घर को साफ और सेहतमंद रखने के लिए अगर आप महंगे क्लीनर पर पैसा बहाकर तंग आ चुके हैं तो इनके सस्ते और घरेलु उपाय आप जरूर जानना चाहेंगे। जानिए, घर साफ रखने के लिए कुछ ऐसे ही आसान उपाय जो आपके घर में भी उपलब्ध हैं और बजट में भी।
टॉयलेट क्लीनर
आपके फ्रिज में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतल आपकी सेहत के लिए कितनी फायदेमंद है, यह तो नहीं कहा जा सकता है लेकिन इससे आपका टॉयलेट जरूर चमक सकता है। जी हां, सोडा युक्त कोल्ड ड्रिंक्स का इस्तेमाल आप टॉयलेट क्लीनर के विकल्प के रूप में कर सकते हैं। अगर आपको विश्वास न हो तो आप खुद ट्राइ करें, यह टॉयलेट क्लीनर से सस्ता भी है और उनकी तरह ही असरदार भी है।
नल या दरवाजे का हैंडल
स्टील के बर्तनों के अलावा घर के वे सामान जो स्टील के बने हों जैसे नल, दरवाजे का लौक, हैंडल आदि की सफाई के लिए आप नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मौजूद साइट्रिक एसिड कपड़ों के जिद्दी दाग से लेकर स्टील के सामान साफ करने में मददगार है।
बर्तनों के लिए
बर्तन साफ करने के लिए अगर साबुन खत्म हो जाए तो नमक से भी बर्तन अच्छे साफ हो सकते हैं। मजबूरी में ही सही, लेकिन कभी घर में ऐसी परिस्थिति आए तो आप नमक से बर्तन स्क्रब कर सकते हैं।
कीबोर्ड
आपके कंप्यूटर का कीबोर्ड साफ करने के लिए टूथब्रश और ईयर बड बेहद आसान और सुलभ विकल्प हो सकते हैं।
जिद्दी दाग या जंग का निशान
घर की पुरानी चीजों, कपड़ों पर जिद्दी दाग या जंग के निशान को दूर करने के लिए वेनेगर, बेकिंग सोडा और नींबू का घोल बेहद कारगर उपाय है। इतना ही नहीं, बाथरूम की दीवारों की सफाई के लिए वेनेगर में बेकिंग सोडा का घोल वाकई कारगर है।