पूर्व सांसद ने छोड़ा चिराग का साथ, लगा दिया बड़ा आरोप
जहानाबाद के पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने चिराग पासवान की पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि चिराग पासवान ने मुझे धोखा दिया है। जिस पार्टी में मेरे बराबर का कोई नेता नहीं हो, वहां मेरी जगह दूसरे को टिकट दिया गया। मुझे लोकसभा टिकट नहीं दिया गया। यह मेरे साथ धोखा है। इसीलिए ऐसी पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं है।
जमुई लोकसभा सीट से अरुण भारती ने किया नामांकन
जमुई लोकसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी अरुण भारती ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल गया। उनके साथ जमुई के वर्तमान सांसद चिराग पासवान भी थे। दोनों नेताओं ने एनडीए की जीत का दावा किया।
पूर्व सीएम ने भरा गया लोकसभा सीट से नामांकन पर्चा
गया संसदीय क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी जीतन राम मांझी ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। इसी दौरान उनके समर्थन में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार भी समाहरणालय पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जीतन राम मांझी को एनडीए का प्रत्याशी बनाया गया है। जीतन राम मांझी एक लंबे समय से गया जिला का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि इस बार उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलेगा। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है। इस बार एनडीए 400 सीटों का आंकड़ा पार करेगी।
श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे राजद प्रत्याशी
गया लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गए राष्ट्रीय जनता दल के विधायक व पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत आज नामांकन पर्चा दाखिल करने जा रहे हैं। नामांकन से पहले वह प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर के पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद नामांकन पर्चा दाखिल करने के लिए निकल गए।
गिरिराज सिंह ने लालू पर बोला हमला
बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर राजद सुप्रीमो पर पलटवार करते हुए कहा है कि लालू यादव राजा की भूमिका में हैं। महागठबंधन का कोई वजूद नहीं है। लालू यादव जो चाहते हैं वही करते हैं। बिहार में अब कांग्रेस का भी कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। यही वजह है कि आज प्रथम फेज के नॉमिनेशन का अंतिम दिन होने के बावजूद भी कांग्रेस ऊहापोह की स्थिति में है कि कहां से अपना कैंडिडेट खड़ा करे और कहां से नहीं। लालू यादव तो सीट शेयरिंग से पहले ही कई जगहों पर उम्मीदवार की घोषणा कर चुके हैं और कमोवेश यह स्थिति पूरे देश की है।
लालू ने धूमधाम से मनाया कात्यायनी का जन्मदिन
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद ने बुधवार रात को धूमधाम से अपनी पोती कात्यायनी का जन्मदिन मनाया। दिल्ली में लालू अपनी पत्नी राबड़ी देवी, दोनों बेटे तेजप्रताप-तेजस्वी, बेटी मीसा, रोहिणी समेत पूरे परिवार के साथ मौजूद थे। सोशल मीडिया पर पत्नी-बेटी और परिवार के साथ ली गई तस्वीरों को शेयर करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि बिटिया कात्यायनी को प्रथम जन्मदिवस पर शुभाशीष और अनंत प्यार।