शारीरिक विकास के लिए विटामिन डी कितना जरूरी है यह तो सभी जानते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि विटामिन डी की कमी से टाइप 1 डायबिटीज की आशंका बहुत बढ़ जाती है। हाल में युरोपियन एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज (ईएएसडी) की पत्रिका 'डायबिटोलॉजिया' में यह शोध प्रकाशित हुआ है।
शोध के दौरान 2000 लोगों के रक्त का छह सालों तक परीक्षण किया गया। शोधकर्ता सेड्रिक गार्लेन्ड ने बताया, 'पहले भी कई अध्ययनों में विटामिन डी और टाइप 1 डायबिटीज के संबंधों पर इस तरह की थ्योरी दी जा चुकी है पर परीक्षण के आधार पर हमने पहली बार इस बात को साबित किया है।'
शोध के दौरान शोधकर्ताओं ने टाइप 1 डायबिटिक रोगियों के खून के 1000 नमूनों को इकट्ठा किया और स्वस्थ लोगों के खून के 1000 नमूनों को इकट्ठा किया। इनके परीक्षण के बाद पाया कि टाइप 1 डायबिटिक लोगों के रक्त के नमूनों में हाइट्रोऑक्सीविटामिन डी की कमी है।
हालांकि गार्लेन्ड यह भी मानते हैं कि टाइप 1 डायबिटीज के उपचार में कितनी मात्रा में और किस तरह विटामिन डी का सेवन फायदेमंद है, इसके बारे में अभी उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। फिर भी इस शोध से डायबिटीज के उपचार में बहुत हद तक फायदा मिलेगा, इस बारे में कोई शक नहीं है।