सर्दी मतलब कोल्ड और फ्लू का हमला। इस हमले से बचने के लिए कुछ लोगों ने तो आयुर्वेदिक उपचार या विटामिन पिल्स लेना शुरू भी कर दिया होगा। हाल ही में सामने आई एक रिसर्च की मानें तो इन सारे उपायों से ज्यादा प्रभावशाली है थोड़ी देर की मेडीटेशन।
अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कोनसिन-मेडीसोन में यह शोध किया गया है। इसके अनुसार जो लोग नियमित रूप से मेडीटेशन करते हैं उन्हें कोल्ड होने की आशंका काफी कम हो जाती है। मेडीटेशन के साथ-साथ नियमित व्यायाम भी कोल्ड और फ्लू से बचने का एक प्रभावशाली उपाय है।
इससे पहले किए गए शोध के नतीजे भी बताते हैं कि मेडीटेशन करने से व्यक्ति का मूड अच्छा रहता है, तनाव कम होता है और इम्यून फंक्शन भी बेहतर होता है। यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कोनसिन-मेडीसोन में शोध के दौरान 149 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। इन्हें तीन समूहों में बांटा गया। एक समूह को आठ हफ्तों तक नियमित रूप से माइंडफुल मेडीटेशन करने के लिया कहा गया । दूसरे समूह को नियमित व्यायाम और तीसरे समूह से कोई भी गतिविधि नहीं करवाई गई।
इसके बाद शोधकर्ताओं ने आगे के कुछ महीनों में इन प्रतिभागियों की सेहत को नोट किया। नतीजे में सामने आया कि मेडीटेशन और व्यायाम करने वाले लोग तीसरे समूह के लोगों की अपेक्षा काफी कम बीमार पड़े।
इसके अलावा मेडीटेशन ने श्वसन संबंधी समस्याओं को 50 प्रतिशत तक कम किया वहीं व्यायाम से 40 प्रतिशत तक ये समस्याएं कम हुईं। वेबसाइट साइंटिफिक अमेरिका के मुताबिक जिन लोगों ने एक्सरसाइज या मेडीटेशन किया उन्हें औसतन सिर्फ पांच दिन तक ही कोल्ड झेलना पड़ा। यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ब्रूस बैरेट के मुताबिक रेसीपीरेटरी इन्फेक्शन को कम करने के लिए मेडीटेशन और एक्सरसाइज काफी प्रभावशाली उपाय है।
इससे पहले इस तरह के कोई उपाय सामने नहीं आए थे। भविष्य में इससे जुड़े बेहतर नतीजे भी सामने आ सकते हैं। यह रिसर्च एनल्स ऑफ फैमिली मेडीसन में प्रकाशित हुआ है।