क्या आपको फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में इंसान को गायब कर देने वाली घड़ी याद है जिसे पहनकर हीरो सबकी नजर से ओझल हो जाता है? हाल में एक ऐसे पैच का अविष्कार किया गया है जो आपको 'मिस्टर इंडिया' की तरह गायब कर सकता है, लेकिन इंसानों की नजर में नहीं बल्कि मच्छरों की नजर में।
अगर आप कॉइल, क्रीम, मशीन जैसे तमाम मच्छर भगाने के उपकरणों से तंग आ चुके हैं और आपकी नींद मच्छरों की वजह से रोज पूरी नहीं हो पाती है तो काइट पैच नामक यह उपकरण आपको मच्छरों से बचाने में बहुत मददगार हो सकता है।
काइट पैच को शरीर पर चस्पा कर लेने से आप मच्छरों के लिए कम से कम 48 घंटों तक अदृश्य रहेंगे। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के शोधकर्ताओं ने 2X2 इंच का यह उपकरण करीब तीन साल पहले बनाया था और अफ्रीकी देशों में अब इसका परीक्षण सफलतापूर्वक हो चुका है।
मच्छर दूर भगाने के नैचुरल उपायों के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें।
इस बारे में काइट पैच के प्रोजेक्ट लीडर ग्रे फैंडसन का मानना है, 'यह उत्पाद मलेरिया जैसे रोगों के खतरों को कम करने की दिशा में एक कारगर पहल हो सकता है। उम्मीद है कि इस साल तक हम इसे दुनिया भर के बाजार में उतार सकेंगे।'
गौरतलब है कि इस पैच को अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) से स्वीकृति तो मिल गई है लेकिन वहां की पर्यावरण संरक्षण एजेंसी से की स्वीकृति मिलनी अभी बाकी है, जिसमें 10 माह तक का समय लगेगा। इसके बाद ही इसकी कीमत निधार्रित करके इसे बाजार में उतारा जा सकेगा।