तरह-तरह की सुगंध वाले अरोमा ऑयल न सिर्फ आपकी थकान और तनाव को दूर करके आपको तरोताजा रखते हैं बल्कि आपको दिल की बीमारियों से भी दूर रखते हैं। हाल में एक शोध में यह माना गया है कि अरोमाथेरेपी से दिल की बीमारियों, ब्लड प्रेशर आदि के उपचार में मदद मिलती है।
यह शोध चीन के ताईपेई शहर में विभिन्न स्पा में आने वाले 100 युवा पुरुषों और महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों के आधार पर किया गया। इन युवाओं को एक सप्ताह तक प्रतिदिन दो घंटे अल्ट्रॉसोनिक आयनॉयजर द्वारा विभिन्न अरोमा तेलों से स्टीम दी गई। इस दौरान इनकी धड़कन की गति, ब्लड प्रेशर व स्वास्थ्य संबंधी सभी बदलावों की जानकारी एकत्रित की गई।
शोध में पाया गया कि प्रतिदिन एक घंटे अरोमाथेरेपी लेने से कार्डियोवासुकलर बीमारियों की आशंका कम हो जाती है और युवा अपेक्षाकृत अधिक स्वस्थ रहते हैं। हालांकि शोधकर्ता डॉ. काइ जेन चुआंग ने माना है कि अरोमा थेरेपी दिल की बीमारियों के लिए फायदेमंद क्यों है, इसका कारण अभी तक उन्हें नहीं पता चल सका है।
चुआंग यह भी मानते हैं कि उनका यह शोध अरोमा थेरेपी के एक से दो घंटे के इस्तेमाल पर आधारित है और इस बात की गारंटी नहीं है कि प्रतिदिन इससे अधिक समय तक इसके संपर्क में रहने वाले लोगों का स्वास्थ्य अच्छा होगा या नहीं। फिर भी उन्हें उम्मीद है की दिनोंदिन बीपी की गड़बड़ी व हृदय रोगों के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए यह एक बेहतरीन वैकल्पिक चिकित्सा हो सकती है।