समस्तीपुर रेल मंडल के इन नौ रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की शुरुआत
समस्तीपुर रोसरा रेल खंड के अंगार घाट स्टेशन के पास स्थित एलसी नंबर 27 सी पर अंडरपास का शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम से किया। वहीं समस्तीपुर रेल मंडल के विभिन्न खंडों पर स्थित 19 रेलवे गुमटी पर फ्लाईओवर के साथ ही अंडर पास का शिलान्यास किया गया। इन रेलवे गुमटियों पर रोड पर ब्रिज और अंडरपास के बन जाने से रेलवे गुमती पर लगे जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। योजना आगामी 2 सालों के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अंडरपास और फ्लाईओवर के अलावा समस्तीपुर रेल मंडल के लहेरियासराय, बापूधाम मोतिहारी, मधेपुरा, चकिया सिमरी बख्तियार समेत 9 रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के तहत कायाकल्प की शुरुआत की गई।
दरभंगा शहर को पांच आरओबी की सौगात
दरभंगा शहर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच आरओबी की बड़ी सौगात दी है। वहीं अमृत भारत योजना के तहत लहेरियासराय स्टेशन का अपग्रेड करने का आज वर्चुअल तरीके से शिलान्यास भी किया। यह आयोजन दरभंगा जिले लहेरियासराय स्टेशन पर किया गया था। इसमें दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर सहित रेलवे अधिकारियों सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
मोतिहारी के इन जगहों पर आरओबी का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में वर्चुअल तरीके से मोतिहारी के चांदमारी आरओबी, भितहा आरओबी, सुगौली में आरओबी समेत देश ने 554 रेलवे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत 41 हजार करोड़ की लागत से होने वाले योजना का शिलान्यास किया। इसको लेकर मोतिहारी के बापू धाम रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया।
तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में बदलाव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के रोड शो कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। तेजस्वी यादव आज भागलपुर नहीं बल्कि कटिहार में रात्रि विश्राम करेंगे। भागलपुर में मंगलवार को वह रोड शो करेंगे। राजद की ओर से जानकारी दी गई है लंबी दूरी और लोगों की भीड़ के कारण रूट में बदलाव किया है। आज सीमांचल इलाके में रोड शो होगा।
जहानाबाद में ट्रेन की चपेट में आए पिता-पुत्र
जहानाबाद में रेलवे ट्रैक पार कर रहे पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। पटना-गया रेलखंड पर के पास लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि दोनों एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे लेकिन टेहटा स्टेशन के पास दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए।
तेजस्वी की सभा से तीन राजद नेताओं की बाइक चोरी
दरभंगा में तेजस्वी यादव की पार्टी राजद के तीन नेताओं की बाइक चोरी हो गई है। तीनों तेजस्वी यादव के रोड शो कार्यक्रम में शामिल होने कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल मैदान आए थे। बताया जा रहा है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की सभा रविवार शाम सम्पन्न हुई। इस सभा में आये राजद नेता दिन के दो बजे से ही तेजस्वी यादव के आने का इंतजार कर रहे थे लेकिन उन्हें दरभंगा आने में रात हो गई। इस दौरान बाइक चोरों ने सारी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए तीन राजद नेताओं की बाइक को अपना निशाना बनाया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के हिंसक झड़प
पश्चिम चंपारण के बगहा इलाके में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट होने लगी। इस दौरान एक पक्ष की ओर से पथराव भी किया गया। घटना के बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। घटना बगहा पुलिस जिले के रामनगर के मुजरा गांव की है।