फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?

Thu, 05 Mar 2026 06:03 PM IST
Aditya Anand न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Rajya Sabha Election Updates: इस बार राज्यसभा चुनाव के नामांकन की तारीख बिहार के भविष्य के लिए बड़ी तारीख बनने वाली है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान के बाद यह बात स्पष्ट हो चुकी है। नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत एनडीए के पांचों उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। नीतीश कुमार ने अपनी इच्छा बता दी है। उनके बेटे निशांत को बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है। देखें अपडेट्स...
विज्ञापन
नीतीश कुमार - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:01 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी ने बिहार के विकास और सुशासन को नई दिशा दी है। देश के उच्च सदन में आपके अनुभव एवं नेतृत्व से पूरा देश और विशेषकर प्रदेश लाभान्वित होगा।
 

05:10 PM, 05-Mar-2026
गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन। - फोटो : अमर उजाला

Bihar News Live: नितिन नवीन ने क्या कहा?

‎भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बिहार के रिश्तों को लेकर कहा कि बिहार मेरे जीवन में अलग स्थान रखता है, मेरा क्षेत्र मेरे जीवन में अलग है। निश्चित रूप से व्यक्ति अपनी जड़ को छोड़कर कभी बड़ा नहीं होता। जब आपकी जड़ मजबूत होगी तभी आपका वट वृक्ष बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि बिहार मेरी जमीन है। इस जमीन को सींचते रहना, इसे हमेशा उपजाऊ बनाए रखना, ये मेरी आत्मा के अंदर बसा हुआ विषय है। मेरा मानना है कि जीवन के हर पल में जहां भी रहूं, मेरा क्षेत्र और मेरा बिहार हमेशा साथ रहे।

04:33 PM, 05-Mar-2026
गृह मंत्री अमित शाह और सीएम नीतीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला

Bihar News Live: सीएम नीतीश की तारीफ करते हुए अमित शाह ने क्या कहा?

गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम नीतीश कुमार की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर नामांकन वाली तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि नीतीश कुमार बिहार से राज्यसभा सदस्य का आज नामांकन भरा है। बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है। जनसेवा का आपका व्यापक अनुभव तथा नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी। नीतीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति से NDA के 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन
04:16 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: अमित शाह और ललन सिंह दिल्ली रवाना

भाजपा नेताओं के साथ स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक कर गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह भी दिल्ली गए। दोनों नेताओं के एक साथ दिल्ली जाने पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। 

03:45 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: गिरिराज सिंह और उपेंद्र कुशवाहा ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राज्यसभा जाना नीतीश कुमार का अपना फैसला है। बिहार में जो भी सरकार बनेगी, वह उनके ही नेतृत्व में बनेगी। आरएलएम प्रमुख और एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार के रूप में आज पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। सभी उम्मीदवारों की जीत तय है। नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, यह उनका फैसला है और हर कोई उनके इस निर्णय की सराहना करता है।

विज्ञापन
03:20 PM, 05-Mar-2026
सीएम नीतीश कुमार से बातचीत करते गृह मंत्री अमित शाह। - फोटो : अमर उजाला

Bihar News Live: गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?

सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल स्वर्णिम रहा। बिहार की जनता ही नहीं पूरे देश को उनका कार्यकाल याद रहेगा। हमलोग नई पारी की शुभकामना देते हैं।

02:47 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: जानिए के.सी त्यागी ने क्या कहा?

जदयू के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी ने राज्यसभा प्रकरण पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता। उन्होंने एक नए बिहार का निर्माण किया है। जैसे कर्पूरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह आज भी याद किए जाते हैं, वैसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे सदन की गरिमा भी बढ़ेगी और बहस का स्तर ऊंचा होगा। उनकी ख्याति और उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता के कारण उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिल चुका है।”

