लोग कहते हैं कि डर के आगे जीत है। मगर हम आपसे कहते हैं कि डर के साथ ही जीत है। चौंकिए नहीं! दिल में डर का होना उतनी बुरी बात नहीं जितना हम सुनते आए हैं। बल्कि डर, हमारी कामयाबी की राह का साथी बन सकता है।
आप पूछेंगे कि कैसे? तो, चलिए हम बताते हैं।
हमने बडों को अक्सर कहते सुना है कि कोई भी काम करो डंके की चोट पर करो। बिना किसी खौफ या डर के। लेकिन अगर हम आपसे कहें कि आपके दिल में थोडा सा डर रहे, तो भी आप दुनिया से टक्कर लेने में पीछे नहीं रहेंगे, तो क्या आप यकीन करेंगे।
यकीनन आपको ये बात अटपटी लग सकती है। लेकिन ये बात बिल्कुल सही है। अपने विरोधियों से थोडा डरकर रहना और अपने काम के लिए पागलपंती पालना दोनों आगे बढने के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
कैथरीन अलरिच दुनिया की जानी मानी स्टॉक इमेज कंपनी में काम करती हैं। अपने काम से और तरक्की से वे खुश भी हैं। लेकिन उन पर अपने काम को लेकर एक डर और पागलपन सवार रहता है।
उन्हें इस बात का डर रहता है कि कहीं कस्टमर बेहतर प्रोडक्ट की तलाश में किसी और दुकान पर ना चला जाए।
ऐसा हुआ तो एक कस्टमर उनकी कंपनी के लिए कम हो जाएगा। हो सकता है कैथरीन का ये पागलपन आपको अजीब लगे लेकिन मार्केट में मुकाबले में बने रहने के लिए ये जरूरी है।
अगर आप कारोबार में टॉप पर बने रहना चाहते हैं तो आपको अपने विरोधियों की हर हरकत पर नजर रखनी ही होगी। अगर आप अपने डर को सही दिशा में तराशते हैं, तो ये डर आगे बढने में आपकी मदद करता है।