अपहरण, लूट और हत्या के खौफ में कितनी पीढ़ियां गुजर गईं
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं कि उन्हें वोट सीएए को रद्द करने के लिए वोट चाहिए। कश्मीर से 370 को वापस लाना चाहते हैं। यह लोग तुष्टिकरण के नाम पर आरक्षण छीन लेना चाहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन के सारे दल मिलकर एससी-एसटी और ओबीसी का आरक्षण हमेशा खत्म कर देना चाहते हैं। कर्नाटक में रातों-रात आरक्षण अपने वोट बैंक को दे दिया। बंगाल में मुसलमानों की 70 जातियों को ओबीसी का आरक्षण दे दिया। यह लोग बाबा साहेब की पीठ पर छुरा क्यों भोंक रहे हो। इन्हें एक जून को जवाब देना है। बिहार अब विकास के रास्ते से हटने वाला नहीं है। हमारे बिहार ने कई सालों तक जंगलराज का आतंक देखा है। कौन भूल सकता है कि शाम तक बच्चा घर न आए तो मां परेशान हो जाती थी। अपहरण, लूट और हत्या के खौफ में कितनी पीढ़ियां गुजर गईं। आज यह लोग आपका वोट फिर से मांग रहे हैं ताकि बिहार में जंगलराज ला सके।
कांग्रेस देश को अपनी जागीर समझ रही है
पीएम नरेंद्र मोदी ने राजद, कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले हर यज्ञ में विघ्न डालने वाले लोग हैं। यह लोग राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में नहीं आए। यह चुनाव सांसद के साथ पीएम चुनने के लिए है। आपने 10 साल तक अपने मोदी को जांचा और परखा है। आपको मोदी का काम और नीयत भी पता है। लोग पूछते हैं इंडी गठबंधन में प्रधानमंत्री कौन बनेगा। कांग्रेस देश को अपनी जागीर समझ रही है। वह शहजादे को ही अपना वारिस मानते हैं। इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि पांच साल में पांच प्रधानमंत्री बनेंगे। भ्रष्टाचार इनके संस्कारों में इतना घुस चुका है कि यह लोग देश को भी लूटना चाहते हैं।
आपका एक-एक वोट मोदी जी को जाएगा
केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के प्रत्याशी गिरिराज सिंह कहा कि आपका एक-एक वोट मोदी जी को जाएगा। विकसित भारत के निर्माण के लिए जाएगा। इसलिए विकसित भारत के लिए अपना मत कमल निशान पर दें।
राजद वाले सामाजिक न्याय का मुखौटा पहने हुए हैं
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद वाले सामाजिक न्याय का मुखौटा पहने हुए हैं। अपने वोट बैंक के लिए यह लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मोदी अपनी हर गारंटी पूरी करेगा। उन्होंने कहा कि काराकाट से उपेंद्र कुशवाहा, सासाराम से उमेश राम और आरा से आरके सिंह को वोट देंगे तो वह मेरे खाते में आएगा।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरे स्थान पर आ गया
पीएम मोदी काराकाट में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंच चुके हैं। मंच पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री और आरा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आरके सिंह ने कहा कि 10 साल पहले भारत दुनिया के अर्थव्यवस्था में 11वें नंबर पर था। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरे स्थान पर आ गया। 2014 के पहले बिजली आती कब थी यह नजर आता था। अब तो बिजली कब जाती है पता भी नहीं चलता है। गांव में 22 से 23 घंटा बिजली रहती है। माले का मतलब नक्सल, हत्या, लूट और विनाश है। इसलिए काराकाट और आरा में भाकपा माले से सावधान रहना है।
एनडीए सरकार बिहार को पटरी पर ले आई
पीएम मोदी ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार को पटरी पर ले आई। आने वाले पांच साल में हमें और भी विकास कार्य करने हैं। आने वाले पांच साल भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के स्वर्णिम साल होने वाले हैं। कुछ लोगों को राम से घोर विरोध है। वह रामकृपाल नाम का भी विरोध करेंगे। इसलिए मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं। कमल पर पड़ा वोट सीधे मोदी के खाते में जाएगा।
इंडी गठबंधन पर पीएम ने बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को ऐसा चाहिए जो इस दमदार देश का दम दुनिया के सामने दमखम के साथ रख सके। वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन वाले हैं। इनकी योजना पांच साल में पांच पीएम देने की है। आप ही बताइए अगर पांच साल में पांच पीएम आएं तो इस देश का क्या होगा। गांधी परिवार का बेटा, सपा परिवार वाले का बेटा, एनसीपी परिवार की बेटी, टीएमसी परिवार का भतीजा, आम आदमी पार्टी के आका की पत्नी और राजद परिवार का बेटा दावेदार प्रधानमंत्री पद का दावेदार है। यह लोग घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी हैं। सबसे पहले अपने परिवार के बारे में सोचते हैं, बाकी सबको पीछे रखते हैं। क्या ऐसे लोग बिहार और देश का भला कर सकते हैं?
पीएम बोले- चार जून को पाटलिपुत्र नया रिकॉर्ड बनेगा
मंच पर पहुंचते ही पीएम नरेंद्र मोदी ने जनता को प्रणाम किया। उन्होंने लोगों से वोट देने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि आपका उत्साह देखकर लग रहा है कि आप सब लोग मनेर के लड्डू खाकर आए हो। मनेर का लड्डू मशहूर तो है लेकिन लग रहा है कि मनेर के लड्डू की ताकत बढ़ी है। आप लोग चार जून के लिए मनेर के लड्डू तैयार रखिए। चुनाव के नतीजों का एग्जिट पोल चालू हो गया है। इंडी गठबंधन वाले सोते-जागते एनडीए को गाली दे रहे हैं। इसका मतलब है एनडीए की सफलता का एग्जिट पोल आ चुका है। चार जून को पाटलिपुत्र नया रिकॉर्ड बनेगा। देश में भी रिकॉर्ड बनेगा।
अपने बेटा अपने सेवक को आशीर्वाद दीजिए
भाजपा प्रत्याशी प्रत्याशी ने कहा कि अपने बेटा अपने सेवक को आशीर्वाद दीजिए। अपना एक-एक वोट कमल पर दीजिए। मैं पिछले पांच साल पर किए अपने कामों की मजदूरी मांगने आया हूं। रामकृपाल यादव ने लालू परिवार पर जमकर हमला बोला।
बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर छठे चरण का मतदान जारी है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी सातवें चरण की सीटों को साधने के लिए पटना पहुंचे चुके हैं। कुछ देर में वह पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव के लिए वोट मांगने के लिए विक्रम में चुनावी सभा को संबोधित कर लेंगे। इसके बाद पीएम डेढ़ बजे काराकाट में राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा और तीन बजे बक्सर में भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के पक्ष में सभा करेंगे। इन तीनों जगहों पर एनडीए ने पीएम की जनसभा के लिए सारी तैयारी पूरी कर ली है। बता दें कि अब तक 12 जनसभा और एक रोड शो कर चुके हैं।