बिहार में शाम पांच बजे तक कुल 56.01 प्रतिशत मतदान
निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण की पांच लोकसभा सीटों के लिए शाम पांच बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। सुपौल में 58.91 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद अररिया में सबसे अधिक 58.57 प्रतिशत, मधेपुरा में 54.92 प्रतिशत, खगड़िया में 54.35 प्रतिशत और झंझारपुर में 53.29 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल मतदान 56.01 प्रतिशत हुआ।
घर का काम निपटाकर निकलीं मतदान करने
अररिया, सुपौल, झंझारपुर, खगड़िया और मधेपुारा में महिला मतदाताओं के काफी उत्साह देखा जा रहा है। घर का काम निपटाकर कई महिलाओं मतदान करने निकलीं। मतदान के बाद उन्होंने ग्रुप सेल्फी ली औ अन्य महिलाओं से भी वोट की अपील की।
वोट करने पैतृक गांव पहुंचे चिराग पासवान
लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हाजीपुर से लोकसभा प्रत्याशी चिराग पासवान मंगलवार को अपने पैतृक गांव अलौली के शहरबन्नी पहुंचे। जहां उन्होंने मतदान किया। इस दौरान चिराग ने लोगों से वोट करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान प्रतिशत इस बार बढ़ेगा। लोग अच्छे भविष्य के लिए अपना मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।
खगड़िया में बूथ पर बवाल, ईवीएम को नुकसान
खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडल स्थित पौरा थाना क्षेत्र के बूथ संख्या 181, 182 पर लोगों ने हंगामा किया। जिसके बाद वहां पर भारी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। गोगरी एसडीओ और एसडीपीओ वहां कैंप किए हुए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त बुद्ध पर दो पक्षों में झड़प भी हुई है। वहीं ईवीएम को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार सहरौन गांव के लोगों ने पूर्व में वोट बहिष्कार का निर्णय लिया था।
अररिया में मतदान को लेकर महिला मतदाताओं में उत्साह
अररिया में महिला मतदाताओं के काफी उत्साह देखा जा रहा है। घर का काम निपटाकर कई महिलाओं मतदान करने निकलीं। मतदान के बाद उन्होंने ग्रुप सेल्फी ली औ अन्य महिलाओं से भी वोट की अपील की।
मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही दिखाया जीत का सिंबल
सुपौल लोकसभा के निवर्तमान सांसद सह एनडीए के जदयू उम्मीदवार दिलेश्वर कामैत ने त्रिवेणीगंज विधनसभा क्षेत्र के लक्ष्मीनिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 237 पर परिवार के साथ मतदान किया। मतदान के बाद मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही उन्होंने जीत का सिंबल दिखाया। उन्होंने कहा कि मैंने मतदान किया है। हमारे संसदीय क्षेत्र की जनता एकजुट होकर एनडीए के पक्ष में आज अपना मतदान कर रही है। मेरे पक्ष में वोट दे रही है। वर्ष 2019 में मैं पौने तीन लाख मत से विजयी हुआ था। इस बार 5 लाख से अधिक मतों के मार्जिन लेकर मैं विजयी होऊंगा। मेरी जीत होगी। जनता मुझे एक जुट होकर मत दे रही है। जनता से एक ही अपील है कि एकजुट होकर विकास को मत दीजिए। विकास ही हमारा लक्ष्य है।
सांसद संजय झा ने किया मतदान
राज्यसभा सांसद संजय झा अपने गांव अररिया संग्राम में मतदान करते पहुंचे। वह आम लोगों की तरह कतार में खड़े हुए। अपनी बारी आने का इंतजार किया। इसके बाद मतदान किया।
अररिया ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मौत
अररिया जिला अन्तर्गत पलासी प्रखंड के उत्कमित मध्य विधालय पचैली में चुनाव डयूटी पर तैनात होमगार्ड जवान महेन्द्र साह अचानक बीमार हो गये। आननफानन में उन्हें उपचार हेतु सदर अस्पताल अररिया लाया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। महेंद्र साह सीतामढ़ी में पदस्थापित थे। मतदान ड्यूटी करने अररिया आए थे।
बिहार में 11 बजे तक कुल 24.41 प्रतिशत
निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण की पांच लोकसभा सीटों के लिए सुबह 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। सबसे अधिक सुपौल में 25.98 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद अररिया में 25.97 प्रतिशत, मधेपुरा में 23.31 प्रतिशत, खगड़िया में 24.49 प्रतिशत और झंझारपुर में 22.39 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल मतदान 24.41 प्रतिशत हुआ।
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया
सुपौल संसदीय क्षेत्र के बूथ संख्या 137 पर सूबे के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने तीसरे चरण में बिहार की तमाम 5 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया। कहा कि विरोधी सिर्फ खोखला दावा कर रहे हैं। बिहार की सभी 40 सीटों पर एनडीए जीत दर्ज करेगी। वहीं गिरते मतदान प्रतिशत को लेकर दावा किया कि भीषण गर्मी के कारण पहले दो फेज वोटिंग कम हुई है। आज मौसम सुहावना है, लिहाजा वोटिंग की प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी।
मधेपुरा में वोट का बहिष्कार
मधेपुरा प्रखंड के मदनपुर पंचायत के वार्ड 11 में उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय मैनिरही के बूथ संख्या 187 पर लोगों ने वोट बहिष्कार कर दिया है। सुबह से अब तक लोग मतदान के लिए नहीं गए हैं। सड़क की मांग को लेकर लोगों ने वोट नहीं देने का निर्णय लिया है। लोगों ने कहा कि यहां से जिला मुख्यालय दूरी मात्र 3 किलोमीटर है, फिर भी उनलोगों की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। बूथ पर तैनात पीठासीन पदाधिकारी ने बताया कि सुबह से अब तक मात्र पांच लोगों ने मतदान किया है। मैनिरही बूथ संख्या 187 पर मतदाताओं की संख्या 1062 है।
पत्नी के साथ मतदान के लिए पहुंचे सुपौल डीएम
सुपौल संसदीय क्षेत्र के बूथ संख्या 144 पर निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पत्नी के साथ पहुंच कर अपना वोट डाला। उन्होंने हम लोगों से भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। डीएम ने सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में पीठासीन अधिकारी के निधन को लेकर भी दुख जताया। बताया कि दो जगहों से वोट बहिष्कार की सूचना मिली थी, जिसे तत्काल बातचीत कर लोगों को वोटिंग के लिए तैयार किया गया है।
लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे
लोकसभा चुनाव के दौरान खगड़िया में पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की भीड़ अहले सुबह से ही देखी गई। लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। जिसमें युवाओं और महिलाओं की ज्यादा भागीदारी देखी गई है। वही बुजुर्गों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इधर चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त की गई है।
खगड़िया में दिल्ली से मतदान करने पहुंचे लोग
मतदान को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं। दूर-दराज से मतदाता अपने गांव पहुंच रहे हैं। खगड़िया से एक तस्वीर सामने आई है। अलौली इलाके में कई मतदाता आज सुबह दिल्ली से पहुंचे। गाड़ी नहीं मिली तो वह सामान हाथ में लेकर पैदल ही घर जाते दिखे।
वोट डालने बूथ पर पहुंचे सुपौल एसपी
सुपौल संसदीय क्षेत्र के बूथ संख्या 144 पर पुलिस अधीक्षक शैशव यादव ने अपना वोट डाला। उन्होंने हम लोगों से भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
बिहार में नौ बजे तक कुल 10.78 प्रतिशत
निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण की पांच लोकसभा सीटों के लिए सुबह नौ बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है। सबसे अधिक सुपौल में 11.41 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद अररिया में 10.97 प्रतिशत, मधेपुरा में 10.71 प्रतिशत, खगड़िया में 10.41 प्रतिशत और झंझारपुर में 10.41 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल मतदान 10.78 प्रतिशत हुआ।
अररिया में एक घंटा तक बाधित रहा मतदान
अररिया लोकसभा अंतर्गत नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय श्यामनगर बूथ संख्या 68 पश्चिमी भाग में तकरीबन एक घंटा तक पोलिंग बंद रहा। मशीन में तकनीकी गड़बड़ी आ जाने के उपरांत वीवीपेट बदला गया। वीवीपैटी बदलने के पहले पीठासीन पदाधिकारी नरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि कुल 22 वोट गिर चुके थे।
मधेपुरा में कतार में लगे मतदाता
मधेपुरा के मानिकपुर बूथ पर मतदान के लिए मतदाता अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे। जलपान करने से पहले ही वह बूथ पर पहुंचे और कतार में खड़े हो गए। मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे।
सुबह छह बजे से ही पहुंचने लगे मतदाता
बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। कई बूथों पर मतदाता सुबह छह बजे से ही पहुंच गए थे। मतदान केंद्रों पर अधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम की सील खुलवाई गई। मॉक पोल के बाद मतदान शुरू हुआ। मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे।
खगड़िया में मतदान की तैयारी
तीसरे चरण के मतदान से पहले खगड़िया में मतदान केंद्र संख्या 151 पर तैयारियां की जा रही हैं। मतदान की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। वोटिंग सही समय पर शुरू हो इसके लिए मतदानकर्मियों ने पहले से ही सारी तैयारियां पूरी कर ली है।
बिहार में तीसरे चरण का मतदान अब से कुछ ही देर में शुरू होगा। झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया लोकसभा सीट पर मतदान की सारी तैयारी पहले ही पूरी हो चुकी है। इस बार इन पांचों लोकसभा क्षेत्र में कुल 54 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इन पांचों सीटों पर कुल 98 लाख 60 हजार 377 वोटर हैं। कुल 9848 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदानकर्मी बूथ पर पहुंच चुके हैं। कुछ इलाकों में मतदाता भी बूथ के बाहर खड़े हैं। सुरक्षा में कहीं किसी तरह की चूक इसके लिए 55 हजार से अधिक अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।