विश्व पर्यावरण दिवस: इतिहास से लेकर महत्व
- फोटो : istock
ये है इस दिन को मनाने का महत्व
बात अगर इस दिन के महत्व की करें, तो इस बात को बेहद आसानी से समझा जा सकता है कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का एक ही साफ और सीधा उद्देश्य है और वो है पर्यावरण की रक्षा करना। लोगों को पर्यवारण की रक्षा के लिए जागरूक और प्रेरित करने के उद्देश्य से ही हम हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाते हुए आ रहे हैं।
क्या कर सकते हैं हम इस दिन?
विश्व पर्यावरण दिवस के दिन हम अपने आसपास जैसे- गार्डन, छत पर, बालकनी और बंजर स्थान आदि जगहों पर पेड़-पौधे लगा सकते हैं। परिवार का हर एक सदस्य अगर एक-एक पौधा भी लगाता है, तो इस दिन हम एक घर, एक मौहाले, एक राज्य और एक देश के तौर पर काफी संख्या में पौधे लगाकर अपनी धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
पर्यावरण को बचाने के लिए क्यों हैं पेड़-पौधे जरूरी?
हमें अगर अपने पर्यावरण को बचाना है तो हमें हर हाल में पेड़ों की, नदियों समेत अन्य चीजों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। ये बात तो सभी जानते हैं कि पेड़ हमें ऑक्सीजन देने का काम करते हैं, लेकिन ये बात शायद बेहद कम लोग जानते हैं कि एक पेड़ हर दिन लगभग 230 लीटर ऑक्सीजन छोड़ता है और इतनी ऑक्सीजन से सात लोगों की जान बचाई जा सकती है। इस बात से समझा जा सकता है कि पेड़ों की कटाई रोकने और अपने आसपास पेड़-पौधे लगाने पर आखिर क्यों जोर दिया जाता है।
विश्व पर्यावरण दिवस: इतिहास से लेकर महत्व
- फोटो : अमर उजाला
प्लास्टिक से दूरी बनाना जरूरी
अगर ये कहा जाए कि आज के दौर में प्लास्टिक हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुका है, तो इसमें कुछ गलत नहीं होगा क्योंकि जिस तरह हम हर काम के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रहे हैं वो आने वाले समय में हमारे और हमारे पर्यावरण के लिए बेहद घातक साबित होगा। ये बात किसी से छुपी नहीं कि प्लास्टिक कभी गलता नहीं है और ये हमारे वायुमंडल में कई सालों तक ऐसे ही पड़ा रहता है। लकड़ी या फिर कागज की तरह प्लास्टिक को जलाकर नष्ट नहीं किया जा सकता, क्योंकि ऐसा करने पर इससे कई सारी हानिकारक गैसें निकलती हैं। वहीं, ये गैसें इंसान और पृथ्वी के वातावरण के लिए बेहद खतरनाक होती हैं।
लोग जब भी किसी हिल स्टेशन पर घूमने जाते हैं, तो वहां नदी-झरनों में प्लास्टिक फेंक देते हैं या समुद्र किनारे पर पिकनिक मनाने गए लोग भी प्लास्टिक बैग, प्लास्टिक की बोतलें आदि समुद्र में फेंक देते हैं। इससे प्लास्टिक प्रदूषण फैलता है, जो हमारे पर्यावरण के लिए बिल्कुल अच्छा नहीं है। मछली, कछुएं व अन्य समुद्री जीव इन प्लास्टिक को अपना भोजन समझकर खा लेते हैं, जिसकी वजह से इनमें स्वास्थ्य संकट उत्तपन्न हो जाता है और कई जीवों की मौत तक हो जाती है। ऐसे में हमें आज ही प्लास्टिक का त्याग करना चाहिए और प्लास्टिक से बनी चीजों से दूरी बना लेनी चाहिए, ताकि हम अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखने में एक कदम आगे बढ़ा सकें।
कोरोना काल में घर पर रहकर मनाए ये दिन
कोरोना काल होने की वजह से घर से बाहर जाना सुरक्षित नहीं है। ऐसे में आप विश्व पर्यावरण दिवस को घर पर रहकर ही सेलिब्रेट कर सकते हैं। आप कई तरीके अपना सकते हैं। आप अपने घर की छत, बालकली या घर के आसपास पेड़-पौधे लगा सकते हैं, बच्चों को इस दिन के बारे में बताएं और कई अहम जानकारियां दें, रिसाइकलिंग करें और बच्चो को भी बताएं, पॉलीथीन के इस्तेमाल से होने वाले नुकसानों के बारे में जानें और अन्य लोगों को भी बताएं, लाइट और पानी को बेवजह बर्बाद न करें आदि।
इस साल की थीम
साल 2021 की थीम 'पारिस्थितिकी तंत्र बहाली' है। पारिस्थितिक तंत्र की बहाली कई रूप में की जा सकती है, जैसे- पेड़ लगाना, शहर को हरा-भरा करना, बगीचों को फिर से बनाना, नदियों और तटों की सफाई करना आदि। वहीं, अगर बात हम बीते सालों की थीम की करें तो साल 2020 में 'जैव विविधता', 2019 में 'वायु प्रदूषण' और साल 2018 में 'बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन' रखी गई थी।