Karwa Chauth Healthy Sargi Food: करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। सुबह सरगी खाने के बाद पूरे दिन बिना पानी और भोजन के रहना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में सरगी की थाली में पौष्टिक और ऊर्जा देने वाली चीजों को शामिल करना जरूरी है, ताकि दिनभर शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिल सके और कमजोरी महसूस होने की आशंका कम हो।
करवा चौथ पर सरगी की रस्म निभाने की परंपरा है। कई परिवारों में सास अपनी बहू को सरगी देती हैं, जिसमें फल, मिठाई, सूखे मेवे और श्रृंगार का सामान शामिल होता है। व्रत शुरू करने से पहले सूर्योदय से पहले सरगी खाई जाती है। ऐसे में सरगी की थाली में पौष्टिक चीजें शामिल करना बेहतर होता है, ताकि पेट लंबे समय तक भरा रहे और शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल सकें। अगर आपके घर में भी करवा चौथ पर सरगी खाने की परंपरा है, तो इसकी थाली तैयार करते समय खानपान का खास ध्यान रखें।
दिनभर एनर्जी के लिए खाएं मेवे और सीड्स
सरगी की थाली को पौष्टिक बनाने के लिए उसमें ड्राई फ्रूट्स और सीड्स शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है। बादाम, अखरोट, काजू, किशमिश और अंजीर जैसे मेवों के साथ कद्दू, सूरजमुखी और चिया सीड्स भी रख सकती हैं। आप बादाम, किशमिश और अंजीर को रातभर भिगोकर अगली सुबह खा सकती हैं। इनमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने और पेट भरा रखने में मदद कर सकते हैं।
करवा चौथ 2026: व्रत के बाद मीठे में बनाएं रबड़ी जैसी स्वादिष्ट खीर, परिवार भी करेगा जमकर तारीफ
दूध की सेवई
दूध की सेवई को थाली में शामिल करने से लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होगा। 1 गिलास दूध, 1 कप सेवई, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और गुड़ डालकर आसानी से सेवई तैयार की जा सकती है। आप चाहे तो काजू बादाम को अलग से खाने के बजाय सेवई में डाल सकती हैं।
सरगी की थाली में रखें पेट भरने वाली पौष्टिक चीजें
सरगी की थाली में ऐसी चीजें शामिल करें, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करें। इसके लिए दलिया, रोटी, हल्का पराठा या साबुत अनाज से बनी दूसरी चीजें खा सकती हैं। इनके साथ प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ लेने से भी फायदा हो सकता है। वहीं, ज्यादा तला-भुना और नमकीन खाना खाने से बचें, क्योंकि इससे व्रत के दौरान प्यास ज्यादा लग सकती है।
पनीर का पराठा
सरगी में पनीर का पराठा शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। पनीर में प्रोटीन और फैट होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए पनीर को मैश करके उसमें भुना जीरा, थोड़ा लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। अब गेहूं या मल्टीग्रेन आटे की लोई में इस मिश्रण की स्टफिंग भरें और पराठे को कम तेल में सेंक लें। इसे बनाते समय मैदा इस्तेमाल करने से बचें।
एक कटोरी दही
दही में प्रोटीन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है। अगर आपको दही खाने से आराम मिलता है, तो सुबह सरगी के साथ इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं।
हेल्दी रोटी रेसिपी: गेहूं के अलावा कौन सी रोटी है ज्यादा पौष्टिक? थाली में करें शामिल, जानें बनाने का तरीका
मल्टीग्रेन आटा रेसिपी: गेहूं के आटे में मिलाएं ये 2 चीजें, प्रोटीन से भरपूर बनेंगी रोटियां