फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Band Live: पटना में पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई जिलों में ट्रेन रोकी; भारत बंद का देखें बिहार में असर

Wed, 21 Aug 2024 04:55 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar News : अनुसूचित जाति और जनजाति आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ देशभर के विभिन्न संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। बिहार के सभी 38 जिलों में कहां बंद का कैसा असर है, यहां देखते रहें अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:46 PM, 21-Aug-2024

गया में भी भारत बंद का असर दिखा
गया शहर में भी विभिन्न संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान अपनी मांगों के समर्थन में लोगों ने जोरदार नारेबाजी की। हालांकि विधि व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करने वालों को देखते हुए शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस बल भी साथ-साथ चल रहे थे। वहीं प्रदर्शन में शामिल राजद विधायक सतीश कुमार दास ने कहा कि कोर्ट के द्वारा आरक्षण का वर्गीकरण किया जा रहा है।  यह कहीं से सही नहीं है। 

04:06 PM, 21-Aug-2024
पूर्वी चंपारण में समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया। - फोटो : अमर उजाला

रक्सौल-दरभंगा रेलखंड पर जमा हो गए
भारत बंद को लेकर विभिन्न संगठन के कार्यकर्ताओं ने रक्सौल-दरभंगा रेलखंड पर जमा हो गए। इसके बाद घोड़ासहन रेलवे स्टेशन पर पंहुच गए। यहां बंद समर्थकों ने 05218 रक्सौल-दरभंगा सवारी गाड़ी को करीब 20 मिनट तक रोक कर प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रेन में सफर कर रहे यात्री काफी परेशान रहे। बाद में रेल प्रशासन व पुलिस के समझाने के बाद बंद समर्थक वहां से हटे और ट्रेन खुल सकी।

03:20 PM, 21-Aug-2024

मोतिहारी में शोरूम के कर्मचारी को बेरहमी से पीटा
पूर्वी चम्पारण के घोड़ासाहन में बंद समर्थकों ने बाइक शोरूम में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। जबरन दुकान तो बंद करवाया ही साथ ही कर्मचारियेां को भी घायल कर रिया। बताया जा रहा है कि बंद समर्थक दुकानों को जबरन बंद समर्थक बाइक शो रूम को बंद कराने का प्रयास करने लगे। इस दौरान शो रूम के कर्मचारी से बकझक होने लगी। बाद में बंद समर्थक उग्र हो गए और उक्त शो रूम में घुस कर उसके स्टाफ के साथ  मार पीट करने लगे। बाद में इसी में अन्य लोगों के द्वारा स्थिति को नियंत्रित किया गया।

विज्ञापन
02:54 PM, 21-Aug-2024
सीवन में प्रदर्शन करते वामदल के समस्य। - फोटो : अमर उजाला

सीवान में भी भारत बंद का असर
सीवान में भारत बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए भीम आर्मी, सीपीआईएमएल के सदस्य सड़क पर उतर गए और सभी चौक चौराहों को जाम कर दिया गया। यहां तक की बाइक, ऑटो, बस, सभी को पूरी तरह से जो जहां थे, वहीं खड़ा कर दिया गया। विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि संविधान का संशोधन करना चाहिए। संविधान में छेड़छाड़ और आरक्षण में छेड़छाड़ करना संविधान का उल्लंघन है। इसलिए हमलोग आज भारत बंद कर रहे हैं। 

02:11 PM, 21-Aug-2024
सासाराम में प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला

सासाराम में भी बंद का असर
भारत बंद को लेकर रोहतास के सासाराम में बहुजन समाज पार्टी तथा भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया एवं पोस्ट ऑफिस चौराहा को पूरी तरह से जाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक पोस्ट ऑफिस चौराहा पूरी तरह से जाम है। जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। सड़क को बांस, बल्ला तथा रस्सी से घेर दिया गया है एवं परिवहन को रोक दिया गया है। इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि आरक्षण के नाम पर कभी संसद तो कभी सुप्रीम कोर्ट तरह-तरह के फरमान जारी कर रही है। ऐसे में बाबा साहब अंबेडकर के बनाए संविधान पर खतरा नजर आ रहा है। समय-समय पर आरक्षण पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसके खिलाफ यह लोग सड़क पर उतरे हैं। वह लोग मांग करते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में लिया गया निर्णय के खिलाफ संसद में सरकार अध्यादेश ले तथा बहुजन समाज के हित में फैसला सुरक्षित करें।

