फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bankipur Bypoll 2026 Live: भाजपा-जन सुराज समर्थक भिड़े, PK की हूटिंग, कम वोटिंग; तेजस्वी बोले- हम जीत रहे

Thu, 30 Jul 2026 07:05 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bankipur Bihar News : उप चुनाव में बिहार की इकलौती सीट- बांकीपुर में आज सभी 25 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद हो गया। तीन अगस्त को मतगणना है। तेजस्वी यादव ने राजद की जीत का दावा किया। इससे पहले लड़ाई पीके-भाजपा में दिखी।
विज्ञापन
बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में दिग्गजों ने वोट किया, प्रतिशत कमजोर रहा। - फोटो : amar ujala digital
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:46 PM, 30-Jul-2026

शाम 6 बजे तक 34.30% मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम 6:00 बजे तक कुल 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव के दौरान एफएसटी (FST), एसएसटी (SST) और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 14,30,418 रुपये मूल्य की 2,412.18 लीटर शराब, करीब 39,200 रुपये मूल्य के 1.98 ग्राम मादक पदार्थ (ड्रग्स) तथा 3,95,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने असामाजिक और चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी। ऐसे लोगों की पहचान कर 2,454 व्यक्तियों के खिलाफ विधि-सम्मत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

07:03 PM, 30-Jul-2026

Tejashwi Yadav : विपक्ष के नेता का बड़ा दावा, बोले- राजद की जीत तय

पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय में करीब चार घंटे तक बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का फीडबैक लेने के बाद बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 3 अगस्त को परिणाम आने पर साफ हो जाएगा कि भाजपा अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी हारने जा रही है और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता चुनाव जीतेंगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी को मिले फीडबैक के अनुसार हर वर्ग, हर जाति और हर धर्म के लोगों का समर्थन राजद उम्मीदवार को मिला है तथा उनकी जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा की करारी हार होगी और इस उपचुनाव का परिणाम सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति को भी नया संदेश देगा।

05:44 PM, 30-Jul-2026

Bankipur Vote Percent : शाम 5 बजे तक 33.6 प्रतिशत वोट

बांकीपुर सीट पर मतदान प्रतिशल पिछली बार के मुकाबले करीब 10 प्रतिशत से ज्यादा कम नजर आ रहा है। निर्वाचन आयोग के एडिशनल CEO माधव कुमार सिंह ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा में शाम पांच बजे 33.57 फीसदी मतदान हुआ है। शांतिपूर्ण तरीके के मतदान चल रहा है। बता दें कि इस बात शाम तक मतदान करने कम संख्या में लोग पहुंचे। यह आंकड़ा 2025 के विधानसभा चुनाव में शाम पांच बजे तक के मतदान के आंकड़े से करीब 10 फीसदी कम है।

विज्ञापन
05:17 PM, 30-Jul-2026

Tension in Patna : एसके पुरी में पीके भी गरजे, भाजपा का बड़ा आरोप

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच इस चुनाव में जबरदस्त टकराव दिख रहा है। पूर्वाह्न में किदवईपुरी में दोनों दलों के समर्थक भिड़ गए थे। अपराह्न में श्रीकृष्णापुरी पार्क के पीछे सेंट कैरेंस जूनियर के पास स्थित मतदान केंद्र पर जन सुराज पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ताओं में भीषण झड़प हो गई। भाजपा ने आरोप लगाया कि जन सुराज के कुछ लोग भाजपा समर्थकों को वोट देने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। दूसरी तरफ जन सुराज ने इसी तरह का आरोप भाजपा पर जड़ा। हंगामा इतना बढ़ गया कि दौड़े-दौड़े पीके पहुंचे। प्रशांत किशोर के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाते लगाते हुए हूटिंग शुरू कर दी। श्रीकृष्णापुरी थानाध्याक्ष को मौके पर पहुंचकर मामला संभालना पड़ा।

04:01 PM, 30-Jul-2026
3 बजे तक सिर्फ 27.00 प्रतिशत मतदान - फोटो : अमर उजाला

Bankipur Bypoll 2026: 3 बजे तक सिर्फ 27% वोटिंग

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान की रफ्तार धीमी बनी हुई है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग के बाद दोपहर 3 बजे तक केवल 27.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

 

विज्ञापन
03:07 PM, 30-Jul-2026

मतदान के बाद अशोक चौधरी की अपील- पहले वोट डालें, फिर करें बाकी काम

बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित सेंट पॉल स्कूल मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने घरों से निकलकर सबसे पहले मतदान करें। उन्होंने कहा कि अभी भी कई लोग वोट डालने के लिए बाहर नहीं निकल रहे हैं, जो उचित नहीं है। अशोक चौधरी ने कहा, "पहले मतदान करें, उसके बाद अपने अन्य कार्य करें।"

02:30 PM, 30-Jul-2026

संजय यादव का दावा- वादाखिलाफी से नाराज जनता, बांकीपुर में भाजपा को हराने का बनाया मन

राजद सांसद संजय यादव ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और कथित वादाखिलाफी से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने युवाओं को एक करोड़ नौकरियां और महिलाओं को दो लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी इनमें से कोई वादा पूरा नहीं हुआ।
संजय यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान योजना की शुरुआत के नाम पर 10 हजार रुपये देकर आधार तैयार किया गया, लेकिन बाद में लोगों को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से बांकीपुर की जनता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट पर पार्टी को हराने का मन बना चुकी है और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में जमकर मतदान कर रही है।

01:56 PM, 30-Jul-2026

दोपहर 1 बजे तक 20% मतदान, निर्वाचन आयोग ने बताया शांतिपूर्ण माहौल

निर्वाचन आयोग के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है और अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है।

01:01 PM, 30-Jul-2026

जांच के दौरान ₹1.17 लाख नकद बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में

बांकीपुर विधानसभा में मतदान के बीच पटना पुलिस की टीम ने जांच अभियान के दौरान 1 लाख 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जिस व्यक्ति के पास से यह राशि मिली, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नकदी भी जब्त कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

11:49 AM, 30-Jul-2026
एडिशनल CEO माधव कुमार सिंह - फोटो : अमर उजाला

सुबह 11 बजे तक 11.50% मतदान, सभी बूथों पर स्थिति सामान्य

निर्वाचन आयोग के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा में सुबह 11 बजे तक 11.50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। सभी जगह ईवीएम सुचारु रूप से काम कर रही हैं और अब तक किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई है।

11:33 AM, 30-Jul-2026

प्रशांत किशोर ने मतदान के बीच पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने मतदान के बीच पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां जन सुराज समर्थक मतदाता जुट रहे हैं, वहां पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। उनके अनुसार बुधवार शाम से अब तक पुलिस 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि इसके बावजूद तस्वीर पूरी तरह साफ है और भाजपा करारी हार की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी ओर से आखिरी कोशिश कर रही है, लेकिन चार लाख मतदाताओं को पुलिस के बल पर डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के कारण कुछ लोग असहज महसूस कर रहे हैं, इसलिए फिलहाल मतदान प्रतिशत कम नजर आ रहा है। हालांकि, अंत में लोग घरों से बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के डर में न आएं और निर्भीक होकर मतदान करें, क्योंकि यह लड़ाई पुलिसिया दमन के खिलाफ भी है।

11:17 AM, 30-Jul-2026

बांकीपुर में एनडीए के पक्ष में माहौल- सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने गुरुवार को पूरे परिवार के साथ पटना के जमाल रोड स्थित जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल के मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में चारों ओर एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान हो रहा है और मुकाबले में कोई नजर नहीं आ रहा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वे बांकीपुर के ही नहीं हैं। अगर वे बांकीपुर की पांच कॉलोनियों के नाम बता दें, तभी माना जाएगा कि वे वास्तव में यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

10:38 AM, 30-Jul-2026
पीरमोहनी इलाके में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। - फोटो : अमर उजाला

उपचुनाव: पीरमोहनी इलाके में शांतिपूर्ण मतदान जारी

बांकीपुर विधानसभा के पीरमोहनी इलाके में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। हालांकि, यहां भी मतदाताओं के बूथ तक पहुंचाने की गति धीमी है। मतदान कर्मियों की माने तो सुबह से ही काफी कम संख्या में मतदाता आ रहे हैं। इसका एक कारण बारिश भी है। सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। 

09:59 AM, 30-Jul-2026
मतदान स्थल पर मौजूद लोग - फोटो : अमर उजाला

बारिश के चलते मतदान की रफ्तार धीमी

बांकीपुर विधानसभा में मतदान प्रक्रिया जारी है। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर मतदान पर साफ दिख रहा है। सुबह 9 बजे तक 4.61 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। बारिश के कारण वोटिंग की रफ्तार धीमी बनी हुई है। वहीं, सभी राजनीतिक दल मतदाताओं से घरों से निकलकर मतदान करने की अपील कर रहे हैं।

09:37 AM, 30-Jul-2026

जन सुराज ने बीजेपी समर्थकों पर हमला करने का लगाया आरोप

बीजेपी पर जन सुराज कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप लगा है। जन सुराज के नेताओं का दावा है कि बीजेपी समर्थकों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

