फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election 2025 Live: 'बिहार में एनडीए की जीत विकास और समृद्धि की राह खोलेगी', बेतिया में बोले PM मोदी

Sat, 08 Nov 2025 02:15 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Vidhan Sabha Election 2025 Live Updates: बिहार में दूसरे चरण के चुनाव से पहले सियासी माहौल पूरी तरह गर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद के तेजस्वी यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे बड़े नेता लगातार रैलियां कर रहे हैं।
विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:15 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: प्रियंका गांधी ने जनता की बदलती सोच पर जोर दिया

कटिहार में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जनता बदलाव की मांग कर रही है और यह स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि लोग ऊब और थकान महसूस कर चुके हैं और अब ध्यान भटकाने वाली बातें काम नहीं आ रही हैं। जनता सभी नेताओं और पार्टियों से यह कह रही है कि हमारे मुद्दों, विकास और भविष्य की बात करें।

02:15 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: योगी आदित्यनाथ ने बिहार के विकास को सराहा

पूर्वी चंपारण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने एक नया स्वरूप लिया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में वह सब कुछ है, जिसके लिए यह राज्य हकदार था। उन्होंने बताया कि बिहार में अब अच्छी सड़कें, बिजली, एयरपोर्ट और AIIMS जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जो समृद्ध और विकसित बिहार की आधारशिला रखती हैं।

02:14 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर हमला

रोहतास में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को लगता है कि बिहार के लोगों के वोट की चोरी हुई है, तो उन्हें चुनाव आयोग में लिखित शिकायत करनी चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके पास मुद्दों की कमी है और वे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी समाज में सभी को अधिकार देने की बातें करते हैं, लेकिन जब विपक्ष का नेता बनने की बात आई तो उन्होंने केवल खुद को विपक्ष का नेता बनाया और सामाजिक न्याय का पुरोधा बनने का दावा किया।

विज्ञापन
02:14 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: अमित शाह ने कहा- पहले चरण में NDA की जीत तय


कटिहार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार में जहां-जहां वे गए, वहां उत्साह दिखाई दिया, जो यह दर्शाता है कि लालू और राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का मतदान सफलतापूर्वक हो चुका है और मतदाताओं ने प्रचंड बहुमत के साथ बिहार में NDA सरकार बनाने की नींव रखी है। अमित शाह ने सीमांचल के मतदाताओं से अपील की कि दूसरे चरण में इस तरह मतदान करें कि RJD और जंगलराज के समर्थक दूर-दूर तक दिखाई न दें।

01:47 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया में दिया बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया में कहा कि बिहार में एनडीए की विजय विकास की एक बड़ी ताकत साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस चुनाव अभियान में उन्होंने बिहार के सपनों और संकल्पों पर व्यापक चर्चा की है। पीएम ने कहा, "एनडीए की डबल इंजन सरकार ने अब तक जो काम किया है और भविष्य में जो योजनाएं हैं, उसका रोडमैप हमने बिहार की जनता के सामने रखा है।" उन्होंने आगे कहा, "बिहार ने देश को सामाजिक न्याय की परिभाषा दी है। अब बिहार समृद्ध और विकसित भारत का नया उदाहरण बनेगा।"

विज्ञापन
01:10 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: घुसपैठियों को लेकर अमित शाह ने कही ये बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा और लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी यादव हाल ही में "घुसपैठिए बचाओ" यात्रा पर निकले थे। उनका आरोप है कि वे चाहते हैं कि सीमांचल क्षेत्र घुसपैठियों का ठिकाना बन जाए। अमित शाह ने स्पष्ट कहा कि वे ऐसा होने देंगे नहीं — न सिर्फ सीमांचल बल्कि पूरे बिहार से हर एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा।

01:09 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार में NDA की जीत पक्की- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी सभा में कहा कि इस चुनाव में दो खेमे हैं—एक ओर बिखरा हुआ ठगबंधन और दूसरी ओर पांच पांडवों की तरह NDA। उन्होंने बताया कि आधे बिहार ने पहले ही वोट डाल दिए हैं और पहले चरण के चुनाव में लालू और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। अमित शाह ने आगे कहा कि बिहार में 160 से अधिक सीटों के साथ NDA की सरकार बनने वाली है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि मोदी जी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।

01:09 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है, और यह वही राज्य है जिसने नालंदा विश्वविद्यालय जैसी विश्वविख्यात शिक्षण संस्थाएं दी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर बिहार साक्षरता में देश में पीछे क्यों रहा? योगी आदित्यनाथ ने इसका जिम्मेदार कांग्रेस और राजद को ठहराया, जिनके स्वार्थों के कारण बिहार की मेधा और प्रतिभा का सही इस्तेमाल नहीं हो सका और युवा पलायन को मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की आधारशिला मजबूत हुई है।

12:03 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates:पुनौरा धाम की भव्यता पूरी दुनिया देखेगी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “सीतामढ़ी की धरती मेरे लिए माता सीता का मायका है और अयोध्या में उनके दामाद, प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है।” उन्होंने कहा, “अब माता के मायके—पुनौरा धाम की भव्यता पूरी दुनिया देखेगी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार तीर्थस्थलों का विकास कर रही है, जबकि कांग्रेस और RJD के लोग आस्था का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नामदार नेताओं ने छठ महापर्व को ड्रामा और नौटंकी कहा था।” पीएम मोदी ने कहा, “छठ महापर्व हमारी बिहार की माताओं-बहनों की तपस्या और गौरव का पर्व है। जो लोग हमारी संस्कृति, परंपरा और छठ मैया का अपमान करते हैं, उन्हें जनता जरूर सजा देगी।”

12:02 PM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates:PM मोदी ने कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गन्ना किसानों के हित में सरकार गन्ने से इथेनॉल बनाने को बढ़ावा दे रही है, ताकि किसानों की आमदनी बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा और NDA जो वादा करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। मोदी की गारंटी का मतलब है, गारंटी पूरी होने की गारंटी।'

प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बिहार में दोबारा NDA सरकार बनने पर विकास की रफ्तार और तेज होगी और जनता के कल्याण के लिए और ज्यादा काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार विकास के साथ-साथ बिहार की संस्कृति और विरासत का भी सम्मान कर रही है। सीतामढ़ी क्षेत्र को रामायण सर्किट से जोड़ा जा रहा है और सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा इसी योजना का हिस्सा है।

11:59 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: RJD-कांग्रेस ने बिहार के उद्योगों पर ताले लगाए: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस को उद्योगों की ABCD तक नहीं आती। उन्होंने बिहार में 15 साल के शासन में एक भी बड़ा कारखाना या अस्पताल नहीं बनाया, बल्कि जो फैक्ट्रियां और मिलें थीं, उन्हें भी बंद कर दिया। PM मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार ने बिहार का टूटा हुआ भरोसा वापस लौटाया है। अब निवेशक बिहार आना चाहते हैं, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। रीगा चीनी मिल फिर से शुरू हुई है और आने वाले समय में राज्य में नई मिलें और फैक्ट्रियां खुलेंगी।

11:51 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates:पीएम मोदी बोले- अब बिहार को ‘कट्टा’ नहीं, ‘स्टार्टअप’ चाहिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “अब बिहार में ‘हैंड्स अप’ कहने वालों की कोई जगह नहीं है। बिहार को अब ऐसे युवा चाहिए जो स्टार्टअप के सपने देखें और उन्हें साकार करें। हम बच्चों के हाथ में किताबें, कंप्यूटर और लैपटॉप दे रहे हैं, ताकि वे पढ़ाई और तकनीक में आगे बढ़ें। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे खेलों में भी चमकें, इसलिए उन्हें बैट, हॉकी, फुटबॉल और वॉलीबॉल दिए जा रहे हैं।” पीएम मोदी ने कहा, “जंगलराज का मतलब है - कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु:संस्कार और करप्शन। ये लोग गलत सोच और खराब शासन के प्रतीक हैं, जो बिहार को फिर पीछे ले जाना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी और भोला पासवान शास्त्री जी जैसे नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय और विकास का भरोसा दिया था। लेकिन जब जंगलराज आया, तो बिहार बर्बादी की राह पर चला गया। RJD ने विकास का पूरा माहौल खत्म कर दिया।”

11:44 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: पीएम मोदी का आरजेडी पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “आरजेडी वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, ये उनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ दिखता है। जरा इनके गाने और नारे सुन लीजिए, आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते और क्या बोलते हैं। इनके मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “मैं पूछना चाहता हूं, क्या बिहार का बच्चा रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर बनना चाहिए? अब बिहार का बच्चा रंगदार नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर, एडवोकेट और जज बनेगा। यही नया बिहार है, जो विकास और शिक्षा के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”

11:42 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: पीएम मोदी बोले-  जनता की ताकत ने अच्छे-अच्छों की नींद उड़ा दी



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी की सभा में कहा, 'आप लोगों ने तो इन 3 मिनट में अच्छे-अच्छों की नींद उड़ा दी है। यही होती है जनता-जनार्दन की असली ताकत।' उन्होंने कहा कि मां सीता की इस पवित्र भूमि पर आना उनके लिए बड़ा सौभाग्य है। पीएम मोदी ने याद करते हुए कहा, “मुझे आज से 5-6 साल पहले का वही दिन याद है — 8 नवंबर 2019। तब मैं माता सीता की इस धरती पर आया था। अगले ही दिन मुझे पंजाब में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए जाना था, और उसी दिन सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या पर फैसला भी आने वाला था।”

11:39 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के पहले चरण के मतदान ने एक नया संदेश दिया है। उन्होंने कहा — “पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। हर तरफ चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बहनों और बेटियों ने भी NDA की रिकॉर्ड जीत पक्की कर दी है।” सीतामढ़ी की जनसभा में पीएम मोदी ने कहा, “यहां जो माहौल है, वो दिल को छूने वाला है। जनता का जोश इस बात का संकेत है कि नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार।"

10:03 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने दिया बड़ा बयान

भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने पहले चरण की वोटिंग को लेकर कहा, “पूरा बिहार NDA के पक्ष में खड़ा है। पूरे राज्य में बंपर वोटिंग हुई है। हर गांव से महिलाएं बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंची हैं और उन्होंने महिला सशक्तिकरण के हमारे मॉडल पर मुहर लगाई है।" उन्होंने आगे कहा, “यह प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विज़न की जीत है। हमें पूरा भरोसा है कि NDA पहले चरण में ही दो-तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रहा है। जनता अब गलती से भी गुंडाराज को वापस नहीं आने देगी।”

10:02 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: प्रशांत किशोर ने साधा निशाना

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “बिहार में वोट चोरी का कोई मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी भाजपा से राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव का मुद्दा वोट चोरी नहीं है।” प्रशांत किशोर ने आगे कहा, “बिहार की जनता यह जानना चाहती है कि उन्हें बेहतर शिक्षा, रोजगार और विकास कब मिलेगा। राज्य की दुर्दशा कब खत्म होगी — यही असली सवाल है। अगर वोट चोरी का मामला दिल्ली में है, तो चुनाव आयोग के पास जाइए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। लेकिन बिहार के चुनाव को इस बहस में क्यों उलझा रहे हैं?”

07:56 AM, 08-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: आज कहां-कहां होंगी बड़ी रैलियां?

बिहार में दूसरे चरण के मतदान से पहले आज सियासी रफ्तार अपने चरम पर है। सभी बड़े नेता चुनावी मैदान में उतर चुके हैं और वोटरों को रिझाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। देखें, आज कौन कहां करेगा जनसभा-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – सीतामढ़ी और बेतिया में विशाल जनसभाएं करेंगे।

  • गृह मंत्री अमित शाह – कटिहार में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह – काराकाट में जनसभा करेंगे।

  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी – कटिहार के कदवा और बरारी में दो जनसभाएं करेंगी।

  • एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान – सासाराम में जनसभा करेंगे।

  • राजद नेता तेजस्वी यादव – नवादा, जमुई, जहानाबाद और गया में जनसभाएं करेंगे।

  • जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर – पीरपैंती में जनसभा करेंगे।

07:51 AM, 08-Nov-2025

Bihar Election 2025 Live: 'बिहार में एनडीए की जीत विकास और समृद्धि की राह खोलेगी', बेतिया में बोले PM मोदी

दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जिनके नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। इस चरण में कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं और 9 नवंबर की शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार की मियाद तय की गई है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण से लेकर गया, औरंगाबाद, भागलपुर और पूर्णिया तक का इलाका इस चरण के मतदान में शामिल रहेगा, जिससे बिहार की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें