सिर दर्द से अगर आप अक्सर परेशान रहते हैं और डॉक्टर को दिखाने का आपको समय ही नहीं मिल पा रहा है तो अब आप घर बैठे मुफ्त में अपना इलाज करवा सकते हैं।
पढ़ें - तेज दिमाग से लेकर कई दर्द भगाने तक, जानें अहम पहलू
सिर दर्द की समस्या से परेशान लोगों के लिए चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग ने अनूठी पहल की है। विभाग ने ऐसी वेबसाइट तैयार कराई है, जो मरीजों को सिर दर्द के कारण और उसके इलाज के संबंध में विस्तृत जानकारी देगी।
पढ़ें - पीठ में दर्द की ये 5 वजहें चौंकाएगीं आपको
‘कपारदर्द डॉट काम’ नामक इस वेबसाइट को सादे समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. राणा गोपाल सिंह ने लांच किया।
www.kapardard.com के माध्यम से लोग घर बैठे सिर दर्द का उपचार प्राप्त कर सकेंगे। पीड़ित व्यक्ति को वेबसाइट में अपनी समस्या और उसके लक्षण समेत पूरा ब्योरा दर्ज करना होगा।
इसके 48 घंटे के अंदर विशेषज्ञ चिकित्सक ब्योरे का अध्ययन कर मरीज के प्रश्नों के जवाब और समस्या का समाधान वेबसाइट या उसके ई-मेल पर उपलब्ध करा देंगे।
इतना ही नहीं, लक्षण के आधार पर मरीज को कोई गंभीर बीमारी होने का अंदेशा होगा तो उसके शहर अथवा आसपास कौन से विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं और किस चिकित्सक के यहां इलाज कराना उचित होगा, यह भी बताया जाएगा। मरीज हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, उर्दू, संस्कृत, तेलुगू, कन्नड़, उड़िया और पंजाबी में से किसी भी भाषा में प्रश्न पूछ सकते हैं। हालांकि उन्हें जवाब हिंदी और अंग्रेजी में ही मिलेंगे।
वेबसाइट के सूत्रधार और न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डा. वीएन मिश्रा ने बताया कि जौनपुर के कलवारी ग्राम में स्थापित जीनोम फाउंडेशन में आयोजित चिकित्सा शिविर में सिर दर्द की शिकायत लेकर काफी संख्या में मरीज आए थे। तभी मन में यह वेबसाइट तैयार करने का विचार आया था।
लांचिंग के मौके पर संकाय प्रमुख प्रो. मांडवी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. यूएस द्विवेदी और ट्रामा सेंटर के विशेष कार्याधिकारी प्रो. डीके सिंह आदि मौजूद रहे।