09:01 AM, 30-Jul-2026

कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से हर बूथ पर नजर

बांकीपुर विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने अपने कार्यालय में कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाया है। यहां तैनात अधिकारी हर बूथ की लगातार निगरानी कर रहे हैं। कुछ बूथों पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिली थी, जिसे तुरंत ठीक करा दिया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

08:29 AM, 30-Jul-2026

Election Day : नकदी और शराब-हथियार के लिए हर वाहन की जांच

पटना में बांकीपुर सीट पर उप चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है, लेकिन दीघा, कुम्हरार, दानापुर विधानसभा क्षेत्रों में भी वाहनों की जांच हो रही है। कोई वाहन बांकीपुर की ओर नकदी, शराब, हथियार आदि लेकर तो नहीं आ रहा, इसकी सघन जांच हो रही है। बांकीपुर सीट पर उप चुनाव के लिए मतदान के बाद शाम में ईवीएम और वीवीपैट के साथ मतदानकर्मी एएन कॉलेज के स्ट्रांग रूम जाएंगे। उस ओर वाहनों की जांच शाम तक और तेज हो जाएगी। आम आवाजाही के लिए शाम में वह रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा।

07:59 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Election Live: बांकीपुर उपचुनाव के बीच भाजपा ने जनसुराज पर क्या आरोप लगाया

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा बिहार के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतदान के दौरान सख्त सत्यापन की मांग की है। भाजपा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डलवाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। 

07:44 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Election Live: सांसद विवेक ठाकुर ने क्या दावा किया?

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा के पूर्व सांसद सीपी ठाकुर और उनके बेटे सांसद विवेक ठाकुर ने मतदान किया। सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि बांकीपुर में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है। जनता के बीच भारी उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि कल संसद में पारित हुए विधेयक के बाद पूरे देश का युवा एक बार फिर उसी तरह भाजपा के समर्थन में एकजुट हो गया है, जैसा वह पहले से भाजपा के पक्ष में रहा है। विवेक ठाकुर ने विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलेगा और पार्टी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।

Bankipur Election : प्रशांत किशोर खुद को नहीं कर सकेंगे वोट; नितिन नवीन करेंगे मतदान? जानें VIP की टाइमिंग

07:25 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Election Live: मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

पटना डीएम कुंदन कुमार की ओर से बताया गया है कि मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने या मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। साथ ही कहा है कि किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके साथ ही 28 विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले सभी छोटे और बड़े वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Bankipur Election : लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार भी बांकीपुर प्रत्याशी! सभी 25 उम्मीदवारों का नाम जानें

07:10 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Election Live: बांकीपुर सीट पर मतदान शुरू

बांकीपुर विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आज मौसम सुहाना है। धूप तेज नहीं है। आसमान में बादल छाए हैं। मतदाता सुबह साढ़े छह बजे ही अपने घरों से निकल कर बूथ पर पहुंच गए और पंक्ति में लग गए हैं। 

Bankipur Constituency Area: पटना में आज मतदान कहां-कहां हो रहा? बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का दायरा देखें

06:58 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Election Live: बांकीपुर विधानसभा में कौन-कौन वीवीआईपी मतदाता?

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत बिहार सरकार के मंत्री भी इसी विधानसभा के मतदाता हैं। पूर्व सांसद सीपी ठाकुर और उनके बेटे सांसद विवेक ठाकुर, मंत्री अशोक चौधरी भी इसी विधानसभा के मतदाता है। चौंकाने वाली बात यह है कि जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर आज मतदान नहीं कर पाएंगे। वह बांकीपुर के मतदाता नहीं है। 
Bankipur Election: कितने वोटर आज कर रहे बांकीपुर के नए विधायक चुनने के लिए वोट? चुनावी मैदान में 25 प्रत्याशी
 

06:30 AM, 30-Jul-2026

Bankipur Bypoll 2026 Live: भाजपा-जन सुराज समर्थक भिड़े, PK की हूटिंग, कम वोटिंग; तेजस्वी बोले- हम जीत रहे

देश की सबसे चर्चित सीट में से एक बांकीपुर विधानसभा में उपचुनाव आज है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। मैदान में 25 प्रत्याशी हैं। लड़ाई मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा कुमार गुप्ता और जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर के बीच है। इस सीट से विधायक रह चुके नितिन नवीन के उत्तराधिकारी का फैसला आज हो जाएगा। इधर, प्रशासन की ओर से सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

Bankipur Election: भाजपा ने जन सुराज पर लगाया फर्जी मतदान की कोशिश का आरोप, प्रशासन से क्या मांग कर दी?

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें