेंगे

नीता अंबनी ने ने रिलायंस के 46वें एजीएम के दौरान कहा कि हमने अपने संस्थापक अध्यक्ष धीरूभाई अंबानी की 90 वीं जयंती मनाई। श्रद्धांजलि के रूप में, हमने 10 वर्षों में आरएफ यूजी और पीजी छात्रवृत्ति के माध्यम से 50 हजार छात्रों का समर्थन करने की प्रतिबद्धता जताई है। हमने इस साल 5100 छात्रवृत्तियां प्रदान कीं।

विज्ञापन
03:37 PM, 28-Aug-2023

जियो सिनेमा ने 45 करोड़ दर्शकों का विश्व रिकॉर्ड बनायाः मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को शेयरधारकों की 46वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में कहा कि रिलायंस के मीडिया और मनोरंजन कारोबार ने पिछले साल बढ़िया प्रगति की, इसमें जियो सिनेमा का सबसे ज्यादा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि पहली बार, आईपीएल को जियो सिनेमा पर मुफ्त स्ट्रीम किया गया और इसे 45 करोड़ दर्शकों के साथ एक विश्व रिकॉर्ड बनाया।

03:21 PM, 28-Aug-2023

जेएफएस बीमा उद्योग में प्रवेश करने के लिए तैयारः मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने मुंबई में 46वीं वार्षिक आम बैठक 2023 को संबोधित करते हुए कहा, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (जेएफएस) बीमा उद्योग में प्रवेश करने के लिए तैयार है।

विज्ञापन
03:18 PM, 28-Aug-2023

कैम्पा कोला को वैश्विक ब्रांड बनाने का काम शुरूः ईशा अंबानी

ईशा अंबानी ने मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 46वीं वार्षिक आम बैठक 2023 में कहा, "हमने पिछले साल की एजीएम में अपने एफएमसीजी कारोबार को शुरू करने की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य भारतीय उपभोक्ताओं को किफायती कीमतों पर विश्वस्तरीय उत्पाद उपलब्ध कराना था। इस व्यवसाय ने कई ब्रांडों और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से कई श्रेणियों में प्रवेश करके एक मजबूत शुरुआत की। हमारे एफएमसीजी कारोबार का एक प्रमुख स्तंभ भारतीय ब्रांडों को आज के भारतीय उपभोक्ताओं के लिए समकालीन बनाना है, जो सदियों पुराने ब्रांड के वादे को बरकरार रखता है। हमने कैंपा कोला और लोटस जैसे कई ब्रांडों का अधिग्रहण और साझेदारी की है। हमने शानदार भारतीय स्वाद के वादे के साथ कैंपा कोला लॉन्च किया है और उपभोक्ताओं ने इसे तहे दिल से अपनाया है। हम भारत में इसे और आगे बढ़ा रहे हैं और एशिया और फिर अफ्रीका से शुरू करके इसे वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए काम भी शुरू कर दिया है।"

02:58 PM, 28-Aug-2023

दिसंबर 2023 तक पूरे भारत में पहुंचेगी 5जी सेवाः मुकेश अंबानी

जियो के कुल ग्राहकों की संख्या 45 करोड़ के पार है। भारत में सबसे तेज 5जी रोलआउट हुआ है। औसत यूजर हर महीने 25 जीबी डेटा का इस्तेमाल करते हैं। मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो का रेवेन्यू ऑल टाइम हाई पर है। जियो का प्रतिमाह डेटा ट्रैफिक 1100 करोड़ जीबी है। मुकेश अंबानी ने 46वें एजीएम में कहा कि सिर्फ नौ महीनों में देश के 96% शहरों में जियो 5जी का फैलाव हो गया है। दिसंबर तक पूरे भारत में 5जी सेवा पहुंच जाएगी। देश की कुल 5जी सेवा में करीब 85% नेटवर्क हिस्सेदारी जियो की है। हर 10 सेकेंड में एक 5जी उपभोक्ता जुड़ रहा है।

02:47 PM, 28-Aug-2023

मुकेश अंबानी का एलान- जियो AI के क्षेत्र में काम करेगा

जियो AI के क्षेत्र में काम करेगा। रिलायंस ग्रुप के अंदर हम ऐसा टैलेंट पूल बना रहे हैं, जो AI से जुड़े नवाचार की क्षमताएं रखता हो। हमें AI का डिजिटल बुनियादी ढांचा बनाने की जरूरत है। हम 2000 मेगावॉट की AI कैपेसिटी बनाने जा रहे हैं। मैं देश से एक वादा करना चाहता हूं। सात साल पहले हमने जियो कनेक्टिविटी का वादा किया था। अब मैं वादा करना चाहता हूं कि जियो हर एक व्यक्ति के लिए AI हर कहीं उपलब्ध कराएगा।

02:44 PM, 28-Aug-2023

जियो का ऑप्टिकल फाइबर इंफ्रास्ट्रक्चर पूरे भारत में 15 लाख किमी तक फैला: रिलायंस

46वें एजीएम के दौरान कंपनी ने बताया कि जियो का ऑप्टिकल फाइबर इंफ्रास्ट्रक्चर पूरे भारत में 15 लाख किमी तक फैला हुआ है। ऑप्टिकल फाइबर पर ग्राहक औसतन प्रति माह 280 जीबी से अधिक डेटा का उपयोग करता है, जो जियो की प्रति व्यक्ति मोबाइल डेटा खपत से 10 गुना अधिक है।

वार्षिक आम सभा में जियो एयर फाइबर के साथ ही ‘जियो ट्रू 5जी डेवलपर प्लेटफ़ॉर्म’ और ‘जियो ट्रू 5जी लैब’ के लॉन्च की भी घोषणा की गई। लॉन्च की घोषणा करते हुए जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा कि, “हम एक ऐसा प्लेटफॉर्म बना रहे हैं जो भारतीय उद्यमों, छोटे व्यवसायों और प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप्स के डिजिटल दुनिया के साथ इंटरेक्शन के तरीकों को बदल देगा।

02:36 PM, 28-Aug-2023

जियो स्मार्टहोम सर्विसेसः स्मार्टफोन से कंट्रोल होगा जियो होम नेटवर्क, AI तकनीक की ले सकेंगे मदद

स्मार्टफोन से आप जियो होम नेटवर्क को कंट्रोल कर सकेंगे। AI पावर्ड तकनीक भी इसमें आपकी मदद करेगी और संदेहास्पद लिंक के बारे में आपको आगाह करेगी। जियो होम के जरिए आप घर के लोगों और मेहमानों के लिए वाई फाई एक्सेस को रोक सकेंगे हैं या उन्हें एक्सेस दे सकेंगे। जियो होम एप के जरिए स्मार्टफोन को आप गेम कंट्रोलर की तरह भी इस्तेमाल कर सकेंगे। जियो होम के फोटो फीचर के जरिए आप पुरानी यादगार तस्वीरों को कहीं भी देख सकेंगे। जियो होम के जरिए आप घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी एक्सेस कर पाएंगे।

02:34 PM, 28-Aug-2023

जियो एयर फाइबर का इंतजार खत्म, गणेश चतुर्थी के दिन होगा लॉन्च

जियो के एयर फाइबर का इंतजार खत्म हुआ, गणेश चतुर्थी के दिन यानी 19 सितंबर को इसे लॉन्च किया जाएगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी की सालाना आम सभा में इसकी घोषणा की। जियो एयर फाइबर, 5G नेटवर्क और बेहतरीन वायरलेस टेक्नोलॉजी का उपयोग कर, घरों और दफ्तरों में वायलेस ब्राडबैंड सर्विस देगा। दूरसंचार के क्षेत्र में जियो एयर फाइबर के उतरने से उथल पुथल की संभावना है।  

रिलायंस इंडस्ट्रीज की आम सभा में मुकेश अंबानी ने कहा कि “1 करोड़ से अधिक परिसर हमारी ऑप्टिकल फाइबर सर्विस, जियो फाइबर से जुड़े हैं। अभी भी लाखों परिसर ऐसे हैं जहां वायर कनेक्टिविटी देना मुश्किलों भरा है। जियो एयर फाइबर इस मुश्किल को आसान करेगी। इसके जरिए हम 20 करोड़ घरों और परिसरों तक पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं। जियो एयर फाइब के आने से हर दिन जियो 1.5 लाख नए ग्राहक जोड़ पाएगा।" मुकेश अंबानी ने कहा कि 2जी मुक्त भारत के लिए जियो भारत फोन है।

02:30 PM, 28-Aug-2023

आरआईएल के बोर्ड से नीता अंबानी का इस्तीफा, आकाश, अनंत और ईशा को नई जिम्मेदारी

रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए पिछले एक साल में कंपनी की ओर से उठाए गए जरूरी कदम और आने वाले समय में कंपनी की योजनाओं की जानकारी। 

अपने 46वें AGM में कंपनी ने बोर्ड में बड़े बदलाव का एलान किया है। नीता अंबानी ने कंपनी के बोर्ड से अलग होने का फैसला किया है। वहीं कंपनी ने बताया कि आज बोर्ड बैठक में इस बदलाव को मंजूरी दी गई है।

बोर्ड में इस बदलाव के बारे में एक्सचेंजों के बारे में कंपनी ने जानकारी दिया कि आकाश अंबानी, अनंत अंबानी और ईशा अंबानी को रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में शामिल करते हुए नॉन-एग्जीक्युटिव डायरेक्टर पद पर नियुक्ति करने की मंजूरी दी गई है। साथ ही बोर्ड ने नीता अंबानी का इस्तीफे को भी स्वीकार किया है। नीता अंबानी ने रिलायंस फाउंडेशन को अधिक समय देने के लिए आरआईएल के बोर्ड से इस्तीफा देने का फैसला किया है। 

02:24 PM, 28-Aug-2023

मुकेश अंबानी बोले- रिलायंस ने सीएसआर पर रिकॉर्ड 1271 करोड़ रुपये खर्च किए 

  • मुकेश अंबानी ने कहा कि FY 23 में रिलायंस इंडस्ट्रीज का कंसोलिडेटे रेवेन्यू 9.74 लाख करोड़ रहा है।
  • इस दौरान कंपनी का EBITDA 1.53 लाख करोड़ रहा। FY 23 में कंपनी का मुनाफा 73,670 करोड़ रुपये रहा।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सीएसआर पर रिकॉर्ड 1271 करोड़ रुपये खर्च किए।
  • इस दौरान कंपनी ने 2.6 लाख लोगों को नौकरियां दी।

02:11 PM, 28-Aug-2023

भविष्य में भारत क्या हासिल कर सकता है, इसकी संभावनाएं असीम हैंः मुकेश अंबानी

46वें एजीएम को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि 15 अगस्त को हमने अपना स्वतंत्रता दिवस मनाया। जैसा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा था कि यह भारत न रुकता है, न थकता है, न हांफता है। ...इस भारत को रोका नहीं जा सकता। चंद्रयान-3 की कामयाबी भी हमें यही बताती है। भविष्य में भारत क्या हासिल कर सकता है, इसकी संभावनाएं असीम हैं। हमने पिछले 10 साल में 150 अरब डॉलर का निवेश किया है। प्रोजेक्ट कितने भी बड़े या जटिल रहे हों, हमने वैश्विक मापदंडों के साथ कम कीमत पर उन्हें समय से पहले पूरा किया है। अब समय आ गया है जब कारोबारी समुदाय मिलकर काम करे ताकि हम मिलकर भारत को 2047 तक विकसित-खुशहाल बना सकें।

रिलायंस का रेवेन्यू 9.74 लाख करोड़ रहा है। नेट प्रॉफिट 73 हजार करोड़ रहा है। निर्यात 3.4 लाख करोड़ रुपये रहा है। हमने सरकारी खजाने में 1,77,173 करोड़ रुपये का टैक्स के रूप में योगदान दिया है। 2.6 लाख नए रोजगार पैदा किए हैं। हमारे ऑन रोल कर्मचारी 3.9 लाख हैं।

02:09 PM, 28-Aug-2023

नया भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ हैः मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी ने 46वें एजीएम को संबोधित करते हुए कहा कि नया भारत आत्मविश्वास के साथ भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि जी-20 की भारतीय अध्यक्षता ऐतिहासिक है।

02:04 PM, 28-Aug-2023

ये भारत ना रुकता है, ना थकता है: मुकेश अंबानी

ये भारत ना रुकता है, ना थकता है: मुकेश अंबानी

01:40 PM, 28-Aug-2023

एजीएम से पहले रिलायंस रिटेल ने किया ये खुलासा

46वीं एजीएम से पहले, रिलायंस रिटेल ने खुलासा किया कि कतर निवेश प्राधिकरण उसके खुदरा डिवीजन में लगभग 1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने के लिए तैयार है। इस लेनदेन से देश के अग्रणी खुदरा समूह का बाजार मूल्य 100 अरब डॉलर हो जाएगा। अंबानी के रिटेल एंटरप्राइज का आकलन बीते तीन साल की अवधि में दोगुना हो गया है, जिससे वित्तीय हलकों में रिलायंस रिटेल के लिए संभावित प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की अटकलें तेज हो गई हैं।

01:29 PM, 28-Aug-2023

एजीएम से पहले जियो फाइनेंशियल के शेयरों में गिरावट का सिलसिला थमा

रिलायंस एजीएम के पहले जियो फाइनेंशियल के शेयरों में गिरावट का सिलसिला टूटा है और कंपनी के शेयर फिलहाल 3.75 (1.75%) रुपये की बढ़त के साथ 218.25 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे हैं।

01:08 PM, 28-Aug-2023

Reliance AGM Live: रिलायंस के 46वें एजीएम में बड़े एलान, मुकेश अंबानी बोले- भारत को रोका नहीं जा सकता

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 46वीं एजीएम शुरू हो गई है। उम्मीद है कि दोपहर दो बजे से शुरू होने वाले इस एजीएम में समूह अपने सबसे सस्ते 5जी जियो फोन को बाजार में उतारने की घोषणा कर सकती है। इसके अलावे रिलायंस जियो और और रिलायंस रिटेल के आईपीओ से जुड़ी बड़ी घोषणाएं भी की जा सकती हैं। एजीएम के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी शेयरधारकों को संबोधित करेंगे। 

बाजार पर्यवेक्षक इस एजीएम के दौरान जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और दूरसंचार व खुदरा व्यवसायों से संबंधित प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के लिए समयसीमा के बारे में नई घोषणा और अंतर्दृष्टि को सुनने के लिए उत्सुक हैं।

रिलायंस का यह एजीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) और अन्य ऑडियो-विज़ुअल माध्यमों के माध्यम पर देखने के लिए उपलब्ध होगा। इसे लाइव देखने के लिए https://jiomeet.jio.com/meetingportal/rilagm/othersLogin लिंक का उपयोग कर सकते हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें