भ्रष्टाचारी, मेरे खिलाफ अनाप-शनाप बाेलते रहते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि पहले गरीबों का पैसा बीच में लूट लिया जाता था। अब वह पैसा सीधे आपके खाते में जा रहा है। जमुई में ही किसानों को 850 करोड़ से अधिक राशि उनके बैंक खाते में पहुंचे हैं। आप बताइए घमंडिया सरकार होती तो आपके खाते में पैसे पहुंचती क्या? राजद और कांग्रेस की सरकार होती तो आप फर्जी साइन भी करवा लेते और कहते कि पैसा पहुंच गया। बिहार ने जंगलराज का दंश झेला। आज भ्रष्टाचारी मेरे खिलाफ अनाप-शनाप बाेलते रहते हैं।
चिराग पासवान बोले- जमुई की जनता के गर्व की बात
लोजपा (रा.) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि एक समय था जब जमुई नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता था। आज पीएम मोदी की जनसभाओं से जाना जाता है। चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार की भी तारीफ की। जमुई की जनता के लिए गर्व की बात है कि पीएम मोदी यहां आएं। आप सभी से अपील है कि 19 अप्रैल को एनडीए प्रत्याशी अरुण भारती को विजयी बनाएं।
शॉल भेंटकर स्वागत किया पीएम मोदी का
लोजपा (रा.) के प्रमुख चिराग पासवान ने शॉल भेंटकर पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। वहीं भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह, समेत कई महिला नेत्रियों ने पीएम मोदी को शॉल भेंटकर उनका स्वागत किया।
मंच पर पहुंचे पीएम मोदी और सीएम नीतीश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमुई में जनसभा को संबोधित करने मंच पर पहुंच चुके हैं। उनके साथ सीएम नीतीश कुमार और चिराग पासवान भी मौजूद हैं। पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन किया।
देवघर से जमुई के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में लोगों की भीड़ उमड़ चुकी है। मंच पर सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी देवघर से जमुई के लिए रवाना हो चुके हैं। कुछ ही देर में वह मंच पर पहुंचेंगे।
पीएम मोदी बोले- बिहार की भूमिका इस बार भी बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है
जनसभा को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लोकसभा चुनाव में बिहार की भूमिका इस बार भी बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। यहां के मेरे परिवारजनों ने राज्य की सभी सीटों पर भाजपा-एनडीए उम्मीदवारों को जिताने का संकल्प लिया है। आज दोपहर करीब 12 बजे जमुई की जनसभा में जनता-जनार्दन से संवाद का सुअवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार आ रहे। जमुई के खैरा प्रखंड के बल्लोपुर मैदान में वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी एनडीए के प्रत्याशी अरुण भारती के लिए वोट मांगेंगे। जनसभा को लेकर सारी तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है। पीएम मोदी विशेष विमान से देवघर पहुचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से करीब 12 बजे सभा स्थल जमुई पहुचेगें जहां वह सभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार भी जमुई पहुंच चुके हैं।