विज्ञापन
01:02 PM, 21-Aug-2024
पटना के डाकबंगला चौराहे पर तैनात सुरक्षाकर्मी। - फोटो : अमर उजाला

जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा
पटना में प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा। पुलिस प्रशासन हाय-हाय गुंडागर्दी नहीं चलेगी। इनका कहना है कि हम अपना अधिकार मांगते हैं। उनका कहना है कि डाकला चौराहा पर हम लोग खड़े हैं और हमें लोकतंत्र तरीके से अपना विरोध जाता रहे हैं। पुलिस प्रशासन हमेशा करने से रोक रही है। बंद समर्थक लगातार बैरियर को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। बंद समर्थकों को रोकने के लिए डाक बंगला चौराहा पर भारी संख्या में पुलिस बल सहित कई अधिकारी भी तैनात हैं। डाक बंगला चौराहा से आने जाने वाले रास्ते बंद हैं। बीएसपी के समर्थक सुप्रीम कोर्ट होश में आओ का नारा लगा रहे हैं। पटना पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुंदन पासवान, अमर आज़ाद पासवान, गौतम पासवान, मंटू पासवान, सोनू पासवान, सुधीर रजक को हिरासत में लिया है।

12:24 PM, 21-Aug-2024
मधुबनी में दलित संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। - फोटो : अमर उजाला

संपर्क क्रांति ट्रेन को रोक दिया और हंगामा कर रहे हैं
मधुबनी में दलित संगठनों ने बुधवार को जगह-जगह जमकर प्रदर्शन किया। सड़कों पर कई संगठनों के नेताओं को पोस्टर बैनर लिए विरोध करते देखा जा रहा है। कई जगह आगजनी तो कई जगह यातायात बाधित होने की खबर सामने आ रही है। देशव्यापी आंदोलन के तहत दलित संगठनों ने बुधवार को मधुबनी जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर ट्रैन को रोककर घंटो आंदोलनकारी ने इंजन के सामने खड़ा होकर प्रदर्शन किया। इधर, आरा, दरभंगा ट्रेन रोक दी गई है। दरभंगा में प्रदर्शनकरियों ने संपर्कक्रांति ट्रेन को रोक दिया और हंगामा कर रहे हैं। 

12:00 PM, 21-Aug-2024
पटना में पुलिस का लाठीचार्ज। - फोटो : अमर उजाला

पटना पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पटना में प्रदर्शकारियों डाकबंगला चौराहा से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। पटना पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानें।  पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। प्रदर्शन उम्र होते देखे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस अब वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रहे हैं।

11:50 AM, 21-Aug-2024
पटना में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। - फोटो : अमर उजाला

अंबेडकर हॉस्टल के पास आगजनी
पटना में भी अब भारत बंद का असर दिखने लगा है। महेंद्रू सुल्तानगंज इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंबेडकर हॉस्टल के पास प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की और अशोक राजपथ को जाम कर दिया। इधर बाइपास इलाके में जाम का असर दिख रहा है। यहां भी आवागमन बाधित है। बेउर मोड़ के पास भी सड़क जाम है। भीम आर्मी के कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। 

11:15 AM, 21-Aug-2024
पटना के डाकबंगला चौराहा पर तैनात पुलिस। - फोटो : अमर उजाला

छावनी में बदला पटना का यह इलाका
राजधानी के कई इलाकों में सुबह 11 बजे का असर देखने को नहीं लिया। हालांकि, एससी-एसटी और आदिवासी संगठनों के कार्यकर्ता 11 बजे के बाद सड़क पर उतरे। इस कारण कुछ इलाकों में जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद समर्थक जेपी गोलम्बर के पास पहुंचे हैं। यहां पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है। डाक बंगला चौराहा के पास महिला और पुरुष पुलिस बल पहुंच गए हैं। पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है।

11:01 AM, 21-Aug-2024
नवादा में विरोध प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला

नवादा में बंद से परीक्षार्थी परेशान
भारत बंद को लेकर नवादा बाजार को बंद कराया गया। शहर मुख्यालय के प्रजातंत्र चौक पर बंद समर्थकों द्वारा टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सिपाही भर्ती की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को सेंटर पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अनुसूचित जाति, जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ता पूरे शहर में घूम घूमकर दुकानों बंद करा रहे हैं। अनुसूचित जाति जनजाति संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय पासवान उर्फ डी सी ने  बताया कि 1 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के द्वारा एस सी एस टी वर्गों के आरक्षण में क्रिमिलेयर लागू किया गया जिसको लेकर भारत बंद किया गया है।आरक्षण से छेड़छाड़ बर्दास्त नहीं किया जाएगा।

10:45 AM, 21-Aug-2024
मोतिहारी में प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला

प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल किया

भारत बंद का मोतिहारी में असर दिखने लगा है। छतौनी थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल किया। इनलोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और सरकार के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। इतना ही नहीं टायर जलाकर आगजनी भी की। वहीं रक्सौल और बापूधाम स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। 

10:30 AM, 21-Aug-2024
प्रदर्शन करते महागठबंधन के कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला

भोजपुर में भी बंद का असर
आरा में भी भारत बंद का मिला जुला असर दिख रहा है। प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। इतना ही नहीं आगजनी कर चक्का जाम कर दिए हैं। विभिन्न दलों के नेताओं ने आरा रेलवे स्टेशन पर चक्का जाम कर दिया है।  मैसूर रानी कमलापति सहरसा ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस मौके पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौजूद है। मौके पर डीएम और एसपी पहुंच प्रर्दशनकारियों को समझा कर ट्रैक खाली करवाये। उसके बाद प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के समीप पहुंच कर अम्बेडकर चौक को जाम कर दिया। जाम कर रहे प्रदर्शनकारी में भाकपा-माले, बासपा,आरजेडी और लोजपा रामविलास की पार्टी मौजूद रही। 

10:13 AM, 21-Aug-2024
भारत बंद। - फोटो : अमर उजाला

मुजफ्फरपुर में भारत बंद को सफल बनाने के लिए भीम आर्मी के सदस्यों ने 57 को जाम कर दिया है। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र इलाके के शाहबाजपुर के पास जाम से लोक परेशान हैं। वहीं मुजफ्फरपुर छपरा न 102 को भी जाम करवा दिया गया है। इस कारण सड़क के दोनों ओर से ट्रक और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई है। इतना ही नहीं दुकानों को भी बंद करवा दिया गया है। 
 

09:58 AM, 21-Aug-2024
जांच अभियान चलाती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला

पटना में भी भारत बंद का असर
पटना के कई इलाकों में भी भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। भीम आर्मी एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। सुबह से ही समर्थक सड़क पर उतर गए। इसके बाद एनएच 31 को जामकर दिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर आगजनी भी की। जाम के कारण सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है। आने जाने वाले लोगों को कठिनाई हो रही है। समर्थक अस्पताल चौक एवं मलाही गांव में भी जाम कर दिया है। फतुहा स्टेशन पर बंदी की लेकर जीआरपी और आरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। पटना जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 

09:48 AM, 21-Aug-2024
बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग को बिन्द चौराहा के समीप किया गया जाम। - फोटो : अमर उजाला

नालंदा में बिंद चौराहा के पास जाम कर विरोध-प्रदर्शन
नालंदा में अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण समिति द्वारा बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग को बिंद चौराहा के पास जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण समाप्त करने की कथित साजिश का विरोध किया और बाबा साहब के सपनों को चकनाचूर करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आरक्षण समाप्त करने को लेकर साजिश रची जा रही है, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

09:30 AM, 21-Aug-2024
पूर्णिया में भी भारत बंद का असर देखने को मिला। - फोटो : अमर उजाला

बाबा साहब के सपनों को चकनाचूर करने का आरोप लगाया
पूर्णिया जिला मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आरक्षण के मुद्दे पर भारत बंद का व्यापक असर देखा गया। विभिन्न संगठनों के लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम किया। सड़क जाम के कारण स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूर्णिया जिला मुख्यालय में गिरजा चौंक, आर एन साह चौक सहित अन्य जगहों सड़क जाम होने के कारण यातायात बाधित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि आरक्षण को समाप्त नहीं किया जाए और बाबा साहब के सपनों को पूरा किया जाए।
 

09:15 AM, 21-Aug-2024
जहानाबाद में सड़क जाम कर दिया गया। - फोटो : अमर उजाला

बोधगया जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानियां झेलनी पड़ी
भारत बंद का असर जहानाबाद जिला मुख्यालय से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाके में काफी असर देखा गया। विभिन्न संगठन के लोग सड़क पर उतरकर झंडा बैनर के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि जिस तरह से आरक्षण समाप्त करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा साजिश रची जा रही है उस साजिश को हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। लोगों का कहना था कि बाबा साहब ने हम लोगों को आरक्षण देकर समाज के मुख्य धारा से जोड़ने का जो सपना देखा था आज वह सपना भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों के द्वारा चकनाचूर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने पटना-गया एनएज 83 को जाम कर दिया गया। जिला मुख्यालय में सड़क जाम होने के कारण स्कूली बच्चों के वाहन जाम में जहां फंसे रहे। बोधगया जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानियां झेलनी पड़ी। इसके अलावे जाम के कारण मरीज को ले जा रहे एंबुलेंस को भी परेशानी उठानी पड़ी। 

09:05 AM, 21-Aug-2024
सहरसा में प्रदर्शन करते वामदल के नेता। - फोटो : अमर उजाला

भीम सेना के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर निकले
सहरसा जिले में शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। भारत बन्द का असर सुबह से ही रही। बुधवार की सुबह से ही भीम सेना के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर निकल कर जिला मुख्यालय के थाना चौक को जाम कर दिया। जिसके कारण आम लोगो के अलावा जिला मुख्यालय के 11 केंद्रों पर आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों को केंद्र पर पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करना पड़ा।  इसके अलावे प्रदर्शनकारी जिले के महिषी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे बलुआहा पुल पर आगजनी रोड जाम कर प्रदर्शन कर रहे है। सड़क जाम होने की वजह से सड़क मार्ग होकर सहरसा से दरभंगा जाने वाली यात्री से लेकर आम लोगों को बेहद कठिनायों का सामना करना पड़ रहा है। 

08:48 AM, 21-Aug-2024
रेल पुलिस जांच अभियान चला रही। - फोटो : अमर उजाला

रेल पुलिस भी अलर्ट, जांच अभियान तेज
भारत बंद के मद्देनजर रेल पुलिस अलर्ट मोड पर है। मुजफ्फरपुर स्टेशन पर RPF और GRP द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन एरिया एवम यार्ड में फ्लैग मार्च किया गया है। प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक की भी जांच की है। अभी तक सभी सामान्य है।

08:20 AM, 21-Aug-2024
भारत बंद को लेकर प्रदर्शन करते नेता और कार्यकता। - फोटो : अमर उजाला

नए कानून को पारित करने की भी मांग
प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कहा कि हमलोग एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर संसद द्वारा एक नए कानून को पारित करने की भी मांग कर रहे हैं, जिसे संविधान की नौवीं सूची में समावेश के साथ संरक्षित किया जाए।

07:32 AM, 21-Aug-2024

Bharat Band Live: पटना में पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई जिलों में ट्रेन रोकी; भारत बंद का देखें बिहार में असर

दलित और आदिवासी संगठनों ने बुधवार को 'भारत बंद' का आह्वान किया है। यह बंद हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर बुलाया गया है। बिहार में कई राजनीतिक पार्टियों का भी समर्थन मिला था। वैशाली के हाजीपुर में सुबह से ही बंद में दिखने लगा है। विभिन्न मुख्य मार्ग के भारी संख्या में पहुंचे लोग जहां पर सड़क को जाम कर दिया है। इसके बाद गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई है। आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें