बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाएगा। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार की जगह बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनन्द किशोर इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2024 का परीक्षाफल जारी करेंगे।
आनंद मोहन को मिली राहत
28 वर्ष पुराने मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ी राहत मिली। कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में आनंद मोहन को जमानत दे दिया। आनंद मोहन ने भारतीय न्याय व्यवस्था का आभार जताते हुए कहा कि जेल में रहते हुए मुझे जान बुझकर फंसाया जाने का काम किया गया था। वहीं शिवहर से पत्नी लवली आनंद को लेकर के कहा शिवहर की जनता हमेशा से मेरे साथ रही है और बेहद प्यार करती है। जेल में रहते हुए वहां की जनता ने संसद में भेजने का काम किया था और इस बार भी ऐसा ही होगा। हम तैयारी में जुटे हुए हैं।।
बेगूसराय में बिजली विभाग के स्टाफ की मौत
बेगूसराय में बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। हालांकि, युवक भी बिजली विभाग में ही ऑपरेटर के पद पर शिवहर में कार्यरत था। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के पीढौली गांव की है। मृतक की पहचान पिढौली गांव के ही रहने वाले रणधीर कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रणधीर कुमार होली पर्व को लेकर पिछले दिनों घर आए थे और आज किसी कारण बस वह घर से निकलकर बाहर टहल रहे थे इसी दौरान बिजली के खंभे से सटे अर्थिंग की तार में के संपर्क में आ गए जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। वह बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा ने वशिष्ठ नारायण सिंह ने मुलाकात की
लोकसभा चुनाव की तैयारी के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आज जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात की। उपेंद्र कुशवाहा सोशल मीडिया पर यह तस्वीर पोस्ट की।
भोजपुर में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
भोजपुर में सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पीरो थाना क्षेत्र के मनैनी छलका बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर हुई है। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है। जबकि दो लोगों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पीरो थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। वहीं, दूसरी तरफ भीषण दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिहिया बिहटा स्टेट हाइवे को जाम कर दिया है। वहीं, ट्रक चालक घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गया है।
अशोक महतो की पत्नी को राजद ने दिया सिंबल
राष्ट्रीय जनता दल ने नवादा जेल ब्रेक कांड और नरसंहार के आरोपी कुख्यात अशोक महतो की पत्नी को सिंबल दिया है। अशोक महतो की पत्नी अनिता देवी राजद के टिकट पर मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। मीडिया से बातचीत के दौरान अशोक महतो ने कहा कि मुंगेर हमारा इलाका है कि हम ही जीतेंगे।
सीतामढ़ी में इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या
सीतामढ़ी में इंजीनियरिंग के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गईं है। घटना नगर थाना क्षेत्र के भूप भैरो कांटा चौक के पास की है। छात्र का शव को लावारिश अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया गया है। घटना की जानकारी तब मिली जब राहगीरों को डेड बॉडी पर नजर पड़ी। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया और स्थानीय लोगों द्वारा नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद पूछताछ कर शव को कब्जे में ले लिया गया।
गिरिराज सिंह ने लालू पर बोला हमला
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के फायर ब्रांड गिरिराज सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे आंदोलन की उपज थे और अन्ना हजारे के नाम पर ही उनकी छवि बनी है। लेकिन, आज उन्होंने उसको भी तार तार करने का काम किया है। जो गलती करेगा उसको उसका परिणाम निश्चित रूप से भुगतना पड़ेगा। वहीं सीट शेयरिंग से पहले राजद द्वारा उम्मीदवार घोषित करने के संबंध में कहा कि महागठबंधन लालू जी के इशारों पर चलता है। लालू जी से बड़ा तानाशाह राजनेता कोई नहीं है। आज उन्होंने अपने उम्मीदवार घोषित किये हैं और कांग्रेस उनके दरवाजे पर जाकर दस्तक दे रही है और याचना कर रही है। लालू यादव सदैव अपनी मनमानी करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
आरा में छात्र की मौत पर बवाल
आरा में सातवी क्लास के छात्र की निर्मम हत्या कर दी गई है। सिन्हा ओपी के पशुरामपुर गांव के खेत से आज सुबह पुलिस ने उसका शव बरामद किया तो इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का कहना है कि छात्र प्रिंस गुरुवार को स्कूल से घर आने के लिए निकला था। लेकिन, वापस घर नहीं आया। आज पुलिस जब ढूंढने निकली तो उसकी लाश मिली। छात्र को बुरी तरह पीटा गया है। मुंह में ईंट-पत्थर डाल हत्या की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हो गए। इसके बाद सड़क जाम कर न्याय की मांग करने लगेप।
मुजफ्फरपुर में युवती की लाश मिली
मुजफ्फरपुर जिले में एक युवती का शव कब्रिस्तान के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती की हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस युवती की पहचान करने में जुट गई है।
बेगूसराय में हादसा, एक की मौत
बेगूसराय में ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं कार चालक हुए गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में कार चालक को इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चालक की चिंताजनक बनी हुई है। घटना साहेवपुर कमाल थाना क्षेत्र के साहेवपुर कमाल चौक के समीप की है। मृतक व्यक्ति की पहचान सुपौल जिला के सुपौल थाना क्षेत्र के करनपुर गांव के रहने वाले आशुतोष कुमार झा के रूप में की गई है।
सुपौल में पुल का गार्डर गिरा
सुपौल में आज सुबह निर्माणाधीन पुल का गार्डर गिर गया। हादसे में कई मजदूर दब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने घायल सात मजदूरों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। बतााया जा रहा है कि सुपौल के बकोर में यह पुल बन रहा है। सुबह सात बजे अचानक पुल का गार्डर भरभरा कर गिर गया। घटना के बाद कंपनी के सभी लोग फरार हो गए।