02:19 PM, 05-Mar-2026

बिहार के घटनाक्रम पर देखें लाइव विश्लेषण

02:07 PM, 05-Mar-2026

Bihar Politics Live: कांग्रेस बोली- भाजपा का षड्यंत्र अब बेनकाब हो गया है

बिहार प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि बिहार में जनमत की हत्या की जा रही है और भाजपा का षड्यंत्र अब बेनकाब हो गया है। नीतीश कुमार के नाम पर वोट लेकर उन्हें पद से हटाकर खुद सत्ता पर पूरा कब्जा करने की योजना भाजपा कई महीनों से बना रही थी, जिसकी आशंका कांग्रेस पहले ही जता चुकी थी। कांग्रेस के अनुसार आज सामने आ रही खबरें उसी कथित षड्यंत्र का परिणाम हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा के साथ जदयू के कुछ नेता भी शामिल हैं और इसी योजना के तहत नीतीश कुमार के स्वास्थ्य के साथ भी लगातार खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस ने कहा कि यह फैसला नीतीश कुमार का नहीं हो सकता और इसे बिहार के करोड़ों मतदाताओं द्वारा दिए गए जनादेश के साथ विश्वासघात बताया।

01:35 PM, 05-Mar-2026
सीएम नीतीश कुमार ने नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। - फोटो : अमर उजाला

Rajya Sabha Election: विधानसभा में एनडीए उम्मीदवारों ने किया नामांकन

बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। सीएम नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजेंद्र यादव, विजय चौधरी समेत भाजपा-जदयू के कई वरिष्ठ नेता नामांकन कार्यक्रम में शमिल हुए। कुछ देर बाद सभी नेता विधानसभा से निकल गए। वहीं गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे चुके हैं। 

01:06 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: अमित शाह और नितिन नवीन के साथ विधानसभा रवाना हुए नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कुछ देर तक दोनों दिग्गज नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विधानसभा पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता पहले ही विधानसभा भी पहुंच चुके हैं। कुछ देर में एनडीए के उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया जाएगा। 

12:52 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: जदयू दफ्तर में हंगामा, एमएलसी को घेरा

सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के एलान से जदयू कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। गुस्साए कार्यकर्ता जदयू दफ्तर पहुंच चुके हैं। जदयू नेताओं ने एमएलसी संजय गांधी की गाड़ी को घेर लिया और हंगामा कर रहे हैं। इतना ही नहीं कई जदयू नेताओं पर भाजपा से मिले होने का भी आरोप लगाया। जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सीएम नीतीश कुमार के चेहरे पर ही हमलोगों ने वोट दिया है। जनता और कार्यकर्ताओं की बात नीतीश कुमार को सुननी ही पड़ेगी। 

12:48 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: नितिन नवीन गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे सीएम हाउस

गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर पहुंचे हैं। यहां पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री मंगल पांडेय, वरिष्ठ नेता भीखूभाई दलसानिया समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ उन्होंने बातचीत की। कुछ देर बाद अमित शाह नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए उन्हें आवास पर पहुंच चुके हैं। 

12:35 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: पटना पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। यहां पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। यहां से गृह मंत्री नितिन नवीन के आवास पर पहुंचेंगे।  

12:32 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: तेजस्वी यादव ने भापा पर क्या आरोप लगाया?

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार चुनाव में जिस तरह भाजपा ने मशीन तंत्र का दुरुपयोग किया, उसे जनता ने देखा। बिहार में जन भावना के खिलाफ सत्ता का परिवर्तन हो रहा है। बिहार में कौन अधिकारी, मंत्री और केंद्र के किस नेता ने नीतीश कुमार को हाईजेक कर लिया है? वह जनता जानती है। यह जनता के साथ धोखा है। एनडीए ने नारा दिया था कि "2025 से 2030 फिर से नीतीश"। लेकिन, भाजपा का लालच देखिए किस तरह से नीतीश कुमार से इस्तीफा दिलवाया जा रहा है। भाजपा वाले चाहते हैं जनता दल यूनाईटेड खत्म हो जाए। निशांत कुमार ने राजनीति में आने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि हमलोग पहले से ही कहते रहे हैं उन्हें राजनीति में आना चाहिए। 

12:24 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: राजद से अमरेंद्र धारी सिंह राज्यसभा उम्मीदवार

राजद की ओर से अमरेंद्र धारी सिंह के राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा में नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी को खत्म करना चाहती है। महाराष्ट्र मॉडल बिहार में लाया गया है। हमारी पूरी सहानुभूति नीतीश कुमार के साथ है। उनके साथ जो हो रहा है, वह जनता चाह रही है। हमलोगों ने पहले ही सीएम बदलने की बात कही थी। हमलोग पहले से ही कहते आ रहे थे कि भाजपा ने नीतीश कुमार हाईजेक कर लिया। यह बात आज साबित हो गई। यह सबको पता था कि भाजपा ऐसा करेगी। वह जिस भी सहयोगी दल के साथ रही है, वहां ऐसा हुआ है। पूरे देश में भाजपा आएसएस का एजेंडा लागू करना चाहती है। भाजपा मशीन तंत्र से चुनाव लड़ती है।

12:22 PM, 05-Mar-2026

Bihar CM News: जानिए चिराग पासवान ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को NDA गठबंधन द्वारा राज्यसभा के लिए नामित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना से संसद के उच्च सदन में देश और समाज के हितों को मजबूती मिलेगी।

12:07 PM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: नितिन नवीन के आवास पर बैठक करेंगे अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर कुछ ही देर में गृह मंत्री अमित शाह पहुंचने वाले हैं। भाजपा के सभी दिग्गज नेता यहां पहुंचे हुए हैं। गृह मंत्री पहले भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विधानसभा जाएंगे। 

11:36 AM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: जदयू कार्यकर्ता बोले- हमलोग नीतीश कुमार को दिल्ली नहीं जाने देंगे

सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के एलान से जदयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिख रही है। जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सीएम नीतीश कुमार के चेहरे पर ही हमलोगों ने वोट दिया है। जनता और कार्यकर्ताओं की बात नीतीश कुमार को सुननी ही पड़ेगी। जनता पटना पहुंच रही है। हमलोग किसी भी कीमत पर उन्हें दिल्ली नहीं जाने देंगे। जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। यह अन्याय है। बिहार नीतीश कुमार का परिवार है। वह बिहार की जनता को छोड़कर कैसे जा सकते हैं? जदयू कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस के सामने जमकर नारेबाजी की। 

11:16 AM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: निशांत कुमार संभालेंगे जदयू की कमान, डिप्टी सीएम भी बनेंगे

सीएम नीतीश कुमार से बातचीत के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार से मुलाकात करने पहुंचे हैं। ललन सिंह निशांत से आगे की योजना पर चर्चा कर रहे हैं। निशांत की भूमिका क्या होगी? उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा? यह सब पर ललन सिंह बातचीत कर रहे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि निशांत कुमार को जनता दल यूनाईटेड की कमान संभालेंगे। वहीं उन्हें डिप्टी सीएम बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

10:59 AM, 05-Mar-2026

Nitish Kumar Live News: सीएम नीतीश कुमार ने क्या बड़ा एलान किया?

सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का एलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिय पर कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

10:43 AM, 05-Mar-2026

Bihar News Live: राजद सांसद मनोज झा ने क्या कहा?

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि बुधवार दोपहर के बाद यह खबर तेजी से फैलने लगी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस खबर में सच्चाई है और यह सिर्फ अफवाह नहीं है, तो यह बिहार की राजनीति में एक बड़े अध्याय के अंत जैसा होगा। मनोज झा के मुताबिक नीतीश कुमार लंबे समय से राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे हैं और अगर वे मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाते हैं तो इससे सत्ता संरचना में बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के समय में भाजपा की राजनीतिक रणनीति में बदलाव दिख रहा है और महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे मॉडल के बाद अन्य राज्यों में भी नए राजनीतिक प्रयोग किए जा रहे हैं। मनोज झा ने आशंका जताई कि ऐसा होने पर जदयू की राजनीति और संगठन पर बड़ा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर यह सच होता है तो यह जदयू के लिए बेहद भारी राजनीतिक झटका होगा।

10:26 AM, 05-Mar-2026

Nitish Kumar News: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर चिराग के सांसद ने क्या कहा?

लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के वरिष्ठ नेता और सांसद अरुण भारती ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा कि पता नहीं कहां से इस तरह की खबरें आ रही है। मुझे तो ऐसी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और आगे भी बने रहेंगे। 

10:11 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics LIVE: ललन सिंह ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि राज्यसभा पर फैसला तो नीतीश कुमार ही करेंगे। वह जाना भी जाना चाहेंगे, वह जाएंगे। हमारे चाहने या नहीं चाहने से कुछ नहीं होगा। पार्टी उन्होंने बनाई है। उनका फैसला सर्वमान्य होगा। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो किया है, वह पूरी दुनिया जानती है। 

09:47 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics Live: सीएम हाउस के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं का हंगामा

सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जदयू कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। सीएम हाउस के सामने जदयू कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि हमलोग किसी कीमत पर नीतीश कुमार को दिल्ली नहीं जाने देंगे। जदयू कार्यकर्ताओं ने ललन सिंह और संजय झा के खिलाफ नारेबाजी भी की। जदयू कार्यकर्ताओं के हंगामा को देखते हुए पटना पुलिस ने सीएम हाउस के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद सीएम हाउस के बाहर पहुंचे हैं। वह आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हैं। 

09:30 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics Live: नितिन नवीन ने महावीर मंदिर में पूजा अर्चना की

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के महावीर मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद पार्टी की प्रमुख नेताओं से बातचीत करेंगे। दोपहर 12 बजे गृह मंत्री अमित शाह पटना आएंगे। इसके बाद नितिन नवीन राज्यसभा का पर्चा दाखिल करेंगे। 

09:20 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics Live: सियासी सरगर्मी के बीच जदयू ने क्या लिखा?

सियासी सरगर्मी के बीच जदयू ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि होली का यह त्योहार हमें कई संदेश देता है। सामाजिक समरसता और मिल-जुलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार इसी सामाजिक समरसता के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य में विकास कार्य सतत रूप से जारी है।

09:10 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics Live: एनडीए के विधायकों को पटना तलब किया गया

आज ही एनडीए के विधायकों की बैठक बुलाई है। सभी दलों ने अपने विधायकों को पटना तलब किया है। जदयू और भाजपा विधायक वह पटना के लिए निकल गए हैं। सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं या नहीं? इस सवाल पर जदयू विधायकों ने कहा कि हमलोगों को इसकी जानकारी नहीं है। आज नामांकन कार्यक्रम है इसलिए हमलोग वहां शामिल होने जा रहे हैं।

09:00 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics LIVE: दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेंगे शाह, इसके बाद होगा नामांकन

गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेंगे। इसके बाद वह नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार विधान मंडल आएंगे। इधर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सवा नौ बजे महावीर मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना करेंगे।

08:46 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics LIVE: जदयू कार्यकर्ता हो गए नाराज

पटना में सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जनता दल यूनाईटेड के कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं। दर्जनों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर पहुंचे हैं। सभी कार्यकर्ता सीएम नीतीश कुमार से राज्यसभा नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। जदयू एमएलसी संजय सिंह ने कहा कि अभी उन्हें और काफी दिन बिहार की सेवा करनी है। हमलोग नहीं चाहते हैं कि वह राज्यसभा जाएं। हालांकि, अंतिम फैसला उन्हीं को लेना है।  

08:27 AM, 05-Mar-2026

Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?

गुरुवार 5 मार्च बिहार की तारीख में बड़ा दिन होगा, यह होली के दिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से साउथ अफ्रीका की हार से ज्यादा होली के दिन बिहार में यह बात चर्चा में रही कि नीतीश कुमार राज्य छोड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें राज्य की सत्ता से मुक्त कर राज्यसभा सांसद और केंद्र की राजनीति में भेजने का प्लान बना रखा है, जो गुरुवार को सामने आ जाएगा। आज सुबह से सभी की नजर मुख्यमंत्री आवास और सीएम नीतीश कुमार की गतिविधियों पर है।

Nitish Kumar : आज नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे या कराने जाएंगे? बिहार छोड़ा तो क्या होगा आगे

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें